इअन मौरिस (Ian Morris) इंग्लैंड में जन्में लेखक, इतिहासकार तथा पुरातत्व विशेषज्ञ हैं जो आजकल अमरीका में स्टैनफोर्ड युनिवर्सिटी में पढ़ाते हैं। मेरा यह आलेख उनकी २०१५ में लिखी एक पुस्तक (Forager, farmers and Fossil Fuels) से प्रेरित है जिसमें वह आदि मानव से ले कर आज के बदलते समाजों की सरंचना और उनके बदलते मूल्यों की बात करते हैं।
मैंने यह पुस्तक कुछ दिन पहले पढ़ी और मुझे इसके मूलभूत विचार दिलचस्प लगे। इसे पढ़ते हुए, मेरे मन में भारतीय पौराणिक कथाओं से जुड़ी कुछ बातें भी मन में उठीं, इसलिए इस आलेख को लिखने की सोची। ऊपर के चित्र में मध्यप्रदेश में भीमबेटका से हाथी पर चढ़ कर शिकार करने का पाषाणचित्र है (चित्र पर क्लिक करके बड़ा करके देख सकते हैं)।
इअन मौरिस की किताब का सार
मौरिस का मूलभूत विचार है कि जैसे-जैसे मानव समाज विकसित हुए, उनके ऊर्जा खोजने के साधन और उस ऊर्जा का उपयोग करने की शक्ति बदली, इस बदलाव से उनके समाजों की सरंचना और उनके मूल्य भी बदले।
इसमें ऊर्जा का अर्थ बहुमुखी है, यानि वह शारीरिक ऊर्जा (भोजन) से ले कर मानव के सब कामों में खर्च होने वाली ऊर्जा (यात्रा, तरह-तरह की मशीनें, संचार, रोशनी, इत्यादि) सबकी बात कर रहे हैं।
इस दृष्टि से वह आदि मानव से ले कर आज तक के समाजों को तीन प्रमुख हिस्सों में बाँटते हैं:
(१) आदिमानव के प्रारम्भिक हज़ारों सालों का समय जब मानव की ऊर्जा का स्रोत प्रकृति से भोजन इकट्ठा करना था, जैसे की जंगलों में होने वाले फ़ल, कंद, मूल, बीज, तथा पशु-पक्षियों के शिकार से मिला माँस-मछली आदि। इस समय में ऊर्जा का स्तर बहुत कम था, मानव छोटे गुटों में रहते थे और हर गुट को भोजन खोजने के लिए विस्तृत क्षेत्र की आवश्यकता होती थी, इसलिए दूसरों गुटों का आप के क्षेत्र में अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जा सकता था, जिसकी वजह से गुटों के बीच में हिँसा आम थी।
चूँकि ज़मीन-जँगल किसी एक की निजि जयदाद नहीं होते थे, सामाजिक व आर्थिक स्तर पर गुटों के बीच समानता अधिक थी और विषमताएँ कम। चूँकि गुट एक जगह से दूसरी जगह घूमते रहते थे, इसलिए अधिक सामान को ले कर घूमना कठिन था, और निजि सम्पत्ति नहीं होती थी। छोटे बच्चों को खिलाना-पिलाना और उन्हें साथ ले कर घूमना भी कठिन होता था इसलिए बच्चे कम होते थे। अधिकांश लोग लम्बा नहीं जीते थे और चूँकि पुरुष अपने वारिस बच्चों के लिए कुछ विषेश नहीं छोड सकते थे, अपने बच्चे होना उतना महत्वपूर्ण नहीं था, इसलिए स्त्री-पुरुष दोनों में एक-दूसरे के प्रति निष्ठावान होना ज़रूरी नहीं था, दोनों अपने साथी बदल सकते थे। ऊपर के चित्र में मोज़ाम्बीक में छिनहम्पेरे से शिकारियों का आदिकाल का पाषाणचित्र है (चित्र पर क्लिक करके बड़ा करके देख सकते हैं)।
(२) दस से सात हज़ार पहले का समय जब कृषि का विकास हुआ, तो समाज में बदलाव आये। एक ओर मानव ने पौधों को उगाना और उनके बीज चुन कर विषेश तरह के पौधों को बढ़ावा देना सीखा और दूसरी ओर, पशुओं को पालतू बनाना और विभिन्न कामों के लिए विषेश तरह के पशुओं को चुन कर उन्हें बढ़ावा देना सीखा। इससे दो तरह के समाज निकले - एक कृषि-प्रधान और दूसरे पशु-पालन प्रधान। कृषि प्रधान को ज़मीन की सीमाएँ निर्धारित करनी थीं ताकि उसकी उपज को कोई नष्ट न करे, और पशु-पालन प्रधान लोगों को खुली जमीन चाहिये थी ताकि पशु जहाँ चाहें वहाँ चर सकें, इसलिए दोनों गुटों में संघर्ष भी हुए। बहुत जगहों पर, समय के साथ अक्सर यह दोनों गुट मिल कर एक ही हो गये, जो कृषि करते थे, वही सीमित मात्रा में पशु भी पालते थे।
इस बदलाव के साथ समाज में ऊर्जा का स्तर बढ़ा, लोग एक जगह पर रहने लगे और समाज बदले। मानव गुटों के लिए भोजन की मात्रा बढ़ी, जनसंख्या बढ़ी, नये कार्यक्षेत्र बने जैसे पशुओं को चराने वाले, खुरों में नाल लगाने वाले, अनाज बेचने वाले, आदि। समय के साथ, नये शहर बने, राज्य बने, उनके राजा, अधिकारी बने।
खेतों में काम करने के लिए अधिक लोग चाहिये थे, इसलिए औरतों से घर में रहने, बच्चे पैदा करने और घर के काम करने के लिए कहा गया। ज़मीन और सम्पत्ति हुई, तो वारिस छोड़ना और अपने खून वाले वारिस होने का महत्व बढ़ा तो स्त्री-पुरुष के विवाह होना, एक-दूसरे के प्रति निष्ठावान होने का महत्व बढ़ा। समाज में विषमताएँ बढ़ीं और हिंसा के नई मौके बने। सैना रखना, युद्ध करना, साम्राज्य बनाना जैसी बातें होने लगीं।
(३) पिछले कुछ सौ सालों में ज़मीन में दबे ऊर्जा स्रोतों को निकालने और मशीनी युग के साथ मानवता का ऊर्जा स्तर बहुत अधिक बढ़ गया है और बढ़ता ही जा रहा है। आने वाले समय में कृत्रिम बुद्धि, अतिसूक्ष्म नैनो-तकनीकी, रोबोट-तकनीकी, स्वचलित वाहन, हाइड्रोजन शक्ति, परमाणू शक्ति, सूर्य-शक्ति, पवन शक्ति, आदि से ऊर्जा के स्तर जब इतने बढ़ जायेंगे तो उनका मानव समाजों पर क्या असर होगा?
इस वजह से अमरीका, यूरोप आदि के विकसित देशों में कई दशकों से सामाजिक बदलाव आये हैं, जैसे कि पुरुषों और औरतों दोनों का नौकरी करना, शादी देर से करना या नहीं करना, बच्चे नहीं पैदा करना, युद्ध और हिंसा में कमी, भुखमरी और बीमारियों में कमी, मानव-अधिकारों के साथ जीव-अधिकारों की बातें, आदि। वैसे ही बदलाव अब चीन, भारत, वियतनाम, कोरिया आदि में भी आ रहे हैं, विषेशकर बड़े और मध्यम स्तर के शहरों में। इन बदलावों की वजह से विषमताएँ कम हो रही हैं, स्त्री-पुरुष के बीच भी विषमताएँ कम हो रहीं हैं, युद्ध से जुड़ी हिँसा कम हो रही है। साथ ही आज व्यक्ति अधिक अकेले रह रहे हैं लेकिन साईबर जगत के माध्यम से उनकी वरच्यूअल बातचीत-सम्पर्क भी बढ़ रहे हैं।
यह बदलाव अभी चल रहा है, पूरा नहीं हुआ है। कृषि-प्रधान जीवन से आधुनिक जीवन का बदलाव भिन्न परिस्थितों में पारम्परिक तथा आधुनिक के बीच में टैन्शन बना रहा है। यह बदलाव भविष्य में हमें किन नयी दिशाओं की ओर ले कर जायेंगे?
भारत की पौराणिक कहानियों में यह बदलाव
कुछ दिन पहले मनु पिल्लाई (Manu Pillai) की नयी किताब (Gods, Guns and Missionaries) के बारे में एक पॉडकास्ट सुन रहा था। उन्होंने कहा कि हमारे पौराणों में वेदों-उपनिषदों के विचारों का सारे भारत में फ़ैलने का दो हज़ार साल पहले का इतिहास लिखा है। यानि, भारत के विभिन्न स्थानों पर वेदों-उपनिषदों के विचार, किस तरह से लोगों के स्थानीय विचारों से मिले और उनमें समन्वित हो कर वह धर्म बना जिसे आज लोग हिंदु धर्म कहते हैं।
यह सुन कर मेरे मन में प्रश्न उठा कि वेद-उपनिषद के ज्ञान को सबसे पहले सोचने वाले लोग कौन थे? क्या हमारे ऋषी-मुनि, वह जंगलों में फ़ल-कंद-मूल-बीज खोजने और शिकार करने वाले छोटे गुट में रहने वाले लोग थे? या वह पशु-पालक प्रधान लोगों का हिस्सा थे? या वे कृषि प्रधान लोगों से जुड़े थे? इन ग्रंथों को लिखा बाद में गया, क्योंकि लिखाई का आविष्कार बहुत बाद में हुआ लेकिन इनकी सोच बनाने के समय किस तरह का समाज था? आप की क्या राय है?
फ़िर मन में देवदत्त पटनायक का एक आलेख याद आया जिसमें उन्होंने परशुराम की कहानी लिखी थी। इस कथानुसार, परशुराम ने सभी क्षत्रियों को मार दिया, केवल माँओं के गर्भों में बचे क्षत्रिय बालक बच गये। बाद में इन बचे हुए क्षत्रियों की विभिन्न जातियों ने शस्त्र त्याग कर दूसरे काम अपनाये। खत्री वाणिज्य में चले गये, जाट गौ पालन और पशु पालन में, कायस्थ लेखन में, आदि।
इसे पढ़ कर मुझे लगा कि शायद कहानी प्राचीन जंगलों में रहने वाले लोगों से, जिनमें अधिकतर पुरुष शिकारी और कुछ पुरोहित होते थे जब पशु-पालन और कृषि विकास के बाद शहर बने, उन पहले शहरों के जीवन के बदलाव की बात कर रही है, जहाँ जीवन यापन के नये-नये व्यवसाय निकलने लगे थे, और पहले जो शिकारी थे, उन्हें नये काम सीखने पड़े।
अंत में
अधिकतर इतिहासकार पिछले हज़ार-दो हज़ार सालों के साम्राज्यों, युद्धों के इतिहास लिखते हैं और पुरातत्व विशेषज्ञ इतिहास पूर्व के आदिमानव की बात करते हैं।
लेकिन कुछ इतिहासकार मानवता के प्रारम्भ से आज तक की विहंगम स्थिति को समझने की कोशिश करते हैं, उन्हें पढ़ना मुझे अच्छा लगता है। इअन मौरिस की तरह मुझे जारेड डायमण्ड (Jared Diamond) और युवाल नोह हरारी (Yuval Noah Harari) जैसे इतिहासकारों की किताबें भी अच्छी लगती हैं।
उनकी हर बात से सहमत होना आवश्यक नहीं, लेकिन उनसे सोचने की नयी दिशाएँ खुल जाती हैं।
*****
मानव सभ्यता पर दिनमान में ओमप्रकाश दीपक की धारावाहिक लेख माला प्रकाशित हुई थी।उसकी पुस्तक प्रकाशित हो सकती है।हमारी समझदारी तब कम थी।इसलिए अपनी इच्छा प्रकट कर रहा हूँ।
जवाब देंहटाएंजी, धन्यवाद। आप ने सही याद किया। वह आलेख १९७१ का था। उनका वह आलेख कल्पना पर पढ़ सकते हैं, उसका शीर्षक था "आधुनिक इतिहास और पारम्परिक समूहों का भविष्य", वह आलेख इस लिन्क पर मिलेगा - http://www.kalpana.it/hindi/lekhan/om_prakash_deepak/index.htm
हटाएं