रविवार, मई 17, 2009

घुमक्कड़ी चटनी

पिछले साल की तीन छुट्टियाँ बची थीं, उसके साथ सप्ताहअंत के दो दिन, शनिवार और रविवार, को मिला कर छुट्टी के कुल पाँच दिन बनते थे. कभी भी छुट्टियाँ हो तो अक्सर हम लोग उत्तरी इटली में वेनिस से करीब सौ किलोमीटर उत्तर में बिबियोने नाम के शहर में जाते हैं जहाँ समुद्र से सौ मीटर दूर मेरी पत्नी का छोटा सा पारिवारिक घर है. इस बार भी सोचा कि चलो वहीं चलते हैं.

इटली में हाईवे पर 130 किलोमीटर की गति से कार चला सकते हैं. इस तरह से, बोलोनिया से बिबियोने की 350 किलोमीटर की दूरी करीब ढाई घँटे में पूरी करके जब हम लोग बिबियोने पहुँचे तो समझ में आया कि यह वहाँ छुट्टियाँ बिताने का समय नहीं था. मैं साथ में एक जैकेट ले कर गया था पर पहले दिन समुद्र के किनारे सैर करते हुए इतनी ठँडी हवा थी कि कँपकपी होने लगी और दाँत बजने लगे. बोलोनिया में भी हवा में कुछ ठँडक थी, विषेशकर सुबह सुबह, लेकिन बिबियोने में तो जैसे अभी भी सर्दी का मौसम चल रहा था. मैं सपने देख रहा था कि समुद्र में नहाऊँगा पर पानी में पैर का अँगूठा भी गीला करने की हिम्मत नहीं हुई. चुपचाप घर में आ कर, खिड़कियाँ दरवाज़े बंद करके, कँबल लपेट कर बैठ गये.

सोच कर निर्णय लिया कि समुद्र तट पर छुट्टी बिताने का विचार छोड़ कर, आसपास घूमने की जगह पर जाना का सोचना अधिक बेहतर होगा. दोपहर को हिम्मत करके हम लोग काओर्ले शहर की ओर घूमने निकले. यह समुद्रतट पर बसा प्राचीन शहर अपने रँगबिरँगे गुड़िया जैसे घरों के लिए प्रसिद्ध है और यहाँ करीब 1000 ईस्वी का बना सुंदर गिरजाघर और साथ में जुड़ा गोलाकार घँटाघर है. 

यहाँ हर वर्ष समुद्रतट पर रखे पत्थरों पर शिल्पकारी करने के लिए देश विदेश के प्रसिद्ध शिल्पकारों को आमंत्रित किया जाता है, जिससे समुद्र तट पर सैर करने का अर्थ है कि शिल्प प्रदर्शनी को देख सकते हैं. यहाँ सर्दी भी बिबियोने के मुकाबले कुछ कम थी तो घूमना कुछ आसान रहा.



***
दूसरे दिन सुबह हम लोग कार ले कर उत्तर की ओर निकल पड़े, जहाँ एल्प के पहाड़ हैं. यहाँ तारवीजियो नाम के शहर पर आस्ट्रिया से इटली की सीमा मिलती है. तारवीजियो के आसपास का इलाका बहुत सुंदर लगा, हरी भरी घाटियों और बर्फ़ से ढके पहाड़ों से भरा. चूँकि दोनो देश यूरोपियन यूनियन का हिस्सा हैं तो इटली से आस्ट्रिया जाने में न पासपोर्ट की जाँच की आवश्यकता है न ही पैसे बदलने की, क्योंकि दोनो देशों में यूरो चलता है. फर्क है कि इटली में हाईवे पर जितनी बार जाओ हर बार कुछ पैसे देने पड़ते हैं, जबकि आस्ट्रिया में घुसते ही आप साढ़े सात यूरो की टेक्स स्टेम्प खरीद कर कार पर लगा लीजिये, जिससे आप 10 दिन तक आस्ट्रिया में कहीं भी हाईवे पर कार चला सकते हैं.

बिबियोने से करीब दो घँटे की यात्रा के बाद हम लोग करीब पच्चीस किलोमीटर लम्बी वोर्थर झील के किनारे बसे शहर क्लिंगमफर्ट पहुँचे. इटली के मुकाबले में झील के किनारे बिल्कुल सर्दी नहीं थी, बल्कि हल्की सी गर्मआहट थी. हम कुछ देर घूमे फ़िर वहीं झील के किनारे खाना खाया.



तब तक दोपहर का एक बजने लगा था. तो फ़िर से कार ली और इस बार पूर्व की ओर मुड़े, थोड़ी देर में ही हम आस्ट्रिया छोड़ कर स्लोवेनिया में पहुँच गये. स्लोवेनिया जो कि पहले यूगोस्लाविया का हिस्सा होता था, अब स्वतंत्र देश है और यूरोपियन यूनियन का हिस्सा है इसलिए यहाँ जाने के लिए भी पासपोर्ट की जाँच की आवश्यकता नहीं और न ही पैसे बदलने की. हाँ दोनो देशों के बीच बनी आठ किलोमीटर लम्बी कारावंकल सुरंग में जाने के लिए 3 यूरो की फीस देनी पड़ी. दोपहर को तीन बजे हम स्लोवेनिया की राजधानी ल्युबल्याना पहुँच गये. शहर के पुराने केंद्र के करीब ही तिवोली बाग हैं जहाँ हमें कार पार्क करने की जगह मिल गयी.




ल्युबल्याना शहर का पुराना हिस्सा बहुत सुंदर है. दो घँटे कैसे बीते पता ही नहीं चला हाँलाकि हम लोग केवल शहर के बीचो बीच गुजरती ल्युबल्यानिका नदी के आसपास का हिस्सा ही देख पाये, जाँ पेसेरेन स्काव्यर है, नदी पर साथ साथ तीन पुल बने हैं. शहर के पुराने नक्काशी और चित्रकारी से सजे भवन, भव्य मूर्तियाँ, नदी के आसपास सुंदर कैफे सब ने मन मोह लिया. यहाँ भी हल्की हल्की गर्मी थी, सुहाना मौसम था.

पाँच बजे के करीब वापस चले दक्षिण में इटली की ओर और रात को आठ बजे के करीब हम लोग बिबियोने में घर में थे, फ़िर से सर्दी से ठिठुरते. एक दिन में हमने करीब पाँच सौ किलोमीटर की यात्रा की थी, और इटली के अलावा दो देशो में हो कर आये थे. कुछ थकान भी थी, पर संतोष भी था.

***
तीसरे दिन सुबह उठने में थोड़ी देर हो गयी. पिछले दिन की यात्रा की थकान जो थी. खैर सुबह ग्यारह बजे फ़िर से निकले और उत्तर में त्रियस्ते होते हुए स्लोवेनिया में कोज़ीना पहुँचे, जहाँ दोपहर का भोजन किया और गाँव की दुकान से एक टोपी खरीदी. फ़िर कार ले कर हम लोग रूपा होते हुए क्रोएशिया में घुसे. क्रोएशिया चूँकि यूरोपियन यूनियन का हिस्सा नहीं तो यहाँ घुसने के लिए पासपोर्ट देखे गये, कुछ पैसे भी बदलवाये. क्रोएशिया के पैसे को कूना कहते हैं और एक यूरो के 7.30 कूना मिलते हैं यानि कि एक कूना की कीमत हुई करीब आठ रुपये.

हम लोग समुद्र तट पर बसे शहर रियिका पहुँचे. स्लोवेनिया के मुकाबले में यहाँ अधिक गरीबी दिख रही थी, घर और भवन कम साफ़, अधिक पुराने और खस्ता हालत के लग रहे थे. कार पार्क करके हम लोग समुद्र के सामने वाले हिस्से में घूमे, एक बार में बैठ कर काफी पी.



अगर उस दोपहर के बारे में सोचूँ तो सबसे पहली याद आती है शहर के पुराने हिस्से में एक पुराने टूटे हुए घर की हवा में तैरती सीड़ियाँ. जाने किसने वह घर प्यार से बनवाया हो, अवश्य कोई पैसे वाला था, जाने उन सीढ़ियों ने कितने लोगों की आम जीवन की कितनी हँसी, आँसू, झगड़े देखे हों, और आज वह वस्त्रहीन हो कर, गिरने का इंतज़ार कर रहीं हैं. 


आज फ़िर इटली से बाहर दो देशों में घूम कर आने का संतोष था.

***
छुट्टी का चौथा दिन, घूमने के लिए अंतिम दिन था. सोचा कि आज अधिक दूर न जा कर, बल्कि करीब के दो छोटे शहरों को देखा जाये, ओदेर्जो और पोर्तो बूफेले. पहले ओदेर्जो पहुँचे तो पार्किंग खोजने में देर लगी, समझ में नहीं आया कि इतने छोटे से शहर इतनी कारें कहाँ से आ गयीं कि पार्किंग करने को जगह न मिले. शहर के मुख्य स्काव्यर पहुँचे तो समझ में आया, वहाँ कारों की प्रदर्शनी और सेल लगी थी. कारों में एक टाटा इंडिका भी दिखी, पहली बार इटली में टाटा की कार दिखी थी.



थोड़ी देर में ही हम भीड़ से थक कर पोर्तो बूफेले की ओर चले जिसे छोटा वेनिस भी कहते हैं. वहाँ पहुँचे तो कारों की भीड़ देख कर और भी हैरान हुई, इतनी भीड़ की शहर में घुसने से पहले ही, बाहर सड़क पर कारों की लाईन लगी थी. किस्मत अच्छी थी कि जैसे ही हम पहुँचे, एक कार जा रही थी और हमें वह जगह मिल गयी.

पोर्तो बुफेले शहर नहीं, छोटा सा गाँव है और उस दिन वहाँ पुरानी वस्तुओं यानि एंटीक को बेचने वाला मेला लगा था जिसके लिए दूर दूर से लोग आये थे. एक दुकान में मुझे एक एंटीक कपड़े रखने वाला रैक दिखा जो मुझे बहुत अच्छा लगा और थोड़े से पैसों में मिल गया.


भीड़ में घूमने का उतना मज़ा नहीं था लेकिन पुरानी वस्तुओं को देखना अच्छा लगा.

***
बोलोनिया में घर वापस आये तो बहुत थकान लग रही थी. इस छोटी सी छुट्टी में घूम घूम कर अपनी चटनी बन गयी थी. फ़िर भी मुझसे रहा नहीं गया, दोपहर को रंग खरीद कर लाया और पोर्तो बुफेले में जो पुराना कपड़ों का रैक ले कर आया था उसे रँगा. अब वह बिल्कुल पुराना नहीं लगता, बल्कि बहुत सुंदर लगता है. कई मित्र मुझसे पूछ चुके हैं कि इतना सुंदर रैक कहाँ से लिया. यही इन छुट्टियों की यादगार रहेगा.


चार दिनों की घुमाई में जो चक्कर लगाये, उन्हें आप इस नक्शे में देख सकते हैं.

शनिवार, मई 16, 2009

पुरानी फ़िल्में

कहानी क्या थी, विषय क्या था, यह सब कुछ याद नहीं था. याद थीं बस गाने की दो पक्तियाँ, "मेरे मन के दिये, यूँ ही घुट घुट के जल तू मेरे लाडले, ओ मेरे लाडले" और याद थी अँधेरे में दिया लिए तुलसी के पौधे के सामने पूजा करतीं सीधी सादी अभिनेत्री साधना जो उस समय बहुत अच्छी लगी थी. जहाँ तक याद है, वह फ़िल्म मैंने 1966 या 1967 में टेलीविजन पर देखी थी. वह श्वेत श्याम टीवी का ज़माना था जब शाम को कुछ घँटों के लिए दूरदर्शन का प्रसारण आता था. हमारे घर पर टीवी नहीं था इसलिए जब चित्रहार और रविवार की फ़िल्म प्रसारित होती तो पड़ोस में एक घर में उसे देखने जाते थे. फ़िल्म का यह गाना मन को बहुत भाया था, पर दोबारा उसे कभी सुना नहीं था.

पिछले महीने, चालीस साल बाद दिल्ली के पालिका बाज़ार में जब बिमल राय की 1960 की फ़िल्म "परख" की डीवीडी देखी तो तुरंत वही गाना मन में गूँज गया और डीवीडी खरीदी.



कुछ दिन पहले जब यह फ़िल्म देखी तो उतना आनंद नहीं आया, जिसकी बिमल राय की फ़िल्मों से अपेक्षा होती थी. शायद इसकी वजह हो कि मुझे गम्भीर फ़ल्में अधिक पसंद हैं जबकि "परख" हल्की फ़ुल्की फ़िल्म है जिसका विषय है समाज में पैसे का लालच और झूठ मूठ की बनावट. कहानी है गरीब लेकिन ईमानदार गाँव के पोस्टमास्टर की, जिन्हें ज़िम्मेदारी मिलती है कि एक बड़ी रकम को किसी अच्छे काम के लिए उपयोग किया जाये और कैसे उस बड़ी रकम को पाने के लिए सारे गाँव के बड़े लोग, यानि ज़मीनदार, डाक्टर, पुजारी आदि सब लोग तिकड़म लगाते हैं.



कहानी में पोस्टमास्टर की बेटी और गाँव के आदर्शवादी अध्यापक का प्रेम प्रसंग भी है, पर यह फ़िल्म का छोटा सा हिस्सा है. फ़िल्म में बड़े हीरो हीरोईन नहीं, पर उस समय के जाने माने बहुत से अभिनेता अभिनेत्रियाँ हैं जिनमें मोतीलाल, नज़ीर हुसैन, लीला चिटनिस, जयंत, कन्हैयालाल, असित सेन जैसे लोग हैं. पोस्टमास्टर की बेटी के भाग में हैं साधना, जिनकी यह प्रारम्भिक फ़िल्मों में से थी, और गाँव के अध्यापक के भाग में हैं बसंत चौधरी. फ़िल्म की कहानी और संगीत सलिल चौधरी का है.

सीधी साधी ग्लैमरविहीन साधना जिन्होंने इस तरह के भाग फ़िल्मों में कम ही किये, इस फ़िल्म में बहुत अच्छी लगती हैं. और फ़िल्म का संगीत बहुत बढ़िया है. "ओ सजना, बरखा बहार आयी", "गिरा है किसी का झुमका", "बंसी क्यों गाये, मुझे क्यों बनाये" जैसे लता मँगेशकर के गाने अभी भी सुनने को मिल जाते हैं. हाँ जो गीत मुझे सबसे अधिक प्रिय था, "मेरे मन के दिये", वह न जाने क्यों सफ़ल नहीं हुआ था, पर चालिस साल बाद दोबारा सुनना बहुत अच्छा लगा.

अगर आप यह गीत सुनना चाहें तो इसे यहाँ सुन सकते हैं

***

एक मित्र ने पिछले क्रिसमस पर मुझे एक पुरानी रुसी फ़िल्म की डीवीडी भेंट दी, अँद्रेई तारकोव्स्की की फ़िल्म "इवान का बचपन" (Ivanovo Detstvo). यह फ़िल्म 1962 से है. अँद्रेई को रुसी सिनेमा को जानने वाले, बिमल राय जैसा ही बढ़िया सिनेमा बनाने वाला मानते हैं. मित्र बोले, तुम्हें गम्भीर फ़िल्में अच्छी लगती हैं तो यह भी अच्छी लगेगी. मैंने डीवीडी को लिया और संभाल कर रख लिया पर देखने का मन नहीं किया. लगा कि बोर करने वाली फ़िल्म होगी.



"परख" देखी तो जाने क्यों मन में आया कि "इवान का बचपन" को भी देखा जाये. फ़िल्म बहुत अच्छी लगी, इसका प्रिंट भी बहुत बढ़िया है, हर दृश्य साफ़ चमकता हुआ. फ़िल्म रूसी में थी जिसपर अँग्रेज़ी के सबटाईटल थे. फिल्म के कई दृश्य ऐसे लगते हैं कि मानो किसी चित्रकार ने तस्वीरें बनायीं हों. फिल्म की कहानी है द्वितीय महायुद्ध के समय में रूस और जर्मनी की लड़ाई की, जिसमें इवान, एक रूसी बच्चा छिप कर जर्मन हिस्से में जासूसी करने जाता है और रूसी सेना को सारी दुशमन की सारी खबर ला कर देता है. ईवान के पूरे परिवार को उसके सामने जर्मन सिपाहियों ने मार दिया था जिससे वह प्रतिशोध की आग में जल रहा है.

जब यह फ़िल्म बनी, रूस में यह समय स्टालिन की मृत्यु के बाद का था. शायद रूसी सिनेमाकार अधिक स्वतंत्र महसूस करते थे, उनमें नयी चेतना जागी थी जो फ़िल्म में झलकती है. फ़िल्म रूसी साम्यवाद की भावनाओं से भरी है और साथ ही रूसी दृष्टिकोण दिखाती है, यानि रुसी सभी अच्छे और नेकदिल लोग दिखाये गये हैं जो बच्चों को प्यार करते हैं, अच्छे कपड़े पहनते हैं, अच्छा खाना खाता हैं, गाना गाते हैं, साफ़ सुथरे रहते हैं, आदि. दूसरी तरफ़, जर्मन सभी क्रूर और हृदयहीन जानवर जैसे दिखाये गये हैं. पर इस सब के बावजूद फ़िल्म इस तरह से बनायी गयी है कि इसकी रोचकता कम नहीं होती.



तकनीकी दृष्टि से फ़िल्म बहुत सुंदर है. फ़िल्म का पहला दृष्य जिसमें एक बच्चा धूप में घास पर खेल रहा है, एक स्वपन का दृष्य है जो तब समझ में आता है जब बम गिरते हैं और सोया इवान नींद से चौंक कर उठ जाता है, बहुत सुंदर है. दृष्यों का कम्पोज़ीशन, रोशनी और छाया का प्रयोग, इत्यादि बहुत सुंदर हैं. फ़िल्म को दोबारा देखने का मन करता है, यही सब तकनीकी बातें बेहतर समझने के लिए. ईवान का भाग करने वाले बच्चे का अभिनय बहुत बढ़िया है.

मंगलवार, अप्रैल 07, 2009

जो सिर दर्द नहीं देते

इराकी मूल की कवियत्री, दुनया मिखाईल की एक कविता पढ़ी, बहुत अच्छी लगी (मेरा अनुवाद):

उन सब को धन्यवाद जिनसे प्यार नहीं करती
क्योंकि मुझे सिर दर्द नहीं देते
उन्हें मुझे लम्बे पत्र नहीं लिखने पड़ते
वह मेरे सपनों में आ कर नहीं सताते
न उनकी प्रतीक्षा में चिता करती हूँ
न उनके भविष्य अखबारों में पढ़ती हूँ
न उनके टेलीफ़ोन के नम्बर मिलाती हूँ
न उनके बारे में सोचती हूँ
उन्हें बहुत धन्यवाद
वे मेरे जीवन को उथल पथल नहीं करते

***
सोच रहा था कि फ़िल्म फेस्टिवल में देखी फ़िल्मों के बारे में लिखूँ पर भूचाल से हुए विनाश नें सब बातों को भुला दिया. हालाँकि किसी जान पहचान वाले को कुछ नहीं हुआ पर ध्वस्त हुए शहर में कई बार जाना हुआ था. सुना कि पिछली बार जिस होटल में ठहरा था, वह ढह गया. लोगों की दर्द भरी कहानियाँ सुन कर मन भीग गया.

शुक्रवार को एक रिचर्च प्रोजेक्ट की मीटिंग के लिए बँगलौर जाना है. दिन यूँ ही बीत जाते हैं, धर्मवीर भारती जी कविता याद आती है, "दिन यूँ ही बीत गया, अँजुरी में भरा हुआ जल जैसे रीत गया."


बुधवार, अप्रैल 01, 2009

गायक का धर्मयुद्ध

कल रात को बोलोनिया फ़िल्म फैस्टिवल उद्घाटन हुआ जिसमें मानव अधिकारों के विषय पर बनी फ़िल्मों को दिखाया जाता है. इस बार मैं लघु फ़िल्मों के फैस्टिवल की जूरी का अध्यक्ष हूँ, जिसका फ़ायदा यह है कि कहीं पर जा कर कोई भी फ़िल्म देख लो. कल रात को मैंने अमरीकी फ़िल्मकार छाई वरसाहली की फ़िल्म "आई ब्रिंग व्हाट आई लव" (Chai Varsahely, I bring what I love, USA, 2008) यानि "मैं जिससे प्यार करता हूँ, उसे लाया हूँ", जो मुझे बहुत पसंद आयी.

फ़िल्म का विषय है सेनेगल के सुप्रसिद्ध गायक यासनदूर (Youssou N'Dour) का धर्मयुद्ध. सेनेगल में 94 प्रतिशत लोग मुसलमान हैं पर वहाँ का इस्लाम सूफ़ी इस्लाम है जिसमें कट्टरपन नहीं, जिसमें स्त्रियाँ पर्दा नहीं करती. सेनेगल के सूफ़ी इस्लाम के सबसे बड़े संत और धार्मिक नेता हैं शेख बाम्बा जो धर्मनेता होने के साथ साथ उन्नीसवीं शताब्दी में यूरोपीय उपनिवेशी शासन के विरुद्ध भी लड़े थे.

यासनदूर की कहानी शुरु होती है करीब दस साल पहले जब कोई उनसे प्रश्न पूछता है कि वह रमजान के महीने में गाना क्यों नहीं गाते, क्या इसका कारण है कि इस्लाम में संगीत को हराम माना जाता है यानि गाना अच्छा काम नहीं ? यासनदूर इस बात से सहमत नहीं, सोचते हैं कि सेनेगल के जीवन में जिस तरह का इस्लाम विकसित हुआ है उसमें संगीत तो जीवन की धड़क है, बिना संगीत के जीवन भी नहीं होगा. तब उनके मन में विचार आया कि सेनेगल के सूफ़ी इस्लाम के बारे में गीत बनायें. इस एल्बम को बनाने के लिए उन्होंने मिस्री संगीतकारों को चुना और यह एल्बम सन 2001 में तैयार की गयी, इसका नाम था ईजिप्ट यानी मिस्र.


11 सितंबर 2001 में अमरीका में आतंकवादी हमलों को बाद यासनदूर को लगा कि वह समय इस्लाम के बारे में संगीत सुनाने का नहीं था, लोग इसको आतंकवाद का समर्थन समझ सकते थे, इसलिए ईजिप्ट का संगीत को उन्होंने रोक लिया और सन 2004 में रमजान के महीने में निकाला. इस एल्बम का सेनेगल में सख्त विरोध किया गया. कहा गया कि यह इस्लाम विरोधी है और बाज़ार में इसके कैसेट बेचने पर रोक लगा दी गयी.

यासनदूर को बहुत धक्का लगा पर उन्होंने हार नहीं मानी. यासनदूर कहते हैं, "यह सवाल था कि कौन यह निर्धारित करता है कि इस्लाम में क्या जायज है और क्या हराम? हमारा सूफ़ी इस्लाम क्या इस तरह से सोचता है? क्यों अरब देश वाले हमारे इस्लाम को सीमाओं में बंद करना चाहते हैं ?" उन्होंने निश्चय किया कि वह विदेशों में इजिप्ट के धर्मसंगीत को ले कर जायेंगे. मोरोक्को में फेज़ धार्मिक संगीत फैस्टिवल में उन्होंने पहली बार अपने इस संगीत को प्रस्तुत किया जिसे बहुत प्रशंसा मिली.

हर देश में मिली सफलता भी यासनदूर के मन को शाँती न दे सकी, जब अपने ही देश में जितनी बार उन्होंने इस संगीत को सुनाने की कोशिश की इसका तीव्र विरोध हुआ, मारा काटी दंगे हुए. वह इस संगीत को ले कर संत बाम्बा की दरगाह पर बनी मस्जिद में भी ले कर गये, पर वहाँ अफवाह फ़ैल गयी कि वह दरगाह में नगीं लड़कियों को नाच कराना चाहते हैं और बहुत दंगे हुए.

समय ने करवट ली जब फरवरी 2005 में "इजिप्ट" को ग्रेमी पुरस्कार मिला. सेनेगल में भी धूम मची, राष्ट्रपति ने यासनदूर को बुला कर उनका संगीत सुना और आखिरकार यासनदूर का सपना पूरा हुआ, अपने देश में अपना संगीत अपनी मर्जी से गाने का.

"मैं मुक्त हो गया इस युद्ध से, स्वंत्रता क्या होती है यह समझ आया है. हमें अपने विचारों की रक्षा करनी है, यह नहीं मानना कि कोई हमें यह बताये कि हमारे धर्म में क्या सही क्या गलत", यासनदूर कहते हैं.

रविवार, मार्च 29, 2009

संजय गाँधी की विरासत

आज के हिंदुस्तान टाईमस अखबार में वीर सिंघवी का आलेख पढ़ा जिसमें उन्होंने वरुण गाँधी को जेल में बंद होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा पीलीभीत में किये जा रहे दंगा फसाद के बारे में लिखा है.

आलेख पढ़ते समय बहुत सी बातें मन में उठ रही थीं. जैसे कि सिंघवी जी को मैंने हमेशा सोनिया, प्रियंका और राहुल गाँधी के परिवार से जुड़े पत्रकार के रूप में देखा है तो सोच रहा था कि किस तरह वह संजय, मेनका और वरुण गाँधी पर वार कर सकते हैं, बाकी के गाँधी परिवार पर बिना कीचड़ उछालें ? क्या पारिवारिक राजनीति की बराई की जा सकती है पर उसके साथ सोनिया, राहुल आदि का नाम न जोड़ा जाये ?

आलेख बहुत चतुराई से लिखा गया है, कुछ थोड़ा सा दोष श्रीमति इंदिरा गाँधी पर डाला गया है, बाकि सब दोष संजय, मेनका और वरुण गाँधी पर ही डाला गया है. वरुण गाँधी के राजनीतिक घटियापन के साथ साथ ठगी, गुँडागर्दी, और उनके मोटापे को भी जोड़ा गया है, जबकि सोनिया तथा राहुल गाँधी का नाम सफ़ाई से बचा लिया गया है. मेरे विचार में आज के पत्रकार संघवी जी से बहुत कुछ सीख सकते हैं.

वरुण जी का हिंदू धर्म के रक्षक होने के नाटक में मुझे नये धर्मपरिवर्तित का कट्टरपन दिखता है या फ़िर शायद केवल राजनीतिक नाटक. सच में कोई क्या सोचता है इससे वरुण के हिंदुपन का कुछ मतलब नहीं लगता. किससे अधिक वोट मिलें या किससे मेरे विपक्षियों को अधिक नुकसान हो, वही बात कहनी है, ऐसा लगता है. पारसी दादा, ब्राहम्ण दादी, सिख नाना नानी की विरासत मिली है वरुण को, जिसकी धर्मों और सभ्यताओं की मिलावट में ही मेरे विचार में भारतीयता की असली पहचान है. इस विरासत को नकार कर, अगर वह असली हिंदू होने का दावा करके हिंसा के लिए भड़काएँ तो यह शायद भारतीय जनतंत्र के हाल का लक्षण है, जहाँ राजनीति केवल ताकत और सम्पति को पाने का रास्ता है, नैतिकता या सत्य से उसका कुछ लेना देना नहीं. पर इस कीचड़ में वरुण हीं अकेले नहीं, सभी नेता और राजनीतिक दल भागीदार हैं.

लेख में संजय गाँधी की गुँडागर्दी की भी चर्चा है. मुझे एक बार संजय गाँधी से मिलने का मौका मिला था. मेडीकल कोलिज में पढ़ रहे थे. बात 1975 या 1976 की है. दिल्ली के सफ़दरजंग अस्पताल के साथ बना था हमारा कुछ वर्ष पहले खुला नया मेडिकल कोलिज. कुछ झँझट था कि हमें सफ़दरजंग अस्पताल में इंटर्नशिप नहीं करने को मिल रही थी बल्कि किसी अन्य अस्पताल में दूर जाना पड़ता, तो इसका विरोध करने के लिए सब विद्यार्थियों ने मिल कर संजय गाँधी से मिलने का विचार बनाया था. सबको मालूम था कि न वह कोई मिनिस्टर थे न उनका कोई सरकारी ओहदा था, उनकी ताकत केवल प्रधान मंत्री का पुत्र होने में थी. वह हमसे बहुत आत्मीयता से मिले थे, धीरज से हमारी बात सुनी थी. उनके दफ्तर के बाहर बाग में, काफ़ी देर तक वह हमारे साथ बैठे थे. शायद इतनी आत्मीयता और मृदुभाषिता का कारण हमारे दल में कई सुदंर छात्राओं का होना था या फ़िर उन्हें डाक्टरों से सुहानुभूति थी. उनसे मिलने के कुछ दिनो बाद ही सफ़दरजंग में हमारी इंटर्नशिप होने की बात को मान लिया गया था.

यह मालूम है कि मानव में क्षमता है एक तरफ़ सभ्यता का नकाब पहनने की और दूसरी ओर दानवता के कर्मों की. एमरजैंसी में क्या क्या हुआ था इसकी बात भी जानी थी. पर जब भी संजय गाँधी के गुँडेपन या असभ्यता की बात होती है तो उस मुलकात के मितभाषी, शर्मीले से लगने वाले नवयुवक संजय गाँधी का चेहरा सामने आ जाता है.

बुधवार, फ़रवरी 25, 2009

एक अन्य अयोध्या

भारत में तो अयोध्या देखने का अभी तक मौका नहीं मिला पर जब थाईलैंड में वहाँ की अयोध्या के बारे में सुना तो निश्चय किया कि अवश्य देखने जाऊँगा. हिंदु धर्म और भारतीय संस्कृति का थाईलैंड पर बहुत प्रभाव है जिसका एक उदाहरण वहाँ का राजपरिवार है जहाँ हर राजा को राम का नाम दिया जाता है. आज के थाई राजा श्री भूमिबोल जिन्होंने सन 1950 में राज शासन सँभाला, उन्हें "राम नवम" के नाम से भी जाना जाता है. अठारहवीं शताब्दी तक थाईलैंड की राजधानी थी प्राचीन शहर अयोध्या जिसे थाई भाषा में अयुथ्या भी कहते हैं.

पूछा तो मालूम चला कि अयोध्या शहर बैंकाक से करीब 80 किलोमीटर दूर है, पर उस सड़क पर यातायात बहुत होने से यात्रा का समय दो घँटे तक हो सकता है. बैंकाक से स्थानीय रेलगाड़ी भी मिलती है अयोध्या जाने के लिए पर उसमें भी दो घँटे लगते हैं. दिक्कत यह थी कि मैं बैंकाक काम पर आया था और दिन भर कहीं जाने का समय नहीं मिलता था. बस एक रविवार की सुबह ही थी जिस दिन खाली था पर उस दिन भी, दोपहर को एक बजे किसी को मिलना था.

रविवार को सुबह छह बजे ही होटल से निकला और फटफटिया ले कर विक्टरी मोनूमैंट पहुँचा जहाँ से अयोध्या की बस मिलने की जानकारी ली थी. विक्टरी मोनूमैंट चौराहा है जहाँ बीच में गोल बाग है और हर दिशा में सड़कें निकलती हैं. तब मालूम चला कि हर कोने से कहीं न कहीं की मिनीबसें जा रहीं थीं और सही सड़क खोजने में, जहाँ से अयोध्या वाली मिनीबस मिलनी थी, कुछ देर लगी. मिनीबस में बैठा तो पता चला कि इनके चलने का कोई पक्का समय नहीं, जब पूरी भर जाती है तभी चल पड़ती है. बस को भरते भरते कुछ देर लगी, तो मन में खुलबुलाहट हो रही थी कि एक ही तो सुबह मिली है घूमने के लिए और वह भी यात्रा में ही निकल जायेगी. करते करते सात बजे बस चली तो बहुत तेजी से और 45 मिनट में हम लोग अयोध्या पहुँच गये थे. यानी रविवार सुबह को यातायात कम होने का कुछ फायदा हुआ. इस यात्रा का किराया था 65 भाट यानि कि करीब 90 रुपये.

थाई अयोध्या शहर तीन नदियों के संगम पर बना है. मिनीबस शहर के नदियों से घिरे बीच के द्वीप में बोंग आयन सोई मार्ग पर रुकती है, वहाँ से मैं छाऊ फ्राया नदी की ओर निकला, सुना था कि वहाँ फेरी बोट स्टेशन के पास साईकिल किराये पर ली जा सकती है. साईकिल की दुकान को खोजने में देर नहीं लगी. साईकल का एक दिन का किराया था 40 भाट यानि कि 55 रुपये. साईकल की दूकान वाली लड़की नें साथ ही शहर का नक्शा भी दिया और  इस तरह साईकल ले कर हम निकल पड़े शहर देखने.

मेरा सबसे पहला पड़ाव था सड़क के किनारे बना एक भग्न बुद्ध मंदिर जिसका नक्शे में कोई नाम नहीं था, न ही कोई बोर्ड लगा था, न कोई देखने वाला वहाँ, न टिकट. वहाँ थी एक मीनार जैसी छेद्दी या स्तूप और सामने पत्थरों पर रखी बुद्ध के सिर की मूर्ती. सब कुछ जीर्ण और गिरता हुआ. बहुत सुंदर लगा और थोड़ा सा दुख हुआ कि उसकी अच्छी देखभाल नहीं हो रही थी.




अगला पड़ाव था महाथाट बुद्ध मंदिर. यहाँ टिकट था 50 भाट. यह अयोध्या का सबसे प्राचीन मंदिर माना जाता है. कई एकड़ फ़ैले इस मंदिर में अधिकतर खण्हर ही हैं. मुझसे सबसे अच्छा लगी पीत वस्त्र में बुद्ध की एक प्रतिमा और पंक्तियों में योग मुद्रा में बैठी सिर विहीन प्रतिमाएँ. इस मंदिर में इधर से उधर घूमने में बहुत समय निकल गया.






मंदिर से निकला तो फ़िर रुका एक बाग में जहाँ एक तरफ़ नाचती अप्सरा थी और दूसरी ओर एक अन्य बुद्ध मूर्ती. तब तक सूरज प्रखर हो चुका था और गर्मी बढ़ने लगी थी.



घड़ी देखी तो पाया कि दस बज चुके थे, तो फ़िर साईकल निकाली और चल पड़ा सम्माराट मंदिर की ओर. इस मंदिर में लोग पूजा करने आते हें और यहाँ देखने के लिए कोई शुल्क नहीं. एक ओर प्राचीन मंदिर के भग्नावशेष हैं जहाँ पंक्ति में खड़ी शेरों की मूर्तियाँ बहुत सुंदर हैं..




पीछे की ओर कमल की पँखुड़ियों में बना बुद्ध मुख भी है जो मुझे कुछ विषेश नहीं जँचा. सामने के भाग में राजा की तस्वीर के सामने भी पूजा हो रही थी और साथ ही वहां बहुत सी मुर्गों की मूर्तियाँ थीं जिनका महत्व मैं समझ नहीं पाया. थाईलैंड में यही दिक्कत है कि अँग्रेज़ी जानने वाले लोग बहुत कम हैं और किसी से कुछ पूछना थोड़ा कठिन है.




घड़ी की सूईयाँ निष्ठुरता से भाग रही थीं, मेरा घूमने का समय चुकता जा रहा इसलिए तुरंत अगले पड़ाव की ओर रुख किया, यानि फ्रा सी सनफेट मंदिर. सनफेट राज भवन का प्राचीन मंदिर था और बहुत सुंदर है. मंदिर के पीछे की ओर प्राचीन राजभवन के खण्डर भी हैं.



मुझे लगने लगा था कि वापस बैंकाक पहुँचनें में देर हो जायेगी इसलिए सनफेट मंदिर में थोड़ा सा रुका और फ़िर साईकल को वापस देने चला. पूरा चक्कर लगा कर वापस साईकल की दुकान पर पहुँचा तो वहाँ काम करने वाली युवती थोड़ी हैरान हुई कि मैं कुछ ही घँटों में वापस आ गया था.

वापस बस अड्डे पर जाने के लिए सीधा रास्ता न ले कर, बल्कि मछली और सब्जी बाज़ार के बीच में होते हुए बस स्टैंड पर वापस आया और वापस बैंकाक जाने की मिनीबस पकड़ी. किस्मत अच्छी थी, अपनी मीटिंग से कुछ मिनट पहले ही वापस होटल पहुँच गया.



यह अयोध्या यात्रा छोटी सी थी, कुछ ठीक से नहीं देखा, थोड़े से मंदिर देखे बस, न तो नाव से नदी की यात्रा की, न ही नये शहर को देखा. मन को समझाया कि इस बार किस्मत में इतना ही था. किस्मत होगी तो फ़िर वहाँ जाने का मौका मिलेगा.

रविवार, फ़रवरी 08, 2009

वास्तुशिल्प से सभ्यता को जानना

भारत से मित्र आते हें तो उनकी अपेक्षा होती है कि उन्हें घुमाने ले जाया जाये और जब मैं उन्हें कोई गिरजाघर दिखाने जाता हूँ तो एक दो गिरजाघर देख कर थोड़ा बोर से हो जाते हैं, कहते हैं यार कुछ और दिखाओ. उनकी नज़र में गिरजाघर एक धार्मिक जगह होती है और उन्हें लगता है कि एक देखा तो मानो सभी देख लिये. फ़िर पूछते हैं यहाँ कोई महल, किले आदि नहीं हैं क्या?

कभी समझाने की कोशिश करुँ कि इटली ही नहीं, यूरोप के प्राचीन गिरजाघरों में पश्चिमी समाज की कला, इतिहास, संस्कृति और सभ्यता की वह झलकें मिल सकती हैं जो अन्य किसी महल, किले में नहीं मिलेंगी तो लोग विश्वास नहीं करते. यूरोप में कैथोकिल ईसाई धर्म में धर्म और शासन दोनों मिले हुए थे, कई सदियों तक पोप धर्मनेता होने के साथ साथ शासन भी करते थे, यह बात सबको नहीं मालूम होती. इसी कारण, गिरजाघर केवल धर्म का इतिहास नहीं बताते बल्कि राज्य कैसे बना, कैसे बदला, उसका क्या प्रभाव पड़ा, यह सब बातें भी बता सकते हैं. यूरोप की बहुत सी चित्रकला, शिल्पकला आदि का विकास धर्म के विकास से जुड़ा है, और इनके सर्वश्रेष्ठ नमूने गिरजाघरों में ही बने. लियोनार्दो द विंची, माईकलएंजेलो जैसे कलाकार गिरजाघरों के लिए काम करने वाले कलाकार थे.

तो गिरजाघर से सभ्यता, संस्कृति को कैसे जाने और परखें, इसको समझाने के लिए, आईये आज आप को मेरे शहर बोलोनिया का एक गिरजाघर दिखाने ले चलता हूँ. इस गिरजाघर को इतालवी भाषा में सन फ्राँसचेस्को गिरजाघर कहते हैं यानि सेंट फ्राँसिस गिरजाघर. यह गिरजाघर बहुत प्रसिद्ध नहीं है, शहर में आने वाले कोई भूले भटके पर्यटक ही यहाँ तक पहुँचते हैं. किसी से पूछिये तो लोग कहेंगे कि हाँ, है यह गिरजाघर पर ऐसी कोई भी विषेश बात नहीं है इसमें.

इसका निर्माण करीब 1225 के आसपास शुरु हुआ और 1266 AD में पूरा हुआ. पहली बार इस गिरजाघर को लूटा 1796 में नेपोलियन की सेना ने, जिसनें शासन करने वाले पोप की सेना को हरा कर, बोलोनिया शहर पर कब्जा किया और इस गिरजाघर को गोदाम बना दिया, यहाँ पर रखी कलाकृतियों को पेरिस भेज दिया गया जहाँ यह लूव्र के संग्रहालय में आज भी देखी जा सकती हैं.

दूसरी बार इसका विनाश हुआ द्वितीय महायद्ध में जब अँग्रेज़ी और अमरीकी बमबारी से गिरजाघर नष्ट हो गया. इस पहली तस्वीर में अगर आप ध्यान से देखें तो सामने की दीवार पर बीच में दो लम्बी खिड़कियाँ और गोल खिड़की के आसपास बने नये भाग को स्पष्ट देख सकते हैं.



यह गिरजाघर गौथिक वास्तुशिल्प शैली का इटली में पहला नमूना है. गौथिक शैली उत्तरी यूरोप में फ्राँस, जर्मनी, ईंग्लैंड आदि में विकसित हुई. इस शैली की विषेशता है इसकी नोकदार महराबें (arch). इससे पहले रोमेस्क या नोरमन शैली में अर्धगोलाकार महराबें बनायी जाती थीं. गौथिक शैली की अन्य विषेशताऐँ हैं ऊँची छतें, जिन्हें नोकदार महराबों जैसी लकड़ी से सहारा दिया जाता है, लम्बी खिड़कियाँ जिससे अंदर बहुत रोशनी आये, बड़ी नक्काशीदार गोल खिड़कियाँ, और उठे हुए खम्बे जो बाहर से दीवारों को सहारा देते हैं. इससे पहले के रोमानेस्क शैली के भवन पक्के, मजबूत दिखते थे, इस शैली से ऊँचाई, रोशनी और भवन के हल्केपन को अधिक महत्व दिया जाने लगा.

आप रोमानेस्क वास्तुशिल्प शैली को मोटे भारी शरीर वाले व्यक्ति की तरह सोच सकते हैं तो गौथिक शैली उसके सामने कँकाल जैसा हवादार ढाँचे की तरह लगेगी.

चूँकि यह नयी शैली थी जो तब उभर रही थी, इसलिए इस गिरजाघर में यह सब विषेशताएँ उतनी स्पष्ट नहीं दिखती जैसी कि पेरिस के नोत्रदाम गिरजाघर या मिलान के कैथेड्रल या लंदन के केंटरबरी गिरजाघर में दिख सकती हैं, जो इस वास्तुशिल्प शैली को अधिक सफ़ाई से दिखाते हैं. जबकि यहाँ गौथिक नहीं, बल्कि रोमानेस्क और गौथिक शैलियों का मिश्रण दिखता है.





उन्हीं दिनो में बोलोनिया में नया विश्वविद्यालय बना था जिसमें दो तरह के विषय पढ़ाये जाते थे, कानून और कला. कानून और अधिकार का सम्बंध विकसित होते व्यापार से था तो कला का सम्बंध था भूगोल, विज्ञान, चिकित्सा, आदि विषयों से. तब कानून और अधिकार को अधिक महत्व दिया जाता था और इसके बड़े शिक्षकों और विषेशज्ञों को गिरजाघर में दफ़नाने का मौका मिलता. साथ ही इस गिरजाघर में कला पढ़ने वाले विद्यार्थियों को मिलने, बैठने की जगह मिलती.

गिरजाघर की दीवारों पर पुराने अधिकार और कानून पढ़ाने वाले कई शिक्षकों की अलग अलग तरह की कब्रें हैं. कोई कब्र पर अपने चेहरे की मूर्ती लगवाता था तो कोई अपने आप को किताब हाथ में लिये लेटा दिखाता था.




इस गिरजाघर में एक पोप भी दफ़्न हैं, 1410 AD में मरने वाले पोप अलेक्ज़ाडर पंचम. उस समय पोप में आपस में लड़ाई चल रही थी, फाँस में आविनोय्न में एक अन्य पोप बने थे, इसलिए सभी लोग अलेक्ज़ाडर पंचम को पोप नहीं मनाते थे.



गिरजाघर के बाहर भी कुछ अनौखी कब्रें हैं जिनमें कानून के विषेशज्ञ दफ़्न हैं, इसकी खासियत है पिरामिड जैसी हरी रंग की टाईल वाली गुम्बज. इन्हें इस तरह क्यों बनाया गया, या यह शैली कहाँ से आयी, यह मुझे समझ नहीं आया.



इन सब कब्रों में से मेरी सबसे प्रिय कब्र है जिसपर एक कक्षा का दृष्य बना है. बायीं ओर विद्यार्थियों की आपस में बात करना, दाहिने ओर एक विद्यार्थी अपने साथी को स्याही की शीशी दे रहा है, बीच में शिक्षक विद्यार्थियों को चुप कराने की कोशिश में उँगली से इशारा कर रहे हैं. पाँच सौ साल पहले की यह कक्षा जीवित सी लगती है और यह भी समझ आता है कि समय बीत जाये पर विद्यार्थी नहीं बदलते!



सेंट फ्राँसिस का नाम गाँधी जी तरह, शांती और सभी जीवों से प्यार के संदेश से जुड़ा है. सन 1899 में जब हालैंड में हैग शहर में पहली विश्व शाँती सभा का आयोजन हुआ था तो इस गिरजाघर में एक छोटा सा शाँती पूजा स्थल बनाया गया था जो आज भी देख सकते हैं.



आप बताईये, इतिहास की, समाज की, सभ्यता की, कितनी बातें छुपी हैं इस भूले भटके गिरजाघर में? अगर आप केवल गिरजाघर सोच कर देखेंगे तो यह सब कुछ नहीं दिखेगा, रुक कर ध्यान से देखेंगे तभी कुछ समझ में आयेगा.

बुधवार, दिसंबर 17, 2008

चपरासी से उपअध्यक्ष

दिल्ली से बचपन के मित्र ने समाचार पत्र की कटिंग भेजी है जिसमें लिखा है कि एक व्यक्ति जिसने 33 साल पहले दिल्ली के एक विद्यालय में चपरासी की नौकरी की थी, वही उस विद्यालय के वाईस प्रिसिपल यानि उप अध्यक्ष बने हैं. उस व्यक्ति का नाम है श्री गणेश चंद्र जो 55 वर्ष के हैं और जिन्होंने 1975 में दिल्ली के हारकोर्ट बटलर विद्यालय में चपरासी की नौकरी से जीवन प्रारम्भ किया था. उस समय वह मैट्रिक पास थे. उसके बाद धीरे धीरे उन्होंने बीए, एमए, बीएड, एमएड की डिग्री ली.

समाचार में लिखा है कि विद्यालय की एक अध्यापिका ने विद्यालय कमेटी के इस निर्णय के विरुद्ध हाई कोर्ट में दावा किया पर हाई कोर्ट ने दावा नहीं माना, इस तरह श्री गणेश चंद्र जी अपने नये पद पर कायम हैं.

इस समाचार से खुश होना तो स्वाभाविक ही है, मेरी खुशी और अधिक है क्योंकि बात मेरे विद्यालय की है, जहाँ ग्यारह साल तक पढ़ा था. मैं श्री चंद्र को नहीं जानता, उनके नौकरी पर आने से पहले ही मेरी पढ़ायी समाप्त हो चुकी थी, लेकिन मेरी ओर से उन्हें और हारकोर्ट बटलर विद्यालय की कमेटी को बहुत बधाई.

बिरला मंदिर के साथ बने इस सुंदर विद्यालय की मन में पहले ही बहुत सी सुंदर यादें थीं, उनके साथ यह गर्व भी जुड़ गया.




कुछ वर्ष पहले की इस तस्वीर में हरकोर्ट बटलर विद्यालय का पीछे वाला प्राईमरी स्कूल वाला हिस्सा, बिरला मंदिर से.

शुक्रवार, दिसंबर 05, 2008

गोरी, गोरी, ओ बाँकी छोरी

कियारा मेरी पुरानी मित्र है. वह एक इतालवी गायनाकोलोजिस्ट यानि स्त्री रोग की डाक्टर हैं. 1991 में जब हम पहली बार मिले थे तो वह दक्षिण अमरीकी देश निकारागुआ से लौटी थीं, जहाँ शासन से लड़ने वाले गोरिला दलों के बीच में रह कर उन्होंने आठ साल गाँवों में काम किया था. उन्होंने एक पत्रिका में मेरा अफ्रीकी देश कोंगो के एक अस्पताल के बारे में मेरा लेख पढ़ा था और तब उन्होंने निश्चय किया था कि वह उस अस्पताल में ही जा कर काम करेंगी और इसी सिलसिले में हम लोग पहली बार मिले थे.

पिछले सत्रह सालों में कियारा ने कोंगो में रह कर जीवन की कई कठिनाईयों का सामना किया है. एक सड़क दुर्घटना में अपनी दायीं बाजु खोयी है, युद्ध में अपने कई साथियों को मरते देखा है, आकाल के समय में गरीबों के बीच गरीबी में कीड़े मकोड़े खा कर रही हैं, पर इस सब के बावजूद उस अस्पताल में काम करने का अपना इरादा नहीं बदला. यह अस्पताल वहाँ का कैथोलिक चर्च चलाता है और आसपास करीब अस्सी किलोमीटर तक कोई अन्य अस्पताल नहीं इसलिए लोग मीलों चल कर वहाँ आते हैं. अपनी कृत्रिम बाजू की कमी को कियारा ने साथ काम करने वाली नर्सों को शिक्षा दे कर की है.

जब भी कियारा बोलोनिया आतीं हैं तो हमारे यहाँ ही ठहरती है और हम दोनो बहुत बातें करते हें, बहुत बहस करते हैं, रात को देर देर तक. पिछले दो दिनों से कियारा हमारे यहाँ थी और आज सुबह सुबह ही वापस रोम गयी है. कल रात को हमारी बहस शुरु हुई तो बहुत देर तक चली. अधिकतर बातों में मेरे विचार कियारा से मिलते हैं, मैं उसकी लड़ाईयों को समझता हूँ और उनसे सहमत भी हूँ पर कल रात को उससे कुछ असहमती थी इसलिए बहस अच्छी हुई. आज कियारा को रोम में एक मीटिंग में जाना है जहाँ रंगभेद की बात की जायेगी.

कियारा का कहना था कि कोंगो में लोगों में त्वचा का रंग गोरा करने का फैशन चल पड़ा है जिसमें स्वास्थ्य को नुकसान करने वाले पदार्थो, क्रीमों और साबुनों का प्रयोग किया जाता है जैसे कि पारे वाले साबुन या क्विनोंलोन वाली क्रीमें जिनसे केंसर तक हो सकता है, और त्वचा खराब हो जाती है. उसका यह भी कहना था कि अक्सर यह क्रीमें साबुन आदि वहाँ भारतीय कम्पनियाँ बेचती हैं. साथ ही वह कह रही थी कि हमारी त्वचा का रंग कुछ भी हो हमें उस पर गर्व होना चाहिये, हर रंग सुंदर होता है यह मानना चाहिये और स्वयं को अधिक गोरा करने की कोशिश करना गलत है.

मेरा कहना था कि अगर गोरा करने वाली क्रीम या साबुन में स्वास्थ्य को नुकसान देने वाले पदार्थ हैं तो इसके बारे में जानकारी देना सही है और कोशिश करनी चाहिये कि इन कम्पनियों के बेचे जाने वाले सामान के बारे में जन चेतना जगायी जाये और इन क्रीमों साबुनो के बेचने पर रोक लगनी चाहिये. लेकिन जहाँ तक शरीर को गोरा करने की कोशिश करने की बात है, यह तो समाज में बसे श्याम रंग के प्रति भेदभाव का नतीज़ा है, जब तक उस भेदभाव को नहीं बदला जायेगा, लोगों को यह कहना कि आप इस तरह की कोशिश न करिये शायद कुछ बेतुकी बात है.

मैं यह मानता हूँ कि हम सबको अपने आप पर गर्व होना चाहिये, चाहे हम जैसे भी हों, चाहे हमारी त्वचा का रंग कुछ भी हो, चाहे हम पुरुष हों या स्त्री, चाहे हमारी यौन पसंद कुछ भी हो, चाहे हमारा कोई भी धर्म या जाति हो, चाहे हम जवान हों या वृद्ध. पर यह गर्व कोई अन्य हमें नहीं दे सकता है यह तो हम अपनी समझ से ही खुद में विकसित कर सकते हैं.

हमें समाज की सोच को बदलने की भी कोशिश करनी चाहिये ताकि समाज में भेदभाव न हो. पर अगर कोई भेदभाव से बचने के लिए, शादी होने के लिए, नौकरी पाने के लिए, या किसी अन्य कारण से अपना रंग गोरा करना चाहता है या झुर्रियाँ कम करना चाहता है या पतला होना चाहता है या विषेश वस्त्र पहनता है, तो इसमें उसे दोषी मानना या उसे नासमझ कहना गलत है. समाज की गलतियों से लड़ाई का निर्णय हम स्वयं ले सकते हें, दूसरे हमें यह निर्णय लेने के लिए जबरदस्ती नहीं कर सकते.

साथ ही मेरा कहना था कि काला होना भी गर्व की बात है, काले वर्ण में भी उतनी ही सुंदरता है यह बात काले वर्ण के लोग कहें तो बेहतर होगा. अगर गोरे लोग जिंन्होंने स्वयं भेदभाव को नहीं सहा, उनके लिए यह कहना आसान है पर साथ ही ढोंग भी हो सकता है.

चाहे भारत हो, चाहे अफ्रीकी देश, योरोपीय देश या ब्राजील, अमरीका जैसे देश, कहीं भी देखिये, पत्रिकाओं में, टेलीविज़न में, फ़िल्मों में कितने गहरे काले रंग वाले लोग दिखते हैं? अगर श्याम वर्ण के लोग हों भी तो वैसे कि रंग साँवला हो, गहरा काला नहीं. भारत में तो यह रंगभेद इतना गहरा है कि विवाह के विज्ञापन में बेशर्मी से साफ़ लिखा जाता है कि गोरे वर्ण की कन्या को खोज रहे हैं.

सुबह कियारा को रेलवे स्टेशन छोड़ने गया तो बोली कि वह मेरी बातों पर रात भर सोचती रही थी और अपनी मीटिंग में मेरी बात को भी रखेगी.

आप बताईये, अगर आप से पूछा जाये कि गोरा करने वाली क्रीमों के बैन कर देना चाहिये तो आप क्या कहेंगे?

शनिवार, नवंबर 29, 2008

अचानक आया तूफ़ान

बुधवार को शाम को अचानक जब मुंबई में होने वाले आतंकवादी हमले का पता चला तो वह मेरे सोने का समय था. कम्प्यूटर के काम मैं अधिकतर सुबह जल्दी उठ कर करता हूँ, शाम को काम से घर आकर मुझे कम्प्यूटर के सामने बैठना अच्छा नहीं लगता, संगीत सुनना और कुछ किताब या पत्रिका पढ़ना अधिक भाते हैं.

पर उस दिन शाम को थाईलैंड के समाचारों से परेशान था. दिसम्बर के प्रारम्भ में बैंकाक में बहुत बड़ी कोंफ्रेंस का आयोजन करने में कई महीने से हम लोग जुटे हुए थे, जब मालूम चला कि सरकार विरोधी दलों ने बैंकाक के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कब्ज़ा कर लिया है, तो बहुत घबराहट हुई कि अब क्या होगा, सारा आयोजन और मेहनत तो व्यर्थ जायेंगे ही, साथ ही हज़ारों यूरो का नुकसान होगा. तो शाम को घर आ कर भी मन बार बार बैंकाक की स्थिति के बारे में सोच रहा था, और रात को सोने से पहले सोचा कि कम्प्यूटर पर देखूँ कि वहाँ कि स्थिति में कुछ सुधार आया या नहीं. समाचार देखने लगा तो "मुंबई में आतंकवादियों का हमला" के समाचार पर दृष्टि पड़ी.

खोज कर तुरंत आईबीएन सात की चैनल मिली तो समाचार सुनने लगा. इस तरह घुस कर आंतकवादियों ने निर्भय हो कर कितने लोगों को इस तरह मार दिया जान कर रौंगटे खड़े हो गये. उस रात को सोया कुछ देर ही, बार बार उठ कर कम्प्यूटर के आगे बैठ जाता यह जानने के लिए कि आतंकवादियों को पकड़ा गया या नहीं. सुबह होते होते मेरा भी बुरा हाल था. रात में मुंबई में रहने वाले कुछ सम्बंधियों से बात भी हुई. भतीजी जो ताज होटल में काम करती है, वह ठीक है यह जान कर चिंता कम हुई पर लग रहा कि मानो युद्ध के बीच में बैठा हूँ. सोचा कि दिल्ली या अन्य शहरों में घरों में बैठे भारतीय भी मेरी तरह ही टीवी पर देख कर इस तरह विचलित हो रहे होंगे.

बृहस्पतिवार को सुबह काम पर जाते हुए गाड़ी चलाते हुए लगा कि मेरी हालत ठीक नहीं थी, युद्ध या भयानक घटनाओं में फँसे लोगों को जिस तरह का धक्का लगता है, उसके क्या लक्षण होते हैं, मालूम था और यह समझ आ रहा था कि वही लक्षण मुझमें भी थे. भीतर से स्तब्ध महसूस करना, अपने शरीर से स्वयं को अलग महसूस करना, लगे कि तैर रहे हों या उड़ रहे हों, जैसे कोई सपना हो, रुलाई आना जैसा हो रहा था. यह भी समझ आ रही थी कि इस हालत में गाड़ी चलाना ठीक नहीं था. खैर काम पर पहुँच कर सारा दिन भी करीब करीब इंटरनेट पर मुंबई में क्या हो रहा है इसी बात को देखने सुनने में निकला, काम तो कम ही हुआ. शाम को इतालवी राष्ट्रीय रेडियो वालों नें टेलीफ़ोन पर साक्षात्कार करने के लिए कहा तो उनसे साक्षात्कार में क्या कहा कुछ याद नहीं.

पर रात को थक कर इंटरनेट पर टीवी देखते देखते सो गया. कल शुक्रवार को सुबह सो कर उठा तो लगा कि सामान्य हो गया था, हालाँकि मुंबई में क्या हुआ इसका ध्यान बार बार होता था. आज शनिवार को आखिरकार आतंकवादियों पर काबू पा लिया गया. पिछले तीन दिनों में इतालवी टीवी भी समाचारों की शुरुआत मुबंई से ही कर रहे थे और समाचारों का अधिकाँश भाग इसी हमले की बात में निकलता था. आज भारत से लौटे इतालवी पर्यटकों के विभिन्न साक्षात्कार दिखाये गये. थके चेहरे वाली एक औरत नें ट्राईडेंट होटल की उस इक्कीस वर्षीय काम करने वाली युवती को याद करके धन्यवाद किया जिसनें इतनी कठिनाई में भी हिम्मत नहीं खोयी और विदेशी मेहमानों का ध्यान किया, उन्हें सहारा दिया. ट्राईडेंट के खाना बनाने वाले लोरेंज़ो जो अपनी पत्नी और छह मास की बच्ची के साथ सही सलामत घर वापस आ सके, की तस्वीरें और कहानी तो सारे विश्व में दिखायी जा चुकी हैं. आम लोगों ने किस तरह विदेशियों को ध्यान रखा इसकी बात कई लोगों ने की, सुन कर गर्व हुआ कि इतनी कठिन घड़ी में सामन्य भारतवासियों ने मेहमानों का ध्यान रखने की परम्परा का पालन किया.

आतंकवादी दुनिया में अपना संदेश पहुँचाने में सफ़ल रहे पर साथ ही पहली बार दुनिया ने भारत में आतंकवाद में खतरे की गम्भीरता को करीब से देखा. इससे पहले के बम फटते भी तो वह छोटा सा समाचार बन कर रह जाते थे, कोई उनकी गम्भीरता को ठीक से नहीं समझ पाता था. शायद अब पाकिस्तान में आतंकवादियों को अलग करने और उनका दमन करने का काम हो सकेगा? पिछले दिनों में भारतीय मुसलमान धर्म के विभिन्न जाने माने लोगों ने आतंकवाद और मौत के खेल खेलने वालों के विरुद्ध आवाज़ उठाई थी, शायद इस घटना से भारतीय मुसलमानों में इस तरह के लोगों को अलग करने और उनके विरुद्ध बोलने की आवाज़ और बुलंद उठेगी.

इस लड़ाई में मरने वाले बेकसूर लोग और पुलिस वालों की मृत्यु के लिए दुख तो होता है पर साथ ही लगता है कि पुलिस वालों और अन्य सैना दलों को मीडिया से क्या कहा जाया, किस तरह सम्पर्क रखा जाये इस पर गम्भीरता से विचार करना होगा और भविष्य के लिए स्ट्रेजी बनानी चाहिये. बार बार कहना कि यह हो गया, वह गया, अब बस फाईनल हमला होगा, बगैरा जैसी बातें कुछ नौसिखियों सी लगीं.

आज सबसे अधिक चिंता तो इस बात की होती है कि इतना कुछ होने पर भी हमारे नेता कुछ नहीं सीखेंगे. हर बार की तरह इस बार ही हमारे नेता सब कुछ भूल कर एक दूसरे पर आरोपबाजी, वोट कैसे बनाये जायें, कैसे अपनी जेब भरी जायें जैसी बातों में मस्त हो जायेंगे, कुछ सबक नहीं लेंगे. यही भारत की सबसे बड़ी कमजोरी और दुर्भाग्य होगा.

रविवार, अक्टूबर 19, 2008

किताबें पढ़ने वाली औरतें

आशा पूर्णा देवी के उपन्यास सुवर्णलता की नायका सुवर्ण अच्छी औरत नहीं. सब गलत मलत काम करती है. जब सबके सामने नहीं कर सकती तो छुप कर करती है. समाज में रहना नहीं जानती, उसके नियम नहीं समझती, जब कुछ नहीं मानना चाहती तो उसे चुप रहना नहीं आता. बार बार मार खा कर फ़िर अपनी इच्छा बताने नहीं घबराती. खुला आसमान, बारामदा, खिड़की, सीढ़ियाँ, समुद्र, किताबें, घर से बाहर दुनिया में क्या हो रहा है इसके बारे में जानना सोचना, सब उसकी इच्छाएँ हैं जिनको नहीं स्वीकारा जा सकता, क्योंकि यह सब बातें अच्छे घर की औरतों को शोभा नहीं देती. (सुवर्णलता, आशापूर्णा देवी, अनुवादक हंसकुमार तिवारी, भारतीय ज्ञानपीठ, दिल्ली, 2001)

"यह नाटक, उपन्यास पढ़ना बंद कराना ज़रुरी है. उसी से सारा अनर्थ घर में आता है."
इसलिए प्रबोध ने स्त्री को काली माई की, अपनी कसम दी है. रात की निश्चिंत्ता में समझाया था कि उपन्यास पढ़ने में क्या क्या बुराईयाँ हैं.
किन्तु बेहया सुवर्ण उस भयंकर घड़ी में भी एक अदभुत बात बोल बैठी थी. कहा था, "ठीक है, तो तुम भी एक कसम खाओ."
"मैं? मैं किस लिए कसम खाऊँ? मैं क्या चोरी में पकड़ा गया हूँ?"
"नहीं तुम क्यों पकड़े जाओगे, चोरी में तो स्त्रियाँ ही पकड़ी गयी हैं? क्यों, बता सकते हो क्यों?"
"क्यों? यह क्या बात हुई?" इसके अलावा प्रबोध को उत्तर नहीं जुटा.
सुवर्ण नें झट प्रबोध का हाथ सोये हुए भानू के सिर से छुआ कर कहा, "तो तुम भी कसम खाओ कि अब ताश नहीं खेलोगे?"
"ताश नहीं खेलूँगा? मतलब?"
"मतलब कुछ नहीं, मेरा नशा है किताब पढ़ना, तुम्हारा नशा है ताश खेलना. यदि मुझे छोड़ना पड़े, तो तुम भी देखो, नशा छोड़ना क्या होता है? बोलो, अब कभी ताश नहीं खेलोगे?"
प्रबोध के सामने आसन्न रात.
और बहुतेरी लांछनाओं से जर्जर स्त्री के बारे में काँपते कलेजे का आतंक.
कौन कह सकता है, फ़िर कौन सा घिनौना कर बैठे.
फ़िर भी साहस बटोर कर बोल उठा, "खूब, मूढ़ी-मिसरी का एक ही भाव!"
सुवर्णलता तीखे स्वर में बोल उठी थी, "कौन मूढ़ी है कौन मिसरी, इसका हिसाब किसने किया था, उसकी दर ही किस विधाता ने तय की थी, यह बता सकते हो?"
गजब है, इतनी लानत मलामत से भी औरत दबती नहीं. उलटे कहती है, "बल्कि यह सोचो कि शर्म आनी चाहिये तुम लोगों को."
लाचार प्रबोध ने कह दिया था, "ठीक है बाबा, ठीक है. खाता हूँ कसम."
"अब कभी नहीं खेलोगे न?"
"नहीं खेलूँगा. हो गया? खैर मेरा तो हुआ, अब तुम्हारी प्रतिज्ञा?"
"कह तो दिया, तुम अगर ताश न खेलो तो मैं भी किताब नहीं पढ़ूँगी"

एक पश्चिमी चित्रकला की किताब देखी जिसका विषय था, "किताबें पढ़ने वाली लड़कियाँ" तो सुवर्णलता की याद आ गयी. इस किताब में विभिन्न पश्चिमी चित्रकारों के इस विषय पर बनी तस्वीरें थीं और उनके संदर्भ का विश्लेषण था.

पश्चिमी समाज में भी पहले यही सोचा जाता था कि पढ़ना लिखना औरतों को बिगाड़ देता है और यह तस्वीरें इस बात को समझने में सहायता करती हैं कि क्यों पृतसत्तीय समाज को इससे क्या खतरा था और क्यों पृतसत्तीय समाज आज भी स्त्री को घर में रखने, बाहर न निकलने, परदा करने, कहानी उपन्यास न पढ़ने की बात करते हैं. किताबों की होली जलाने वाले अफगानी तलिबान इसका हिंसक और कट्टर रूप दिखते हैं. पाराम्परिक भारतीय समाज में भी यह धारणा थी कि पढ़ी लिखी लड़की, घर से बाहर निकल जाती है, उसका चरित्र ठीक नहीं रहता, वह पराये मर्दों से बात और सम्बंध रखने लगती है, वह घर की रीति मर्यादा को भूल जाती है. आज इस तरह की सोच में छोटे बड़े शहरों में कुछ बदलाव आया है पर फ़िर भी इसे आर्थिक मजबूरी के रूप में अधिक देखा जाता है, वाँछनीय विकास के रूप में कम.

किताब पढ़ने वाली स्त्रियों के विषय पर कुछ प्रसिद्ध चित्रकारों की कृतियाँ प्रस्तुत हैं -

पहली कृति है जगप्रसिद्ध इतालवी चित्रकार और शिल्पकार माईकल एँजेलो की जो रोम में वेटीकेन में सिस्टीन चेपल में बनी है. माईकल एँजेलो की कृति मोनालिजा को सब पहचानते हैं, सिस्टीन चेपल के बारे में सोचिये तो भगवान की ओर बढ़ती मानव उँगली के दृश्य को अधिकतर लोग जानते हैं पर इसी कृति का एक अन्य भाग है जिसमें बनी है सिबिल्ला की कहानी. भविष्य देखने वाली सिबिल्ला को भगवान से एक हजार वर्ष तक जीने का वरदान मिला था पर यह वरदान माँगते समय वह चिरयौवन की बात कहना भूल गयी इसलिए उसकी कहानी वृद्धावस्था के दुखों की कहानी है. इस चित्र में सिबिल्ला को बूढ़ी लेकिन हट्टा कट्टा दिखाया गया है जबकि उसकी भविष्य देखने वाली किताब के पन्नों पर कुछ नहीं लिखा.


यह चित्र 1510 में बनाया गया था जब किताबें आसानी से नहीं मिलती थीं और चित्रों में अधिकतर बाईबल की किताब ही दिखती थी.

दूसरी कृति है हालैंड के चित्रकार जेकब ओख्टरवेल्ट की जो उन्होंने 1670 में बनायी थी. उस समय हालैंड दुनिया के सबसे साक्षर देशों में से था, स्त्री और पुरुष दोनो ने ही पढ़ना लिखना सीखा था. किताबे पढ़ने के अतिरिक्त चिट्ठी लिखने का चलन हो रहा है. इस चित्र में उस समय के संचार के तीन माध्यमों को दिखाया गया - बात चीत, पुस्तक और पत्र. नवयुवक युवती को अपने प्रेम का निवेदन कर रहा है और नवयुवती किताब पढ़ने का नाटक कर रही है. यही प्रेम संदेश मेज पर रखे पत्र में भी है.


आप का क्या विचार है कि क्या वह नवयुवती इस प्रेम निवेदन को स्वीकार करेगी? यही चित्रकार की दक्षता है कि वह चेहरे के भावों को इतनी बारीकी से पकड़ता है कि बिना कुछ कहे ही हम बात समझ जाते हैं.

तीसरी कृति भी हालैंड से ही है, चित्रकार पीटर जानसेन एलिंगा की जो कि 1670 के आसपास की है. इस कृति की नायिका घर में काम करने वाली नौकरानी है. शायद वह मालकिन के कमरे में सफाई करने आयी थी. मालकिन के जूते एक तरफ़ बिखरे पड़े हैं. फ़ल की प्लेट को जल्दबाजी में कुर्सी पर रखा गया है. खिड़की से आती रोशनी के पास कुर्सी खींच कर पाठिका प्रेमकथा पढ़ने में मग्न है.


इस कृति से समझ में आने लगता है कि क्यों पृतसत्तीय समाज को स्त्रियों का किताबें पढ़ना ठीक नहीं लगा था. किताबों की दुनिया स्त्रियों को बाहर निकलने का रास्ता दिखाती थीं, उन्हें अपना कल्पना का संसार बनाने का मौका मिल जाता था जो समाज के बँधनों से मुक्त था, उनमें अपना सोचने समझने की बात आने लगती थी.

इसी मुक्त व्यक्तिगत संसार की सृष्टि वाली बात को चौथी और अंतिम चित्र दिखाता है. कृति है हालैंड के जगप्रसिद्ध चित्रकार विन्सेंट वान गोग की जो 1888 में बनायी गयी. इसमें किताब पढ़ने वाली स्त्री की दृष्टि किताब पर नहीं, बल्कि सोच में डूबी है, शायद उसने कुछ ऐसा पढ़ा जिसने उसे सोचने को मजबूर किया?


भारत में लड़कियों, स्त्रियों की दशा तो दुनिया में सबके सामने है. एक तरफ़ नेता, अभिनेता, लेखक, वैज्ञानिक, अधिकारों के लिए लड़ने वाली आधुनिक युग की चुनौतियों को स्वीकारती. दूसरी ओर अनपढ़, कमजोर, जो जन्म से पहले ही मार दी जाती है, जिसे बोझ समझा जाता है, जिसका विवाह करना ही सबसे बड़ा धर्म है, जो दहेज के लिए जला दी जाती है. स्त्री साक्षरता को बढ़ाना इसके लिए बहुत आवश्यक है. मेरे विचार में आज विकास के रास्ते पर चले भारत की यही सबसे बड़ी आवश्यकता है. आर्थिक विकास के बावजूद पिछले वर्षों में भारत के सम्पन्न राज्यों में पैदा होने वाले बच्चों में लड़कियों का अनुपात बढ़ने के बजाय और घटा है. इन आकणों को देखा जाये तो अनुमान लगा सकते हैं कि हर वर्ष भारत में करीब दस से पंद्रह लाख बच्चियों को गर्भपात के जरिये से जन्म लेने से पहले मार दिया जाता है.

दुनिया के देशों में अगर देखा जाये कि सरकारें स्वास्थ्य और शिक्षा के लिए देश की आय का कितना प्रतिशत लगाती है तो भारत सबसे पीछे दिखता है, बहुत सारे अफ्रीकी देशों से भी पीछे. जब तक यह नहीं बदलेगा, भारत सच में विकसित देश नहीं बन पायेगा.

मंगलवार, अक्टूबर 07, 2008

नाम, रंग, जाति, धर्म में छुपी पहचान

जिल रोस्सेलीनी की मृत्यु 3 अक्टूबर को सुबह साढ़े चार बजे रोम की अमरीकी अस्पताल में हुई. जिल का जन्म 23 अक्टूबर 1956 को बंबई में हुआ था और उनका नाम रखा गया था अर्जुन. उनके पिता थे कलकत्ता के जाने माने फिल्म निर्माता हरिसाधन दासगुप्ता और माँ थी बिमल राय की परिवार की सोनाली. हरिसाधन और सोनाली का पहले एक बेटा भी था, राजा जो 1952 में पैदा हुआ था.

दिसंबर 1956 में इटली के जगप्रसिद्ध फिल्मकार रोबर्तो रोस्सेलीनी (Roberto Rossellini) भारत में फ़िल्म बनाने आये, सोनाली उनके साथ काम कर रही थीं. नौ मास के बाद रोबेर्तो और सोनाली करीब एक वर्ष के अर्जुन यानि जिल को ले कर रोम आ गये, तब भारत में उनके प्रेम को ले कर तुफ़ान चल रहा था, अखबारों में तरह तरह की बातें लिखी जा रही थीं. कुछ महीने बाद पेरिस में रोबेर्तो तथा सोनाली की बेटी राफेल्ला पैदा हुई. उस समय रोबेर्तो रोस्सेलीनी भी विवाहित थे, होलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री इंग्रिड बर्गमैन (Ingrid Bergman) के साथ.

रोबेर्तो एवं सोनाली की कहानी के बारे में मैंने कुछ महीने पहले जाना जब मैंने दिलीप पदगाँवकर की एक पुस्तक की समीक्षा पढ़ी. सोनाली को अपना बड़ा बेटे राजा को भारत में छोड़ना पड़ा, उनका छोटा बेटा जिल, अपने पिता के होते हुए भी रोबेर्तो द्वारा गोद लिया गया. इन सब बातों को सोच कर मन में बहुत जिज्ञासा हुई तो इंटरनेट पर खोज की और इस बारे में एक लेख लिखा. उस लेख के द्वारा ही इस कहानी से जुड़े बहुत से लोगों से मेरा सम्पर्क और परिचय हुआ. इसी के दौरान मैंने जिल रोस्सेलीनी के बारे में जाना.

श्याम रंग वाले जिल रोम में बड़े हुए और उनके घर में काम करने वाले माली की पत्नी का एक साक्षात्कार पढ़ने को मिला जिसमे बताया था कि छोटे से जिल को अपने काले रंग का भेद महसूस होता था. जब इतालवी समाचार पत्रों में जिल की मृत्यु का समाचार पढ़ा तो धक्का सा लगा. लेख लिखते समय जब उस परिवार के बारे में जानकारी जमा कर रहा था तो व्यक्तिगत रूप से न जानते हुए भी अपने आप ही कुछ आत्मीयता सी बन गयी थी.



हर जगह जिल की मृत्यु की बात के साथ समाचार वही बात कहते थे कि जिल रोबेर्ती के गोद लिये भारतीय मूल के पुत्र थे और कई वर्षों से बीमार चल रहे थे. कुछ समाचार पत्रों में यह भी लिखा था कि गत जून में जिल ने कैथोलिक धर्म स्वीकारा और फ्राँचेस्को का नाम लिया. इन समाचारों में सोनाली जी का नाम रोबेर्तो की संगनी की तरह से दिया गया है, कहीं उन्हें पत्नी नहीं कहा गया है और न ही यह लिखा कि बेटे की मृत्यु पर वह कहाँ थीं, हालाँकि वह भी रोम में ही रहती हैं.

जिल के बारे में सोच रहा था तो लगा कि अगर उनका रंग भिन्न न होता तो आज किसी को याद नहीं होता कि वह गोद लिये गये थे. उनके मरने के समाचार के साथ यह कहना कि वह गोद लिये हुए थे मुझे क्रूरता सी लगी. सन 2006 में वेनिस फ़िल्म फेस्टिवल के दौरान अपनी बीमारी पर बनायी एक फ़िल्म "किल बिल्ल 2" (Kill Bill 2) प्रस्तुत करते समय, एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा था "मैं फैरारी कार रेस पर फ़िल्म बनाना चाहता हूँ. तेज़ कारों का शौक तो मेरे रक्त में है. मेरे पिता की मौसी बेरोनेस मरिया अंतोनियेत्ता 1920 में कार रेस में भाग लेती थी और मेरे पिता ने भी मिल्ले मिलिया नाम की कार रेस में भाग लिया था". जिस पिता रोबेर्तो की बात वह कर रहे थे उनसे जिल का खून का सम्बंध नहीं था पर इस वाक्य से उनके मन में होने वाले द्वंद और अपने परिवार का पूरा हिस्सा होने की अभिलाषा छलकती है.

****

लंदन पहुँचा तो इमिग्रेशन की जाँच कराने के लिए कौन से लाईन चुनी जाये इसका निर्णय करते हुए मेरी आँखें अपने आप ही भारतीय उपमहाद्वीप वाला चेहरा खोज रहीं थीं. मालूम था कि पासपोर्ट जाँचने वाला अगर कोई गोरा या काला अधिकारी होगा तो हमारे पासपोर्ट को अधिक ध्यान से देखा जायेगा, क्यों आये हैं, क्या करना है, कितने दिन रुकना है, इस सबकी पूरी जाँच होगी, जबकि कोई भारतीय महाद्वीप वाला मिल जाये तो उतने प्रश्न नहीं पूछे जायेंगे. भारतीय उपमहाद्वीप मूल के लोग पासपोर्ट देख कर अपने आप समझ जाते हैं कि सामने वाले का क्या धर्म है, वह हिंदू है, मुलमान है, सिख है, ईसाई है या पारसी. अधिकतर गोरे या काले लोग यह नहीं समझ पाते कि हमारे नामों से कैसे हमारे धर्म, जाति को समझा जाये.

सब जानते हैं कि आज अगर आप मुसलमान समझे जायेंगे तो आप की हर बात को अच्छी तरह से देखा जाँचा जायेगा. दिक्कत यह है कि अधिकतर यूरोपीय और अमरीकी मूल के लोगों को हमारे नामों से यह पहचानना नहीं आता, उनके लिए चेहरे और रंग में एक जैसा दिखने वाले भारतीय उपमहाद्वीप से आये हम सब लोग एक जैसे हैं. 2001 में जब न्यू योर्क में ट्विन टोवर्स में हवाई जहाजों के बम फ़टने के बाद कितने वृद्ध सिखों पर हमले हुए थे, जो आज तक नहीं रुके, उन्हें वृद्ध सिखों में बिन लादन का चेहरा दिखता है.

कभी यह नहीं सोचा था कि एक दिन पुलिस, इमिग्रेशन या किसी अन्य सुरक्षा जाँच में मैं यह कहना चाहूँगा कि मैं हिंदु हूँ. पापा क्या सोचेंगे, क्या यही सिखाया था, सोच कर मन में लज्जा आती है और अपनी कायरता पर, अपने आप को बचाने की इस कोशिश में माँ पापा ही याद आते हैं. क्या जाति है हमारी, माँ से पूछा था तो बोलीं थी कि कोई जाति नहीं हमारी. पर फ़िर भी, कुछ तो होगी, मैंने ज़िद की थी तो बोलीं थी कि कह दो कि हम सबसे नीच जाति के हैं, हम तो हिंदू हैं ही नहीं.

हिंदू, मुसलमान, जैन, सिख, ईसाई सब धर्मों के मित्र थे, पड़ोसी थे, पर घर में धर्म के नाम पर कभी कुछ नहीं होता था. न कोई मंदिर जाता या कभी किसी तरह का पूजा पाठ होता. दादी सारा दिन कागजों पर असंख्य बार राम राम लिखती रहती, अड़ोसी पड़ोसी, रिश्तेदारों में ही रीत रिवाज़, प्रार्थना सीखने का मौका मिला, पर बचपन से धर्म के लिए शंका की भावना बैठ गयी कि पूजा पाठ, धर्म केवल दिखावा है, असली धर्म तो मानवता है.

आज उस अतीत के बारे में सोचूँ तो लगता है कि वह अतीत उस समाज का परिणाम है जहाँ हिंदू बहुमत में हैं. चाहे आप माने या माने, अगर आप हिंदू समझे जाते हैं तो भारत में अधिकतर समाज आप से भिन्न तरीके से पेश आता है. आप लाख कहिये या सोचिये कि आप के लिए धर्म का कोई महत्व नहीं, अपने नाम से आप अपने हिंदू समझे जाने का लाभ उठाते हैं. जैन, या बुद्ध या सिख हों तो शायद दिक्कत कम होती है, क्योंकि आप को कुछ हद तक हिंदु ही माना जाता है. लेकिन आप का नाम मुसलिम हो या ईसाई, समाज आप से अलग तरह से पेश आता है. यह समझ तभी आयी जब ईसाई बहुमत के देश में रहने का मौका मिला. आप एक दिन मुसलमान नाम के साथ रह कर देखिये, आप को समझ आ जायेगा.

इटली कैथोलिक धर्म के बहुमत का देश है. धर्म जीवन के हर भाग में गहरा बसता है, जब तक यह बात आप के धर्म की होती है आप को शायद यह दिखे नहीं कि किस तरह जीवन की हर बात में धर्म बसा है, आप यह सोच सकते हैं कि आप को धर्म की परवाह नहीं पर ध्यान से देखिये तो आप उसके आम जीवन पर पड़े प्रभाव को झठला नहीं सकते. यहाँ हर विद्यालय में, कक्षा में, हर अदालत जैसी जगहों पर भी क्रोस लगा दिखता है, संसद में कोई भी बात उठे तो पोप क्या कहते हैं, कैथोलिक धर्म क्या कहता है, यह बात भी अवश्य उठती है. यह सब बातें केवल यहाँ के भारतीय जनता पार्टी जैसे धर्म से जुड़े राजनीतिक दलों द्वारा की जायें यह बात भी नहीं, रेडिकल पार्टी या कुछ राजनीतिक दलों को छोड़ कर, अन्य सभी राजनीतिक दल इन धार्मिक बातों को बहुत गम्भीरता से लेते हैं.

मेरा परिवार बहुधर्मी है, पत्नी कैथोलिक, पुत्रवधु सिख, बेटा हिंदू और कैथोलिक दोनो धर्मों के बीच पला बड़ा हुआ. इस धार्मिक बहुलता को गर्व से जीने का संदेश अपने बचपन की माँ पापा से मिली शिक्षा से मिला. पर मन में स्वयं को धार्मिक न मानते हुए भी आज जब लगता है कि यहाँ ईसाई धर्म के अलावा बाकी सब धर्मों को नीचा देखा जाता है तो अपनी धर्म भिन्नता की आवाज उठाना भी स्वाभाविक लगता है. बात मानव अधिकार की बन जाती है, सब धर्मों को गर्व से रहने का अधिकार होना चाहिये. दूसरी तरफ यही भिन्नता जब बढ़ते आतंकवाद के शीशे में पुलिस या सुरक्षा अधिकारियों के सामने आती है तो दूसरी तरह से चिंता का विषय बन जाती है.

पिछले वर्ष एक ईराकी पत्रकार से बात हो रही थी तो वह बता रहे थे कि बगदाद में टैक्सी चलाने वाले विभिन्न नामों वाले आईडेंटिटी कार्ड रखते हैं, कुछ शिया मुसलमान नाम के, कुछ सुन्नी मुसलमान नाम के, कुछ ईसाई नाम के. जाने कब कोई आतंकवादी रोक ले और जान लेने की धमकी दे, तो ठीक नाम वाला आईडेंटिटी कार्ड ही जान बचा सकता है. तब सोच रहा था कि जैसे यूरोपीय लोग हमारे नामों से यह नहीं पहचान पाते कि हम हिंदू हैं या मुसलमान या सिख, वैसे ही मुझे भी शिया और सुन्नी मुसलमान नामों के अंतर नहीं मालूम. सच कहूँ तो यह भी नहीं मालूम कि शिया, सुन्नी, अहमदिया, बोहरा जैसे मुस्लिम धर्म गुटों में क्या अंतर होता है!

****

आप धर्म से कितना भागना चाहें, धर्म आप का पीछा नहीं छोड़ता जैसी बात दिल्ली में रहने वाली पत्रकार के. के. शाहीना के लेख में भी पढ़ी थी जो अँग्रेजी दैनिक हिंदुस्तान टाईमस में कुछ दिन पहले छपा था. कुछ सप्ताह पहले दिल्ली में बम विस्फोट करने वाले आतंकवादियों ने शाहीना जी के एक लेख से कुछ हिस्से ले कर उनका प्रयोग अपने बमों को जायज दिखाने के लिए अपनी ईमेल में उपयोग किया. शाहीना जी ने लिखा है:

"मुसलमान नाम का भारीपन दिल्ली में जीवन कठिन कर सकता है. .. एक अधिकारी से मिले, उन्होंने बहुत विनम्रता से बात की, पूछा, कि क्या तुम मुसलमान हो? मैं कहना चाहती थी कि नहीं, छत पर चढ़ कर चिल्लाना चाहती थी कि मैं नास्तिक हूँ, बचपन से मुझे धर्म से दूर रखा गया है. पर मैं यह नहीं कह सकती थी. मैंने कुछ उत्तर नहीं दिया. इस तरह का उत्तर क्या पोलिटिक्ली कोरेक्ट होगा इस बारे में मैंने सारा जीवन सोचा है. अपने धर्म से पीठ फ़ेर कर क्या मैं इस धर्म को मानने वाले लाखों निर्दोष लोगों से पीठ फ़ेर रही हूँ जो धर्म का पालन करते हैं और अपने धर्म के नाम पर होने वाले इन बातों का बुरा प्रभाव भी झेलते हैं? मेरे जीवनसाथी, जो कि जन्म से हिंदू हैं, उन्हे भी इसी तरह की बात कहने के लिए अधिकारी के सामने ज़ोर डाला गया ताकि यह साबित किया जा सके हम लोग सेक्युलर हैं, इस शहर में जहाँ हम लोग बस नाम ही हैं. यह पहली बार थी जब हमारे जीवन में धर्म इस तरह घुस रहा था. जब हमारा बेटा अनपु पैदा हुआ था तो फोर्म भरते समय उसमें धर्म वाला भाग खाली छोड़ने में हम लोग एक पल भी नहीं झिझके थे."
जब शबाना आज़मी जी कहती हैं कि मुंबई में मुसलमान होने पर घर खरीदने में कठिनाई होती है, मुझे समझ में आता है. यह कहना कि वह बात को बढ़ा रही हैं, या झूठ कह रही हैं, इस बात को नकारना है. रंग भेद, जाति भेद, धर्म भेद हमारे रोज़ के जीवन में इतना घुला मिले हैं कि इसे तभी समझा जाता है जब आप अल्पसंख्यक हो. अगर आप हिंदू हैं और दलित नहीं उससे ऊँची जाति के हैं तो सोच सकते हैं कि भारत में यह भेद शायद इतना स्पष्ट और खुलेआम नहीं जितना पाकिस्तान, बँगलादेश या अरबी देशों में होता हो, पर दूसरे पक्ष से दृष्टि से देखिये तो यह भेद समझ आता है.

यह सच है कि धार्मिक रूढ़िवाद के साथ मुसलमान देशों में इसका कट्टर स्वरूप देखने को मिलता है जहाँ राजकीय धर्म इस्लाम माना जाता है और बाकि सब धर्मों के साथ भेदभाव को कानूनी स्वीकृति मिलती है. लेकिन इटली, इंग्लैंड, अमरीका जैसे विकसित देशों में भी इसके उदाहरण खोजने में कठिनाई नहीं होती. पिछले सप्ताह लंदन गया था तो वहाँ एक पत्रिका में पाकिस्तान से आये श्री जेम्स डीन का साक्षात्कार पढ़ रहा था जो कि आज एक सफल उद्योगपति हैं. इस साक्षात्कार में वह बताते हैं कि उनका असली नाम तो नज़ीम खान था पर वह जानते थे कि मुसलमान नाम होने से उन्हें इंग्लैंड में यह सफलता कभी न मिल पाती.

आज का जीवन इतनी तेजी से बदल रहा है कि शायद उसे समझना कठिन है. आतंकवाद, असहिष्णुता, उग्रवाद, धार्मिक कट्टरता, रूढ़िवाद के चक्करों में सभ्यता और मानवता के मानव मूल्य हार रहे हैं. शंका, संदेह, अविश्वास हमारे दिलों को कठोर और अमानवीय बना रहा है. देशों विदेशों में यात्राओं से शायद मुझे इस बढ़ती अमानवता को देखने का अधिक मौका मिलता है.

मुझे लगता है कि इस स्थिति में इस बारे में ईमानदारी से बात करना, एक दूसरे के दृष्टिकोण को समझने की कोशिश करना और करते रहना, बहुत आवश्यक है. बात न करना, उसे नकारना, सोचना कि यह तो हमारे लिए महत्वपूर्ण नहीं, इस सबसे नासूर भीतर ही भीतर बढ़ता जाता है. मीडिया में केवल उग्रवादियों और रूढ़िवादियों को जगह मिलती है, उनकी कही हर बात को इतनी बार दोहराया जाता है कि लगता है उस धर्म के सभी लोग कट्टरपंथी हैं. आवश्यक है कि इस बात पर सोचनेवाले पढ़े लिखे, शबाना जी जैसे उदारवादी लोगों की सोच को जगह दी जगह, उस पर खुल कर बहस की जाये.

गुरुवार, सितंबर 11, 2008

कल्पना के पँख

प्रियंकर पालीवाल जी ने "समकालीन सृजन" भेजा तो थोड़ी हैरानी हुई. इतनी सामाग्री से भरी और इतने सारे जाने माने लेखकों के आलेखों से भरी पत्रिका होगी, यह नहीं सोचा था और उनके बीच में अपना लापरवाही से लिखा ग्रीस यात्रा वाला लेख देखा तो स्वयं पर थोड़ा सा गुस्सा भी आया. प्रियंकर जी ने जब लिखा था कि वह यात्राओं के विषय पर एक पत्रिका का विषेश अंक निकाल रहे हैं और मुझसे एक आलेख मांगा था तो जाने किस व्यस्तता के चक्कर में उन्हें झटपट ग्रीस यात्रा की डायरी वाला आलेख भेज दिया, उसे एक बार ठीक से पढ़ा भी नहीं कि वह ढंग से लिखा गया है या नहीं.

समकालीन सृजन कोलकाता से निकलती है और "यात्राओं का जिक्र" नाम के इस विषेश अंक के विषेश सम्पादक हैं प्रियंकर पालीवाल. हिंदी लेखन में यात्रा‍ लेखन विधा का अधिक विकास नहीं हुआ है हालाँकि कभी कभार पत्रिकाओं पर यात्राओं पर लेख मिल जाते हैं. इस अंक की विषेशता है कि इसमें देश विदेश की बहुत सी यात्राएँ एक साथ मिल जाती हैं.



यात्राओं के बारे में पढ़ना मुझे अच्छा लगता है. हर किसी को यात्रा के बारे में लिखना नहीं आता. यहाँ गये, वहां गये, यह देखा, वह खाया जैसी बातें तो हर कोई लिख सकता है पर इसमें उतना रास नहीं आता. फ़िर भी अगर साथ में अच्छी तस्वीरें हों तो भी कुछ बात बन जाती है. लेकिन सचमुच के बढ़िया यात्रा लेखक अपनी दृष्टि से जगह दिखाते हैं, उन बातों की ओर ध्यान खींचते हैं जो आप अक्सर नहीं देखते या सोचते, उनमें भावनाएँ होती हैं, इतिहास होता है, यादें होती है, जीते जागते लोग होते हैं. इस दृष्टि से "समकालीन सृजन" का यह अंक सफल है. तभी मैंने खुद पर संयम करके धीरे धीरे एक महीना लगाया पूरा अंक पढ़ने में, हर रोज रात को सोने से पहले बस एक दो आलेख पढ़ता.

जैसे जाबिर हुसेन की "नदी की पोशाक है रेत" में गीली रेत में घुली छुपी नदी में माँ का छुपा चेहरा है, "मेरे लिए फल्गु की रेतीली गोद मेरी मां के दूधिया आंचल की तरह है. जैसे फल्गु अपने दुख दर्द किसी को नहीं बताती, रेत के उन कणों को भी नहीं, जो खुद उसके वजूद का हिस्सा हैं, वैसे ही मेरी मां ने भी अपने दुख दर्द किसी को नहीं बताए. सारी ज़िन्दगी वो भी अपने दुखों पर मोटी चादर डाले रही. हम भी, जो रेत के कणों की तरह उसके वजूद का हिस्सा थे, कहाँ उसके दुख दर्द को जान पाये."

अमृतलाल बेगड़ "सौंदर्य की नदी नर्मदा" में पेड़ों से बातें करते हैं, और निमाड़ी और गुजराती भाषाओं में जुड़े शब्दों की बात करते हुए लिखते हैं, "नदी जहां समुद्र से मिलती है, वहां एकाएक समाप्त नहीं हो जाती. उसका प्रवाह समुद्र में दूर तक जाता है. भाषा भी प्रादेशिक सीमा पर एकदम से नहीं रुक जाती. उसका प्रवाह भी सीमा के पार काफी दूर तक धंसता चला जाता है."

कृष्णनाथ "नागार्जुनकोंडा की पहचान" में केवल नागार्जुनकोंडा पर्वत यात्रा की बात नहीं करते बल्कि बुद्ध दार्शनिक नागर्जुन की इतिहासिक छवि से ले कर, महायान बुद्ध धर्म के दूर विदेशों तक फैलने की कथा सुनाते हैं, "यह कथा अपने मूल देश में, नागार्जुन की घाटी में खो गयी है. कृष्णा के जल में डूब गयी है. यहां अब उसका कोई साहित्य नहीं है. पहले जरूर रहा होगा. अब लुप्त हो गया है. लेकिन हिमालय पार उत्तर, मध्य, पूर्व एशिया में नागार्जुन की कथा जीवित रही है. तिब्बत में है, चीन में है, जापान में है, कोरिया में है, मंगोलिया में है."

ओम थानवी "इतिहास में दबे पांव" में पाकिस्तान में मुअनजो-दड़ो की खोयी सभ्यता की जड़ों को अपने राजस्थान के जीवन में जीवित पाते हैं, "मुअनजो-दड़ो के घरों में टहलते हुए मुझे कुलधरा की याद आई. यह जैसलमेर के मुहाने पर पीले पत्थर के घरों वाला एक खूबसूरत गांव है. उस खूबसूरती में हर तरफ एक गमी तारी है. गांव में घर हैं पर लोग नहीं हैं... अतीत और वर्तमान का मुझमें यह अजीब द्वंद है. बाढ़ से बचने के लिए मुअनजो-दड़ो में टीलों पर बसी बस्तियाँ देख कर मुझे जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर से ले कर पोकरण-फलोदी तक के वे घर भी याद हो आये जो जमीन से आठ दस फुट उठाकर बनाये जाते थे."

"बंगाले में गंगाजल" में अष्टभुजा शुक्ल यात्रा में अनायास मिले एक बंधु के घर में आत्थिय और आत्मीयता पाते हैं और मन में छुपे विधर्मी कुंठाओं का सामना करते हैं, "स्वीकृति में ही संस्कृति निहित होती है. अस्वीकार की संस्कृति ही कट्टरता की जननी है. स्वीकार करता हूँ रसूल भाई कि हावड़ा में उजबकों की तरह आठ घंटे काटना चार युगों से कम तकलीफ़देह नहीं होगा, स्वीकार करता हूँ कि आपके घर बैंडल में दो चार घंटे आराम करने का हार्दिक निमंत्रण बहुत ही आत्मीय और सहज है, स्वीकार करता हूँ कि एक मुसलमान द्वारा एक अपरिचित हिंदू को अपने घर विश्राम करने का आमंत्रण देने की कोई कुंठा आप के मन में कतई नहीं ... भाई साहब भीतर अपनी पत्नी को बता रहे हैं कि परदेसी दादा निरामिष हाय. बंगाल और शाकाहार. वह भी एक मुस्लिम परिवार में एक खास महमान के लिए? आठवां आश्चर्य. कैसा बौड़म अतिथी है?"

पत्रिका का सबसे अधिक सुंदर आलेख लगा "वर्धाः अनुभवों के आईने में". वर्धा के बारे में गाँधी जी बारे में पढ़ते समय कुछ पढ़ा था, पर अधिक नहीं मालूम था. पी. एन. सिंह का आलेख आज के वर्धा और इतिहास के वर्धा के विवरण बहुत खूबी से देता है जिनमें बापू के समय का वर्धा शब्दों में जीवित हो जाता है. इस आलेख में गाँधी जी का कुष्ठ रोगियों की सेवा करने के बारे में पढ़ा जो मुझे बहुत अच्छा लगा. अक्सर लोग कुष्ठ रोग की बात उठाते हैं पर घृणा, पाप, गन्दगी या दर्द की बात करने के लिए. जैसे कि इसी पत्रिका में कृष्णनाथ जी के नागार्जुनकोंडा वाले लेख में पचास साल पहले के एक जेल कारावास के बारे में लिखा है, "फ़िर, बनारस से रायबरेली जेल तबादला हो गया जहाँ प्रदेश भर के कोढ़ी कैदी जमा किये जाते हैं. मुझे ही शरीर मन की इस यातना के लिए क्यों चुना गया, मैं आज तक नहीं जानता."

मेरे कार्य का क्षेत्र भी कुष्ठ रोग और विकलांगता है. बीच में कुष्ठ रोग के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कुष्ठ से जुड़ी एसोसियेशन का अध्यक्ष भी रहा. शुरु में लोगों को इसके बारे में कहते हुए हिचकता था क्योंकि लोग यह बात सुन कर ही पीछे हट जाते थे. कई देशों में देखा कि कुष्ठ रोगी होने से छूआछात और भेदभाव किया जाता है, उनके साथ काम करने वाले स्वास्थ्य कर्मचारी भी इस भेदभाव से नहीं बचते. गाँधी जी ने कैसे कुष्ठ रोगियों की सेवा की यह पढ़ कर बहुत अच्छा लगा.

एक अन्य आलेख पढ़ते हुए अपने एक पुराने मित्र से मुलाकात हुई. रीता रानी पालीवाल के आलेख "सूरज के देश में", उनकी मुलाकात तोक्यो में हिंदी पढ़ाने वाले प्रोफेसर तनाका से होती है. अचानक मन में आया दिल्ली विश्वविद्यालय में १९६८ में हिंदी पढ़ने आया जापानी छात्र तोशियो तनाका. मेरी बुआ डा सावित्री सिंहा दिल्ली विश्वविद्यालय में हिंदी की प्रोफेसर थीं और तनाका जी उनके छात्र. दीदी की शादी में उनसे बहुत बातें की थीं, जो आज भी मुझे याद हैं. मन में आया कि क्या मालूम इस लेख के तनाका जी और मेरे बचपन की यादों की तनाका जी एक ही हों?

कल रात को पत्रिका पढ़ना पूरा किया तो थोड़ा सा दुख हो रहा था कि इतनी जल्दी समाप्त हो गयी, जैसी अच्छी किताब को समाप्त करने पर होता है. संभाल कर रखना होगा, क्योंकि कई आलेख हैं जिन्हें दोबारा पढ़ना चाहता हूँ. प्रियंकर पालीवाल जी को धन्यवाद कि उन्होंने मुझे इस अनुभव का हिस्सा बनने का मौका दिया.

सोमवार, सितंबर 08, 2008

हीरामन का क्या ?

जब भी गाँव के जीवन की बात होती है तो मन में "तीसरी कसम" का हीरामन या "मदर इँडिया" के राधू और शामू आते हैं. गाँव से सीधा रिश्ता कभी रहा नहीं, शहरों में रहे और शहरों में बड़े हुए, तो गाँव फ़िल्मों और किताबों में ही मिलते थे.

दिल्ली के पास नजफगढ़ के रास्ते पर आज जहाँ द्वारका मोड़ नाम का मेट्रो स्टेशन है, वहाँ नाना के खेत होते थे, पर गाँव की सोचूँ तो नाना के पास बीते दिन मन में नहीं आते, शायद इस लिए कि वह जगह दिल्ली के बहुत करीब थी और गाँव में रह कर भी लगता था कि शहर में ही हैं. शायद यह बात भी हो कि फ़िल्मों में दिखने वाले गाँव सुंदर दिखते थे पर सचमुच के नाना के खेतों में कड़ी धूप, खुदाई करने और गोबर जमा करने की मेहनत, उपलों की गंध वाला दूध, कूँए का खारा पानी सब मिल कर सचमुच के गाँव के जीवन को फ़िल्मों में दिखने वाले गाँवों के मुकाबले में अधिक कठिन बना देते थे.

जून के "हँस" में वरिष्ठ लेखक संजीव का लेख पढ़ रहा था, "कहाँ गये प्रेमचंद के हीरा मोती", जिसमें उन्होंने बढ़ते मशीनीकरण से गाँवों के बदलते जीवनों और गाँवों से लुप्त होते बैलों तथा मवेशियों के बारे के बारे में लिखा हैः


"कालचक्र घूमता रहा. पन्ने पटलते रहे ... मगर पन्ने इतनी तेजी से पलट जाएंगे कि जुताई, बोवाई, कटाई, मड़ाई और खलिहान की पूरी अवधारणा ही बदल जायेगी, कौन जानता था! जैसे जैसे ट्रैक्टर, थ्रैशर और कृषि की दीगर मशीनें आती गईं, वैसे वैसे फसल के उत्सव से कुछ लोग पीछे छूटते गए. ... लेकिन कहां गए वे लोग जो इन मशीनों के आते ही बाहर धकेल दिये गये? ... क्या विडंबना है कि आज प्रेमचंद का होरी गैर सरकारी नहीं, सरकारी ऋण से मर रहा है, गोबर मुंबई-दिल्ली में "भैया " या "बिहारी" की गाली खा रहा है, उसकी पत्नि सोसाइटियों में चौका बासन कर रही है. मैं सीवान के बीचोबीच खड़ा हूं, दूर दूर तक डंठलों की आम जल रही है. लगता है दूर कहीं धनिया विलाप कर रही है और हीरा मोती के "बां बां" के कातर स्वर उभर रहे हैं."

जिस जीवन को हमेशा देखा, जिया हो वह बदलने लगे तो दुख तो होगा ही. फ़िर गाँव का जीवन तो शायद पिछले चार पाँच हज़ार सालों से नहीं बदला था, जब से लोहे का आविष्कार हुआ था तब से. जितनी तेज़ी से यह बदलाव गाँवों, कस्बों, छोटे बड़े शहरों में आ रहे हैं, शायद इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ. यह बात नहीं कि यह बदलाव केवल भारत में आया है, यह तो सारे विश्व में है पर भारत के कच्ची सड़कों वाले, बैलगाड़ी वाले गाँवों में आ रहे और आने वाले बदलाव का सोच कर लगता है कि हाँ, शायद अब समय आयेगा जब जीवन सचमुच बदलेगा.

अपने जाने पहचाने खेतों में बैल की जगह पर ट्रैक्टर देख कर बीते समय का सोच कर दुख होना स्वाभाविक तो है पर शायद गाँवों के लिए जीवित रहने का यही उपाय है? संजीव अपने लेख में बात करते हैं प्रेमचंद की "दो बैलों की कथा" की, चंद्रगुप्त विद्यांलकार की "गोरा" की, बिजेंद्र अनिल की "माल मवेशी" की, स्वयं प्रकाश की "नैनसी का धूड़ा" की", और गाँवों के बारे में लिखने वाले लेखकों के लुप्त होने की, और इसमें संस्कृति और संस्कारों के टूटने को देखते हैं. पर संस्कृति और संस्कारों का यह बदलाव गाँवों के मशीनीकरण से नहीं बल्कि जीवन की तकनीकी तरक्की से आया है. टीवी और मोबाइल फोन ने शहरों के जीवन की एक छवि गाँवों को दिखाई है जिसमें केवल शहरों का उपभोगत्तावाद है, संस्कृति और संस्कार तो बस बिकने वाले टीवी सीरियल हैं जिनमें हर दस मिनट में विज्ञापन दिखाये जाते हैं.

इन भागते शहरों में गाँवों और कस्बों से आँखों में सपने लिए आने वालों के लिए "भैया" और "बिहारी" की गालियाँ हैं, शायद उनके भोले गँवारपन और अँग्रेजी न जानने के बारे में उपहास भी है. वर्तिका नंदा ने अपनी एक कविता "टीवी एंकर और वो भी तुम" में लिखा हैः

तुम नहीं बन सकती एंकर
तुम कहीं और ही तलाशो नौकरी
किसी कस्बे में या फ़िर
पंजाब के उसी गाँव में
जहां तुम पैदा हुई थी
पर बड़े शहरों में बसने वाले गाँवों और कस्बों से आये लोग जानते हैं उनका भविष्य उनके बच्चे होंगे, जो शहरों में पल बढ़ कर शहरों वाली भाषा बोलेंगे, जिनकी कोई हँसी नहीं उड़ायेगा. वह हिम्मत नहीं हारते, जान लड़ाते हैं अपने जीवन बेहतर करने के लिए. गाँवों, बैलों और पाराम्परिक जीवनों के लुप्त होने में अगर मानव का जीवन अधिक आसान हो जाता है तो यही भला है, अगर उसे तपती धूप में खून पसीना नहीं बहाना पड़ता तो यही भविष्य अच्छा है. और अगर उस भविष्य में जातपात, ऊपर नीचे, छोटे बड़े की दूरियाँ कम हो सकेंगी तो वह भविष्य जितनी जल्दी आ सकता है, आये. हीरामन नहीं तो न सही, कथाकार कुछ और सोच लेंगे मन द्रवित और आँखें नम करने के लिए. हज़ारों वर्षों से, पीढ़ियाँ दर पीढ़ियों से पिसने वाले इंसान को अगर कमर सीधा करके सिर उठा कर चलने का मौका मिलेगा तो मुझे उस भविष्य से कोई शिकायत नहीं.

शनिवार, सितंबर 06, 2008

वह दोनो

बस स्टाप पर बस आ कर खड़ी हुई तो तुरंत लोग भागम भाग में चढ़े, लेकिन बस ड्राईवर साहब को जल्दी नहीं थी, बस से उत्तर कर बाहर खड़े वह धूँआ उड़ा रहे थे. तब उन दोनो पर नज़र पड़ी. दोनो की उम्र होगी करीब चौदह या पंद्रह साल की. उनके चेहरों में अभी भी बचपन था.

लड़की के बाल ज़रा से लम्बे थे, कानो को कुछ कुछ ढक रहे थे. दोनो ने ऊपर छोटी छोटी बनियान जैसी कमीज़ पहनी थी. और नीचे छोटी निकेर पहनी थी, नाभि से इतनी नीचे कि भीतर के जाँघिये का ऊपरी हिस्सा बाहर दिखे, जैसा कि आजकल का फैशन है. यानि अगर दोल्चे गब्बाना या केल्विन क्लाईन के जाँघिये पहनो तो उन्हें दुनिया को दिखाओ. लड़के की निकेर थोड़ी खुली ढीली सी थी, लड़की की तंग थी.

जहाँ तक अन्य साज सँवार का प्रश्न है, लड़का ही लड़की से आगे था. उसके गले में अण्डे जैसे बड़े बड़े सफेद मोतियों की माला थी, कानों में चमकते हुए बुंदे और कलाई पर किसी चमकती धातु का ब्रेस्लेट. उसके सामने लड़की साधी साधी लग रही थी, उसके गले में न तो माला थी, न कानों में बालियाँ, बस दाँहिनी कलाई पर तीन चार रंगबिरंगी मोतियों वाली ब्रेस्लेट थी. दोनो के चेहरे साफ़ थे, कोई मेकअप नहीं था.

दीवार से सटे दोनो एक दूसरे के मुख, जिव्हा, दाँतों की भीतर से सूक्ष्म जाँच कर रहे थे, या शायद एक दूसरे के टोंसिलों की सफाई. एक दूसरे के गले में बाँहें और चिपके हुए शरीर मानों वहीं सड़क पर ही एक दूसरे में समा जायेंगे.

उन्हें देखा तो अचानक मन में बहुत ईर्ष्या हुई. हमारे ज़माने में इस तरह का क्यों नहीं होता था?

एक तो लड़के यह रंग नहीं पहनते, ऐसा नहीं करते, वैसा नहीं करते, लड़कियाँ यह नहीं करती, वैसा नहीं पहनती के झँझटों से मुक्ती, स्त्री और पुरुष अपनी मन मरजी से पहने जिसमें स्त्री और पुरुष की बाहरी भिन्नता कुछ घुल मिल सी जाये. एक बार दाढ़ी निकल आयेगी तो थोड़ी दिक्कत आ सकती है पर किशोरो को वह दिक्कत भी नहीं.

दूसरे किशोरावस्था में घुसते ही शरीर में जब होरमोन का तूफ़ान छाता है तो दिमाग यौन सम्बंधों के विषय पर ही अटका रहता है. फ़िर अठारह बीस वर्ष की आयु तक शरीर का यौन विकास अपने चरम पर पहुँच जाता है और उसके बाद धीरे धीरे कम होने लगता है. यह दोनो किशोर किशोरी, उसी होरमोन के तूफ़ान में आनंद से बेपरवाह बह रहे थे.

सब बँधनों से मुक्ति और इस मुक्त संसार में पैदा बड़ा हुआ इंसान क्या नयी बेहतर दुनिया बनायेगा? बचपन में ही शुरु हो जाता है कि लड़कों को क्या पहनना चाहिये. अरे कैसे लड़कियों जैसे कपड़े पहने हैं, क्या कभी किसी लड़के को गुलाबी रंग की कमीज़ पहने देखा है, बदलो इसे तुरंत वरना लोग क्या कहेंगे? लड़के खाने में खट्टा नहीं खाते, चोट लग जाये तो वह लड़कियों की तरह नहीं रोते, उन्हें गुड़िया नहीं कारें और फुटबाल अच्छी लगती हैं. लड़कियों के आसपास लगी यह कर सकते हैं, यह नहीं वाली दीवारें शायद और भी ऊँची होती हैं. पर उन दोनों को देख कर लग रहा था कि यह सब बँधन पुराने हो गये, टूट गये हैं और नहीं टूटे तो आने वाली दुनिया इन्हें तोड़ देगी.

यौन सम्बंधों की दीवारें भी हमारे समय में कितनी ऊँची होती थीं. जहाँ तक मुझे याद है उस लड़के की उम्र में मुझे यौन सम्बँधों की पूरी समझ भी नहीं आयी थी, जबकि वह दोनो इस विषय में पीएचडी कर चुके लगते थे. ब्रह्मचर्य, कौमार्य, इज़्जत बचाना, शरीर को बचा कर रखना, इन सब बातों की उन्हें परवाह नहीं लगती.

इस मुक्ति में ही उनका विनाश छुपा है, यौन स्वच्छंदता और शरीर के सुख सब माया हैं, समय के साथ यह भी गुज़र जायेंगे और जीवन के संघर्ष और कठिन हो जायेंगे, मैं खुद को समझाता हूँ. पर क्या सचमुच ऐसा जीवन जीने का मौका मिलता तो क्या मैं न कह पाता? आप को ऐसा जीवन जीने का मौका मिलता तो क्या आप उसे न कह पाते?

बुधवार, सितंबर 03, 2008

इंसान की कीमत

पिछले सप्ताह जब कँधमाल में दंगे हुए जिनमें कुछ हिंदु दलों ने ईसाई गिरजाघरों, घरों और लोगों पर हमले किये तो इटली में समाचार पत्रों और टीवी चैनलों पर इस विषय पर काफ़ी चर्चा हुई, जो आज तक पूरी नहीं रुकी है. उड़ीसा से हिँसा की घटनाओं के समाचार रुके नहीं हैं और इटली की सरकार ने यह मामला योरोपियन यूनियन की संसद में भी उठाया तथा भारतीय राजदूत को बुला कर भी इस बारे में कहा गया.

कुछ दिनों के बाद भारत में बिहार में बाढ़ आयी, कई लाख व्यक्ति बेघर हुए, कई सौ की जाने गयीं, पर इटली के समाचार पत्रों और टीवी चैनलों पर इस समाचार को न के बराबर दिखाया गया, इस पर किसी तरह की बहस नहीं हुई.

इटली के गूगल से उड़ीसा में हो रहे दँगो पर खोज कीजिये तो 25 हज़ार से अधिक इतालवी भाषा के पन्ने दिखते हैं, जबकि बिहार की बाढ़ पर खोज करिये तो पाँच सौ पन्ने मिलते हैं.

हालाँकि बिहार में भी मरने वालों में सभी धर्मों के लोग होंगे, बाढ़ों और तथाकथित प्राकृतिक दुर्घटनाओं में गरीब लोग ही कीमत चुकाते हैं चाहे उनका कोई भी धर्म हो, पर अगर सब धर्मों के लोग मर रहें हों तो शायद बढ़िया समाचार नहीं बनता. जब धर्मों में लड़ाई हो तब अच्छा समाचार बनता है!

मंगलवार, अगस्त 19, 2008

अँग्रेज भगवान

सलमान खान की नयी फ़िल्म "गोड तुस्सी ग्रेट हो" की तस्वीरें देख रहा था तो समझ में आया कि यह फ़िल्म अँग्रेजी में बनी अमरीकी फ़िल्म "ब्रूस आलमाईटी" का हिंदी रूप है और इसमें अमिताभ बच्चन जी भगवान का रूप निभा रहे हैं जो कि कुछ दिनों के लिए भगवान की सभी ताकतें एक नवयुवक यानि सलमान खान को दे देते हैं.

विदेशी फ़िल्मों से प्रभावित हो कर उन पर हिंदी फिल्म बनाना, उसकी फ्रेम टू फ्रेम नकल करना और फ़िर साक्षात्कार देना कि नहीं हमने तो केवल प्रेरणा ली है, बहुत से फ़िल्म निर्माताओं की पुरानी आदत है. पर इतनी लापरवाही कि फ़िल्म लो पर उसे भारतीय वातावरण में ढालने की रत्ती भर कोशिश भी न करो, इसका क्या अर्थ हो सकता है?

कोट पैंट पहनने वाले आफिस के मैनेजर जैसे लगने वाले भगवान भारत में किस धर्म में होते हैं भला? मैंने फ़िल्म नहीं देखी, इसलिए यह नहीं कह सकता कि सारी फ़िल्म में भगवान का यही रूप है या फ़िर जब भगवान जी धरती पर आते हैं और अपना सही रूप छुपाने के लिए कोट पैंट जैसे कपड़े पहनते हैं, जिसे वैचारिक तौर पर समझा जा सकता है क्योंकि शायद आज अगर राम या कृष्ण धरती पर आयें तो अपने पुराने रूप में नहीं आ सकते.

कुछ इसी तरह की बात लगी थी कुछ समय पहले जब यश चोपड़ा की फ़िल्म "थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक" देखी थी, जो कहानी थी स्वर्ग से धरती पर आयी पर एक परी की. इस फ़िल्म में यह परी भारतीय स्वर्ग में नहीं अमरीकी स्वर्ग में रहती है, गाऊन पहनती है, साइकल पर घूमती है, न उसके परियों जैसे पँख हैं, न भारतीय परिकल्पना की परियों जैसे बातें. वह पश्चिमी सभ्यता में बड़ी हुई आधुनिक युवती है जो धरती पर आती है तो भी लंदन में उतरी मेरी पोपिनस ही लगती है.

फ़िल्मों में इस तरह के चरित्र बनाये जायें इसका अर्थ है कि इसे बनाने वाले उसी दुनिया में रहते हैं, और इन फ़िल्मों को देखने वाले भी उसी दुनिया में रहते हैं जहाँ सब कुछ यूरोप या अमरीका से उधार लिया गया हो जहाँ अपना कुछ भी न हो, चेहरा और नाक नक्श छोड़ कर.

रंग भेद में तो अपना हिंदी जगत पहले से ही माहिर है, थोड़ा सा भी साँवला रंग वाले हीरो हिरोइन, उनके माता पिता, दोस्त सखियाँ, खोज कर ही शायद कोई इक्का दुक्का मिलती हैं. फ़िल्मों में देखो तो भारत के रहने वाले सब गोरे चिट्टे लोग हैं. असली भारत का कालापन इन फ़िल्मों की लुक न बिगाड़े इसलिए आम जनता वाले दृश्य विदेशों में शूट कर लेते हैं.

बस एक ही दिक्कत है इन बेचारे फ़िल्मकारों की, अपनी फ़िल्में भारत में काले, पिछड़े लोगों को ही दिखानी पड़ती हैं.

सोमवार, अगस्त 04, 2008

अंतर्राष्ट्रीय मीडिया का भविष्य

हम लोग साथ वाले पड़ोसी, साजिद भाई के आँगन में खेल रहे थे, अचानक सड़क पर लोगों को कहते सुना था कि सँजय गाँधी की मृत्यु हो गयी है. भाग कर रेडियो सुनने गये थे पर आल इँडिया रेडियो पर इसकी कोई खबर नहीं थी, तब तुरंत सुझाव उठा था कि बीबीसी लगा कर उसे सुनने की कोशिश करनी चाहिये.

विपत्ती के समय पर आल इँडिया रेडियो का भरोसा नहीं कर सकते बल्कि बीबीसी का भरोसा अधिक है यह बात तो स्वयं राजीव गाँधी ने भी स्वीकारी थी जब उन्होंने एक साक्षात्कार में बताया था कि अपनी माँ इंदिरा गाँधी की मृत्यु का समाचार जब उन्हें मिला तो वह किसी यात्रा पर थे और तुरंत उन्होंने बीबीसी लगा कर यह जानना चाहा था कि इस समाचार में सच था या नहीं. यह बातें १९८० के आसपास की हैं और तब भारत में प्राईवेट टेलिविज़न नहीं थे, न ही प्राईवेट एफएम रेडियो थे.

मीडिया की बात हो तो भारत में सरकारी सोच विचार अब भी पुराने ढर्रे की लगते हैं, कुछ भी बात हो सुरक्षा और आतंकवाद की दुहाई दे कर, हर क्षेत्र में बात को दबाने और निषेध लगाने की कोशिश की जाती है, हालाँकि प्राईवेट समाचार चैनलों से आज स्थिति बिल्कुल बदल चुकी है.

लेकिन अगर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया का सोचा जाये तो क्या आप आज भी बीबीसी को विश्वासनीय मानेंगे?

व्यक्तिगत स्तर पर मेरे लिए ईराक युद्ध ने स्थिति को इतना बदल दिया है कि आज मेरे लिए बीबीसी या सीएनएन जैसी चैनलों पर विश्वास कम हो गया है. ईराक युद्ध में दोनो ही चैनलों ने इस तरह से अमरीकी और अँग्रेजी शासनों की सरकारी नीति का पालन किया जिसमें निष्पक्षता का नामोनिशान नहीं था. शायद इस स्वमानित सैंसरशिप में सीएनएन सबसे आगे था, उसने निष्पक्षता का नाटक करने की भी कोशिश नहीं की थी, बीबीसी उससे थोड़ा पीछे था. जिस तरह से अमरीकी मिलेटरी ने अल ज़जीरा के पत्रकारों पर हमला कर के उन्हें मारा था, जिस तरह पश्चिमी देशों के पत्रकार फौज में मिल कर एमबेडिड पत्रकारिता कर रहे थे, उस सब से इन चैनलों की विश्वास्नीयता जितनी नीचे गिरी थी, वैसा पहले कभी नहीं हआ था.

आज उस बात को पाँच साल बीत गये, इन पाँच सालों में बीबीसी ने और कुछ हद तक सीएनएन ने निष्पक्षता की साख को फ़िर से बनाने की कोशिश की है, पर अगर कोई भी बात हो जिसमें यह चैनलें अंग्ररेजी या अमरीकी बात को उठाती हैं तो उनकी बात पर पूरा विश्वास नहीं होता. जैसे कि आज भी अफगानिस्तान के बारे में कोई समाचार इन दो चैनलों से सुनो तो भी पूरा विश्वास नहीं होता कि इन्होंने सारी बात बतायी होगी या नहीं.

पर जहाँ दस साल पहले, यही दो अंतर्राष्ट्रीय समाचार चैनलें थीं, आज मीडिया की स्थिति बदल चुकी है. सबसे अधिक महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय समाचार चैनल आज इंटरनेट बन गया है, कुछ भी बात हो ब्लोगर, यूट्यूब के शौकीन, वहाँ सबसे पहले पहुँच कर आँखों देखा हाल सुनाते हैं. टेलिविज़न का सोचा जाये तो अल ज़ज़ीरा की अँग्रेजी चैनल, फ्राँस इंटरनेशनल चेनल, रूस इंटरनेशनल चैनल, यूरोन्यज़ जैसी चैनलों से आप हर समाचार के विभिन्न पहलुओं पर अलग दृष्टिकोणों को देख सुन सकते हैं. विकासशील देशों में से, आज चीन के सीसीटीवी ने यूरोप में अपनी पहुँच बढ़ायी है जिसे बिना किसी कीमत के हर जगह देखा जा सकता है. समाचारों में अफ्रीकी और दक्षिण अमरीकी दृष्टिकोणों की कमी महसूस होती है, पर यह तो समय की बात है, अवश्य ही आने वाले समय में यह कमी भी पूरी हो जायेगी.

भारत इस दौड़ में थोड़ा पीछे है. भारत की सरकार का किसी बात के बारे में क्या सोच है, क्या दृष्टिकोण है, यह दुनिया को बताना शायद भारत के लिए इतना महत्वपूर्ण नहीं. दूरदर्शन को यूरोप में कैसे देखें, वह आसान नहीं. इस दृष्टि से दूरदर्शन टीवी, चीनी सीसीटीवी से मीलों पीछे है. इंटरनेट के मीडिया से कैसे देश के दृष्टिकोण को बाहर अन्य देशों तक कैसे पहुँचाया जाये, यह भी दूरदर्शन नहीं बल्कि प्राईवेट मीडिया ही कर रहा है. हैरानी होती है कि दुनिया इंटरनेट से टीवी देखने लगी और भारत का आल इँडिया रेडियो तक इटरनेट पर लाईव नहीं सुन सकते.

भारतीय मीडिया की स्थिति चाहे कुछ भी हो, अंतर्राष्ट्रीय मीडिया में आज दुनिया बदल रही है. जब दुनिया में बीबीसी या सीएनएन का एकछत्र राज होता था, वह जमाना गया. आज यह जानते हैं कि मीडिया में निष्पक्षता कठिन है, इसलिए किसी विषेश बात को समझना हो तो विभिन्न दृष्टिकोणों को देखिये और समझिये.

सोमवार, जुलाई 28, 2008

संस्कृति पर विदेशी प्रभाव

जब भी भारतीय संस्कृति की बात होती है तो संस्कृति को कैसे उसके मूल रूप में बना कर और बचा कर रखा जाये, इसकी बात भी अवश्य होती है. इस बहस के आधार में एक सोच छुपी होती है कि मूल भारतीय संस्कृति वेदों और आर्यों की संस्कृति है, जो पाँच हज़ार वर्षों से भी पुरानी धरोहर है जिसे हमें सहेज कर रखना है. इसी मूल विचार को मान कर अक्सर भारतीय संस्कृति की रक्षा की बात करने वाले रुष्ठ हो जाते हैं जब कोई आर्यों के विदेश में मध्य एशिया से भारत में आने की बात करता है, क्योंकि उन्हें लगता है कि आर्यों का विदेश से आना मान लेने से यह हमारी संस्कृति भी विदेशी बन जाती है, उसकी भारतीयता में खोट सा आ जाता है.

मैं सोचता हूँ कि इस सारी बहस के मूल में दो गलतियाँ हैं.

पहली गलती: द्विवाद या बहुवाद ?

पश्चिमी विचार पद्धति के "द्विवाद" के तर्क को सोचने का एकमात्र तरीका मान कर हम लोग अपने "बहुवाद में एकता" के तर्क से सोचने के तरीके भुला देते हैं. पश्चिमी सोच द्विवाद (dichotomy) के तर्क पर बनी है, यानि एक वस्तु एक समय में एक ही हो सकती है, दो या अधिक नहीं. यह सोच का वैज्ञानिक तरीका है, सारा आधुनिक विज्ञान और तकनीकी इस सोच पर ही बना है. जीव जंतुओं और प्राणियों को विभिन्न श्रेणियों में बाँटने से ले कर, भौतिकी में अणु को बनाने वाले कणों की खोज तक सब इसी वैज्ञानिक द्विवाद के तर्क पर ही टिका है. यही तर्क पश्चिमी विचार पद्धति जो विज्ञान पर लगाती है, उसी तरह गैरभौतिक जगत यानि समाज, धर्म, संस्कृति पर भी लागू करती है, जैसे एकइश्वरवाद या बहुदेवपूजा के आधार पर धर्मों को विभिन्न गुटों में बाँटना, स्त्रियों पुरुषों को विषमलैंगिक, समलैंगिक जैसे हिस्सों में बाँटना, संस्कृतियों को देशी विदेशी गुटों में बाँटना, इत्यादि.

मैं द्विवाद (dichotomous thinking) के महत्व को कम या छोटा नहीं दिखाना चाहता, यह सचमुच मानव विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. पर एक अन्य तरीका भी है सोचने का जिसमें एक वस्तु एक साथ विभिन्न वस्तूओं का रूप ले सकती है, जो द्विवाद के तर्क से देखो तो समझ नहीं आते पर "बहुवाद में एकता" के तर्क से देखों तो समझ आ जाते हैं. इस तर्क में बहुत से भगवान, देवी देवता मान कर भी हम समझते हैं कि उन सबके पीछे ईश्वर एक ही है. मेरे विचार में विज्ञान के नये विकास इसी बहुवाद में एकता की सोच से ही आयेंगे, जैसे कि क्वाँटम भौतिकी (Quantum physics) या काओस थ्योरी (chaos theory) जैसी धारणाएँ. इस सोच में आपस में विराधाभास होने वाली बातों में समन्जस्व और एकता बनायी जाती है.

कुछ दिन पहले मैंने इस विषय पर अमरीकी लेखिका रेबेक्का सोलिंट (Rebecca Solint) का एक लेख पढ़ा था जिसमें उन्होंने बर्मा में बुद्ध भिक्षुकों द्वारा बर्मा के मिलेटरी शासन के विरुद्ध किये जाने वाले संघर्ष के बारे में लिखा था. उनका कहना है कि यूरोपीय सोच "कर्म जीवन" और "आध्यात्मिक जीवन" को दो अलग श्रेणियों में बाँट कर देखती है और इसी बँटवारे की सोच की वजह से नहीं समझ पाती कि ध्यान और पूजा करने वाले बुद्ध भिक्षुक क्यों शासन के विरुद्ध सड़कों पर उतर आये?

ऐसा नहीं कि भारतीय सोच में केवल बहुवाद है और द्विवाद बिल्कुल नहीं, या कि अँग्रेजों से पहले भारत में धर्मों के लिए लड़ाईयाँ नहीं होती थीं. पर मेरे विचार में भारतीय या फ़िर पूर्वी सोच में बहुवाद सोचने के तरीके का महत्वपूर्ण स्थान था जिससे विभिन्न गुटों को साथ रहने पनपने का मौका मिलता था, जिसे हम बहुत कुछ भूल रहे हैं. धार्मिक कट्टरवाद की जड़ें भी द्विवाद सोच में गहरी दबी हैं और भारतीय बहुवाद की सोच इस लड़ाई से बाहर निकलने की राह दिखा सकती है.

दूसरी गलतीः शास्वत, बदलावहीन संस्कृति

दूसरी गलती है यह सोचना कि संस्कृति कोई स्थायी वस्तु है, जैसी थी वैसी ही रहेगी, बदलेगी नहीं. संस्कृति तो समय के साथ साथ बदलती रहती है, उसमें नयी सोच जुड़ती रही है और रहती है. आज के भारत में स्त्री शरीर को ढकने का, घूँघट या परदा करने की सोच प्राचीन भारत की संस्कृति की सोच नहीं थी यह भारत में अँग्रेजी और मुसलमान प्रभाव से पहले की चित्रकला, वास्तुकला, ग्रंथ स्पष्ट दिखाते हैं. यह सोच पिछले पाँच सौ सालों में भारतीय संस्कृति का हिस्सा बनी है.

भारतीय इतिहास, सभ्यता, संस्कृति, समाज शास्त्र, पुरातत्व जैसे सभी क्षेत्रों में हमारी अधिकतर जानकारी विदेशी विद्वानों के शौधों पर टिकी है. विदेशी होने से ही वह सब गलत नहीं हो जाते बल्कि उनका इस बारे में योगदान अमूल्य है, इसलिए भी कि अक्सर नये और बढ़िया के चक्कर में हम लोग अपने पुराने ज्ञान को संभाल को नहीं रख पाते.

पर साथ ही, अपने अतीत को भारतीय, पू्र्वी और गैरपश्चिमी सोच से जाँचने, परखने का भी हमारा कर्तव्य है, क्योंकि यह कोई अन्य नहीं कर सकता. आर्य मध्य एशिया से आये थे या नहीं आये थे, आर्य संस्कृति और द्रविड़ संस्कृति में क्या सम्बंध थे, और इन सब से विभिन्न अन्य अनेक विषयों और बातों पर बहस और शौध, राष्ट्रवाद और धर्मवाद के कैदखानों में बंद हो कर नहीं, स्वतंत्र निर्भीक हो कर की जानी चाहिये.

note: यह पोस्ट मेरे एक लेख का हिस्सा है, अगर पूरा लेख पढ़ना चाहें तो उसे कल्पना पर पढ़ सकते हैं.

गुरुवार, जुलाई 10, 2008

किताब के बाहर

पाकिस्तानी फ़िल्म निर्देशक शोहेब मंसूर की फ़िल्म "खुदा के लिए" देखी और अच्छी लगी.

फ़िल्म कहानी है तीन प्रमुख पात्रों की - मंसूर (शान), सरमद (फ्वद खान) और मरियम (इमान अली) की. मंसूर और सरमद दो भाई संगीत प्रेमी है जो लाहौर में रहते हैं. उनकी चचेरी बहन मरियम लंदन में रहती है.



सरमद एक मौलाना के सम्बंध में आते हैं और उनकी बातों से प्रभावित हो कर सोचने लगते हैं कि संगीत इस्लाम के विरुद्ध है तो संगीत छोड़ देते हैं, दाड़ी बढ़ा लेते हैं, पैंट कमीज छोड़ कर पाकिस्तानी वस्त्र पहनने लगते हैं, माँ से कहते हैं कि तुम परदा करो, आदि.

मरियम लंदन में एक ईसाई युवक से विवाह करना चाहती है पर उनके पिता के अनुसार मुसलमान युवती धर्म से बाहर विवाह नहीं कर सकती, तो वह उसे धोखे से पाकिस्तान लाते हैं और वहाँ जबरदस्ती उसका विवाह चचरे भाई सरमद से करा देते हैं, जो पत्नी को ले कर अफगानिस्तान के एक गाँव में रहते हैं ताकि मरियम भाग न सके.

मंसूर को अपने छोटे भाई सरमद का इस तरह रूढ़िवादी बन जाना समझ नहीं आता, वह उसके विचार बदलने की कोशिश करता है पर कुछ नहीं बदल पाता. उसे अमरीका में संगीत सीखने की छात्रवृति मिलती है, जहाँ उसकी मुलाकात अमरीकी संगीतकार जेनी से होती है जिनसे वह विवाह कर लेता है. फ़िर ग्यारह सितंबर 2001 को अमरीका में हुए बम विस्फोट से स्थिति बदल जाती है और मंसूर को आतंकवादी समझ कर कैद कर लिया जाता है और यातना दी जाती है.



अंत में मरियम अफगानिस्तान से निकलने में सफल होती है, सरमद समझ जाते हैं कि मौलाना द्वारा इस्लाम की बातें ठीक नहीं और अमरीकी कैद से छूटे, टूटे और हारे मंसूर वापस पाकिस्तान आ जाते हैं.

फ़िल्म एक तरफ़ दिखाती है कि रूढ़िवादी लोग किस तरह मुसलमान नवयुवकों को प्रभावित कर सकते हैं, दूसरी और आधुनिक सोच वाले मुसलमानों की कठिनाई भी दिखाती है कि पश्चिमी देशों में केवल मुसलमान होने की वजह से वे आतंकवादी के रूप में देखे जाते हैं. फ़िल्म का संगीत बढ़िया है, सब पात्रों का अभिनय भी अच्छा है.

पर साथ ही इस फ़िल्म की एक बात कुछ अजीब लगी कि उसकी हर बहस इसी बात पर थी कि कोई बात इस्लाम में कुरान शरीफ के अनुसार ठीक मानी जाती है या नहीं.

अंत में फ़िल्म दिखाती है कि कुरान शरीफ़ के अनुसार औरत का जबरदस्ती विवाह गलत बात है, इस्लाम संगीत के विरुद्ध नहीं, इत्यादि. कहीं यह बात नहीं होती कि मानवता के हिसाब से कोई बात ठीक है या नहीं? तो लगा कि अगर कुरान शरीफ़ में कोई इस तरह की बात हो जो मानवता कि दृष्टि से ठीक न हो तो क्या उसे सही माना जायेगा? जैसे कि मुसलमान युवती द्वारा धर्म से बाहर विवाह करने की बात है. फ़िल्म में यह कहा जाता है कि मिरयम मुसलमान थी ही नहीं, वह तो ईसाई समाज में ईसाई माँ के साथ, ईसाई ही बड़ी हुईं थीं, पर इस बात का उत्तर नहीं दिया जाता कि इस्लाम में क्या सिर्फ पुरुष को अधिकार है कि वह धर्म के बाहर विवाह करे?

मैं सोचता हूँ कि आज मानव अधिकार की दृष्टि से बात देखना आवश्यक है और अगर कोई धर्म मानव अधिकार की दृष्टि से किसी विषय में ठीक बात नहीं कहते तो उसमें धर्म सुधार की बात होनी चाहिये. हर धर्म में कट्टरपंथी और रुढ़िवादी हो सकते हैं जो धर्मग्रंथ में लिखे को पत्थर की लकीर माने पर हर धर्म में सुधारवादी भी होते हैं. लेकिन लगता है कि आज के वातावरण में आधुनिक दृष्टि वाले मुसलमानों के लिए अपनी बात कहना पहले के मुकाबले कठिन हो गया है.

ऐसे ही आधुनिक और निर्भीक मस्लिम विचारवादी है मिस्र के लोकप्रिय लेखक अला अल अस्वानी (Ala Al Aswany) अस्वानी जी मिस्र की राजधानी कैरो में दाँतों के डाक्टर हैं और लेखकी उनका शौक है. उनकी किताब "याकूबी भवन" को अरबी साहित्य की सबसे अधिक बिकने वाली किताब माना जाता है. वह दू टूक बात करने के लिए प्रसिद्ध हैं. कुछ दिन पहले अमरीकी अखबार न्यू योर्क टाईमस मेगज़ीन में पंकज मिश्रा द्वारा लिया उनका एक साक्षात्कार पढ़ा था.

अस्वानी कहते हैं कि मिस्र तथा अन्य प्राचीन सभ्याताओं जैसे बगदाद और दमास्कस में जन्मा इस्लाम सहनशीलता और विभिन्न विचारों को मानने वाला धर्म था, जबकि साऊदी अरब के रेगिस्तान में जन्मा इस्लाम इससे भिन्न था, उसमें कला के लिए भी समय नहीं था. दिक्कत यह है कि आज वही रेगिस्तानी कट्टर इस्लाम को ही असली इस्लाम माना जा रहा है. अस्वानी ने सलमान रश्दी के विरुद्ध दिये फतवे का भी खुला विरोध किया था. वह कहते है कि रश्दी ने कुछ भी लिखा हो, इस्लाम किसी को मारने का अधिकार नहीं देता. मेरे विचार में आज इस्लाम को और दुनिया को, अस्वानी जेसे लोगों की बहुत आवश्यकता है.

सोमवार, जुलाई 07, 2008

मेरी गलती

कुछ दिन पहले की मेरी एक पोस्ट पर राज भाटिया जी ने टिप्पणी दीः
"मुझे तरस आता हे आप की सोच पर,बस ज्यादा कुछ नही लिखुगां"

उसके थोड़ी देर बार बाद किसी ने बनाम हो कर राज भाटिया के बारे में यह टिप्पणी दीः
"राज भाटिया जी आप अपने बूढे माता-पिता को रोहतक मे छोडकर विदेश मे मजे कर रहे है। पिताजी के देहाण्त मे भारत आते है तो भारत और इसकी समस्याए आपको नागवार गुजरती है। अकेली माँ को छोडकर फिर विदेश चले जाते हो। ऐसे उच्च संस्कार वाले तथाकथित भारतीय को तो निश्चित ही दीपक जी के लिखे पर तरस आना चाहिये। जिस देश तुन्हे पोसा और जिस माँ ने तुम्हे जन्म दिया उसी की निन्दा अपने ब्लाग पर करते हो, तब तरस नही आता लिखे पर---"

वैचारिक रूप से राज जी की टिप्पणी में कुछ दम नहीं था, किसी की बात का विरोध करना हो तो यह भी लिखा जा सकता है कि मैं आप की बात से सहमत नहीं या फ़िर असहमती की दलीलें भी दीं जा सकती हैं. पर फ़िर भी उनकी टिप्पणी से बहुत साल पहले के दोस्तों से होने वाली बहसें याद आ गयीं, जब आपस में अक्सर इस तरह की बात किया करते थे कि "मुझे तुम्हारी सोच पर तरस आता है, इत्यादि". अक्सर इस तरह की बात कहने पर बहस गरम हो जाती थी.

साथ ही मैं मानता हूँ कि हर किसी को अपनी बात कहने का पूरा हक है, शर्त केवल इतनी है कि व्यक्तिगत बातें न की जायें और मार पीट या हिंसा की बात न हो.

पर बेनाम टिप्पणी मुझे बुरी लगी. जिसने भी लिखा था उसे राज जी की टिप्पणी अच्छी नहीं लगी होगी और उसने इस तरह मेरी रक्षा करने की सोची. यह भी लगा कि मेरी बूढ़ी माँ भी तो दिल्ली में मेरी बहन के पास रहती है और इस तरह का आरोप मुझ पर उतना ही लगाया जा सकता है. यह भी बुरा लगा कि बहस किसी के व्यक्तिगत जीवन के बारे में थी और इस तरह के बहस करने के तरीके से मैं बिल्कुल सहमत नहीं.

पर यह सोच कर भी मैंने लापरवाही की. इस बात पर कुछ नहीं कहा या लिखा. आज राज जी की दूसरी टिप्पणी देखी तो मुझे अपनी गलती का अहसास हुआः
"दीपक जी मुझे ऎसी टिपण्णी नही देनी चाहिये थी , यह आप का बलाग हे आप चाहे जो लिखे, मे आप से माफ़ी चाहता हु, बस पता नही क्यो मुझे कुछ अच्छा नही लगा ओर यह वेब्कुफ़ी कर बेठा,आशा करता हु आप जरुर मेरी गलती को नजर अंदाज करेगे,धन्यवाद"

अब समझ में आया कि मुझे उस बेनाम टिप्पणी से अपनी असहमती तुरंत लिखनी चाहिये थी, और यह क्षमा राज जी को नहीं, मुझे माँगनी चाहिये थी, क्योंकि मेरे चिट्ठे पर उन पर यह व्यक्तिगत हमला हुआ था.

भविष्य में दोबारा ऐसा न हो इसके लिए सोचा है कि टिप्पणियों का moderation जारी करने से गलत टिप्पिणियों को रोका जा सकता है और आगे से ऐसा ही होगा.

रविवार, जुलाई 06, 2008

सीमाहीन आसमान का देश

कुछ दिन पहले की मेरी मँगोलिया यात्रा की डायरी के कुछ अंश प्रस्तुत हैं.

पहाड़ों के बीच में घाटी में बसा सगसाई शहर बहुत सुंदर है. दो नदियाँ बहती हैं टगरन और सगसाई. टगरन में बाढ़ सी आ रही थी और पानी का बहाव बहुत तेज था. एक जगह जीप नदी पार करने के लिए पानी में उतरी तो लगा कि बह ही न जाये. वहाँ रहने वाले अधिकतर लोग कजाक जाति के हैं यानि मुसलमान जबकि मँगोलिया में अधिकतर लोग बुद्ध धर्म के हें और बायान उल्गीई अकेला राज्य है जहाँ अधिक मुसलमान हैं, उनकी भाषा भी भिन्न है. हरि नाम है यहाँ विकलांग कार्यक्रम के अधिकारी का, नाम हिंदु लग सकता है पर धर्म है मुसलमान. बहुत हँसमुख है. कहने लगा कि यहाँ के मुसलमान बातचीत कपड़ों, आदतों में अन्य मँगोलिया वासियों जैसे ही हैं. लड़कियाँ और औरतें पर्दा नहीं करती, पैंट स्कर्ट आदि ही पहनती हैं. लोग वोदका भी बहुत पीते हैं, हाँ सुअर का माँस नहीं खाते. पर वह बता रहा था कि यहाँ के युवकों को साऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान जैसे देशों से छात्रवृति का लालच दे कर बुला लेते हैं और यह युवक वापस आ कर पुराने ढंग से, इस्लाम का पालन करते हुए रहने की बात करते हें पर इसका अब तक कुछ विषेश असर नहीं पड़ा है.






***
कल रात को ओम्नोगोबी जिले के शहर में पहुँचे. पता चला कि शहर के अकेला होटल में जगह नहीं क्योकि वहाँ राष्ट्रीय चुनाव में खड़े होने वाले क्राँतीकारी दल के उम्मीदवार और उनके साथी ठहरे हैं. चुनाव जून के अंत में होने वाले हैं. आखिर जगह मिली जिला अस्पताल में, जहाँ रात की ड्यूटी करने वाले डाक्टर साहब ने अपना कमरा मुझे दिया और बाकी के साथियों को वार्ड में जगह मिली. यह तो अच्छा हुआ कि अस्पताल में कुछ बिस्तर खाली थे वरना किसी को कार में या बाहर तम्बु लगा कर सोना पड़ता. कल शाम से ही इतनी तेज हवा चल रही है कि बाहर निकलना कठिन है. सारे जानवर, गाय, याक, भेड़ें, आदि झुंड बना कर हवा से लड़ने बैठे हैं, दूर दूर तक सब खुला जो है और छुपने के लिए कोई जगह नहीं.

अस्पताल का कमरा है तो अच्छा पर यहां पानी का नल नहीं और पाखाना अस्पताल के बाहर दूर बना है. बाल्टी में से कड़छी से पानी ले कर मुंह हाथ धोये तो बचपन के दिन याद आ गये. जब से मंगोलिया आया था कब्ज लगी थी पर आज सुबह सुबह पाखाना जाने की जरुरत महसूस हुई. सूरज की रोशनी तो सुबह चार बजे ही शुरु हो जाती है. बाहर वार्ड में निकला तो सब लोग सो रहे थे बस रात की ड्यूटी वाली नर्स जागी हुई थी, चाय पी रही थी. अस्पताल के बाहर निकला तो लगा कि हवा उड़ा कर ले जायेगी. पाखाना घर भी लकड़ी के बने हैं जिनमें बड़े बड़े छेद हैं और उसका दरवाजा भी बंद नहीं हो रहा था, अंदर हर तरफ से तेज हवा घुस रही थी. जब काम करके वापस अस्पताल में आया तो लगा मानो एवरेस्ट की चढ़ाई से लौटा हूँ.





***
दोपहर में वापस उलानगोम पहुँचे तो मालूम हुआ कि भारत से दलाईलामा द्वारा भेजा विषेश प्रतिनिधी लामा आ रहे हैं जो प्रार्थना सभा करेंगे. हालाँकि बारिश आ रही थी और सर्दी लग रही थी फ़िर भी सब वहाँ जाना चाहते थे, क्योंकि मँगोलिया में तिब्बती बुद्ध धर्म को माना जाता है और दलाई लामा जी यहाँ के लिए सबसे बड़े धार्मिक गुरु माने जाते हैं. बुद्ध धर्म मँगोलिया में केवल सोलहवीं सदी में आया पर अब यहाँ की अधिकाँश जनता बुद्ध धर्म में विश्वास करती है हालाँकि साथ साथ प्राकृति पूजा में भी विश्वास करती है. बुद्ध प्रार्थना सभा का आयोजन एक स्टेडियम में किया गया था. बारिश में हरी घास पर बुद्ध लामाओं की लाल पौशाकें बहुत सुंदर लग रही थीं. प्रार्थना के बाद हमें भी दलाई लामा जी के द्वारा भेजा प्रसाद मिला, जो मैंने कुछ इटली में घर ले जाने के लिए संभाल कर रख लिया.






***
मँगोली पुरुष देख कर मन में कई बार "मार्लबोरो मैन" मन में आता है. सिर पर हैट पहने, घोड़े पर बैठे, होठों से लटकती सिगरेट, लगता है कि किसी अमरीकी वेस्टर्न फिल्म से निकल कर आये हों. पर जब नशे में चूर मिलते हैं तो ज़रा सा डर भी लगता है. जितनी बार भी विकलांग लोगों से मुलाकात होती है हर बार कोई न कोई तो पुरुष अवश्य मिलता है जिसके हाथ या उँगलियाँ कटी हुई हों, जो सर्दी में जम जाने की वजह से होता है. हर बार वह लोग कहानी सुनाते हैं कि घोड़े से गिर गया, या फ़िर एक्सीडेंट हो गया या कि डाकू ने हमला कर दिया, पर मुझे लगता है कि वह लोग झूठ कह रहे हैं, अधिक पीने की वजह से रात को कहीं बाहर गिरे पड़े रहे होंगे जब सर्दी से हाथ जम गये और काटने पड़े होंगे!





***
कुछ दिन पहले की मेरी मँगोलिया यात्रा की डायरी को पूरा पढ़ना चाहें तो कल्पना पर पढ़ सकते हैं.

इस वर्ष के लोकप्रिय आलेख