शनिवार, अक्टूबर 18, 2025

हड़प्पा की मोहरें और वेदिक संस्कृति

कुछ माह पहले मैंने अमरीका में रहने वाले भरत कुमार (यजन्देवम) के बारे में अपने अंग्रेज़ी ब्लाग में लिखा था, जिनका दावा है कि कृत्रिम बुद्धि की सहायता से उन्होंने हड़प्पा (सिंधु घाटी सभ्यता) की मोहरों की भाषा को समझा है। उनके अनुसार, उन मोहरों चिन्हों में संस्कृत में लिखी वेद-ऋचाओं का संक्षिप्त रूप हैं। उनकी यह खोज अभी तक किसी वैज्ञानिक जर्नल में नहीं छपी है और अन्य भाषाविदों ने उनके शोध से सम्बंधित बहुत से प्रश्न और संदेह उठाये हैं, इसलिए यह खोज सही साबित होगी या नहीं, यह समय ही बतायेगा।

आज मैं हड़प्पा की मोहरों के विषय में एक अन्य शोधकर्ता की बात करना चाहता हूँ, जिनका नाम है सुश्री रेखा राव। रेखा जी की धारणा है कि हड़प्पा की मोहरों पर वेदों की, विषेशकर ऋग्वेद में वर्णित देवी-देवताओ और उनसे जुड़े धार्मिक अनुष्ठानों की बाते हैं। अपने व्यक्तिगत शोध के आधार पर वह कहती हैं कि यह मोहरें पुरोहितों के लिए मंत्रों, उनके पाठ तथा अनुष्ठानों को याद करने के लिए बनायी गई थीं। 

रेखा जी ऐसे परिवार से हैं जहाँ वेदिक मंत्र तथा यज्ञ जैसे अनुष्ठान उनके दैनिक जीवन का हिस्सा रहे हैं। वह कहती हैं, "मैं अपने उन अनुभवों के आधार पर शोध के इस निष्कर्ष तक पहुँची हूँ।"

करीब पाँच साल पहले उन्होंने बँगलौर के एक संग्रहालय में अपने शोध की प्रस्तुती की थी जिसे आप इंटरनेट पर देख सकते हैं। उन्होंने इस विषय में कई किताबें भी लिखी हैं। मुझे उनसे बात करने का मौका मिला और मैंने उनको विचारों के बारे में जाना तो मुझे थोड़ी सी हैरानी हुई कि इसके बारे में पहले कहीं सुना क्यों नहीं था? मुझे उनकी बातें बहुत दिलचस्प और नयीं लगीं, शायद इसलिए भी कि मैंने ऐसी बात पहले कभी नहीं सुनी थी। यह आलेख उनके शोध के निष्कर्ष और उनके विचारों की बात करना चाहता हूँ। आप इस आलेख की सभी तस्वीरों पर क्लिक करके उन्हें बड़ा करके देख सकते हैं, अधिकाँश तस्वीरें उनके प्रज़ेनटेशन से ली गयी हैं।

सुश्री रेखा राव

रेखा जी भारतनाट्यम नृत्य की सुविख्यात नृत्यांगना रही हैं। उन्होंने नृत्य के लिए नाट्यरत्न प्राप्त किया, तथा कर्णाटक में कोलार गोल्ड फील्ड, और जकार्ता व मुम्बई में भरतनाट्यम सिखाया भी है। आजकल वह प्राचीन प्रतिमाओं में नृत्य-मुद्राओं के विषय पर शोध कर रही हैं।

उन्होंने मैसूर विश्वविद्यलय से भारतीय ज्ञान परम्परा में उच्चतर शिक्षा की डिग्री ली है। उन्होंने कुछ वर्षों तक भारत पुरातत्व सर्वे के उपाध्यक्ष डॉ. एस आर राव की छत्रछाया में शोध किया और सन् 2010 से स्वतंत्र शोधकर्ता की तरह काम कर रही हैं। उन्होंने भारतीय सास्कृतिक परम्पराओं से जुड़े विषयों पर बहुत सी किताबें और आलेख लिखे हैं जो अमेज़न पर उपलब्ध हैं।

रेखा जी ने कहा कि करीब बीस-पच्चीस साल पहले हड़प्पा की एक मोहर में उन्हें पक्षी जैसा एक चिन्ह दिखा, जो उन्हें एक विषेश यज्ञ-वेदिका जैसी लगी। वह जानती थीं कि अलग-अलग धार्मिक अनुष्ठानों में भिन्न आकारों वाली यज्ञ-वेदिकाएँ बनायी जाती हैं। वेदों तथा वेदांगों में विभिन्न आकारों की यज्ञ-वेदिकाओं में यज्ञ करने का वर्णन है। तैत्तरीय ब्राह्मण में शयन पक्षी के आकार की वेदिका बनाने की बात की जाती है। चूँकि उन्होंने इस आकार की एक वेदिका कुछ समय पहले देखी थी, वह इसे मोहर में पहचान गयीं। इस बात से  उनमें इन मोहरों का अध्ययन करने की इच्छा जागी। इसके बाद उन्होंने करीब दो सौ मोहरों का अध्ययन किया। जिस पहली मोहर से उनके मन में यह बात आयी, वह नीचे की तस्वीर में है। 


उनके विचार इस विषय में प्रचलित अन्य सब से भिन्न हैं, इसलिए मैंने उनसे पूछा कि इस विषय के विशेषज्ञ आप की इन धारणाओं के बारे में क्या कहते हैं तो उन्होंने बहुत सरलता से कहा कि वह कोई प्रोफैसर नहीं हैं, किसी विश्वविद्यालय या संस्था से भी नहीं जुड़ी हैं, शायद इसलिए उनकी बातों को विशेषज्ञ गम्भीरता से नहीं लेते।

उनकी सोच उनके परिवार के वेदिक संस्कृति के वातावरण और ज्ञान पर आधरित है। आजकल वेदिक संस्कृति की बात करने का मतलब है कि लोग आप को हिन्दुत्ववादी कहेंगे या बीजेपी की समर्थक, इसलिए आप की बातों को गम्भीरता से नहीं लिया जायेगा। वैसे भी अक्सर लोग उन्हें परम्परावादी स्त्री की तरह की तरह से देखते हैं, इसलिए उनकी बातों को गम्भीरता से नहीं लिया जाता।

हड़प्पा के बारे में देश-विदेश के बहुत से विशेषज्ञों ने पहले से बहुत किताबें लिखी हैं और जेनेक्टिकस जैसे आधुनिक शोधों से भी इंदो-आर्य तथा हड़प्पा के मूल निवासियों के बारे में अलग तरह की समझ बनी है, इसलिए भी उनके वेदिक संस्कृति की बात करने को गम्भीरता से नहीं लिया जाता।

लेकिन हमेशा से मेरी सोच रही है कि कोई भी नयी बात सुनने को मिले, मैं उसका मूल्यांकन अपनी दृष्टि और समझ से करना चाहता हूँ। मेरी आशा है कि इस आलेख को पढ़ने वाले भी उनकी बातों और विचारों को बिना पूर्वाग्रहों के पढ़ेंगे और तभी इस पर अपने विचार बनायेगे।   

यह आलेख रेखा जी की प्रेज़ेन्टेशन पर आधारित है जिसे आप यूट्यूब पर देख सकते हैं।

हड़प्पा की मोहरों का रहस्य

रेखा जी के विचार में हड़प्पा की मोहरों में वेदिक संस्कृति से सम्बंधित विषयों की जानकारी छिपी है।

वह कहती हैं कि वेदों में देव-पूजा का अर्थ यज्ञ करना है और हर यज्ञ में तीन बातें होती हैं - देवी-देवता, मंत्र-पाठ और आहूती। वेदों और वेदांगों में हज़ारों की संख्या में ऋचाएँ और मंत्र हैं, जिनका विभिन्न अनुष्ठानों में सही क्रम, तरीके और स्वर से उच्चारण करना आवश्यक है। उनके अनुसार, जब मोहरें बनीं तब वेदों का प्रभाव पश्चिम में गांधार तक था, जहाँ नवयुवा पुरोहितों को भेजा जा रहा था, इसलिए उनका प्रयोजन है कि शायद उस समय यह मोहरें उन युवा पुरोहितों की सहायता के लिए बनीं। मोहरों के माध्यम से उन्हें पता चलता था कि किस तरह के यज्ञ में, उसके उद्देश्य के अनुसार कौन से मंत्र और छंद, किस तरह से पढ़े जायें। उनके अनुसार यह सब जानकारी मोहरों में संकेतिक रूप में दिखायी गयी है। 

वह बताती हैं कि सिंधु घाटी सभ्यता में तीन तरह की मोहरें मिलती हैं - (1) जिनमें आकृतियाँ और चिन्ह दोनों हों (2) जिनमें केवल चिन्ह हों (3) जिनमें केवल देवी-देवता या मानव या अन्य आकृतियाँ हों। हर सील का आकार 3x3 सेटी.मी. और भार 9-10 ग्रा. होता है। नीचे तीनों तरह की सील (मोहरें) दिखायी गयी हैं।


हड़प्पा की मोहरों में वेदिक देवता, पुरोहित तथा अनुष्ठान 

देवताओं की पहचान के लिए वृषभ के सींग: उन्होंने ऋग्वेद की ऋचाओं के कई उदाहरण दिये जिनमें इन्द्र और अग्नि, की तुलना वृषभ यानि बैल से की गयी है। इसलिए वह कहती हैं कि मोहरों पर देवताओं के सिर पर या सिर के पास बैल के सींग बनाये गये, जिनसे हम देवताओ को पहचान सकते हैं। इस तस्वीर में सिर के ऊपर बने सींगों को लाल परिधि में दिखाया गया है।

पुरोहितों को एक सींग वाले वृषभ के रूप में दिखाना: उनका दूसरा प्रस्ताव है कि मोहरों पर होत्र-पुरोहितों को एक सींग वाला बैल दिखाया गया। इसका कारण है कि यज्ञ करने वाले पुरोहितों को अपने नाखूनों से पीठ खुजाने की मनाही होती है और यज्ञ कई दिन या लम्बे समय के लिए भी चल सकते हैं। पीठ खुजाने के लिए उन्हें काले मृग के एक सींग, जिसे कंडुयानी कहते हैं, दिया जाता है, यह उनकी पीठ के वस्त्र के ऊपरी भाग में लगा दिया जाता है। चूँकि वृषभ यानि अग्नि देवता, स्वयं सभी देवताओ के पुरोहित हैं, इसलिए हड़प्पा की मोहरों में एक सींग वाले वृषभ को पुरोहित का प्रतीक बना कर दिखाया गया है।


इसके अतिरिक्त इन एक सिंगा वृषभों की पीठ पर एक, दो या तीन तार वाला जनेऊ बना दिखता है, यह भी उनके पुरोहित का चिन्ह होने का प्रमाण है। जैसे के ऊपर वाली मोहरों में वृषभों की पीठ पर दो तार वाले जनेऊ दिखते हैं। 

इन मोहरों में एकसिंगा वृषभ के सिर की मुद्रा से मंत्र पढ़ने वाले पुरोहितों को अन्य जानकारियाँ दी जाती थीं - उसका सिर अगर ऊपर की दिशा में है तो मंत्र उदात्त यानि ऊँचे स्वर में पाठ करते हैं, अगर सिर निचली दिशा में है तो मंत्रों को अनुदात्त यानि नीचे स्वर में पाठ करते हैं और अगर सिर सीधा है (यानि स्वरिता हो) तो उन मंत्रों और छंदों का समान्य स्वर में पाठ करते हैं (नीचे की तस्वीर में)।


वृषभ के सिर के नीचे चारा-स्तम्भ जैसी आकृति: जितनी भी एकसिंगा वृषभ वाली मोहरें हैं, उनमें बैल के सिर के नीचे एक स्तम्भ पर कुछ बना हुआ लगता है, जैसे कि वृषभ के चारा रखने के लिए बना है। लेकिन उनके शोध से पता चलता है कि यह आकृतियाँ आपस में बहुत भिन्न बनी हैं, यह ऊपर से ढकी हुई हैं और किसी मोहर में वृषभ को इसमें खाता हुआ नहीं दिखाया गया है। इसलिए उनका निष्कर्ष है कि यह चारा-स्तम्भ नहीं हैं, बल्कि यह आकृतियाँ ऋग्वेद के विभिन्न भागों और उनके छंदों के बारे में बताती हैं ताकि यज्ञ करने वाले पुरोहित को पता रहे कि उस यज्ञ में वेद के किस भाग और छन्द का पाठ करना है। नीचे तस्वीर में इन स्तम्भों की आकृतियों के कुछ नमूने हैं।

मोहरों पर बने चिन्ह: उनका कहना है कि मोहरों के चिन्ह, आकृतियाँ आदि सब मिला कर देखने चाहिये, केवल चिन्हों के अर्थ अलग से खोजना सही नहीं है। उनके अनुसार मोहरों के चिन्हों से यज्ञ और अनुष्ठान के बारे में अन्य जानकारी दी जाती है जैसे कि कौन सा यज्ञ, कैसी वेदिका, किस कड़छी से आहुती दी जाये, आदि।

दो प्रश्न

रेखा जी की इन बातों से मेरे मन में दो प्रश्न उठे जो मैंने उनसे पूछे:

पहला प्रश्न: अगर मोहरों का काम पुरोहितों को जानकारी देना है कि यज्ञ कैसे किया जाये, कौन से छंद और मंत्र कैसे पढ़े जायें, आदि तो उन्होंने यह केवल छोटी-छोटी मोहरों से क्यों किया, जिन्हें देखना उतना आसान नहीं है? उन्होंने कुछ बड़ी मोहरें क्यों नहीं बनायीं?

रेखा राव: जिस समय हड़प्पा की संस्कृति बन रही थी, वेदिक संस्कृति पश्चिम में गंधार तक फैली थी। नये क्षेत्रों में जाने वाले कम अनुभवी युवा पुरोहितों के लिए आवश्यक था कि वे हज़ारों मंत्रों और अनुष्ठानों को सही विधियों से याद रखें और करवायें। यह मोहरें वे अपने साथ ले कर जाते थे। छोटी मोहरों को सामान में ले जाना अधिक आसान था। 

मेरी टिप्पणी:  ऐसी मोहरें भी मिली हैं जिनके पीछे छेद बने हैं, ऐसी मोहरों को रस्सी या धागे में पिरो कर यात्रा में ले जाना सुविधाजनक होता होगा, जैसे इस अगली तस्वीर में देख सकते हैं।


दूसरा प्रश्न: अपनी प्रज़ेनटेशन में एक जगह पर नीचे सिर किये हुए एकसिंगा वृषभ और उसके नीचे छोटे से स्तम्भाकार आकृति के बारे में आप कहतीं हैं कि यह जिन छंदों के पाठ की मोहर है उन्हें बहुत धीमे स्वर में पढ़ा जाता है, जैसा यजुर्वेद में कहा गया है। इस बात से मेरे मन में प्रश्न उठा कि यजुर्वेद तो बहुत बाद में लिखा गया था, तब उन्होंने इसकी मोहर हड़प्पा काल में कैसे बनाई?

रेखा राव: मंत्र और ऋचाएँ तो ऋग्वेद की ही थीं, यजुर्वेद में उन रीति-रिवाज़ों की सही विधियाँ बाद में लिखी गयीं, लेकिन यह विधियाँ प्राचीन थीं। ग्रंथ जब भी लिखे गये हैं, उनके अनुभव उस समय से बहुत पुराने थे। मंत्र पढ़ते समय कुछ शब्द सपाट स्वर में बोले जाते हैं, अन्य शब्दों में आवाज़ को ऊपर ले जाते हैं, कुछ अन्य मंत्र ऐसे होते हैं जिन्हें इतना धीमे बोलते हैं कि पास में खड़ा व्यक्ति भी नहीं सुन पाता। यह सब बातें कि कब, कहाँ पर कौन सा मंत्र और छंद कैसे बोलना है, यह ज्ञान मोहरों में अंकित है। 

कुछ दिलचस्प मोहरें

रेखा जी की प्रेज़ेन्टेशन में कुछ मोहरें मुझे बहुत दिलचस्प लगीं। इस बारे में मैं उनके प्रेज़ेन्टेशन से कुछ स्लाइड दिखाना चाहता हूँ।

(1)  वज्रबाहू इन्द्र की मोहर: वह बताती हैं कि ऋग्वेद में इंद्र को वज्रबाहू कहा गया है, वह बारिश रोकने वाले असुर से लड़ते हैं और बारिश करवाते हैं। इस मोहर को देखें तो स्पष्ट दिखता है मानो उनकी बाहों से वज्र निकल रहे हों, इसलिए इस मोहर का वज्रबाहू नाम सही लगता है।


(2) प्रजापति मोहर: मैंने इस मोहर को दिल्ली के राष्ट्रीय संग्रहालय में देखा था, वहाँ इसे योगमुद्रा में बैठे  शिव का पशुपति रूप कहा गया है। जबकि रेखा जी का कहना है कि यह पशुपति मोहर नहीं है, बल्कि यह स्वर्णकंगन पहने प्रजापति हरण्यबाहू की मोहर है जिसमें विभिन्न जँगली पशुओं को दिखाया गया है। उनके अनुसार ऋग्वेद में पशुपति को पालतू पशुओं का स्वामी कहा गया है, वह दैविक चिकित्सक हैं जो मनुष्यों और पालतु गाय, भैंस जैसे पशुओं की रक्षा करते हैं। जबकि इस मोहर में पालतू पशु नहीं बल्कि जँगली पशु दिखाये गये हैं। इसलिए वह कहती हैं कि इसे पशुपति नहीं प्रजापति मोहर कहना चाहिये।


 (3) अग्न्याधेया यज्ञ के अग्नि कुंड: उनके अनुसार इस विषेश यज्ञ में जिस तरह से भिन्न अग्नि कुँड बनाये जाते हैं, वैसे ही कुँड हड़प्पा की मोहरों में भी दिखते हैं। नीचे की तस्वीर में आप अग्न्याधेया यज्ञ के आजकल बनने वाले कुँड और हड़प्पा की मोहरों में उनका चित्रण, दोनों देख सकते हैं।


(4) प्रावर्ग्या यग्न: रेखा जी कहती हैं कि इस यग्न में सप्तहोत्री यानि सात पुरोहितों द्वारा अग्नि का आवाह्न किया जाता है जिसमें बहुत गर्म घी को दूध में मिलने से अग्नि विस्फोट जैसा हो कर अग्निस्तम्भ बनता है, जिसकी उन्होंने केरल प्रदेश से पंजल नाम की जगह की तस्वीर दिखायी। वह मानती हैं कि नीचे वाली हड़प्पा की मोहर में इसी यज्ञ को दिखाया गया है। इसमें अध्वर्यू यानि अग्नि देवता पूजा कर रहे हैं, नीचे सप्तहोत्री खड़े हैं, बायीं ओर खारा नाम की गोल वेदी पर रखे महावीर कुम्भ में बृहस्पति बने हैं जोकि यज्ञ में अग्नि-स्तम्भ रूप में प्रकट होते हैं। फोटो पर क्लिक करके बड़ा करके देखिये।

(5) श्राध की मोहरें: रेखा जी कहती हैं कि जब पितृों का श्राध करते हैं तो उसमें तीन पुजारी तीन भिन्न दिशाओं से आते हैं और भिन्न दिशाओं में ही रीति अनुसार यजमान की तीन पीढ़ियों के श्राध के लिए मंत्रों का पाठ करते हैं। इसलिए वह कहती हैं कि जिन मोहरों पर तीन अलग दिशाओं की ओर मुँह किये हुए तीन एकसिंगा वृषभ बने हैं, यह श्राध की रीति और मंत्र समझाने वाली मोहरें हैं। 


अंत में

मुझे सुश्री रेखा राव की हड़प्पा की मोहरों की बातें कि यह वेदिक मंत्रों, छंदों और अनुष्ठानों को अंकित करती हैं, बहुत दिलचस्प लगीं। शायद अगर मोहरों के चिन्हों के अर्थ समझ में आ जायें तो उनकी बातों के प्रमाण भी मिल जायें, वरना उनके प्रस्ताव रोचक लग सकते हैं लेकिन उनके प्रमाण मिलना कठिन है।

उनकी बातों में अपना तर्क है लेकिन यह सब बातें आज के जाने-माने विशेषज्ञों से इतनी भिन्न हैं कि इन्हें स्वीकार किया जाना कठिन लगता है। जेनेटिक्स और अन्य प्रमाणों से इंदो-आर्य के आने की बात की जाती है, उनमें और हड़प्पा की मोहरों के इस अर्थ के बीच में सामंजस्य नहीं बिठा सकते। 


जहाँ तक मैंने पढ़ा है, सारी बहसें मोहरों पर बने चिन्हों को भाषा मान कर उनके अर्थ समझने के बारे में हैं, उनके तीनों भागों को मिला कर, उनके आंतरिक अंतर-सम्बंधों को जोड़ कर नहीं देखा गया है। जबकि रेखा जी की बातों में तर्क है और उनकी बातों से स्पष्ट है कि उन्हें वेदिक अनुष्ठानों की बहुत अच्छी जानकारी है, इसलिए वह उन पहलुओं को देख-समझ सकती हैं जिन्हें अन्य विशेषज्ञ नहीं देख पाते। 

***

1 टिप्पणी:

  1. हड़प्पा सभ्यता से मिली मोहरों के बारे में रेखा राव जी की बातों में बहुत सार प्रतीत होता है। उत्तम जानकारी।

    जवाब देंहटाएं

"जो न कह सके" के आलेख पढ़ने एवं टिप्पणी के लिए डॉ. सुनील दीपक की ओर से आप का हार्दिक धन्यवाद.

इस वर्ष के लोकप्रिय आलेख