कोर्स लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कोर्स लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, नवंबर 22, 2026

सृजनात्मक लेखन - भाग 01

सृजन का मतलब है अपने हाथों से, अपने दिमाग से, अपनी कल्पना शक्ति से कुछ नया बनाना। जैसे चित्रकार चित्रों का सृजन करे या मूर्तिकार शिल्प बनाये। लेखन भी वैसा ही सृजन का क्षेत्र है जिसमें लेखक अपनी कलम से या कम्प्यूटर के कीबोर्ड से एक काल्पनिक दुनिया रचता है, उसमें पात्र रखता है, उन्हें जीवन देता है, उनके जीवन की घटनाओं का ताना-बाना बुनता है।

बहुत से लोग सोचते हैं कि लिखने के गुण हममें जन्म से ही होते हैं, इसे सीखा नहीं जा सकता। जबकि मेरा अनुभव है कि अगर आप के मन में लिखने की इच्छा है तो आप अपने लिखने की क्षमता को बेहतर बनाना सीख सकते हैं। सृजनात्मक लेखन का कोर्स करना, इस दिशा में उपयोगी हो सकता है। (साथ की तस्वीर में मिलान के आधुनिक कला संग्रहालय से किताब पढ़ती हुई युवती की शिल्पकला है जिसके कलाकार हैं पिएत्रो मान्यीं)

मैंने सृजनात्मक लेखन के दो कोर्स किये हैं। करीब बीस साल पहले मैंने एक तीन महीने का इटली के बोलोनिया विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित कोर्स किया था, जिसमें विभिन्न देशों से आने वाले हम सोलह विद्यार्थी हर सप्ताह तीन घंटों के लिए मिलते थे। मेरा दूसरा कोर्स, कुछ वर्ष पहले, कॅनेडा की जानी-मानी लेखिका मारग्रेट एटविड का ॲान-लाइन कोर्स था। कोर्सों के अतिरिक्त, मैं पिछले कुछ दशकों से हिंदी, अंग्रेज़ी तथा इतालवी भाषाओं में लिख रहा हूँ।

मैंने सृजनात्मक लेखन के बारे में जो भी सीखा है, उसके बारे में कुछ आलेख लिखने का सोचा है। यह आलेख उस कोर्स का पहला भाग है जिसमें आप को सृजनात्मक लेखन का परिचय मिलेगा। 

कथा और उपन्यास का सृजनात्मक लेखन 

बहुत से लोग कहते हैं कि कथा या उपन्यास को लिखते समय किसी नियम का पालन करना उनकी सृजनात्मकता का हिस्सा नहीं है, वह अपनी अभिव्यक्ति को सभी नियमों से स्वतंत्र रखना चाहते हैं। मुझे लगता है कि लेखन के नियम जानना और सीखना अच्छी बात है, बाद में, जब हमें लिखने का कुछ अनुभव हो जायेगा, तब हम निर्णय ले सकते हैं कि अपने लेखन में किन नियमों का पालन करें और किन नियमों को भूल जायें।

सृजनात्मक लेखन के विषय पर बहुत से प्रसिद्ध लेखकों ने भी किताबें लिखी हैं, जैसे कि जेम्स मिशनर, एलिज़ाबैथ जोर्ज, स्टीफन किन्ग, आदि। इस विषय पर किसी हिंदी लेखक ने भी लिखा है, यह मैं नहीं जानता।

मैं कोर्स से सीखी हुई बातों के अतिरिक्त, इस विषय पर लिखी गई कुछ किताबों की बातें भी करूँगा। 

कहाँ बैठ कर लिखें 

साथ लगी हुई तस्वीर मेरी है, जिसमें आप मेरी लिखने की मेज़ और मेरा प्रिय चाय का लाल प्याला देख सकते हैं, जहाँ इस समय मैं यह ब्लॉग लिख रहा हूँ। मेरे विचार में हर लेखक को अपने लेखन के लिए अपने व्यक्तित्व के अनुसार उपयुक्त जगह चाहिये।

मैंने प्रसिद्ध हिंदी लेखिका शिवानी जी के एक साक्षात्कार में पढ़ा था कि अक्सर वह घर के कामों के बीच से समय निकाल कर, बच्चों के बीच रहते हुए और घर के काम करते हुए भी लिख सकती थीं। मैंने सूरज प्रकाश द्वारा सम्पादित किताब "मेरे लिखने की मेज" भी देखी है (अभी पढ़ी नहीं है), जिसमें विभिन्न लेखकों ने अपनी प्रिय लेखन-जगहों के बारे में लिखा है।

मुझे लिखते समय एकांत और चुप्पी चाहिये, आसपास लोग बात कर रहे हों तो मैं नहीं लिख पाता। जबकि मेरे कुछ मित्र, कॉफी-शॉप जैसी जगहों पर, लोगों और शोर के बीच में बैठ कर लिखना पसंद करते हैं।

छोटे घरों में रहने वाले लेखकों के लिए अपने लिए एकांत पाना आसान नहीं होता, पर मेरे अनुभव में अगर लिखने की इच्छा प्रबल हो तो लोग हर तरह के शोर-शराबे के बावजूद भी लिखते हैं। लड़कियों के लिए, विशेषकर गृहणियों के लिए लिखने की जगह और समय खोज पाना और भी कठिन है, लेकिन सब कठिनाईयों के बावजूद बहुत सी नयी लेखिकायें अच्छा लिख रही हैं। मेरे बचपन में जब घर में जगह कम थी, तब मुझे लायब्रेरी में बैठ कर पढ़ना-लिखना अच्छा लगता था।

आप को किस जगह पर बैठ कर लिखना अच्छा लगता है? और जब वैसी जगह नहीं मिलती तो आप कहाँ-कैसे लिखते हैं? नीचे टिप्पणियों में अपने अनुभव साझा कीजिये।  

सृजनात्मक लेखन कैसे सीखें

कोई लेखन-कोर्स करने के अतिरिक्त, मेरे विचार में सृजनात्मक लेखन सीखने के लिए चार अन्य सहायक रास्ते हैं :-  

1. पढ़िये, पढ़िये, और पढ़िये 

मारग्रेट एटविड कहती हैं कि अगर आप अच्छा लेखक बनना चाहते हैं तो शायद सबसे पहली और ज़रूरी बात है कि आप अधिक से अधिक लेखकों की किताबों को पढ़ें ।

पढ़ते समय, यह भी सोचिये कि आप को उनके लेखन में कौन सी बातें अच्छी लगीं या नहीं लगीं और क्यों? इस बारे में सोचिये और हो सके तो इस बारे में अपनी डायरी में भी लिखिये, क्योंकि मेरे अनुभव में किसी भी बात को, अपने शब्दों में, और अपने हाथ से, लिखने से वह विचार मेरे मन में जितना स्पष्ट होता है, वह केवल पढ़ने से नहीं होता।

जैसे कि लड़कपन में मुझे अमरीकी लेखक जोह्न डी. मेकडोनाल्ड (John D. MacDonald) की जासूसी और एडवैंचर की किताबें बहुत अच्छी लगती थीं लेकिन तब मैं इस बारे में गहराई से नहीं सोचता था कि वे मुझे क्यों अच्छी लगती थीं। पिछले दिनों में मैंने उनकी कुछ किताबें दोबारा पढ़ीं तो समझा कि उनमें अपने पात्रों के नये तरीकों से और कम वाक्यों में अलग-अलग व्यक्तित्व गढने की क्षमता बहुत अच्छी थी। बहुत से लोग जिस बात को बताने के लिए दो-तीन पृष्ठ के विवरण देते हैं, मेकडोनाल्ड उसे एक-दो वाक्यों में कह देते हैं।

2. लिखिये, लिखिये, और लिखिये

स्टीफन किंग कहते हैं कि लिखना सीखने के लिए, पढ़ने के साथ, दूसरी आवश्यक बात है नियमित रूप से कुछ न कुछ लिखते रहना। उनकी सलाह है कि आप अपना एक लक्ष्य तय कीजिये (उदाहरण के लिए, आप कह सकते हैं कि मैं प्रतिदिन कम से कम पाँच सौ शब्द या दो पन्ने अवश्य लिखूँगा) और हर रोज लिखने की आदत बनाईये।

यह सच है कि नौकरी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच में लिखना आसान नहीं है। मैंने उपन्यास लिखने की पहली कोशिश करीब पच्चीस साल पहले की थी, पर तब काम में व्यस्त रहता था और बार-बार कोशिश करके भी, उस समय उसे पूरा नहीं कर पाया था। हालाँकि मैंने अपना वह उपन्यास अभी कुछ वर्ष पहले ही, रिटायर होने के बाद, पूरा किया, पर मैं नियमित अपने ब्लॉग पर लिखता रहा, और मेरी कुछ कहानियाँ इतालवी भाषा में छपीं।

मेरे अनुभव में अगर आप लिखने के लिए सही समय आने की प्रतीक्षा करेंगे तो किसी भी कोर्स से अधिक नहीं सीख पायेंगे। इसलिए कोर्स करने के साथ ही कुछ न कुछ तो अवश्य लिखने का काम भी शुरु कीजिये। और कुछ नहीं तो अपना व्यक्तिगत ब्लॉग बनाने के कई निशुल्क रास्ते हैं, जहाँ आप लिख सकते हैं। 

3. किसी लेखक-मंच या गुट का हिस्सा बनिये

लेखक-मंच में लिखने की इच्छा रखने वाले व्यक्ति और नये लेखक, मिल कर एक-दूसरे के लेखन को सहारा देते हैं।

नये लेखक के लिए सबसे कठिन बात है ऐसे व्यक्ति खोजना जो उसके लिखने पर उसे अपनी निष्पक्ष सलाह दें। जब हम अपना लिखा हुआ परिवार वालों या मित्रों को दिखाते हैं तो अक्सर वह प्रशंसा वाली बातें बताते हैं, आलोचना और कमियों की बात नहीं करते, क्योंकि वे हमारा दिल दुखाना नहीं चाहते। इसलिए लेखक-मंच या गुट का हिस्सा बनना, नये लेखक के लिए बहुत उपयोगी हो सकता है, क्योंकि आप एक-दूसरे को अपना लिखा और अपने विचार सुना और पढ़ा सकते हैं और उन्हें अपनी सलाह दे सकते हैं।

अगर जहाँ आप रहते हैं वहाँ पर कोई लेखक-मंच या गुट नहीं है तो आप वहाँ पर अपना नया मंच/गुट बना सकते हैं। मेरे अनुभव में अगर गुट में 7-8 व्यक्ति हों तो उसमें बात करना आसान होता है। इससे छोटे गुटों में खतरा होता है कि एक-दो व्यक्तियों के चले जाने से मंच नहीं रहता। जबकि बड़े गुटों में ठीक से बात करना और सबकी बात सुनने में दिक्कत हो सकती है। 

लेखक-गुट बनाते हुए आवश्यक है कि आप उसके नियम पहले से स्पष्ट कर दें, जैसी कि - सब सदस्यों को अपनी बात कहने का अधिकार होना चाहिये, और अगर कोई व्यक्ति बहुत अधिक बोलता है तो इशारा मिलने पर उसे चुप हो कर अन्य लोगों को बात कहने का मौका देना पड़ेगा। मंच का सबसे महत्वपूर्ण नियम होता है कि व्यक्तिगत आक्रामक आलोचना करना या झगड़े करना मना है और अगर कोई इस नियम को बार-बार तोड़ेगा तो मंच से उसकी सदस्यता समाप्त हो जायेगी। सारे नियम नये सदस्य बनाने से पहले स्पष्ट करने चाहिये।

4. लेखन शिविर

लेखक-मंच के साथ लेखन-शिविर की बात भी जुड़ सकती है जिसमें आप को, अन्य नये लेखकों के साथ एक जगह पर रहते हुए, एक सीमित समय में कुछ न कुछ लिखना पूरा करना होता है।

लेखन में आत्म-आलोचना को जीतना अक्सर बहुत कठिन होता है। जब हम नये होते हैं तो हमें लगता है कि हमारा लिखा अच्छा नहीं है, और अक्सर हम अपनी तुलना अपने प्रिय लेखकों से करते हैं।

लेखन-शिविर में, नये लेखक साथ में बैठ कर लिखते हैं और उन्हें एक सीमित समय में अपनी रचना पूरी करनी होती है, तब काम पूरा करने के दबाव की वजह से आत्म-आलोचना से निकलना आसान हो सकता है। दूसरों का प्रोत्साहन भी इसमें मदद करता है।

कभी-कभी इसके उल्टे, आत्म-प्रशंसक नये लेखक भी मिलते हैं, जो सोचते हैं कि उनसे बढ़ कर लेखक दुनिया में अन्य नहीं है और जो सबके सामने अपने विचार रखते हुए और अपने लिखे को पढ़ कर सुनाते हुए नहीं थकते और जिन्हें चुप कराना कठिन हो जाता है। इसलिए पहले लेखन-शिविर छोटी अवधि, यानि एक-दो दिन के रखिये, और उसके बाद ऐसे व्यक्तियों से बचिये। 

सृजनात्मक लेखन कोर्स में क्या सीखते हैं

सबसे पहले यह जानना आवश्यक है कि लेखन कोर्स में क्या चीज़ नहीं सीखते!

आप किस विषय पर लिखें, कहानी लिखें या लघु उपन्यास या बड़ा उपन्यास, उसमें कौन से पात्र हों, उसका क्या प्लॉट हो, आदि बातें आप को कोई अन्य नहीं सिखा सकता, वह सब तो लेखक खुद चुनता है या अपनी कल्पना से बनाता है।

अब बात करते हैं कि इस तरह के लेखन कोर्स से आप क्या सीख सकते हैं? ऐसे कोर्स, आप को अपने चुने हुए विषय पर कैसे लिखना बेहतर होगा, उसके पात्रों या प्लॉट को कैसे बेहतर बनाया जा सकता है, जैसी बातों के विभिन्न रास्ते दिखा सकता है।

उदाहरण के लिए, बचपन से मुझे प्रथम-व्यक्ति के स्वर में (मैं, मुझे, मेरे) की दृष्टि से लिखना अच्छा लगता था। जब मैंने बोलोनिया युनिवर्सिटी द्वारा आयोजित सृजनात्मक लेखन के कोर्स में हिस्सा लिया, तब एक दिन उस कोर्स में उन्होंने मुझे तृतीय पुरुष (वह, उसका) की दृष्टि से कथानक को लिखने के लिए मजबूर किया। यानि कोर्स ने मुझे मुझे कुछ नया करने और सोचने का साहस दिया। उस समय मैंने पहली बार इस प्रश्न के बारे में गम्भीरता से सोचा - "यह कहानी या अध्याय, किसकी आवाज में और किस दृष्टिकोण से कहना-सुनाना बेहतर होगा?" इस बात को समझने का मेरे लेखन पर बहुत असर पड़ा है। 

सृजनात्मक लेखन के कोर्स में मैंने लेखन-प्रक्रिया को विभिन्न तरह से देखना-समझना सीखा है। साथ ही मुझे उस कोर्स में लेखक-मंच का अनुभव भी मिला क्योंकि उस कोर्स के छात्र, हम लोग पहले आपस में एक-दूसरे की रचनाओं को सुनते-पढते थे और उन पर अपनी राय व्यक्त करते थे। बाद में हमारे अध्यापक भी हमें हमारी रचनाओं के बारे में अपनी राय देते थे।

अपनी इस लेखन-यात्रा में मुझे लगता है कि बीस साल पहले के उस सृजनात्मक लेखन के कोर्स से ले कर मेरे आज के लेखन-अनुभव ने एक महत्वपूर्ण भाग निभाये हैं। इस कोर्स के आलेखों के द्वारा, मैं चाहता हूँ कि मैंने लेखन के बारे में जो सीखा-समझा है, मैं उसे आप सबसे बाँट सकूँ। 

सृजनात्मक लेखन प्रक्रिया   

सृजनात्मक लेखन की प्रक्रिया को हम सीढ़ियों में बाँट सकते हैं:

(1) पहली सीढ़ी है लिखने की इच्छा - बचपन और यौवन में बहुत से लोगों के मन में एक कहानी या उपन्यास लिखने की इच्छा होती है, लेकिन उम्र के साथ, अक्सर वह इच्छा मन में दबी रह जाती है।

(2) दूसरी सीढ़ी है सचमुच कुछ लिखना - अक्सर लिखने की इच्छा मन में ही रह जाती है, जीवन की भाग-दौड़ में लिखने का समय ही नहीं मिलता। जो लिखना चाहते हैं, उनमें से कुछ लोग ही सचमुच कुछ लिखते हैं। इसलिए यह दूसरा कदम बहुत महत्वपूर्ण है - कुछ भी लिखिये, कम या ज़्यादा।

(3) तीसरी सीढ़ी है कहानी या उपन्यास को पूरा करना - थोड़े से लोग ही अपनी कहानी या उपन्यास को पूरा करते हैं। कुछ लोग अपने लिखे को मित्रों को पढ़वाते हैं, या किसी प्रकाशक या पत्रिका को भेजते हैं, लेकिन जब उन्हें कुछ उत्तर नहीं मिलता या नकारात्मक उत्तर मिलता है तो वह और नहीं लिखते। बहुत से लोग अपने लिखे को दूसरों को पढ़वाते भी नहीं, उन्हें लगता है कि उनका लिखा अच्छा नहीं है और वह उनकी दराज़ या बक्से में बंद रह जाता है।

(4) चौथी सीढ़ी है, अपने लिखे को कुछ समय के बाद दोबारा पढ़ना, उसमें गलतियाँ ठीक करना, उसके कथानक की कमजोरियों को समझना, उनमें बदलाव लाना, उनके पात्रों में गहराई लाना, उसे सुदृढ़ करना। इस समय अगर निष्पक्ष सलाह देने वाले मिल जायें तो उससे बहुत सहायता मिलती है। पिछले कुछ सालों में, मुझे हिंदी के कुछ जाने-पहचाने लेखकों की किताबों में भी गलतियाँ दिखी हैं, लगता है कि आजकल किताबों के सम्पादन का काम सही तरह से नहीं होता। इसलिए मेरे विचार में, अगर आप छपे हुए लेखक हैं तब भी यह कदम बहुत आवश्यक है।

(5) पाँचवी सीढ़ी है, चाहे कितनी भी बार आप की रचनाएँ अस्वीकार हो जायें, लिखना नहीं छोड़ना, लिखते रहना, उसे पत्रिकाओं और प्रकाशकों को भेजते रहना। इसके लिए, मेरे विचार में सबसे बड़ी बात है अपने आनंद के लिए लिखना और हिम्मत नहीं हारना। अगर आप नाम और प्रसिद्धि के लिए लिख रहे हैं तो हताश होना आसान है, जबकि आप अपने आनंद के लिए लिखेंगे तो लिखते रहेंगे।

हिंदी लेखन से इतनी कमाई हो जाये कि आप बिना कुछ अन्य काम किये अच्छी तरह से रह सकें, यह बात कठिन ही नहीं, आज की दुनिया में शायद असम्भव है। इसलिए अगर आप पैसे कमाने के लिए लिखना चाहते हैं तो जान लीजिये कि वह काम कठिन होगा। अधिकतर लोग, कुछ अन्य काम करते हुए लिखना शुरु करते हैं, या मेरे जैसे रिटायर होने के बाद कोशिश करते हैं।

अंत में 

यह सृजनात्मक लेखन के विषय पर मेरा पहला आलेख है। अगले दिनों में इस विषय पर और लिखूँगा।

अगर आप को इस विषय में रुचि है और कुछ के मन में कोई प्रश्न हैं तो नीचे टिप्पणी लिखिये या मुझे इस पते पर ईमेल लिखिये - sunil@kalpana.it

मैं सभी पत्रों के व्यक्तिगत उत्तर नहीं दे सकता, लेकिन अगर आप की बात मुझे महत्वपूर्ण लगेगी तो मैं अपने आलेख में उसकी बात कर सकता हूँ।

***** 

इस वर्ष के लोकप्रिय आलेख