धारावाहिक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
धारावाहिक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, अगस्त 24, 2026

देवी प्रतिमा के रक्षक - अध्याय 25

अब तक की कहानी:  त्रिनेत्र ने ताकानोरी से कहा है वह उसे शक्तिवाहिनी मूर्ति तक ले कर जायेगा, और ओरी ने उसे वचन दिया है कि मूर्ति मिलने के बाद वह उनका और पीछा नहीं करेंगे। गुरु जी त्री के नाम एक कविता-पहेली छोड़ी थी, उसे पढ़ कर त्री, ओरी और आभा काजीरंगा के पास देवपानी के एक होटल में ठहरे थे। आज सुबह, त्री और ओरी लखमीपारा गाँव से हो कर शंखासुर की पहाड़ी को खोजने जा रहे हैं। आगे पढ़िये ...

शुरु से पढ़िये - पिछला अध्याय पढ़िये 


अध्याय 25

लखमीपारा, काज़ीरंगा, असम, 7 मार्च 2026 

अगले दिन सुबह आभा ने त्री से पूछा, “तुम आज लखमीपारा और शंखासुर पहाड़ी की ओर जाने की कह रहे थे। तुम्हारे ख्याल में वहाँ तुम्हें वह मूर्ति मिल जायेगी? आज मेरी तबियत ठीक नहीं है, मेरा कहीं बाहर जाने का मन नहीं है।"

त्री बोला, “मैं गुरु जी को जानता हूँ, वह कोई चीज़ किसी आसान जगह पर नहीं छुपाते, इसलिए मैं जानता हूँ कि आज उस जगह पर पहुँचना बहुत कठिन होगा। अगर तुम अभी नहीं आना चाहती तो कमरे में आराम करो। लेकिन जाने से पहले मुझे कविता की बाकी पंक्तियाँ बता दो।"

आभा ने अपने पर्स से कविता वाला कागज़ निकाल कर पढ़ा:

“कंदरा में गूँजती चौदह ध्वनियाँ पिनाक की
लौटी सति पर्वतराज पिता के घर, त्रिनेत्र कहाँ है?
वहाँ जहाँ पर लाल बकरियाँ घास चरें।"

त्री बोला, “कंदरा माने गुफा और पिनाक माने शिव जी का डमरू, शायद चौदह ध्वनियों का अर्थ है कि वहाँ चौदह स्थान या गुफाएँ हैं। शंखासुर पहाड़ी पर पहुँच कर, वहाँ गुफाओं के बारे में पता करेंगे। अब हम जाते हैं, दोपहर से पहले लौट आयेंगे।"

तबियत खराब होने का केवल बहाना था। जब वह दोनों होटल से निकले तो आभा भी फटाफट तैयार हो गयी और देवपानी घाट की ओर गयी। वहाँ उसने एक नाव किराये पर ली और उसे पूर्व दिशा में ले जाने के लिए कहा।

जब वह नाव घाट से कुछ दूर आयी तो सामने से एक मोटरबोट उसकी नाव के पास आ गयी, उसमें रंगनाथ, गार्गी और वसंत थे। करीब के एक द्वीप पर अपनी पहली नाव को छोड़ कर, वह बच्चों के साथ उनकी मोटरबोट पर चली गयी। उसने उन्हें त्री और ओरी के शंखासुर पहाड़ी की खोज में जाने के बारे में बताया, और गार्गी से बोली, “मैं उन दोनों पर नज़र रखना चाहती हूँ, तुम त्री से सम्पर्क बना कर रखो और देखो कि वे दोनों कहाँ जाते हैं और क्या करते हैं।"

उधर त्री और ओरी लखमीपारा गाँव की ओर पैदल जा रहे थे। होटल से निकलने के दस मिनट बाद वह दोयांग नदी के किनारे पहुँच गये, जिसके दोनों ओर पेड़ उगे थे। वहाँ नदी पर कोई पुल नहीं दिखा और आसपास, कोई नाव वाला भी नहीं था, लेकिन लखमीपारा जाने के लिए उन्हें वह नदी पार करनी थी। ओरी ने नदी के साथ-साथ चल कर उत्तर दिशा में जाने के लिए कहा, तो त्री मान गया, सोचा कि शायद आगे जा कर नदी पार करने का कोई रास्ता मिल जायेगा।

वहाँ पर केवल पक्षियों की चहचहाहट सुनाई दे रही थी। त्री ने जमीन पर गिरी हुई पेड़ों दो लम्बी-सीधी डालियों को खोजा, और उनकी छोटी डालियों और पत्तों को तोड़ कर उनकी छड़ियाँ बनायीं। एक छड़ी ताकानोरी को दी, और बोला, “काज़ीरंगा का सफारी पार्क नदी के उस ओर है, इसलिए मेरे विचार में खतरनाक जानवर इस ओर कम आयेंगे, लेकिन यहाँ की ऊँची घास में साँप हो सकते हैं, इस छड़ी से आगे ठक-ठक करके चलो, तो साँप और छोटे-मोटे जानवर भाग जायेंगे।"

ओरी ने पूछा, “उसके टूटने से पहले, तुमने जून-मिन की विशेष शक्ति वाली मर्ति को अवश्य देखा होगा? मैंने उसकी तस्वीरें देखी हैं और यामागुचि सान ने कहा कि वह केवल बारह इंच की है, क्या यह सच है?”

त्री ने हाथों से इशारा करके दिखाया, “जहाँ तक मुझे याद है, वह करीब इतनी बड़ी थी, हो सकता है कि बारह इंच की ही हो। लेकिन वह बहुत हलकी थी, जैसे पत्थर की मूर्तियाँ होती हैं, वैसी नहीं थी।"

"वह टूटी कैसे?”

त्री ने मुँह बनाया, बोला, “मेरी गलती से ही टूटी थी। गुरु जी मेरे लिए पिता जैसे हैं, उन्होंने मुझे बचपन से पाला है, शायद इसलिए मुझे उनके साथ खेलना और मज़ाक करना अच्छा लगता है। मेरे एक मज़ाक की वजह से वह मूर्ति टूटी थी।"

ओरी ने उसकी ओर प्रश्नात्मक दृष्टि से देखा तो उसने पूरी बात बतायी, बोला, “मैं शिल्पकार हूँ, शिल्प बनाना मुझे बहुत अच्छा लगता है। गुरु जी ने मुझे अपनी मूर्ति जैसी, सफेद और हरे पत्थरों की बारह अन्य मूर्तियाँ बनाने के लिए कहा था। जहाँ उनका समाधी-स्थल है, वह उस मन्दिर की दीवार में उन मूर्तियों को स्थापित करना चाहते थे, शायद तुमने वहाँ मेरी उन मूर्तियों को देखा होगा? उस मन्दिर के भीतर वाले कक्ष में एक अवलोकितेश्वर बौद्धिसत्व की बड़ी मूर्ति भी है, जिनकी दायीं हथेली में हरी तारा और बायीं हथेली में श्वेत तारा खड़ी हैं, वह दोनों छोटी मूर्तियाँ भी मैंने ही बनायी हैं।"

"फिर?”

“एक दिन मैं मन्दिर के प्रांगण में बैठ कर उन मूर्तियों को तराश रहा था, जब गुरु जी वहाँ आये। उस समय मैंने यह ध्यान नहीं दिया कि उनके हाथों में वह शक्तिवाहिनी प्रतिमा थी। तुम तो जानते हो कि मेरी अदृश्य होने की शक्ति है, उनके साथ खेलने के लिए कई बार मैं अदृश्य हो कर छिप जाता था और उनके पीछे से आ कर, उन्हें डराने के लिए अचानक 'हाउ-हाउ' चिल्लाते हुए प्रकट हो जाता था। मेरे उस खेल से वह डरते नहीं थे, क्योंकि शायद वह मुझे देखे बिना भी मेरी उपस्थिति को भाँप लेते थे। पता नहीं उस दिन क्या हुआ, मैं 'हाउ-हाउ' कहता हुआ उनके सामने प्रकट हुआ तो उनके हाथ से वह प्रतिमा गिर गयी", उस दिन को याद करके त्री की आँखों में आँसू आ गये, “मूर्ति के टुकड़ों को देख कर वह इतने दुखी थे कि अपनी हरकत पर मुझे बहुत पछतावा हुआ, लेकिन तब पछताने से क्या होता, वह मूर्ति तो ठीक नहीं हो सकती थी।"

नदी के साथ चलते-चलते वे दोनों, उत्तर दिशा में काफ़ी आगे आ गये थे, वहाँ उन्हें नदी पर बाँस का बना एक कच्चा पुल दिखा। देखने में वह कमज़ोर लगता था इसलिए उन्होंने उसे एक-एक कर के पार किया। नदी पार करके वह वापस दक्षिण दिशा में लखमीपारा गाँव की ओर लौटे।

ओरी बोला, “यामागुचि दादा जी कहते थे कि अगर उस मूर्ति के पास रहो तो तुम्हारी भीतर की शक्ति अपने आप सशक्त हो जाती है। मैं सोचता था कि अगर उनके पास वह मूर्ति होती तो मेरी शक्तियाँ भी पूरी तरह से विकसित हो सकती थीं। लेकिन मूर्ति टूटने के बाद, जून-मिन ने उसके टुकड़ों को नयी मूर्ति में लगवा कर, यहाँ अपने आश्रम से इतनी दूर क्यों रखवा दिया? यहाँ रखने से उसका लाभ किसे मिलेगा? क्या तुम लोगों को उसकी शक्ति की आवश्यकता नहीं है?”

“क्योंकि कई वर्ष पहले ही हमने समझ लिया था कि हमारी शक्ति को प्रबल करने के लिए, प्रतिमा के अतिरिक्त कुछ अन्य रास्ते भी हैं। जब कुछ शक्तिवान लोग साथ में रहते हैं, साथ में शक्ति-साधन का अभ्यास करते हैं तो उससे भी आपस में उनकी शक्तियाँ सशक्त और विकसित होती है। प्रतिमा से बच्चों की शक्ति बढ़ती है और शक्तिवान लोगों के पास रहने से प्रतिमा की शक्ति भी बढ़ती है। गुरु जी कहते हैं कि शक्ति एक चुम्बक है, जिसके साथ रखो, वह भी चुम्बक बन जाता है, लेकिन हर पत्थर पर उसका असर नहीं होता, उसके लिए तो विशेष हरिताष्म पत्थर ही चाहिये। जब गुरु जी की वह प्रतिमा टूटी तो उसकी कुछ धूल मैं अपने साथ ले गया और उसे मिला कर मैंने नटराज की एक मूर्ति बनायी। पहले उसकी शक्ति हलकी थी लेकिन आज, क्योंकि मेरे साथ अन्य नौ शक्तिवान बच्चे रहते हैं, हमारे सामिप्य से हमारे नटराज की शक्ति भी बढ़ गयी है", त्री ने उसे समझाया।

"यानि, यामागुचि दादा जी, अगर उस मूर्ति के बदले में कुछ शक्तिवान लोगों को खोज कर अपने साथ रखते तो भी हमारी शक्ति बढ़ कर विकसित हो जाती?”

त्री ने सिर हिला कर हामी भरी। तब तक वह लोग लखमीपारा गाँव पहुँच गये थे। वहाँ त्री ने लोगों से शंखासुर पहाड़ी के बारे में पूछा लेकिन किसी को उस पहाड़ी के बारे में नहीं पता था। किसी ने सुझाव दिया कि वह मन्दिर के पुजारी जी से पूछे तो वह उस मन्दिर की ओर गये।

वह मन्दिर एक विशालकाय पीपल के वृक्ष के नीचे बना था, जिसके आसपास लाल मौली के धागे बँधे थे और पास में एक चबूतरे पर राधा-कृष्ण की मूर्ति रखी थी। बूढ़े पंडित जी बोले, “बहुत दिनों के बाद आज शंखासुर पहाड़ी का नाम सुना। पिछले दस-पंद्रह सालों में यहाँ बहुत से नये लोग, बाहर से आ कर बस गये हैं, उन्हें यह पुराने नाम नहीं मालूम, उन्होंने जगहों को अपने नये नाम दिये हैं।" फिर, उस पहाड़ी का रास्ता बताते हुए वह बोले, “उस तरफ ध्यान से जाना। वहाँ गैंडों के सींग काटने वाले तस्कर, हाथों में हथियार लिये घूमते हैं। अगर वैसा कोई व्यक्ति दिखे तो खतरा मत लेना, क्योंकि वह लोग तुम्हें जान से मार कर तुम्हारी लाशों को जंगल में फ़ैंक देंगे तो महीनों उसे खोजते रहेंगे। उधर एक दूसरा खतरा दलदल का भी है, जहाँ कोई बड़ा कीचड़ जैसा कुछ दिखे तो उसके किनारे से चलना, जल्दबाजी करके उसके बीच में मत जाना। दलदल में फँस गये तो मृत्यु निश्चित है।"

त्री ने पूछा, “पंडित जी, शंखासुर पहाड़ी के आसपास कोई गुफाएँ भी हैं?”

वह बोले, “मैंने गुफाओं की बात तो कभी नहीं सुनी, लेकिन पिछले पचास सालों से यह संरक्षित क्षेत्र है, भीतर अगर तुम्हें काज़ीरंगा के गार्ड पकड़ लें और उन्हें पता चले कि तुम यहाँ के गाँव के नहीं हो, तो जुर्माना लगता है, इसलिए बाहर वाले लोग इधर घूमने नहीं जाते। लेकिन यहाँ अगर गुफाएँ होंगी तो शायद उन तस्करों को या पार्क में काम करने वाले गार्डों को उसका पता होगा।"

वहाँ से चले तो त्री ने ओरी से कहा, “डर तो नहीं गये? तुम चाहो तो होटल लौट सकते हो, आज मैं आगे जा कर पता लगा कर आता हूँ और अगर पता चल गया तो कल हम दोनों साथ में वहाँ जा सकते हैं।"

ओरी ठहाका मार कर हँसा, बोला, “क्या मेरे चेहरे से लगता है कि मैं डर गया हूँ? मैं हर रोज़ केन-दो, क्यू-दो और नागीनाताजुत्सु की लड़ाई का अभ्यास करता हूँ। मेरे पूर्वज एक समुराई यौद्धा थे, शायद तुमने भी उन सैंतालिस समुराइयों की कहानी सुनी होगी? उस पर हॉलीवुड वालों ने एक फ़िल्म भी बनायी थी। क्या तुम उस कहानी को जानते हो?”

त्री ने सिर हिला कर मना किया तो वह बोला, “हमारे शहर का नाम है अक्को, करीब तीन सौ साल पहले हमारे एक राजा थे, लॉर्ड असानो, जिनका धोखे से खून हुआ था। मेरे पूर्वज ओकानो उनके समुराई थे। नियम के अनुसार, जब स्वामी मरता है तो उसके समुराई आत्महत्या कर लेते हैं, इसलिए उन्हें भी आत्महत्या करनी चाहिये थी। लेकिन उन्होंने आत्महत्या करने के बजाय, पहले अपने स्वामी की हत्या का बदला लिया और फिर आत्महत्या की थी। उनकी यह कहानी पूरे जापान में प्रसिद्ध हो गयी और आज भी अक्को में राजा के किले के पास, उन सैंतालिस समुराईयों का मन्दिर बना है।"

त्री बोला, “इसका मतलब है कि अगर समुराई काम में असफल हो जाये, तो उसे आत्महत्या करनी पड़ती है? मान लो कि अगर तुम्हें वह मूर्ति न मिले तो क्या तुम्हें भी आत्महत्या करनी पड़ेगी?”

ताकानोरी ने लम्बी साँस ली, बोला, “आजकल समुराई नहीं हैं, और अब पहले जैसी पेट में तलवार घुसा कर आत्महत्या करने की परम्परा भी नहीं है। वैसे तो मैं याकूज़ा हूँ, एक अपराधी गैंग के लिए काम करने वाला खूनी। लेकिन यामागुचि दादा जी ने मुझे पाला-पोसा है, मैं उनके साथ गद्दारी नहीं कर सकता। मैं उस मूर्ति को खोजने में अपनी जान भी लगा दूँगा और जब तक वह नहीं मिलेगी, मैं उसे खोजना नहीं छोड़ूँगा। यही मेरा धर्म है।"

*****

उपन्यास का अगला भाग बृहस्पतिवार 27 अगस्त को पढ़ सकते हैं

***** 

गुरुवार, अगस्त 20, 2026

देवी प्रतिमा के रक्षक - अध्याय 24

अब तक की कहानी:  ताकानोरी से बचने के लिए जामुन बाबा ने समाधी ले ली। ओरी उनकी एक मूर्ति चाहता है। बाबा की मदद करने, त्रिनेत्र पाँच गुप्त-शक्ति वाले बच्चों और आभा के साथ मजूली आया है। ताकानोरी आभा, वसंत और तृप्ति कर अपहरण कर लेता है। त्री उनके पीछे गार्गी के साथ नारायणपुर आता है और अदृश्य हो कर ताकानोरी के घर में घुस कर आभा और बच्चों से बात करता है। ओरी को जब यह समझ आती है तो वह आभा और बच्चों से पूछताछ करता है लेकिन उसके पैर में बिच्छु काट लेता है। त्री ओरी से बात करने आता है, वह कहता है कि बच्चों को छोड़ दो और उससे एक वचन लेता है ... इसके आगे पढ़िये ... 

पहले अध्याय से पढ़िये - पिछला अध्याय पढ़िये


 

अध्याय 24

मोरनाइगुड़ी से काज़ीरंगा, असम, 6 मार्च 2026 

ताकानोरी ने जून-मिन की चिट्ठी वाला लिफाफा, जो उसे जगदीश बाबू ने दिया था, बाहर निकाला और उसे त्री को दिया। त्री ने उसमें से गुरु जी की कविता वाला कागज़ बाहर निकाला और उसे पढ़ा -

"चन्द्र-वधु के चरण-कमल, तीन दशानन कोसे 
पद्मा की कमल-अँजुरी से बहता जल
विष्णु के शंख नाद से प्रज्जवलित अंबर के सप्त ऋषि
कंदरा में गूँजती चौदह ध्वनियाँ पिनाक की
लौटी सति पर्वतराज पिता के घर, त्रिनेत्र कहाँ है?
वहाँ जहाँ पर लाल बकरियाँ घास चरें।”

उसने कविता को धीरे-धीरे पढ़ा और मुस्कराया, बोला, “जब मैं छोटा सा था, तबसे गुरु जी मुझसे यह खेल खेलते थे। वह मेरी गेंद या खिलौना छिपा देते थे, फिर मुझे एक कविता सुनाते थे और कहते थे कि इसके शब्दों में संकेत हैं कि वह कहाँ छुपा है। कई बार मुझे अपने खिलौने खोजने में दो-तीन दिन भी लग जाते थे। उस खेल की वजह से मुझे उनकी कविताओं के संकेत समझना आता है।"

त्री, आभा और ओरी मोरनाइगुड़ी में होटल में बैठे हैं। वह लोग सुबह नारायणपुर से वहाँ आये हैं। त्री ने सभी बच्चों को मजूली भेज दिया है। वह चाहता था कि आभा भी बच्चों के साथ मजूली चली जाये, लेकिन ताकानोरी नहीं माना, बोला, “तुम मेरे सामने हो कर भी अदृष्य हो सकते हो, मैंने तुम्हारी शक्ति का वह रूप देखा है। अगर तुम मुझे रास्ते में कहीं पर अकेला छोड कर गुम हो गये तो मैं क्या करूँगा? गारँटी के लिए आभा भी हमारे साथ चलेगी।"

जब त्री ने गुरु जी की कविता पढ़ी तो ओरी बोला, “तो बताओ कि हमें वह देवी मूर्ति लेने कहाँ जाना है?”

त्री बोला, “मैंने उस मूर्ति के बारे में एक बात तुमसे छिपायी है, पहले तुम्हें वह बात बतानी है। तुम तो जानते हो कि वह मूर्ति हरे जेड पत्थर की बनी थी? पाँच साल पहले जब गुरु जी यहाँ मजूली आये तो एक दिन वह मूर्ति गिर कर टूट गयी।"

ओरी गुस्सा हो गया, बोला, “इसका मतलब है कि तुमने मुझसे झूठ बोल कर वचन लिया है? तुमने तो कहा था कि तुम मुझे उस देवी मूर्ति तक ले कर जाओगे?”

“पहले मेरी पूरी बात सुनो, फिर गुस्सा होना। जब वह मूर्ति टूटी तो उसका एक बड़ा हिस्सा था, और कुछ छोटे टुकड़े थे। उसके हर टुकड़े में वही शक्ति थी। मैंने उसके छोटे से कण में भी उसकी शक्ति को महसूस किया है और वह उतनी ही प्रबल है जितनी कि मूल मूर्ति में थी। तब गुरु जी ने फैसला किया कि हर टुकड़े को एक नयी प्रतिमा में जोड़ देंगे। उन्होंने जो कविता लिखी है, वह उस नयी प्रतिमा तक पहुँचने का संकेत है जिसमें देवी मूर्ति का सबसे बड़ा टुकड़ा जुड़ा हुआ है, इसलिए वह भी शक्तिवाहिनी मूर्ति है।"

उसकी बात सुन कर ओरी ने कुछ देर सोचा, फिर बोला, “मुझे यह बात यामागुचि सान को बतानी पड़ेगी।"

उसने जापान में फोन किया और किसी से बात की, फिर थोड़ी तक फोन हाथ में लिए किसी और से बात करने की प्रतीक्षा की, लम्बे समय तक बात करने के बाद, आखिर में फोन बंद करके बोला, “यामागुचि सान कहते हैं कि अगर उस मूर्ति में शक्ति नहीं होगी तो वह तुम सबसे बदला लेंगे, तुम्हें छोड़ेंगे नहीं।"

त्री बोला, “तुम्हारे पास अन्वेषण-किरण की शक्ति है, तुम्हें मेरी बात पर विश्वास करने की आवश्यकता नहीं होगी, तुम खुद ही जाँच कर लेना कि उस नयी प्रतिमा में कितनी शक्ति है।"

“ठीक है, अब देर लगाने की आवश्यकता नहीं, बताओ हमें कहाँ जाना है?”

“पहले हमें गुरु जी की कविता के संकेत समझने होंगे और उसके लिए हमें इस क्षेत्र के नक्शे की आवश्यकता है। शायद मोबाइल पर जो नक्शा होता है, उससे काम हो जाये", त्री बोला।

“मेरे पास हिन्दुस्तान का बड़ा नक्शा है, जिसमें हर राज्य के सारे जिले और गाँवों को देख सकते हैं", ताकानोरी ने अपने बैग से एक टैबलेट निकाली, चालू की और उसमें आसाम का नक्शा निकाला, और उसे त्री की ओर बढ़ाते हुए बोला, “यहाँ पर मजूली के दक्षिण भाग का, जहाँ पर जून-मिन का वृद्धाश्रम है, उसका नक्शा है।"

आभा अभी तक चुपचाप उनकी बातें सुन रही थी। त्री ने उसे कहा, “गुरु जी की कविता की पहली पंक्ति दोबारा पढ़ो।"

“चन्द्र-वधु के चरण-कमल, तीन दशानन कोसे", आभा ने पढ़ा।

त्री सोचने लगा, फिर बोला, “शायद गुरु जी इसमें उस जगह की दूरी और दिशा की बात बता रहे हैं। दशानन यानि दस सिर वाला, यानि रावण, और तीन दशानन यानि तीस सिर वाला, और कोसे का मतलब कोस, तो शायद यह जगह गुरु जी के आश्रम से तीस कोस दूर है।"

आभा बोली, “यह कोस क्या होता है?”

त्री बोला, “पुराने ज़माने में दूरियाँ कोसों में मापी जाती थीं, तीस कोस का मतलब हुआ करीब साठ किलोमीटर। यानि यह जगह आश्रम से साठ किलोमीटर दूर है। पहला वाक्य है, चन्द्र-वधु के चरण-कमल, चन्द्र-वधु यानि चन्द्रमा की बहू, शायद वह चंद्रकाँति यानि माँ सरस्वती की बात कर रहे हैं? तारा माँ की मूर्ति के सबसे बड़े टुकड़े को माँ सरस्वती की मूर्ति में ही लगाया गया है। इसलिए मेरा ख्याल है कि गुरु जी, माँ सरस्वति के चरण-कमलों की बात कर रहे हैं। चरण-कमल किस दिशा में होते हैं?”

ओरी बोला, “सरस्वती? जापानी भाषा में उन्हें बेन्ज़ाइतेन कहते हैं, हम भी उन्हें ज्ञान और संगीत की देवी मानते हैं।"

“अगर देवी का मस्तक उत्तर में मानते है, तो चरण-कमल दक्षिण में हुए", आभा बोली।

“मजूली के दक्षिण में साठ किलोमीटर दूर क्या है?”, त्री ने नक्शे में देखा और बोला, “वहाँ पर काज़ीरंगा का आरक्षित सफारी-पार्क है। शायद हमने उस जगह को ठीक खोजा है, क्योंकि कविता की अंतिम पंक्ति में लाल बकरियों की बात है और काज़ीरंगा का मतलब भी लाल बकरी ही होता है।"

ओरी बोला, “तो क्या हमें पता चल गया कि वह कौन सी जगह है?”

त्री ने सिर हिला कर मना किया,  बोला, "अभी तो हमें केवल दिशा और क्षेत्र पता चले हैं, लेकिन काज़ीरंगा बहुत बड़ा है, और वह मूर्ति वहाँ पर किस जगह पर छिपी रखी है, अभी हम यह नहीं समझे। कविता की दूसरी पंक्ति पढ़ो।"

आभा बोली, “पद्मा की कमल-अँजुरी से बहता जल।”

त्री बोला, "पद्मा और कमल-अँजुरी तो लक्ष्मी की ओर संकेत लगते हैं। शायद वहाँ पर लखिमपुर या लखमीपुर जैसा कोई गाँव होगा?"

आभा बोली, “वह तो जँगली पशु-पक्षियों का संरक्षित क्षेत्र है, क्या वहाँ पर गाँव भी हैं?” 

त्री ने बताया, “पिछले कुछ दशकों में वहाँ पर बहुत सारे नये गाँव बस गये हैं, जिनकी वजह से जँगली जानवरों के लिए जगह कम हो गयी है। वहाँ कुछ जानवरों के चोर भी घूमते हैं जो उनकी तस्करी करते हैं। जैसे कि गैंडे के सींगों से चीन में पारम्परिक दवाईयाँ बनाते हैं, इसलिए उनकी बहुत माँग है और वहाँ के कुछ लोग गैंडों को मार कर उनके सींग काट कर उसकी तस्करी करते हैं।"

वह कुछ देर तक टैबलेट पर काज़ीरंगा के आसपास के क्षेत्र को ध्यान से देखता रहा, फिर बोला, “काज़ीरंगा के पश्चिम में लखमीपारा नाम का गाँव है, शायद गुरु जी की कविता उसकी बात कर रही है? हमें वहाँ जा कर पता करना चाहिये क्योंकि कविता की अगली पंक्तियों में विष्णु के शंख की और गुफाओं में शिव जी के डमरू की बातें हैं। शायद वहाँ के गाँव वाले इस बारे में कुछ बता सकते हैं।"

ओरी बोला, “फिर देर करने से क्या फायदा, हमें तुरंत उस जगह के लिए रवाना होना चाहिये।"

त्री ने कहा, “ज़रूरी नहीं कि हमें वह जगह आसानी से मिल जायेगी, छुपी जगहें खोजने में गुरु जी बहुत होशियार हैं, हो सकता है कि हमें वहाँ तीन-चार दिन लग जायें और किसी होटल में रहना पड़े।"

ओरी के माथे पर बल पड़ गये, बोला, “तुम जून-मिन के बारे में ऐसे बात करते हो मानो वह अभी जीवित हो, क्या उसने समाधी नहीं ली?”

त्री मुस्कराया, “मैं सालों तक गुरु जी से बहुत दूर रहा हूँ, लेकिन मैंने उन्हें हमेशा अपने साथ महसूस किया है। उनके समाधी लेने से भी इस बात में कुछ अंतर नहीं पड़ा, जब तक मैं हूँ, तब तक वह मेरे साथ हैं।"

उन्होंने दोपहर में बनपुराई घाट से काज़ीरंगा के पास देवपानी के लिए मोटरबोट ली और करीब चार बजे वहाँ पहुँचे। वहाँ एक लॉज में उनके लिए तीन कमरे बुक थे।

लॉज वाले सज्जन ने उन्हें बताया कि वहाँ से लखमीपारा जाने के लिए पगडँडी के रास्ते से पैदल जाना आसान है, बीस-पच्चीस मिनट में वहाँ पहुँच सकते हैं। उन्होंने कहा, "यह क्षेत्र काज़ीरंगा की परिधि के साथ लगा हुआ है, इसलिए यहाँ अक्सर जँगली जानवर भी आ जाते हैं, आप उस रास्ते पर ज़रा ध्यान से रहियेगा।"

त्री ने उनसे पूछा, “लखमीपारा के आसपास क्या विष्णु या कृष्ण या शंख से जुड़ा किसी जगह का नाम है?”

वह सज्जन कुछ देर तक सोचते रहे, फिर बोले, “लखमीपारा से काज़ीरंगा की ओर जायें तो वहाँ पर शंखासुर की पहाड़ी है। पुराणों में एक कहानी है कि एक दानव के पास एक महाशंख था, जिसकी वजह से सब उसे शंखासुर बुलाते थे। विष्णु ने उसे हरा कर वह महाशंख ले लिया और उस शंख को पंचजन्य का नाम दिया।"

ओरी पास में खड़ा उन्हें बातचीत करते हुए देख रहा था, उसने त्री से पूछा, “क्या पता चला?”

“लगता है कि हमारी किस्मत अच्छी है और हम सही जगह पर आये हैं। अभी कुछ देर में अँधेरा हो जायेगा इसलिए अभी शंखासुर पहाड़ी की ओर जाने का समय नहीं है, कल सुबह चलेंगे", त्री बोला, फिर उसने आभा से कहा, “कविता की वह शंख वाली पंक्ति फिर से पढ़ो।"

“विष्णु के शंख नाद से प्रज्जवलित अंबर के सप्त ऋषि।"

त्री सोचते हुए बोला, “इसमें आसमान पर सप्तऋषि मँडल की बात है, क्यों? उसका क्या अर्थ हुआ?"

ओरी को नहीं मालूम था कि सप्तऋषि क्या है, तो त्री ने उसे बताया, “यह एक कोन्स्टेलेशन यानि तारा-समूह है, पश्चिमी देशों में उसे कानिस मेजर या बिग बैरो कहते हैं।"

आभा बोली, "सप्तऋषि ध्रुव तारे की राह भी तो दिखाते हैं?"

ओरी ने पूछा, "कौन से तारे की?”

“ध्रव तारा, नोर्थ स्टार।"

“इस कविता में इस जगह पर ध्रुव तारे का क्या अर्थ बना?”

त्री ने सोचते हुए कहा, “शायद इसका अर्थ है कि जैसे सप्तऋषि आकाश में ध्रुव तारे की दिशा दिखाते हैं, वैसे ही शंखासुर की पहाड़ी हमें प्रतिमा की दिशा दिखायेगी।"

“नक्शे में देखते हैं", ओरी को अब इस खोज में आनन्द आने लगा था, उसने टेबलेट पर उस क्षेत्र के नक्शे को बड़ा किया और कुछ देर तक देखता रहा, फिर बोला, “यहाँ कहीं पर शंखासुर की पहाड़ी का नाम नहीं है।"

त्री बोला, “तुम चिंता नहीं करो, यह पारम्परिक नाम हैं, यह नाम अक्सर नक्शों पर नहीं दिखते क्योंकि हमारे आधुनिक नक्शे अंग्रेज़ों के समय बने थे और कई बार वह लोग हमारे पाराम्परिक नामों को महत्व नहीं देते थे। लेकिन यह जानकारी हमें गाँव वालों से मिल जायेगी।" 

*****

अगला अध्याय पढ़िये

***** 

 

सोमवार, अगस्त 17, 2026

देवी प्रतिमा के रक्षक - अध्याय 23

अब तक की कहानी:  ताकानोरी से बचने के लिए जामुन बाबा ने समाधी ले ली। ओरी उनकी एक मूर्ति चाहता है। बाबा की मदद करने, त्रिनेत्र पाँच गुप्त-शक्ति वाले बच्चों और आभा के साथ मजूली आया है। ताकानोरी आभा, वसंत और तृप्ति कर अपहरण कर लेता है। त्री उनके पीछे गार्गी के साथ नारायणपुर आता है और अदृश्य हो कर ताकानोरी के घर में घुस कर आभा और बच्चों से बात करता है। ओरी को जब यह समझ आती है तो वह आभा और बच्चों से पूछताछ करता है लेकिन उसके पैर में बिच्छु काट लेता है ... इसके आगे पढ़िये ... 


 

पहले अध्याय से पढ़िये - पिछला अध्याय पढ़िये

अध्याय 23

नारायणपुर, असम, 5 मार्च 2026, शाम 

ताकानोरी के घर से जाने से पहले, त्री ने बाहर से उसका पूरा चक्कर लगाया। देखा कि रसोई का एक दरवाज़ा पीछे भी है जो खुला हुआ है, यानि ज़रूरत पड़ने पर वह वहाँ से भी घर में घुस सकता है।

घर की पिछली चारदीवारी के बाहर उसे एक कटहल का पेड़ देखा जिसकी कुछ शाखाएँ घर के भीतर तक आ रही थीं। वह उसकी एक शाखा पर चढ़ कर बाहर आ गया और वहाँ से नामघर के तालाब के पास लौट आया जहाँ गार्गी उसकी प्रतीक्षा कर रही थी। उसे कुछ भी कहने-बताने की आवश्यकता नहीं थी क्योंकि सारा समय गार्गी उसके दिमाग से जुड़ी हुई थी और उसने उसकी हर बात सुनी थी।

उसने त्री को बताया, “दादा, जब तुम वहाँ से निकल आये तो ताकानोरी उनके कमरे में गया और वह आभा दीदी, वसंत और तृप्ति को ऊपर ले गया है, और इस समय उनसे बातें कर रहा है।" उसने उनकी बातचीत के बारे में बताया और जब कहा कि कैसे बिच्छु ने ताकानोरी के पैर को काटा तो वह दोनों भी बहुत हँसे।

वह बोली, “वह कहता है कि जापान में यामागुचि सान ने उसे केवल वह मूर्ति लाने के लिए कहा है। यानि अगर उन्हें वह मिल जायेगी तो वह गुरु जी का और हमारा पीछा छोड़ देंगे। वह कौन सी मूर्ति है और वह कैसे पहचानेगा कि वो वही असली मूर्ति है? अगर हम उसे गुरु जी की मूर्ति की जगह कोई और मूर्ति दे दें तो?”

त्री बोला, “आज हमें पता चला है कि ताकानोरी देखने में पहलवान है, वह आमने-सामने की लड़ाई में और तलवारबाज़ी में अवश्य निपुण होगा, लेकिन उसकी कुछ कमज़ोरियाँ भी हैं। उसके पहरेदार यहाँ के स्थानीय लोग हैं, जिन्हें हम आसानी से उल्लू बना सकते हैं। और अगर हम सब मिल कर उस पर हमला करें तो वह हमारा सामना नहीं कर सकता, हम उसे आसानी से हरा सकते हैं।"

गार्गी बोली, “दादा, अगर ऐसा है तो हम उससे क्यों डर रहे हैं, उसे यहाँ से भगा क्यों नहीं देते?”

“इसके दो कारण हैं। पहला कि वह लोग गुरु जी का कई दशकों से पीछा कर रहे हैं, वह उस मूर्ति को किसी भी कीमत पर पाना चाहते हैं। अगर ताकानोरी यहाँ से खाली हाथ लौटेगा, तो वह उसकी जगह किसी और को भेज देंगे, यह बात यहीं पर समाप्त नहीं होगी। दूसरी बात है कि ताकानोरी मुझे अच्छा व्यक्ति लगता है और वह हमारा शक्तिवान भाई भी है। नियति ने उसे याकूज़ा-गुँडा बना दिया है, क्योंकि दुर्भाग्य से वह यामागुचि के चँगुल में आ गया था, लेकिन वह दिल का बुरा नहीं है। जापानी यौद्धाओं के लिए आत्मसम्मान सबसे अधिक महत्वपूर्ण होता है, उसे हरा कर खाली हाथ वापस भेजना सही नहीं होगा", त्री ने समझाया।

“तो हम क्या करेंगे?”

“हमें कोई ऐसा उपाय खोजना है कि साँप भी मर जाये और लाठी भी नहीं टूटे।"

“यानि कि गुरु जी की मूर्ति भी बच जाये और ताकानोरी हमारा पीछा छोड कर जापान लौट जाये?”

"यही नहीं, हमें यह भी करना है कि यामागुचि सान सोचे कि उसे सफलता मिली है और वह गुरु जी का पीछा छोड़ दे। चलो, अब हम मोरनाइगुड़ी वापस चलते हैं। तुम रंगनाथ को सूचित कर दो कि यहाँ सब ठीक है और हम वापस आ रहे हैं।"

वापस लौटते समय, रास्ते भर त्री सोचता रहा कि आगे क्या और कैसे करे। मोरनाइगुड़ी पहुँच कर उसने सबको पास बिठा कर अपना प्लैन बताया और उनकी राय पूछी। कुछ देर तक उनमें बहस हुई फिर सब मान गये।

त्री ने तुरंत ओरी को फोन किया, बोला, “मैं त्रिनेत्र बोल रहा हूँ, आज शाम को आप से मिलना चाहता हूँ, क्या पाँच बजे का समय आप के लिए ठीक रहेगा?”

ओरी को उससे यह अपेक्षा नहीं थी, वह कुछ क्षण तक बोल नहीं पाया, फिर कहा, “हाँ, पाँच बजे मैं आप की प्रतीक्षा करूँगा।"

शाम को फिर से उसके साथ गार्गी भी नारायणपुर गयी, और सुबह की तरह, वह नामघर के तालाब के पास बैठ गयी। उसने तुरंत वसंत से सम्पर्क किया और बताया कि वह लोग वहाँ आ गये हैं और बाहर हैं।

त्री ताकानोरी के घर गया और चौकीदार से बोला कि उसे उनके जापानी साहब से मिलना है। चौकीदार को मालूम था कि वह आयेगा, वह उसे तुरंत ओरी के कमरे में ले गया। ओरी ने उसे बैठाया और चौकीदार से चाय भिजवाने के लिए कहा।

थोड़ी देर तक ओरी उसे चुपचाप देखता रहा। दोनों करीब तीस साल के थे, और उनकी कुछ बातें मिलती थीं जैसे कि गम्भीर चेहरे, छोटे कटे सिर के बाल और लम्बे कद। ओरी उससे करीब दो इँच अधिक लम्बा है, उसका शरीर अधिक भारी है और वह गुदवाये टैटू से भरा हुआ है। त्री श्याम वर्ण का है, और ओरी गोरा।

चौकीदार हरी चाय ले कर आया तो ओरी ने उससे केतली ले ली और उसे भेज दिया, फिर उसे प्यालों में उड़ेला और एक प्याला उसकी ओर बढ़ाया। त्री ने गुरु जी के साथ कई बार हरी चाय पी थी, इसलिए वह उसके लिए नयी नहीं थी, हालाँकि उसे सामान्य दूध वाली भारतीय चाय ज्यादा अच्छी लगती है। दोनों ने चुपचाप चाय पी, फिर मुँह को नेपकिन से पोंछ कर ओरी बोला, “मैं ओकानो गैन्ज़ो ताकानोरी, मेरे घर में आप का स्वागत है।"

“मैं त्रिनेत्र, स्वागत के लिए धन्यवाद। अब हम काम की बात कर सकते हैं?”

ओरी के चेहरे पर एक हलकी सी मुस्कान कौंधी, बोला, “मैं जून-मिन की विशेष मूर्ति की खोज में आया हूँ।"

त्री ने सिर हिला कर हामी भरी, बोला, “मुझे मालूम है, और हम उसकी बात भी करेंगे, लेकिन उससे पहले मैं कुछ अन्य बातें साफ करना चाहता हूँ।"

ओरी ने धीरे से सिर हिलाया, कुछ नहीं बोला।

त्री बोला, “सबसे पहली बात है कि हमें आप से किसी तरह का डर नहीं है, अगर मैं चाहता तो आप से मिले बिना यहाँ से आभा, वसंत और तृप्ति को ले गया होता, इसलिए मैं आप के पास किसी डर की वजह से नहीं आया।"

ओरी मुस्कराया बोला, “मैं भिन्न तरह के अस्त्र-शस्त्रों की लड़ाई में माहिर हूँ, अगर हम सीधा लड़ें तो मैं दो मिनट में आप को मार सकता हूँ। लेकिन मैं जानता हूँ कि आप के पास विभिन्न शक्तियों वाले यौद्धा हैं, जिनके सामने मेरी लड़ाई की क्षमता का कुछ महत्व नहीं है। उन्हीं के कारण आज सुबह से मेरे पैर में सूजन और दर्द थे, जो अभी भी पूरी तरह से ठीक नहीं हुए हैं। लेकिन मेरे पास एक और छुपा हुआ अस्त्र है, कि मुझे अपने जीने-मरने की परवाह नहीं है, मैं चाहूँ तो इस पूरे घर को आग लगवा सकता हूँ जिसमें मेरे साथ आप और इस घर में बँधक आप के साथी, सब मर सकते हैं और आप की शक्तियाँ आप को बचा नहीं पायेंगी।"

त्री भी मुस्कराया, बोला, “आप को पक्का यकीन है कि आप इस घर में आग लगवा पायेंगे?”

“कौन रोकेगा मुझे?”

त्री बोला, “अच्छा तो आप अपने चौकीदार को बुला कर दिखाईये।"

गार्गी जो उनकी बातें सुन रही थी, उसने तुरंत ताकानोरी के दिमाग को अजगर-पाश में बाँध दिया। ओरी को लगा मानो उसके शरीर को लकवा मार गया हो, न  उसके मुँह से आवाज़ निकल रही थी, न ही वह हाथ या पाँव हिला पा रहा था। एक-दो लम्बे मिनट ऐसे ही गुज़रे, उसके बाद गार्गी ने अजगर-पाश को खोल दिया।

त्री मुस्करा कर बोला, “आप के घर में आ कर, आप के साथ इस तरह की हरकत करने के लिए मुझे क्षमा कीजिये, लेकिन अब आप समझ गये होंगे कि मैं किसी डर की वजह से आप से बात करने नहीं आया। मैं आप को शक्तिवाहिनी माँ तारा की देवी मूर्ति तक ले जाने के लिए तैयार हूँ, लेकिन उससे पहले मुझे आप का एक वचन चाहिये। अगर आप मेरी इस शर्त को मानने के लिए तैयार हैं तब हम आगे बात करेंगे, वरना मैं अभी यहाँ से चला जाऊँगा।"

ओरी का चेहरा फीका पड़ गया, बोला, “कैसा वचन?”

“कि उस मूर्ति को पाने के बाद, आप और आप के बॉस यामागुचि सान, मेरे गुरु जी जून-मिन और हमें भूल जायेंगे और दोबारा उनका या हमारा पीछा नहीं करेंगे।"

ओरी ने एक क्षण सोचा, बोला, “मैं स्वयं क्या करूँगा उसका मैं आप को वचन दे सकता हूँ, लेकिन यामागुचि सान भविष्य में क्या करेंगे, यह वचन मैं कैसे दे सकता हूँ?”

“अगर आप मुझे यह वचन नहीं दे सकते तो मैं आप को वह प्रतिमा भी नहीं दे सकता।"

ओरी थोड़ी देर तक सोचता रहा, फिर बोला, “मैं वचन दे सकता हूँ कि शक्तिवाहिनी देवी प्रतिमा को यामागुचि सान को दे कर मैं उनसे कहूँगा कि जून-मिन अब नहीं है, वह ज़मीन के गर्भ में दफन हो चुका है। यह जान कर वह उसका पीछा नहीं करेगा। मैं यह वचन भी दे सकता हूँ कि अगर यामागुचि सान के गैंग ने दोबारा तुम लोगों पर हमला करने की कोई कोशिश की, तो मैं तुम्हारे साथ उनसे लड़ूँगा।"

त्री ने सोचा, बोला, “ठीक है, मुझे तुम्हारा यह वचन स्वीकार है। अब तुम आभा, वसंत और तृप्ति को जाने दो। मैं तुम्हें वचन देता हूँ कि तुम्हें शक्तिवाहिनी देवी प्रतिमा तक ले कर जाऊँगा।"

*****

अगला अध्याय पढ़िये

***** 

गुरुवार, अगस्त 13, 2026

देवी प्रतिमा के रक्षक - अध्याय 22

अब तक की कहानी:  ताकानोरी जामुन बाबा की मूर्ति चाहता है। उससे बचने के लिए बाबा समाधी ले लेते हैं। बाबा का शिष्य त्रिनेत्र पाँच गुप्त-शक्ति वाले बच्चों और आभा के साथ मजूली पहुँचा है। ताकानोरी आभा, वसंत और तृप्ति को उठा कर नारायणपुर ले जाता है और उन तीनों को एक कमरे में बंद कर देता है। त्री उनके पीछे गार्गी के साथ नारायणपुर आता है और अदृश्य हो कर ताकानोरी के घर में घुस कर आभा और बच्चों से बात करता है ... इसके आगे पढ़िये ... 

पहले अध्याय से पढ़िये - पिछला अध्याय पढ़िये

  अध्याय 22

नारायणपुर, असम, 5 मार्च 2026

 त्री कमरे से निकल रहा था जब उसे सीढ़ियों से किसी के आने की आहट हुई। गार्गी ने तुरंत उसकी शक्ति-लहर को ढक दिया। उसने केवल दरवाजे को बंद किया, उसकी कुँडी बंद नहीं की और सीढ़ियों के नीचे खड़ा हो गया।

ताकानोरी सीढ़ियों से नीचे आ रहा था। हालाँकि त्री ने बिल्कुल भी आवाज़ नहीं की थी, लेकिन ताकानोरी की श्रवण शक्ति अच्छी थी, उसे लगा कि नीचे कोई है, लेकिन वहाँ कोई नहीं दिखा। वह त्री के साथ से गुज़रा लेकिन उसे नहीं देख पाया। जब उसने आभा के कमरे का कुँडा बाहर से खुला देखा तो वह चौंक गया, उसने सोचा कि कोई उसके बंदियों को निकाल कर ले गया है। उसने तुरंत अपनी अन्वेषण-किरण से जाँचा और देखा कि कमरे के तीन लोगों की शक्ति-लहर थी तो वह कुछ शाँत हुआ।

वह द्वार की ओर आया तो दोनों पहरेदारों ने तुरंत ताश के पत्तों को समेट कर जेब में डाल लिया और खड़े हो गये।

"यहाँ पर कोई बाहर से आया था?”, उसने पूछा।

“नहीं सर", दोनों पहरेदारों ने एक साथ उत्तर दिया।

उसने अपनी पीठ से बँधी तलवार को म्यान से निकाला और इशारे से दोनों पहरेदारों को पास बुलाया, और आभा के कमरे की ओर ले गया, बोला, “यह दरवाज़ा बंद क्यों नहीं है?”

एक पहरेदार हकलाते हुए बोला, “सर, मैं .. मैं.. हमने यह.. बंद क..क..किया …”

“तुमने तो कहा कि कोई भीतर नहीं आया, तो क्या यह कुँडा अपने आप खुल गया?”

दोनों आदमी चुप हो गये।

"इसे तुरंत बंद करो", कह कर वह द्वार के पास आया और वहाँ रखी कुर्सी पर बैठ गया। कुछ क्षण बाद, कुँडा बंद करके जब दोनों पहरेदार लौटे तो वह बोला, “तुम अपने बायें हाथों को यहाँ मेज़ पर रखो। यह तुम्हारी पहली गलती है, इसलिए आज तुम्हें छोटी सजा दूँगा। लेकिन अगर ऐसी गलती दोबारा की, तो पूरी उँगली काट दूँगा, समझे?”

उसने हाथ में तलवार ऊपर उठायी तो वह दोनों समझ गये कि उन्हें कुछ गम्भीर सजा मिलने वाली है।

दोनों आदमी काँप रहे थे, लेकिन उन्होंने अपने हाथ मेज़ पर नहीं रखे। ताकानोरी उन्हें एक मिनट तक चुपचाप देखता रहा और फिर उन्हें आँखों से मुख्य द्वार से बाहर जाने का इशारा किया। दोनों आदमी चुपचाप बाहर चले गये, तब ताकानोरी ने लम्बी साँस ली और धीरे से सिर हिलाया, बोला, “यहाँ के गुँडे तो बहुत डरपोक हैं, यह जाने बिना कि सज़ा क्या होगी, पत्ते की तरह काँप रहे थे।"

उन आदमियों ने बाहर जाते समय दरवाज़ा खुला छोड़ दिया था, उनके पीछे से त्री भी बाहर निकल गया। जब वह उसके सामने से गुज़रा तो शायद एक क्षण के लिए ताकानोरी को हवा में कुछ कम्पन सा महसूस हुआ, बोला, “कौन है? कौन जा रहा है?”

त्री ने उसे कुछ उत्तर नहीं दिया लेकिन वह वहाँ से गया नहीं, दरवाज़े के बाहर, झाड़ियों के पास उनमें घुलमिल कर खड़ा हो गया। वह देखना चाहता है कि ताकानोरी अब क्या करेगा।

ताकानोरी उठ कर दरवाज़े तक आया। उसके दोनों पहरेदार, गेट के चौकीदारों को अपनी बात बता रहे थे, उसे दरवाज़े पर खड़ा देखा तो चुप हो गये और गेट खोल कर बाहर चले गये। ओरी ने आसपास ध्यान से देखा लेकिन त्री को नहीं देख पाया। गेट से प्रौढ़ वाला चौकीदार उठ कर उसके पास आया, बोला, “साहब जी, क्या हुआ? किसे खोज रहे हैं? क्या कोई भाग गया है?”

ओरी ने सिर हिला कर मना किया, कुछ बोला नहीं, फिर भीतर आ कर दरवाज़े को बंद कर दिया। उसने सोचा कि अब उसे दो-तीन नये पहरेदार खोजने पड़ेंगे, लेकिन वह इन लोगों पर पूरा भरोसा नहीं कर सकता। यह लोग सामान्य गुँडे हैं, इन्हें ठीक से काम करना नहीं आता और यह डरपोक हैं। जब तक उसे सही व्यक्ति नहीं मिलेंगे, तब तक उसे खुद ही अपने घर की सारी पहरेदारी देखनी पड़ेगी।

फिर उसने आभा के कमरे का दरवाज़ा खोला और उन तीनों को बुला कर, उन्हें ऊपर अपने कमरे में ले कर गया।
सीढ़ियाँ चढ़ते हुए आभा ने पूछा, “क्या हुआ? तुम कुछ परेशान से लग रहे हो?”

ताकानोरी को आश्चर्य हुआ कि वह उसकी परेशानी को भाँप गयी है, हालाँकि वह अपने चेहरे और आवाज़ को निर्विकार रखने में बहुत कुशल है। उसके मन की परेशानी उसके चेहरे से कोई समझ नहीं पाता। उस समय वह कुछ नहीं बोला।

अपने कमरे में जा कर उसने उन्हें बैठने के लिए कहा, फिर बोला, “आज त्रिनेत्र तुमसे मिलने आया था और अभी कुछ देर पहले ही यहाँ से गया है।"

आभा हँसी, बोली, “अरे, हमें तो पता ही नहीं चला कि वह कब आया और कब गया, क्या तुमने उसे देखा?”

वसंत और तृप्ति कुछ नहीं बोले।

“तुम झूठ बोल रही हो", उसने कठोर स्वर में कहा, फिर वसंत से पूछा, “वह यहाँ कैसे घुसा? क्या उसके पास अदृष्य होने की शक्ति है?”

वसंत ने भोला चेहरा बना कर कहा, “त्री दादा? कहाँ हैं वह?”

“ठीक है, मैं अभी तुम्हें दिखाता हूँ", उसने अपनी आँखें बंद कीं और अपनी शक्ति को जगा कर, उसे तृप्ति के मस्तिष्क में घुसा दिया।

छोटी सी तृप्ति चीख उठी। उसने उसे भीतर घुसने से रोका और अपने मस्तिष्क के पटों को बंद करने की कोशिश की। हालाँकि ओरी की शक्ति अधिक तीव्र नहीं है, लेकिन उस बच्ची के लिए वह काफ़ी थी। तृप्ति दर्द से छटपटाई तो मेज़ के पास रखी ओरी की तलवार, म्यान से निकल कर, हवा में ऊपर उठी और फिर छपाक से उसके पलंग के बीच में जा कर ऐसे गड़ी कि अगर उस समय वहाँ कोई  लेटा होता तो अवश्य मर जाता।

आभा ने बच्ची की यातना देखी तो वह भी चिल्लाई, “तृप्ति को छोड़ो, बच्ची के साथ ऐसा मत करो।"

लेकिन तब तक ओरी ने तृप्ति के मानस-पटल में त्रिनेत्र के कमरे में घुसने और बच्ची को गले लगाने की छवि को देख लिया था। वह  जानना चाहता है कि त्रिनेत्र वहाँ कैसे आया और उसने उन्हें क्या कहा है?

तृप्ति, वसंत और आभा तीनों चिल्ला रहे थे, लेकिन ओरी अपनी जगह पर स्थिर बैठा ध्यान में लीन था और तृप्ति के मानस-पटल की स्मृतियों को जाँच रहा था।

अचानक कमरे के कोनों से, दरवाज़े के नीचे से, बाहर बालकनी से, कीड़े, मकोड़े, बिच्छु, आदि निकल कर बाहर आने लगे। हालाँकि वह कमरा पहली मज़िल पर है, फिर भी आभा की शक्ति की पुकार इतनी प्रबल थी कि बहुत सारे जीव-जन्तु बाहर बाग से और घर के निचले भाग से निकल कर दीवारों और सीढ़ियों से ऊपर आ रहे थे। बालकनी से एक हरे रंग का साँप भी कमरे में घुसा। उन सब जीव-जन्तुओं को देख कर वह तीनों चुप हो गये लेकिन ओरी का ध्यान नहीं टूटा। उसकी तंद्रा तब टूटी जब एक बिच्छु ने उसके पैर पर काटा।

तब उसने आँखें खोलीं और अपने आसपास फर्श पर घूमते उन  जीव-जन्तुओं को देखा तो वह कूद कर अपने बिस्तर पर चढ़ गया। तब उसे बिस्तर के बीच में गड़ी हुई अपनी तलवार दिखाई दी, तो वह और घबराया। उसके चेहरे के डरे हुए भाव को देख कर तृप्ति हँसने लगी। उसकी हँसी से आभा की पीड़ा-तंद्रा टूटी और वह जीव-जन्तु जहाँ थे वहीं रुक गये, फिर धीरे-धीरे जिधर से आये थे, उसी ओर लौटने लगे।

तब तक ओरी का पैर जहाँ बिच्छु ने काटा था, वह लाल हो कर फूलने लगा।

“किसने काटा मेरे पैर पर? क्या मुझे जहरीले साँप ने काटा है?”, उसने घबरा कर पूछा।

वसंत बोला, “नहीं, तुम्हें साँप ने नहीं, छोटे से बिच्छु ने काटा है। वैसे भी वह हरा साँप जहरीला नहीं था, वह तो केवल चूहे खाता है।"

“पर यह सूज रहा है, देखो कितना फूल गया है", ओरी ने अपने पैर की ओर इशारा किया।

आभा बोली, “इस पैर को अच्छी तरह से साबुन और ठंडे पानी से धो लो। कुछ घंटों में यह ठीक हो जायेगा, और दर्द अधिक हो तो ब्रूफैन की गोली ले लो।"

लंगड़ाता हुआ ओरी गुसलखाने में गया, तृप्ति और वसंत भी उसके साथ गये और उसका पाँव धोने में उसकी मदद की। वसंत उसकी बाहों, हाथों और पैरों पर गुदे हुए रंग-बिरंगे टैटू देख कर मुग्ध हो गया, बोला, “आप के यह टैटू बहुत सुंदर हैं, बड़ा हो कर मैं भी अपने शरीर पर ऐसे ही बनवाऊँगा।"

ओरी ने सूजन और दर्द घटाने के लिए एक गोली खाई और फिर लंगड़ाता हुआ बाहर निकल आया और कुर्सी पर बैठ गया।

तब तृप्ति ने उसे कहा, “त्री दादा कह रहे थे कि अगर आप हमें छोड दोगे तो कल या परसों वह आप से मिलने आयेंगे। वह पूछ रहे थे कि मूर्ति के अतिरिक्त आप को और क्या चाहिये? अगर आप को वह मूर्ति मिल जायेगी तो क्या आप हमारा पीछा छोड़ देंगे?”

ओरी ने आभा की ओर देखा, बोला, “तुम्हारी शक्ति तो बहुत खतरनाक है।"

वह बोली, “यह मेरे बस में नहीं है, लगता है कि जब मैं उत्तेजित होती हूँ तो यह अपने आप जागृत हो जाती है। तुम अगर मुझे परेशान नहीं करोगे तो तुम्हें डरने की कोई बात नहीं है।"

“और वह मेरी तलवार, अपनी म्यान से निकल कर वह बिस्तर पर कैसे आयी, यह किसका काम था?”

तृप्ति बोली, “दीदी की तरह, मेरी शक्ति भी मेरे बस में नहीं है। तुम मेरे दिमाग में घुसे, इसलिए वह तलवार अपने आप हवा में चल पड़ी। अगर तुम रुकते नहीं तो शायद वह बिस्तर से निकल कर तुम्हारी छाती में भी घुस सकती थी।"

“लेकिन जब मैं तुम्हारे दिमाग में झाँक कर तुम्हारी स्मृतियों को देखने की कोशिश कर रहा था, तो क्या तुम्हें दर्द हो रहा था?”

“नहीं, दर्द नहीं हो रहा था", तृप्ति बोली, “लेकिन तुम्हें ठीक तरह से मन में देखना नहीं आता। तुम झटके से और ज़ोर लगा कर घुसे तो मुझे बहुत बुरा लगा। मेरी गार्गी दीदी बहुत प्यार से और धीरे-धीरे मन में झाँकती है, तुम्हें भी उससे वैसा ही सीखना चाहिये।"

ओरी उसकी बात सुन कर चुप हो गया। कुछ देर बाद बोला, “क्या तुम सच कह रही हो कि त्रिनेत्र आपने आप मुझसे मिलने आयेगा? क्यों? क्या वह उस मूर्ति को नहीं रखना चाहता?”

इस बार आभा बोली, “उसने हमें मूर्ति के बारे में कुछ विशेष नहीं बताया, हमें केवल इतना पता है कि पिछले चालिस-पचास सालों से तुम्हारे बॉस उस मूर्ति के लिए त्री के गुरु जी का पीछा कर रहे हैं। त्री यह जानना चाहता है कि तुम्हें उस मूर्ति के अतिरिक्त और क्या चाहिये?”

ओरी कुछ देर तक उसे देखता रहा, फिर बोला, “मुझे यामागुचि सान ने मूर्ति लाने का काम सौंपा है, कहता था कि इसके लिए अगर मुझे तुम्हारे गुरु को जान से भी मारना पड़े तो मैं उसे मार दूँ। बस, और कोई आदेश नहीं दिया है। लेकिन तुम्हारे गुरु ने तो मुझसे मिले बिना ही समाधी ले ली है, इसलिए अब मुझे उसकी चिंता नहीं है, अब मुझे केवल वह मूर्ति चाहिये, और कुछ भी नहीं।"

वसंत बोला, “तुम हमे वचन दो कि अगर तुम्हें वह मूर्ति मिल जायेगी तो तुम हमारा पीछा छोड़ दोगे और भविष्य में हमे नुक्सान पहुँचाने की दोबारा कोशिश नहीं करोगे।"

ओरी बोला, “मैं वचन देता हूँ कि मुझे वह मूर्ति मिल जायेगी तो मैं तुम लोगों को और कोई कष्ट नहीं दूँगा।"

तब आभा ने कहा, “मैं तुम्हारा संदेश त्री तक पहुँचा दूँगी। वह तुम्हें बतायेगा कि तुमसे कब और कहाँ मिलेगा।"

*****

अगला अध्याय पढ़िये

***** 

सोमवार, अगस्त 10, 2026

देवी प्रतिमा के रक्षक - अध्याय 21

अब तक की कहानी:  ताकानोरी जामुन बाबा की मूर्ति चाहता है। उससे बचने के लिए बाबा समाधी ले लेते हैं। बाबा का शिष्य त्रिनेत्र पाँच गुप्त-शक्ति वाले बच्चों और आभा के साथ मजूली पहुँचा है। ताकानोरी आभा, वसंत और तृप्ति को उठा कर नारायणपुर ले जाता है और उन तीनों को एक कमरे में बंद कर देता है। त्री को यह सब खबर मिल चुकी है, अपने साथियों से बात करने वह आ रहा है ... इसके आगे पढ़िये ...

पहले अध्याय से पढ़िये - पिछला अध्याय पढ़िये


 अध्याय 21

नारायणपुर, असम, 5 मार्च 2026

आभा समझ गई है कि जब वसंत पेड़ों-पौधों के पास खड़ा हो कर उनसे बातें करता है तो ताकानोरी उसकी शक्ति को नहीं देख पाता। कमरे में लौट कर उसने वसंत से कहा कि वह बेधड़क हो कर त्री, रंगनाथ और गार्गी से बात कर सकता है। इस तरह से उसने गार्गी को बताया कि वह लोग नारायणपुर में बंदी हैं। गार्गी ने यह बात त्री को बतायी तो वह बोला, “उनसे कहो कि कल हम वहाँ तुमसे मिलने आयेंगे।" 

अन्वेषण-किरण का प्रयोग करने के लिए ताकानोरी को ध्यान लगाना पड़ता है और थोड़ी देर के बाद वह थक जाता है तो उसे अपनी खोज बंद करनी पड़ती है। वह दिन में केवल तीन-चार बार अन्वेषण-किरण का प्रयोग कर सकता है, बाकी समय में वह उन पर निगरानी नहीं रख पाता।

ताकानोरी के गुँडे उनके कमरे में घुसने से डरते हैं क्योंकि जब वह वसंत और तृप्ति के लिए ट्रे में खाना ले कर कमरे में गये थे तो तृप्ति की शक्ति से स्टील की प्लेटें और चम्मच हवा में उड़ने लगे थे, इसलिए उन्हें लगा कि उस कमरे में भूत हैं।

अगले दिन सुबह, त्री, रंगनाथ, गार्गी और माधव नाव में नारायणपुर के पास के छोटे से शहर मोरनाइगुड़ी में आये और वहाँ एक छोटे से होटल में एक दिन के लिए एक कमरा लिया। रंगनाथ और माधव को होटल में छोड़ कर, त्री और गार्गी ने नारायणपुर के लिए टैक्सी ली।

रास्ते में गार्गी ने वसंत से सीधा सम्पर्क बना कर उससे सारी जानकारी ली और उसे कहा, “हम लोग आज सुबह नारायणपुर आयेंगे और त्री दादा अदृश्य हो कर ताकानोरी के घर में घुसेंगे। अगर तुम्हें महसूस हो कि दादा वहाँ हैं तो होशियार रहना, कुछ नहीं बोलना या करना जिससे उन्हें शक हो कि वह वहाँ हैं। यह बात आभा दीदी और तृप्ति को भी समझा देना।"

जब उनकी टैक्सी ताकानोरी के घर के पास पहुँची तो गार्गी ने अपनी और त्री की शक्तियों को ढक लिया। ताकानोरी के घर से कुछ पहले दोनों टैक्सी से उतर गये और आगे पैदल गये। बाकी घरों के मुकाबले में वह घर बड़ा था, उसे पहचानने में मुश्किल नहीं हुई। उसके घर के दूसरी ओर, बादल सत्र का नामघर था जिसके पास एक तालाब था। नामघर से हो कर, त्री और गार्गी तालाब के पास जा कर बैठ गये।

गार्गी बोली, "दादा, यहाँ से ताकानोरी का घर दूर नहीं है, मैं यहाँ बैठ कर आप की शक्ति को ढक लूँगी, आप अदृश्य हो कर उसके घर में घुस सकते हो।"

जिस समय त्री और गार्गी नामघर के तालाब के पास बैठे, उस समय ताकानोरी ने आभा को फिर से अपने कमरे में बुलाया और उससे पूछा, “क्या तुम लोगों ने त्रिनेत्र को खबर दे दी है कि तुम तीनों अब मेरे बंदी हो?”

आभा ने धीरे से सिर हिला कर हामी भरी।

"तुम लोगों ने उससे कैसे सम्पर्क किया?”, रात को ताकानोरी ने देर से वेबकैम और अपनी अन्वेषण-किरण से उनके कमरे पर निगरानी रखी थी लेकिन उसने वहाँ से किसी को बात करते हुए या वहाँ से गुप्त-शक्ति की लहर को निकलते या आते हुए महसूस नहीं किया था।

आभा मुस्करायी, बोली, “मुझे अपनी शक्ति नियंत्रित करनी नहीं आती और शक्ति के माध्यम से बातचीत करने का मेरा अनुभव कम है, इसलिए मैं आप को इस बात को ठीक से नहीं समझा सकती। जहाँ तक मुझे मालूम है, यह सम्पर्क हमने नहीं किया बल्कि त्री ने हमारे साथ किया था, लेकिन उसने मुझसे बात नहीं की, केवल बच्चों से की। उसे वसंत और तृप्ति की आधिक चिंता है, मैं तो उसके लिए अजनबी जैसी हूँ।"

“इसका मतलब है कि वह बीस-तीस किलोमीटर की दूरी से भी बच्चों से सम्पर्क कर सकता है?”

आभा ने कँधे उचका दिये, बोली, "मैंने कहा न कि मुझे यह सब नहीं मालूम", फिर उससे पूछा, “जब तुम्हें वह गुप्त शक्ति वाली मूर्ति मिल जायेगी तो क्या तुम त्रिनेत्र को और हमें मार दोगे?”

“तुम्हें मारने की बात मैंने कब की?”, ओरी ने पूछा।

"कल शाम को तुम मुझे धमकी दे रहे थे कि त्रिनेत्र से कहना कि अगर वह तुम्हें वह मूर्ति नहीं देगा तो तुम हम तीनों को मार दोगे?", आभा बोली।

ओरी उसे थोड़ी देर तक देखता रहा, फिर बोला, “मूर्ति को पाने के लिए मैं कुछ भी कर सकता हैं, तुम्हें और बच्चों को मार भी सकता हूँ। लेकिन मैं समुराई योद्धा हूँ, बिना कारण मैं औरतों और बच्चों को नहीं मारता।"

आभा उसके सामने जा कर बैठ गयी, “तुमसे एक प्रश्न पूछ सकती हूँ? अपनी शक्ति के बारे में कुछ बताओ कि वह कब और कैसे विकसित हुई?”

ओरी जानता है कि इस काम में यह युवती उसके दुश्मन की साथी है और उसे अपने बारे में बताना ठीक नहीं होगा। दूसरी ओर, बचपन से उसके मन में अपनी शक्ति के बारे में प्रश्न उठते रहे हैं, लेकिन आज तक उसे ऐसा कोई नहीं मिला है जिससे वह यह बातें कर सके। उसने सोचा कि वह उसे अपनी गुप्त शक्ति के बारे में कुछ नहीं बतायेगा लेकिन वह इस विषय पर वह दोनों सामान्य बातें कर सकते हैं।

यह सोच कर वह धीरे से बोला, “जिस तरह से तुम सब शक्ति वाले लोग, एक साथ रहते हो और एक साथ शक्ति साधने का अभ्यास करते हो, मुझे वैसा मौका नहीं मिला। मेरे पिता यामागुचि सान के लिए काम करते थे। जब मैं बच्चा था तब मेरे पिता की मृत्यु हो गयी थी। यामागुचि सान में भी शायद कुछ शक्ति थी और उन्होंने मेरी शक्ति को पहचाना। उन्होंने मुझे लड़ना और शस्त्र चलाना आदि सिखाने के लिए गुरु रखे, और बड़ा हो कर मैं उनके साथ काम करने लगा। बचपन से ही मैं उनका रक्षक था, उन्हें दुश्मनों से बचाता था। अब वह बहुत बूढ़े हो गये हैं, आजकल उनका पोता रिकू यामागुचि उनके धँधे का मालिक है।"

“गुँडागर्दी, मार-पिटाई और मासूम लोगों का खून करना, वह सब तुम्हें किसने सिखाया?”

आभा का प्रश्न ताकानोरी पर वज्र जैसे गिरा, वह चुप हो गया। फिर उसने अपने आदमी को बुलाया और आभा को नीचे ले जाने के लिए कहा।

तालाब के पास बैठी गार्गी ने आभा और ताकानोरी की सभी बातों को सुना और उनके बारे में त्री को बताया। वह बोली, “ताकानोरी के मन में आभा दीदी के लिए प्रेम जाग रहा है, शायद इसीलिए वह उनके प्रश्न से गुस्सा हो गया। वह नहीं चाहता कि दीदी उसे एक गुँडे या खूनी की तरह देखे।"

त्री को विश्वास नहीं हुआ, बोला, “अभी कल ही तो वह पहली बार आभा से मिला है, इतनी जल्दी उसे उससे प्रेम कैसे हो गया?”

“दादा, यह प्रेम पूछ कर या सोच-समझ कर नहीं होता", गार्गी हँसी, “क्योंकि तुम्हें अभी तक किसी से प्रेम नहीं हुआ इसलिए तुम इस बात को नहीं समझ सकते।"

“अच्छा यह बातें अब रहने दो। इस समय हमारे तीनों साथी, एक साथ नीचे वाले कमरे में बंद हैं, मैं उनसे मिलने जा सकता हूँ।"

“हाँ दादा, अभी अच्छा मौका है", गार्गी ने हामी भरी, “इस समय ताकानोरी का मन भी विचलित है, अभी कुछ देर तक वह ठीक से ध्यान नहीं लगा पायेगा, तुम तुरंत वहाँ जाओ।"

त्री सड़क पार करके ताकानोरी के घर की ओर आया। आज उसने सफेद और हलके रंग वाले कपड़े पहने हैं, जिसमें उसके लिए अदृश्य होना अधिक आसान है। उसकी गिरगिट शक्ति, उसके शरीर और वस्त्रों के रंगों को फीका कर देती है, वह पारदर्शी सा हो जाता है और आसानी से दिखायी नहीं देता।

ताकानोरी के घर के चारों ओर, बाँस की चटाई लगी थी, वह उससे सट कर चलने लगा, एक क्षण में ही वह उस चटाई में बिल्कुल घुल-मिल गया। वह घर के गेट के पास जा कर रुक गया। गेट के भीतर दो आदमी बैठ कर धीमे स्वर में बातें कर रहे थे, एक प्रौढ़ था, पैंतालिस-पचास साल का और दूसरा जवान, पच्चीस-तीस का। 

कुछ देर के बाद, घर के भीतर से एक औरत निकली और उनसे बोली कि बाज़ार से कुछ तरकारी लानी है। जवान युवक ने उससे पैसे और थैला लिए और गेट खोल कर बाहर निकला। जब तक वह अपने पीछे गेट बंद करता, त्री फुर्ती से भीतर घुस गया और वहाँ की झाड़ियों के साथ खड़ा हो गया, एक पल में उसका रंग बदल कर झाड़ियों जैसा हो गया। दूसरे चौकीदार को लगा कि कोई भीतर घुसा है, तो उसने सिर घुमा कर आसपास देखा लेकिन तब तक त्री गुम हो चुका था।

चौकीदार वापस बैठा तो त्री धीरे से भीतर की ओर सरक गया। एक बार फिर से चौकीदार को लगा कि वहाँ कोई है, उसने घूम कर देखा लेकिन उसे कुछ नहीं दिखा।

जब वह औरत वापस घर के भीतर गयी थी तो उसने पीछे से दरवाज़ा बंद कर दिया था। इस बार त्री ने प्रतीक्षा नहीं की, एक झटके में दरवाज़ा खोला और भीतर घुस गया। भीतर बायीं ओर कुछ कुर्सियाँ रखी थीं, वहाँ दो आदमी बैठ कर ताश खेल रहे थे, उनकी बन्दूकें दीवार से टिकी रखी थीं। जब तक उन्होंने दरवाज़े की ओर सिर घुमाया, त्री घर के भीतर आ कर और दीवार के रंग में घुलमिल सा गया था।

"यह दरवाज़ा कैसे खुल गया?”, एक आदमी उठ कर देखने आया, बाहर झाँका, देखा कि कोई नहीं है, तो पीछे से दूसरा बोला, “रसोई वाली ने ठीक से बंद नहीं किया, हवा से खुल गया होगा।"

पहले वाला आदमी बोला, “बाहर ऐसी कोई हवा तो नहीं चल रही।"

वह दरवाज़े की बातें कर रहे थे, और त्री वहाँ से जा चुका था। गार्गी उससे सम्पर्क बनाये थी, उसने उसे दिशा बतायी कि आभा और बच्चे किस ओर हैं। वह सीधा उनके कमरे तक पहुँच गया। कमरे पर बाहर से कुँडी लगी हुई थी लेकिन वहाँ पर कोई पहरेदार नहीं था। उसने जल्दी से कुँडे को खोला, भीतर घुस कर पीछे से दरवाज़ा बंद कर दिया।

आभा, वसंत और तृप्ति ने दरवाज़ा खुलते हुए देखा लेकिन कोई भीतर नहीं आया, पर तृप्ति तुरंत समझ गयी कि वह है, खुश हो कर बोली, “त्री दादा, तुम आ गये।"

तब त्री प्रकट हुआ और उन्हें दिखने लगा। उसने होठों पर उंगली रख कर उन्हें चुप रहने का इशारा किया, फिर कुछ क्षणों तक बाहर की ओर कान लगा कर पहरेदारों की बातें सुनीं। तृप्ति तुरंत उससे लिपट गयी।

त्री ने तृप्ति को गोदी में उठा लिया, धीरे से बोला, “आज मैं तुम्हें यहाँ से छुड़ाने नहीं आया, तुम्हें अभी एक-दो दिन यहीं रहना है। मैं तुम्हें केवल यह दिखाना चाहता हूँ कि मेरे लिए तुम्हें छुड़ाना बहुत आसान है, जब चाहूँ तुम्हें यहाँ से निकाल कर ले जा सकता हूँ, समझे? इसलिए तुम लोग डरो नहीं और इन दिनों को छुट्टियों की तरह समझो।”

फिर आभा से बोला, "तुम ताकानोरी से जो बातें कर रही हो, वह बहुत महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि मैं उसके और उसके मालिकों के मन में क्या है, यह जानना चाहता हूँ।"

आभा बोली, “वह हमेशा एक मूर्ति की बात करता है और कुछ नहीं कहता।"

“हाँ, मूर्ति की बात तो है। लेकिन हमें उसकी पूरी बात समझनी है, मैं नहीं चाहता कि भविष्य में हमारे अनाथाश्रम पर या हमारे बच्चों पर, कोई खतरा आये। तुम उससे सावधान रहो, वह खतरनाक खूनी है, पता नहीं अब तक कितने लोगों को मार चुका होगा।”

आभा मुस्करायी, बोली, “मुझे उससे कोई खतरा नहीं होगा। मैं यह नहीं कहती कि वह खूनी नहीं है, लेकिन मुझे लगता है कि वह अपने आप को बहुत अकेला महसूस करता है।"

“फिर भी तुम चौकन्नी रहो, उसका भरोसा मत करो। अब मैं जाता हूँ, एक-दो दिन में दोबारा तुमसे मुलाकात होगी। हमें तुम्हारी और मेरी अदला-बदली करनी है, मैं उसका बँधक बन जाऊँगा और तुम तीनों मुक्त हो जाओगे। यह कैसे और कब करेंगे, इसके बारे में प्लैन बना कर मैं तुम्हें खबर करूँगा, तुम लोग बिल्कुल चिंता मत करना।"

“दादा, तुम जा रहे हो?”, तृप्ति रोने लगी।

“अरे, तुम तो मेरी सबसे बहादुर यौद्धा हो, जब तुम तलवार और चाकू चलाती हो तो बड़े-बड़े डाकू-लुटेरे भी डर कर भाग जाते हैं, तुम रोओगी तो मैं क्या करूँगा?", त्री ने उसे कहा ।

तब तृप्ति ने अपने आँसू पोंछ लिये और मुस्कराने की कोशिश की, बोली, "ठीक है दादा, मुझे लेने जल्दी लौटना।"

*****

अगला अध्याय पढ़िये

*****

 

गुरुवार, अगस्त 06, 2026

देवी प्रतिमा के रक्षक - अध्याय 20

अब तक की कहानी:  ताकानोरी जामुन बाबा को खोज रहा है, वह उनकी मूर्ति चाहता है। उससे बचने के लिए बाबा समाधी ले लेते हैं। ताकानोरी उनकी समाधी को खोदने की कोशिश करता है लेकिन सफल नहीं होता। उधर, बाबा का शिष्य त्रिनेत्र पाँच गुप्त-शक्ति वाले बच्चों और आभा के साथ मजूली पहुँचा है। त्री, रंगा और गार्गी बाबा के आश्रम आते हैं। पीछे से ताकानोरी आभा, वसंत और तृप्ति को उठा कर नारायणपुर ले जाता है और रास्ते में उसे आभा की शक्ति का खतरा समझ में आता है। इसके आगे पढ़िये ...

पहले अध्याय से पढ़िये - पिछला अध्याय पढ़िये

अध्याय 20

 नारायणपुर, असम, 4 मार्च 2026, रात

नारायणपुर में ताकानोरी का घर, घंटाघर के सामने से बेलागुड़ी सत्र जाने वाली सड़क पर है। दो मंजिला घर में सात कमरे हैं, चार नीचे और तीन ऊपर। ओरी अकेला ऊपर रहता है और सारे गार्ड नीचे।

घर पहुँच कर उसने उन तीनों को नीचे के एक कमरे में बंद करवा दिया। फ़िर गार्ड से कहा कि वह आभा के लिए बाथरूम में साबुन, शैम्पू, वगैरा रख दे।

जब गार्ड कमरे से गये और वह तीनों वहाँ अकेले हुए, तो खिड़की के पास लगे पेड़ों के माध्यम से, वसंत ने त्री को संदेश भेजा, और उसे बताया कि वह लोग नारायणपुर में ताकानोरी के घर पर ठहरे हैं और सभी ठीक-ठाक हैं। 

घर लौट कर ओरी नहाने गया और बहुत देर तक अपने सुडोल और गठी हुई माँसपेशियों वाले शरीर को शीशे में देख कर निहारता रहा। वह अपने आप से बहुत खुश महसूस कर रहा था कि उसने त्रिनेत्र के साथियों को पकड़ लिया है। उसकी पीठ वाले टैटू सचमुच डराने वाले थे, वहाँ पर एक लाल आँखों वाले हँसते हुए कंकाल का चेहरा बना है जिसके मुख से लाल आग निकल रही है और जिसके चारों ओर नारंगी रंग की मछलियाँ बनी हैं। अंत में वह सिल्क का ड्रैसिन्ग गाउन पहन कर बाहर निकल कर आया, सोच रहा था कि अब वह मूर्ति उसे अवश्य मिल जायेगी।

नीचे जा कर उसने रसोई में काम करने वाली को हटाया और खुद रात के खाने के लिए रामेन सूप बनाया और फ़िर, गार्ड से अपने कमरे में दो लोगों के लिए मेज़ पर खाना लगाने के लिए कहा। मेज़ के बीच में लाल रंग की मोमबत्ती जल रही थी। उसे लगा कि कमरे का वातावरण बहुत अच्छा बना है। तब उसने एक गार्ड से आभा को ऊपर लाने के लिए कहा।

जब ताकानोरी के गार्ड ने उसे साहब के साथ खाना खाने जाने के लिए तैयार होने के लिए कहा था, तो आभा समझ गयी थी कि वह क्या सोच रहा है। उसने निश्चय किया कि वह उसके साथ ऐसा व्यवहार करेगी जिससे उसे लगे कि वह उसे अच्छा लगता है, ताकि वह उससे खुल कर बातें करे।

जब गार्ड उसे बुलाने आया तो वह बोली, “बच्चे भी भूखे हैं, पहले इनके लिए खाना लाओ, फ़िर तुम्हारे साहब से मिलने जाऊँगी।"

गार्ड ने कार में बैल का हमला देखा था, वह मन ही मन में आभा से डर रहा था, सोच रहा था कि वह कोई चुड़ैल या जादुगरनी है। वह भाग कर रसोई से बच्चों के लिए खाना ले आया, तब वह कमरे से निकली। गार्ड ने उसका हाथ पकड़ने की कोशिश की तो उसने उसे झटका कर दूर कर दिया और गर्व से सिर उठा कर सीढ़ियाँ चढ़ कर ऊपर गयी। उसने कोई श्रंगार नहीं किया था लेकिन उसके तीखे नाक-नक्श बहुत सुंदर लग रहे थे।

जब उसने ओरी के कमरे में सजी हुई मेज़ देखी तो मुस्करा कर बोली, “मेरी इतनी खातिरदारी क्यों हो रही है, क्या मुझसे जबरदस्ती करने का प्लैन बनाया है?”

उसकी बात सुन कर ओरी गुस्सा हो गया, बोला, “मुझे ऐरा-गेरा समझा है क्या? मैं समुराई खानदान से हूँ, मैंने आज कभी किसी औरत से जबरदस्ती नहीं की, औरतें खुद मेरे पास आती हैं और मेरे आगे-पीछे घूमती हैं।"

आभा मुस्करायी, कुछ कहा नहीं, कमरे में इधर-उधर देखा। एक ओर ताकानोरी का बिस्तर लगा था, उसके पास छोटी सी मेज़ पर एक बूढे जापानी की फ्रैम में लगी तस्वीर रखी थी। एक ओर खिड़की के पास एक दूसरी मेज़ पर हाथ में धनुष-बाण लिए हुए, घोड़े पर सवार जापानी पोशाक पहने हुए एक योद्धा की तस्वीर थी, जिसके सामने कुछ फ़ूल रखे थे और एक अगरबत्ती जल रही थी। वह किसी आराध्य-देवता का मन्दिर जैसा लग रहा था।

“वह बूढ़े व्यक्ति कौन हैं? तुम्हारे पिता हैं?”, उसने पूछा।

ओरी तस्वीर की ओर मुड़ कर झुका और उसे नमन किया, बोला, “वह यामागुचि सान हैं, उन्होंने मुझे पाल-पोस कर बड़ा किया है, मैं उनका सेवक हूँ, वह पिता समान मेरे वंदनीय हैं।"

“और वह घुड़सवार यौद्धा?”

ताकानोरी ने उस तस्वीर की ओर भी झुक कर नमन किया, बोला, “वह हाचिमनतारो योशिए हैं, प्राचीन जापान के बहुत बड़े यौद्धा थे। हम उन्हें हाचिमन-शिन का अवतार मानते हैं। हमारे शिंतो धर्म में हाचिमन-शिन साहस और युद्ध के देवता हैं।"

“उस तस्वीर के दाहिनी ओर जापानी भाषा में कुछ लिखा हुआ भी है, उसका क्या अर्थ है?”

ओरी उसके प्रश्नों से बहुत खुश हुआ, उसे लगा कि वह पढ़ी-लिखी सुसंस्कृत युवती है, जो जापानी सभ्यता के बारे में जानना चाहती है। जब से वह भारत आया है, उसके कमरे में आने वाली किसी युवती ने अभी तक उसकी तस्वीरों में दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। वह बोला, “एक बार हाचिमनतारो एक पहाड़ से उतर कर नीचे आ रहे थे, उनके रास्ते के दोनों ओर चैर्री के पेड़ लगे थे, तब उन्होंने एक कविता कही, ‘अगर मत-आओ द्वार पर हवाएँ नहीं चलीं, तो राह पर चैर्री के फ़ूल क्यों बिखरे हैं'। उस तस्वीर पर यही शब्द लिखे हैं।"

“मत-आओ द्वार का क्या मतलब?”

“वह द्वार जहाँ से यौद्धा को नहीं जाना चाहिये। इसका मतलब है कि कवि पूछ रहा है कि अगर मुझे यहाँ नहीं आना चाहिये था तो फ़िर मेरी राह में यह फ़ूल क्यों बिखेरे?"

उस कविता के शब्द आभा को सचमुच अच्छे लगे। उसे लगा कि ओरी जैसा भी है, उसके दिल में अपने अग्रजों और गुरुओं के प्रति आदर और कविता की जगह भी है।

ओरी उसके चेहरे के भाव से समझ गया कि उसे यह कविता अच्छी लगी है, खुश हो कर बोला, “आओ, रामेन सूप ठंडा हो रहा है।"

वह खाना खाने के लिए कुर्सी पर बैठी तो पूछा, “यह रामेन सूप क्या कोई जापानी भोजन है? यहाँ पर कैसे मिला?”

“मैं इन्हें जापान से लाया हूँ। यह गेहूँ की मोटी नूडल्स हैं जिसमें कन्साइ मिला कर बनाते हैं", उसने कहा।

वह उससे पूछना चाहती थी कि कन्साइ क्या होता है, लेकिन उससे पहले, ओरी बात बदलते हुए बोला, “तुम्हारी गुप्त-शक्ति जीव-जन्तुओं को तुम्हारी ओर आकर्षित करती है और वह तुम्हारी रक्षा करते हैं। इस शक्ति के बारे में कुछ बताओ?”

“बचपन से मुझे घायल पशु-पक्षियों को बचाना अच्छा लगता था, और घायल जीव-जन्तु मेरे पास बहुत आसानी से आ जाते थे", वह सोचते हुए बोली, “लेकिन तब मैंने यह कभी नहीं सोचा था कि इसमें मेरी कोई विशेष शक्ति है। मैं मैइतै जनजाति की हूँ, हम लोग मणिपुर में रहते हैं। जब छोटी थी तो मैं पशु-पक्षियों की डॉक्टर बनना चाहती थी लेकिन उसके लिए कॉलेज हमारे गाँव से दूर था, उस पढ़ाई के लिए मुझे इम्फाल जा कर रहना पड़ता। उसके लिए मेरे पिता नहीं माने और स्कूल के बाद मेरा विवाह हो गया। मेरे पति विवेक का दो साल पहले एक बम विस्फोट में देहांत हो गया। उसके बाद से यह शक्ति, जिसे तुम मेरी गुप्त-शक्ति कहते हो, धीरे-धीरे वह कुछ सामने आई है।"

उसकी बात सुन कर ओरी सोच में पड़ गया, बोला, “यानि, तुम्हारे पति की मृत्यु के सदमें ने तुम्हारे भीतर सोयी गुप्त-शक्ति को जगा दिया?”

आभा की आँखें भीग गयीं, आँसू पोंछते हुए बोली, “जिस विस्फोट ने विवेक की जान ली थी, उसी में मेरी बेटी मयूरी भी मुझसे छिन गयी। बेटी और पति को एक साथ खोना, इससे बड़ा दुख और क्या हो सकता है?”

ओरी ने उसके मस्तिष्क में झाँका, इस बार आभा ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की। वहाँ उसे केवल दुख और उदासी दिख रहे थे, यानि वह सच बोल रही है। वह बोला, “जापान में हमारे यामागुचि सान को उस कोरियाई भिक्षुक की तलाश थी, जिसे तुम लोग जामुन बाबा कहते हो। उन्हें उनकी हरिताश्म पत्थर की बनी देवी तारा की प्रतिमा चाहिये, जिसे बाबा कोरिया से ले कर आये थे। तुम इस बारे में क्या जानती हो?”

“मैं केवल इतना जाती हूँ कि बाबा त्रिनेत्र के गुरु थे, मैं उनसे कभी नहीं मिली। मैं त्रिनेत्र से भी कुछ दिन पहले ही मिली हूँ, वह मेरे भाई का दोस्त है। मुझे उस मृ्र्ति के बारे में कुछ नहीं मालूम।"

ओरी थोड़ी देर तक सोचता रहा, फ़िर बोला, “तुम मुझे अच्छी लगती हो। क्या तुम आज रात को यहाँ मेरे साथ रुकना चाहती हो? मैं तुम पर कोई जबरदस्ती नहीं करूँगा, लेकिन अगर तुम स्वेच्छा से रुको, तो मुझे अच्छा लगेगा।"

आभा ने उसे तुरंत उत्तर नहीं दिया, कुछ देर तक सोचती रही, फ़िर लम्बी साँस ले कर बोली, “मैं सोचती थी कि तुम गुँडे और खूनी हो, पर अब समझी हूँ कि तुम जैसे बाहर से लगते हो, वैसे नहीं हो। तुम दिलचस्प व्यक्ति हो, लेकिन मैं अभी किसी अन्य पुरुष से प्रेम करने के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं हूँ।"

ओरी ने अपने गार्ड को बुलाया और उसे आभा को नीचे बच्चों के पास ले जाने के लिए कहा, बोला, “मुझे तुम तीनों के बदले वह तारा माँ की प्रतिमा चाहिये। अगर त्रिनेत्र तुमसे सम्पर्क करे तो उसे कहना कि अगर वह प्रतिमा मुझे नहीं मिलेगी तो मैं तुम तीनों को मार दूँगा।"

आभा ने उसकी ओर देखा, कुछ नहीं बोली।

वह मुस्कराया, बोला, “मैंने तुमसे कहा कि तुम मुझे अच्छी लगती हो, वह झूठ नहीं था। लेकिन मेरा धर्म अपने स्वामी की आज्ञा का पालन करना है। अगर तुम्हारी हत्या से मुझे वह मूर्ति मिलेगी तो मैं तुम्हारी गर्दन काटने से एक क्षण के लिए भी नहीं हिचकिचाऊँगा, तुम यह बात समझती हो न?”

उसकी आँखों में कुछ था, जिसे वह समझ नहीं पायी कि वह सच कह रहा है या झूठी धमकी दे रहा है।

वह मुस्करा कर बोली, “जापानी रामेन का खाना खिलाने के लिए धन्यवाद। रामेन अच्छी हैं, पर मुझे खाने में बिना मिर्च-मसाले के अच्छा नहीं लगता। मेरे ख्याल में तुम्हारी रामेन में थोड़ी सी लाल मिर्च मिल जायेगी तो और भी बढ़िया लगेगी।"

*****

अगला अध्याय पढ़िये

***** 

सोमवार, अगस्त 03, 2026

देवी प्रतिमा के रक्षक - अध्याय 19

अब तक की कहानी:  ताकानोरी जामुन बाबा को खोज रहा है, वह उनकी मूर्ति चाहता है। उससे बचने के लिए बाबा समाधी ले लेते हैं। ताकानोरी उनकी समाधी को खोदने की कोशिश करता है लेकिन सफल नहीं होता। उधर, बाबा का शिष्य त्रिनेत्र पाँच गुप्त-शक्ति वाले बच्चों और आभा के साथ मजूली पहुँचा है। त्री, रंगा और गार्गी बाबा के आश्रम आते हैं। पीछे से ताकानोरी आभा, वसंत और तृप्ति को उठा कर नारायणपुर ले जा रहा है। इसके आगे पढ़िये ...

पहले अध्याय से पढ़िये - पिछला अध्याय पढ़िये

अध्याय 19 

मजूली से नारायणपुर, असम, 4 मार्च 2026

ताकानोरी ने जून-मिन की समाधी लेने की खबर तुरंत रिकू को दी थी और उसने उसे ऐसे डाँटा था मानो इसमें उसकी कोई गलती हो। एक पल के लिए ओरी को बहुत गुस्सा आया था, फ़िर उसने अपने आप को समझाया कि वह यह काम रिकू के लिए नहीं, बल्कि उसके दादा जी के लिए कर रहा है और जब तक वह कोई काम करेगा, उसका धर्म है उसे पूरे मन और निष्ठा से करना। अगर वह रिकू से बदला लेने के लिए दादा जी से विश्वासघात करेगा तो वह अपने आप को समुराई नहीं मान सकता, सचमुच अधर्मी याकूज़ा बन जायेगा। 

उसने अपने गुस्से को दबा कर, त्रिनेत्र के बारे में सोचा था कि वह उसे कैसे खोजे। जून-मिन और उसके शिष्य का मामला उतना साफ नहीं था जितना वह दोनों दिखाने की कोशिश कर रहे थे। जिस तरह से वीडियो में दिखता था कि जून-मिन एक बक्से में बंद हो कर, धरती के गर्भ में दबाया गया था, उसका मतलब था कि वह मर गया होगा। लेकिन वह इतनी आसानी से क्यों मरेगा? इसमें अवश्य कोई धोखा है। तीस वर्षों से लापता व्यक्ति, एक अन्वेषण-किरण को महसूस करके, उसी दिन समाधी ले कर आत्महत्या कर ले, क्यों? यह कोई संयोग नहीं लगता, इसके पीछे अवश्य उनकी कुछ चाल है।

जून-मिन के शिष्य की प्रतीक्षा करने, वह सुबह ही जीप ले कर कमलाबाड़ी आ गया था। उसने अपनी जीप फैरी घाट से कुछ दूर, घरों के पीछे छुपा कर खड़ी की और वहाँ से अन्वेषण-किरण से हर आने वाली फैरी की जाँच करने लगा। आखिर में, दोपहर में उसने शक्ति-लहरें आने वाली फैरी से नहीं बल्कि कमलाबाड़ी के पूर्व में एक मैदान से आती हुई महसूस कीं। उसने तुरंत अपने नये ड्राईवर से उधर जाने के लिए कहा।

दस मिनट में उनकी जीप उस मैदान में पहुँच गई जहाँ से शक्ति-लहरें महसूस हो रहीं थीं। वहाँ जून-मिन के शिष्य की जगह पर एक युवती और दो बच्चे को पक्षियों के बीच में खेलते हुए देख कर उसे अचरज हुआ। उसने अपने गुँडों से उन तीनों को उठा कर कार में लाने के लिए कहा और वे सब तुरंत वहाँ से भाग निकले। उन्होंने फैरी ली और पहले वह लोग मरियानी की ओर गये और वहाँ से वह जीप में नारायणपुर की ओर निकले।

ओरी ने सोचा कि वह तीनों अवश्य ही त्रिनेत्र के साथी हैं, नहीं तो इतने सारे शक्तिवान लोग वहाँ पर क्यों एकत्रित हो गये थे? वह यह सोच कर खुश हो रहा है कि अब त्रिनेत्र उससे नहीं बच पायेगा, उस युवती और उन बच्चों को बचाने वह अपने आप उसके पास आयेगा।

वह सबसे पीछे वाली सीट पर आभा के साथ बैठा था। उनके आगे वाली सीट पर दोनों बच्चे और एक गुँडा बैठे थे। साथ में उनका नया ड्राईवर और एक अन्य गुँडा था। रिकू ने उसके लिए इन नये गुँडों का प्रबंध किया था।

रास्ते में उसने फ़िर से आभा के दिमाग में खोजा। वह भी तुरंत समझ गयी कि वह उसके दिमाग में घुस रहा है, क्योंकि उसे इस शक्ति का ठीक से प्रयोग करना नहीं आता था। गार्गी जब उसके दिमाग में झाँकती थी तो ऐसा महसूस होता था मानो किसी ने प्यार से सहलाया हो। जबकि ओरी का दिमाग में घुसना हथौड़े मारने जैसा था। आभा ने ओरी को रोकने की कोशिश की, लेकिन नहीं रोक पायी और वह समझ गया कि त्रिनेत्र कहीं बाहर गया है।

उसने वसंत और तृप्ति के दिमाग खंगालने की भी कोशिश की लेकिन वहाँ से उसे कुछ नयी जानकारी नहीं मिली। उस लड़के के दिमाग में उसे हर ओर घने जंगल और पेड़ दिखे, जैसे वहाँ पर हरे रंग का समुद्र हो जिसमें कुछ भी देखना या खोजना असम्भव था। बच्ची की शक्ति ठीक से विकसित नहीं हुई थी लेकिन वहाँ से उसे त्रिनेत्र की कुछ छवियाँ मिलीं। इस जाँच के बाद उसने सोचा कि शायद आभा त्रिनेत्र की पत्नी है और वह दोनों उनके बच्चे हैं।

उनके दिमागों की इस जाँच से वह जल्दी ही थक गया और उसने उनसे अन्य प्रश्न नहीं किये, सोचा कि नारायणपुर में घर पहुँच कर ठीक से पूछताछ करेगा और फ़िर त्रिनेत्र को पकड़ने का प्लैन बनायेगा। वह तीनों भी कार में चुपचाप बैठे थे, पर आभा उसके गुदे हुए शरीर के रंग-बिरंगे टैटू को कौतूहल से देख रही थी। वह उनके बारे में जानना चाहती थी, अंत में वह अपने आप को नहीं रोक पायी, पूछा, “तुम्हारे सारे शरीर पर यह चित्र क्यों बने हैं?”

ओरी को अपने टैटू वाले त्वचा-चित्रों पर बहुत गर्व है, बोला, “इन्हें जापानी में इरेज़ूमी कहते हैं। यह सामान्य टैटू नहीं हैं जो मशीन से बनाते हैं, मैंने इन्हें पाराम्परिक विधि से गुदवाया है, जिसमें दर्द सहना पड़ता है”, उसने अपनी कमीज़ के बटन खोल खोल कर अपनी छाती और कँधे दिखाये, वह सारा हिस्सा उन रंगीन टैटू-चित्रों से ढका था। वह मुस्करा कर बोला, "मेरी पीठ, छाती, पेट, जाँघें, मेरे शरीर की हर जगह चित्रित है।"

वह मोर की तरह ऐसे इतरा रहा था कि आभा को हँसी आने लगी, उसे छुपाने के लिए वह खिड़की से बाहर देखने लगी। कुछ देर बाद ओरी ने पूछा, “क्या तुम त्रिनेत्र की पत्नि हो?”

जब उसने उत्तर नहीं दिया तो ओरी ने उसकी कलाई  को पकड़ लिया और दबाते हुए बोला, "जब तुमसे कुछ पूछूँ तो मुझे उसका जवाब तुरंत चाहिये, समझी?"

उस समय उनकी जीप एक रैड लाईट पर रुकी हुई थी। उसके दबाने से आभा की कलाई में पीड़ा हुई तो वह बोली, “मेरा हाथ छोड़िये, मुझे दर्द हो रहा है।"

सड़क के किनारे एक साँड घास चर रहा था, शायद उसने आभा के दिमाग की पीड़ा-लहर को महसूस किया तो वह अचानक जैसे नींद से जागा और सिर उठा कर उनकी जीप की ओर भागा आया। ड्राईवर ने अपने साथ वाली खिड़की खुली रखी हुई थी, साँड ने वहीं से उस पर हमला किया और खिड़की से सीर जीप के भीतर घुसा कर मारा। यह सब कुछ इतना अचानक हुआ कि किसी को समझ नहीं आया कि क्या हो रहा है।

ओरी ने तुरंत आभा की ओर देखा, उसने महसूस किया कि आभा की शक्ति-लहरें उत्तेजित हो कर उसके सिर के आसपास मँडरा रही हैं, तो उसने तुरंत उसकी कलाई छोड दी। वह समझ गया कि उस साँड का हमला आभा की वजह से हुआ है, वह चिल्लाया, “रोको उसे, ऐसे मत करो।" लेकिन आभा को कुछ समझ नहीं आया।

सीट के पीछे ओरी की तलवार रखी थी, उसके बिना वह कहीं नहीं जाता था। उसने उसे उठाया, उसमें से तलवार बाहर निकाली, पीछे वाला दरवाज़ा खोल कर जीप से उतरा और सीधा साँड की गर्दन पर वार किया। साँड की गर्दन से खून निकला तो शायद आभा को उस जन्तु का दर्द महसूस हुआ और उसकी शक्ति-लहर शाँत हो गयी। जब उसके और साँड के बीच का तार टूट गया तो वह वहाँ से भाग गया।   

ताकानोरी ने अपने ड्राईवर को देखा कि साँड के सींग से उसके माथे पर बड़े घाव बन गये थे और खून से उसके चेहरा, गर्दन और कमीज लाल हो रहे थे। उसने ड्राईवर को अपना रुमाल निकाल कर दिया, कहा कि उसे अपने माथे पर खून रोकने के लिए दबा कर रखे।

उसके गुँडों ने पास के डॉक्टर का पता पूछा और घायल ड्राईवर को वहाँ ले गये। उसके उपचार में समय लगना था, उन्होंने उसे वहीं छोड दिया और ओरी ने दूसरे आदमी से गाड़ी चलाने के लिए कहा। तब तक अँधेरा होने लगा था।

उसने आभा से पूछा, “तुमने उस जानवर से हमारी जीप पर हमला क्यों करवाया?”

“मैंने जानबूझ कर कुछ नहीं किया, तुमने मेरी कलाई को ज़ोर से दबाया था, तो मुझे दर्द हो रहा था, इसलिए वह मुझे बचाने आया।"

अचानक ओरी ने हाथ बढ़ा कर अगली सीट पर बैठे वसंत के सिर के बाल पकड़ कर खींचे, तो वह दर्द से चिल्लाया, लेकिन उसने उसके बालों को नहीं छोड़ा, बोला, “तुम झूठ बोल रही हो। मुझे ठीक से उत्तर नहीं दोगी तो तुम्हारे बेटे का गला काट दूँगा।"

आभा घबरा कर चिल्लाई, “छोड़ो उसे, उसने कुछ नहीं किया। मैंने तुम्हें कहा है कि मैंने जानबूझ कर कुछ नहीं किया।"

उस समय उनके साथ में सड़क पर एक बैलगाड़ी जा रही थी। जब वह चिल्लायी तो अचानक उसका बैल उनकी जीप की ओर घूम कर आगे आने लगा। ताकानोरी ने उसे देखते ही घबरा कर वसंत के बालों को छोड़ दिया और ड्राईवर से बोला, "जीप को तेजी से आगे निकाल लो, नहीं तो वह बैल हम पर हमला करेगा।"

ड्राईवर तुरंत तेज़ चला कर जीप को आगे ले गया। बैल के साथ बैलगाड़ी भी थी, वह उनका पीछा नहीं कर पाया।

ओरी कुछ शाँत हुआ तो उसने आभा के दिमाग के भीतर दोबारा झाँका, तो महसूस किया कि वहाँ पर उथल-पुथल मची है, शक्ति को केन्द्रित करके चलाने के लिए जो एकाग्रता और ध्यान चाहिये, वहाँ वैसा नहीं है। वह बोला, “तुम्हें अपनी शक्ति पर ठीक से काबू करना नहीं आता, क्यों? त्रिनेत्र ने तुम्हें यह शिक्षा नहीं दी?”

आभा बोली, “मैं उसे ठीक से नहीं जानती। वह मेरा गुरु नहीं है, वह एक अनाथाश्रम चलाता है और मैं उसके मित्र की बहन हूँ, विधवा हूँ।"

“उसका अनाथाश्रम कहाँ है?”

आभा को समझ नहीं आया कि क्या कहे। अगर वह उसे गँगटोक कहेगी तो वह वहाँ उनके अनाथाश्रम पर हमला कर सकता है, बोली, “वह मणिपुर में है, यहाँ से करीब आठ सौ किलोमीटर दूर है।"

ओरी ने तुरंत उसके दिमाग में झाँका तो उसे वहाँ अनाथाश्रम की बिल्डिंग दिखी, जिसके आसपास खेत और पहाड़ थे। उसे लगा कि आभा ने उसे जगह का नाम सही नहीं बताया है, लेकिन उसे समझ नहीं आया कि वह उससे वहाँ का सही नाम कैसे जान सकता है? उसने पूछा, “और यह दोनों बच्चे? यह किसके हैं?”

“यह दोनों भी अनाथ हैं", वह बोली।

ताकानोरी सोच में डूब गया। आभा के पास शक्ति है, और उन दोनों बच्चों में भी शक्ति है। शक्ति वाले इतने लोग एक जगह पर, एक साथ इकट्ठे कैसे हो गये? जापान में जब वह बड़ा हो रहा था तब यामागुचि सान के पास वह अकेला शक्ति वाला बच्चा था।

वह जानता है कि जून-मिन की मूर्ति से बच्चों की गुप्त-शक्ति विकसित होती है। शायद वह मूर्ति त्रिनेत्र के पास है, और उसकी मदद से ही उसने इन सब की शक्तियों को विकसित किया है?

*****

अगला अध्याय पढ़ें

***** 

 

गुरुवार, जुलाई 30, 2026

देवी प्रतिमा के रक्षक - अध्याय 18

अब तक की कहानी: ताकानोरी जामुन बाबा को खोज रहा है, वह उनकी मूर्ति चाहता है। उससे बचने के लिए बाबा समाधी ले लेते हैं। ताकानोरी उनके वृद्धाश्रम में लोगों को जान से मारने की धमकी देता है। वह उनकी समाधी को खोदने की कोशिश करता है लेकिन सफल नहीं होता। उधर, बाबा का शिष्य त्रिनेत्र एक अनाथाश्रम चलाता है, जहाँ पाँच गुप्त-शक्ति वाले बच्चे और उसके मित्र की बहन आभा भी हैं। वे बाबा को बचाने के लिए, मजूली पहुँच कर, उनके आश्रम आते हैं। समाधी के दर्शन करके वह बाहर आ रहे हैं जब त्री को जगदीश बाबू दिख जाते हैं। इसके आगे पढ़िये ...

पहले अध्याय से पढ़िये - पिछला अध्याय पढ़िये

अध्याय 18

मजूली द्वीप, असम, 4 मार्च 2026, शाम

गार्गी जगदीश बाबू को बुलाने गयी, बोली, “बाबू जी, हमारे बापू की तबियत ठीक नहीं है …”, और त्री की ओर इशारा किया।

जगदीश बाबू ने रास्ते के किनारे पर सिर झुका कर बैठे हुए त्री को देखा, लेकिन पहचान नहीं पाये। वह उसके पास आये, पूछा, “क्या हुआ भाई?”

त्री ने सिर ऊपर नहीं उठाया पर उनके साथ खड़ी गार्गी ने उन्हें धीरे से कहा, “जगदीश बाबू हमें आप से अकेले में ज़रूरी बात करनी है, हमें अपने दफ्तर में ले चलिये।"

उन्हें उसकी बात समझने में थोड़ी देर लगी पर शायद वह त्री को पहचान गये, आवाज़ ऊँची करके बोले, “हाँ, मैं तुम्हें दवाई देता हूँ, तुम लोग मेरे साथ चलो, तुम्हारे बापू की तबियत ठीक नहीं है।"

त्री और गार्गी जगदीश बाबू के साथ चले, त्री सिर झुका कर और लँगड़ा कर चल रहा था। रंगनाथ उनके पीछे कुछ दूर पर था और देख रहा था कि कोई उनका पीछा तो नहीं कर रहा। जब उसे विश्वास हो गया कि किसी ने उनकी बातचीत पर ध्यान नहीं दिया है, तो वह भी उनके पीछे जगदीश बाबू के दफ्तर की ओर आया। वहाँ उसने बाहर बैठे हुए सोमचाई को देखा, तो उसके पास जा कर बैठ गया और जेब से रंग-बिरंगे कँचे निकाल कर उन्हें हाथों में उछालने लगा।

वह कँचों को उछालने के खेल में माहिर है, जब वह उनसे खेलता है तो ऐसा लगता है मानो वह कँचे धीरे-धीरे हवा में तैर रहे हैं और नीचे नहीं गिरते। जब उसने एक साथ हवा में चार कँचे घुमाये तो सोमचाई का ध्यान उसके खेल पर लग गया। तब उसने कँचे सोमचाई की ओर बढ़ाये और उसे उन्हें उछालने के लिए कहा। सोमचाई को समझ नहीं आया कि वह क्या कह रहा है, तो उसने मुस्करा कर, हाथ से उन्हें उछालने का इशारा किया। सोमचाई ने उसे सिर हिला कर मना किया, लेकिन इतनी देर में जगदीश बाबू, त्री और गार्गी को आश्रम के भीतर के किसी कमरे में ले जा चुके थे।

भीतर जा कर जगदीश बाबू रोने लगे, त्री से बोले, “त्रिनेत्र बेटा, तुम्हें क्या बताऊँ। बाबा ने समाधी ले ली, हमें अनाथ कर दिया। लेकिन हमारे लिए यही दुख कम नहीं था, एक और आफत सिर पर आ पड़ी है। कल ताकानोरी और उसके गुँडे यहाँ आ धमके, उन्होंने हमारे एक बच्चे की गर्दन काटने की धमकी दी और बाबा ने तुम्हारे लिए जो चिट्ठी छोड़ी थी, उसे ले लिया। कल रात को उन्होंने बाबा की समाधी को तोड़ने की कोशिश की। इसमें उनके एक आदमी की आँख फूट गयी और दूसरे के पैर में गोली लगी है। वह कहता है कि वह किसी मूर्ति को खोज रहा है और जब तक उसे वह नहीं मिलेगी, वह हमें छोड़ेगा नहीं। अब हम क्या करें, हमें इन पापियों से कैसे मुक्ति मिलेगी?"

त्री ने उन्हें ढाढ़स बँधाया, “काका आप चिंता नहीं कीजिये, हमारे गुरु जी इतने कमज़ोर नहीं हैं कि एक गुँडे से हार जायेंगे। आप धीरज रखिये, सब ठीक हो जायेगा। गुरु जी ने जो चिट्ठी मेरे लिए छोड़ी थी, आप को मालूम है कि उसमें क्या लिखा है?” 

“उसमें एक कविता जैसी लिखी है, जिसका अर्थ उन्हें समझ नहीं आ रहा है। तब उन्होंने मुझे उसका अंग्रेज़ी अनुवाद करने के लिए कहा। मैंने अनुवाद तो कर दिया है, लेकिन मुझे भी समझ नहीं आया कि बाबा क्या कहना चाहते थे", उन्होंने उसकी ओर एक कागज़ बढ़ाया, “जब अनुवाद कर रहा था तो मैंने उनकी चिट्ठी की बातों को यहाँ लिख लिया है। शायद यह कोई पहेली है? ताकानोरी कह रहा था कि जब तुम आओगे तो तुमसे इसका अर्थ पूछेगा।"

त्री ने उस कागज़ पर जल्दी से नज़र घुमायी और उसे तह करके जेब में रख लिया, बोला, “मैं समझ गया कि गुरु जी मुझे क्या कहना चाहते हैं। आप इस कविता की बिल्कुल चिंता नहीं कीजिये। जाने से पहले मैं आप से एक बात कहना चाहता हूँ। अगले दिनों में अगर आप मुझे ताकानोरी के साथ देखें तो उस समय मैं चाहे कुछ भी कहूँ या करूँ, आप ऐसा दिखाईये कि मुझे नहीं पहचानते और उनके सामने मुझसे बात करने की कोशिश भी नहीं कीजिये, समझे?”

जगदीश बाबू ने हामी भरी तो वह दोनों उठ कर पीछे के रास्ते से वृद्धाश्रम के गेट की ओर निकल गये। रंगनाथ ने उन्हें जाते देखा तो उसने मुस्करा कर सोमचाई से विदा ली और गेट की ओर आया।

वहाँ से वे सीधा फुलानीबाड़ी घाट की ओर गये, और घाट से श्री भोला मन्दिर के लिए मोटर-बोट ली, और फ़िर वहाँ से पैदल चल कर सुबह वाले रास्ते से लौटे। तब तक अँधेरा होने लगा था। जब वह सुरंग द्वार वाले पीपल के पेड़ के पास पहुँचे तो अचानक गार्गी रुक गयी, बोली, “माधव की शक्ति-लहर महसूस हो रही है, वह यहाँ आसपास कहीं छिपा हुआ है।" उसने आवाज़ लगाई, “माधव, हम हैं, बाहर आ जाओ।"

तब माधव झाड़ियों के नीचे से बाहर निकला। उसके कपड़ों और चेहरे पर धूल लगी थी और उस धूल में आँसू बहने के निशान दिख रहे थे।

त्री ने आगे बढ़ कर उसे बाहों में जकड़ लिया, पूछा, “क्या हुआ?”

माधव की आँखें फ़िर से भर आयीं, बोला, “एक आदमी आया था, मोटा, लम्बा-चौड़ा, पहलवान जैसा, वह आभा दीदी, वसंत और तृप्ति को जबरदस्ती अपनी जीप में बिठा कर ले गया।"

पता चला कि दोपहर को ज़रीना ने उनके लिए खाना बनाया था। खाने के बाद उन्होंने कुछ देर आराम किया था, फ़िर वे सुरंग से होते हुए जँगल में घूमने आये थे।

त्री ने पूछा, “जब तुम लोग सुरंग से बाहर निकले तो किसी खुली जगह पर तो नहीं गये?”

“पहले तो हम जँगल में ही घूम रहे थे। लेकिन फ़िर पता नहीं कैसे, तीन सफेद बगुले जैसे पक्षी थे, वह आभा दीदी के एकदम पास आ गये। वह बहुत सुंदर पक्षी थे, उनकी पीली चोंच और सिर पर पीली कलगी थी और उन्हें हमसे बिल्कुल डर नहीं लग रहा था। हम उनके साथ खेलने लगे और उनके पीछे-पीछे चलते गये। उनके साथ हम एक मैदान में पहुँचे, वहाँ और भी बहुत सारे पक्षी जमा हो गये, वह सभी आभा दीदी के आसपास घूम रहे थे। हमें बहुत मज़ा आ रहा था। तब मुझे सू-सू आया था, तो मैं एक झाड़ी के पीछे सू-सू करने चला गया। तभी मैदान में एक जीप आयी, तो मैं छुप गया। जीप से तीन आदमी उतरे और उन्होंने आभा दीदी, वसंत और तृप्ति को पकड़ लिया। फ़िर वह पहलवान आदमी जीप से उतरा, उसने आभा दीदी से कुछ पूछा और जब दीदी ने उत्तर नहीं दिया तो उसने उन्हें चाँटा मारा। फ़िर वह लोग उन्हें जीप में बिठा कर कहीं ले गये", माधव ने बताया।

त्री ने लम्बी साँस ली, बोला, “इसीलिए आज हमें वृद्धाश्रम के आसपास ताकानोरी की शक्ति महसूस नहीं हो रही थी, क्योंकि वह मुझे खोजने कमलाबाड़ी घाट की ओर आया था और उसने आभा और बच्चों की शक्ति-लहरों को देख लिया। यह कितनी देर पहले की बात है?”

“करीब आधा घंटा पहले की।"

त्री ने कहा, “शायद वह लोग अभी यहाँ से बहुत दूर नहीं गये, गार्गी, तुम उनकी शक्ति-लहर को खोजने की कोशिश करो।"

गार्गी ने आँखें बंद कीं और कुछ क्षणों के बाद बोली, “वह लोग किसी नाव या फैरी बोट में बैठे हैं, वह नाव नदी पार करके मरियानी की ओर जा रही है।"

त्री ने रंगनाथ को इशारा किया तो उसने भी नदी की दिशा में ध्यान लगाया, बोला, “ताकानोरी सोमचाई से टेलीफोन पर बात कर रहा है, कहता है कि उसे तीन लोग मिले हैं जो त्रिनेत्र के साथी लगते हैं और वह उन्हें घर ले कर जा रहा है।"

“कौन से घर?”

“यह तो उसने नहीं कहा।"

त्री ने कुछ देर तक सोचा, फ़िर गार्गी से कहा, “ताकानोरी के पास अन्वेषण-शक्ति है, तुम हमारी शक्ति-लहरों को ढक दो ताकि वह हमें नहीं देख पाये।"

गार्गी बोली, “दादा, मुझे बच्ची नहीं समझो, मैंने यहाँ आते ही हम सब की शक्ति-लहरों को ढक दिया था।"

त्री बोला, “अब हमें सोचना है कि हम उन तीनों तक संदेश कैसे पहुँचायें कि वह चिंता नहीं करें, हम उन्हें छुड़वाने का कोई रास्ता खोज निकलेंगे।"

गार्गी बोली, “दादा, मैं वसंत से बात कर सकती हूँ।"

"नहीं गार्गी, मैं नहीं चाहता कि हम ऐसा कुछ करें जिससे ताकानोरी को हमारा पता चल जाये।"

सोच कर रंगनाथ बोला, “दादा, वह सब लोग हमेशा तो एक साथ नहीं रहेंगे और वह उन्हें जहाँ भी ले कर जायेगा, चौबिस घंटे उनके पास नहीं रहेगा। जब वह उन्हें अकेला छोड़ेगा, तब हम उनसे बात कर सकते हैं, तब तक गार्गी उन पर नज़र रखेगी।"

अचानक माधव बोला, “उस केले के पेड़ को देखो, कैसे हिल रहा है, इसका मतलब है कि वसंत हमें कुछ कह रहा है।" सब ने उधर देखा, उस पेड़ के लम्बे हरे पत्ते, हाथी के कानों की तरह आगे-पीछे हिल रहे थे।

त्री बोला, “शायद वह पेड़ों के माध्यम से हमारी बातें सुन रहा है। वसंत अगर तुम मेरी आवाज़ सुन सकते हो, तो केले के साथ वाले पेड़ की पत्तियाँ हिलाओ।"

तुरंत केले के साथ वाले पेड़ की शाखाएँ भी ऊपर-नीचे हिलने लगीं।

त्री मुस्कराया, बोला, “बहुत बढ़िया वसंत। तुम लोग कोई चिंता नहीं करो, समय आने पर हम तुम्हें वहाँ से छुड़ा लेंगे। तुम हमें संदेश भिजवा देना कि तुम कहाँ हो और सब ठीक हो या नहीं। जब तुम लोग अकेले होगे, तब गार्गी भी तुमसे बात करेगी। अगर ताकानोरी तुमसे कुछ पूछे तो उसे मेरे मोबाइल का नम्बर दे देना, कहना कि मैं उससे बात करना चाहता हूँ।"

*****

अगला अध्याय सोमवार 3 अगस्त को पढ़ सकते हैं

***** 

 

सोमवार, जुलाई 27, 2026

देवी प्रतिमा के रक्षक - अध्याय 17

अब तक की कहानी: ताकानोरी जामुन बाबा को खोज रहा है, वह उनकी मूर्ति चाहता है। उससे बचने के लिए बाबा समाधी ले लेते हैं। ताकानोरी उनके वृद्धाश्रम में लोगों को जान से मारने की धमकी देता है। वह उनकी समाधी को खोदने की कोशिश करता है लेकिन सफल नहीं होता। उधर, बाबा का शिष्य त्रिनेत्र एक अनाथाश्रम चलाता है, जहाँ पाँच गुप्त-शक्ति वाले बच्चे और उसके मित्र की बहन आभा भी हैं। वे बाबा को बचाने के लिए, मजूली पहुँच कर, उनके आश्रम आते हैं। इसके आगे पढ़िये ...

पहले अध्याय से पढ़िये - पिछला अध्याय पढ़िये

अध्याय 17

 मजूली द्वीप, असम, 4 मार्च 2026, दोपहर

 गुरु जी का तहखाने वाला घर काफ़ी बड़ा था। उसमें चार कमरे थे। त्री ने इशारा करके कहा, "वह गुरु जी का कमरा है, उसमें नहीं जाओ, बाकी घर में तुम जहाँ चाहो वहाँ जा सकते हो।

जब वह वहाँ पहुँचे तो दोपहर हो चुकी थी और तीनों को भूख लगी थी। गार्गी बोली, “यहाँ रसोई में गैस का चूल्हा रखा है, क्या हम कुछ खाना पका सकते हैं?”

त्री ने मना किया, बोला, “खाना बनायेंगे तो चिमनी की पाईप से धूँआ और गँध ऊपर जा सकते हैं, उससे लोगों को शक हो जायेगा, इस समय यह खतरा लेना ठीक नहीं। उधर अलमारी में देखो, वहाँ कुछ फ़ल, गाजर, मूली आदि रखे होंगे, उन्हें खाना बेहतर होगा।"

फ़ल-सब्जियाँ खा कर त्री ने गार्गी और रंगनाथ से कहा, “तुम दोनों ऊपर जा कर पता लगाओ कि वृद्धाश्रम में क्या हो रहा है?" वह उसे सीढ़ियों की ओर ले कर गया।

रंगनाथ ने ऊपर देखा तो बोला, “यह सीढ़ियाँ तो कुछ अजीब सी लगती हैं।" वह सीढ़ियाँ कमरे की छत तक जा कर रुक जाती थीं।

त्री बोला, “क्योंकि वहाँ एक छिपा हुआ दरवाज़ा है।" उसने सीढ़ियाँ चढ़ कर दीवार पर लगा एक बटन दबाया तो ऊपर से छत का एक हिस्सा खुल गया। उसने सिर को बाहर निकाल कर आसपास देखा। जब कोई नहीं दिखा तो उन्हें ऊपर आने का इशारा किया।

वह सीढ़ियाँ झाड़-झँखाड़ के बीच में एक खण्डहर के पीछे निकलीं, वहाँ आसपास घना जँगल था। त्री ने उन्हें इशारे से बताया, “उधर जाओ, वहाँ एक बाग है, उससे हो कर गुरु जी के घर के पिछले दरवाज़े तक पहुँच जाओगे, जो खुला होगा। उनके घर की खिड़कियों से वृद्धाश्रम का गेट दिखता है, तुम बस वहाँ से देख कर आओ।"

वह दोनों उस दिशा में बढ़े, धीरे-धीरे देखभाल कर कदम रख रहे थे ताकि बिल्कुल शोर नहीं हो, हालाँकि रंगनाथ ने अपनी श्रवण शक्ति से जाँच लिया था कि वहाँ कोई नहीं है। पेड़ों के बीच से हो कर वह गुरु जी के घर के पिछवाड़े वाले बाग में घुसे, देखा कि उसका पीछे वाला दरवाज़ा खुला हुआ है। गार्गी ने वहीं से कुछ क्षणों तक आँखें बंद करके, मन की दृष्टि से घर के भीतर खोजा और जब किसी व्यक्ति का भास नहीं हुआ तो वह दोनों दबे पाँव भीतर गये।

घर में देखा कि वहाँ किसी ने कुछ खोजने की कोशिश की है। सारे संदूक, दराज़ और अलमारियाँ खुले थे और चद्दर-कपड़े बाहर बिखरे हुए थे। वह खिड़की की ओर गये और छिप कर बाहर देखा। रंगनाथ ने आश्रम के भीतर से आते-जाते लोगों की बातों को सुना।

गेट के सामने एक कच्ची सड़क थी जो वृद्धाश्रम की ओर जा रही थी और जिस पर लोगों की कतार लगी थी, वह लोग एक-एक करके, धीरे-धीरे वृद्धाश्रम के भीतर जा रहे थे, और साथ से लोग बाहर निकल रहे थे। बाहर कोई पहरेदार या गार्ड नहीं था।

दोनों दबे पाँव, जैसे गये थे, वैसे ही वापस खण्डहर तक लौट कर आये। फ़िर नीचे तहखाने में आ कर त्री को सारी बात बतायी।

गार्गी बोली, “मैंने पूरे क्षेत्र को जाँचा लेकिन आश्रम में किसी की शक्ति-लहर महसूस नहीं हुई। इसका मतलब है कि ताकानोरी इस समय यहाँ नहीं है।"

“नदी की दूसरी ओर, नारायणपुर की तरफ भी शक्ति-लहर को खोजा? शायद वह वहाँ हो?” त्री ने पूछा।

“हाँ मैंने उस ओर भी देखा, वहाँ भी ऐसा कुछ महसूस नहीं हुआ।"

रंगनाथ बोला, “मैंने आश्रम से निकलने वाले लोगों के बातें सुनीं, लेकिन कोई विशेष बात नहीं पता चली, केवल गुरु जी की बातें कर रहे थे, और कह रहे थे कि आश्रम वालों को समाधी देखने वालों के लिए पानी पिलाने की व्यवस्था करनी चाहिये।"  

त्री बोला, “ठीक है, हम भी ऊपर जा कर समाधी देखने वालों की कतार में खड़े हो जायेंगे। यहाँ सब लोग गुरु जी को जामुन बाबा कहते हैं, अगर कोई पूछेगा तो हम भी यही कहेंगे कि उनकी समाधी को देखने आये हैं। लेकिन जहाँ तक हो सके, तुम दोनों कुछ नहीं बोलना, मुझे बात करने देना। आश्रम के गेट से घुसते ही, दायीं ओर की बिल्डिंग में उनके संचालक जगदीश बाबू का दफ्तर है, मुझे उनसे मिल कर बात करनी है। लेकिन वहाँ ताकानोरी का कम्प्यूटर वाला आदमी सोमचाई भी हो सकता है, हमें उससे बचना है। रंगनाथ, तुम उस ओर ध्यान लगा कर सुनने की कोशिश करना, अगर तुम्हें जगदीश बाबू या सोमचाई का नाम सुनाई दे तो मुझे बताना।"

वह तीनों तहखाने से निकल आये, फ़िर जँगल से निकल कर वृद्धाश्रम की ओर गये और वहाँ खड़ी कतार में लग गये।

कतार में खड़े लोग आपस में बातें कर रहे थे। जब किसी ने त्री से पूछा तो उसने कहा कि वे अलीपुर द्वार के एक चाय-बागान से आये हैं और केवल बँगाली बोलते-समझते हैं, असमियाँ नहीं जानते। बाबा का नाम बँगाल तक फ़ैल गया है, और लोग उनकी समाधी देखने इतनी दूर से आ रहे हैं, यह सुन कर लोगों को अचरज हुआ। कतार धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी और उनके पीछे नये लोग आ कर जुड़ते जाते थे।

जब तक उनकी गेट से भीतर घुसने की बारी आयी, तब तक शाम होने वाली थी और कतार छोटी सी रह गयी थी। जब वह लोग वृद्धाश्रम की बिल्डिंग के पास से गुज़रे तो रंगनाथ ने अपनी श्रवण शक्ति लगा कर आसपास हो रही बातों को सुनने की कोशिश की। थोड़ी देर में ही उसने सोमचाई की आवाज़ को पकड़ लिया, और उसकी बातों को ध्यान से सुना। कुछ देर तक सुनने के बाद उसने त्री को कहा, “दादा, सोमचाई टेलीफोन पर ताकानोरी से बात कर रहा था, बोला कि बटेर को जोरहाट ले कर गये हैं, वहाँ उसकी आँख का ओपरेशन हुआ है और मटरू भी अस्पताल में भर्ती है।"

त्री ने पूछा, “ताकानोरी ने जवाब में कुछ कहा कि वह कहाँ पर है?”

“नहीं", रंगनाथ ने सिर हिला कर मना किया।

“ठीक है, तुम जगदीश बाबू का पता लगाने की कोशिश करो कि वह कहाँ हैं।"

तब तक वे समाधी-स्थल पर पहुँच गये। चूँकि अब भीड कम हो गयी थी इसलिए लोगों को वहाँ रुकने का अधिक समय मिल रहा था। लोग समाधी स्थल की परिक्रमा कर रहे थे और कुछ लोग वहाँ हाथ जोड कर प्रार्थना भी कर रहे थे।

समाधी के पास पहुँचे तो त्री ने धीरे से गार्गी से कहा, “ज़रा कोशिश करके देखो कि क्या समाधी में गुरु जी की शक्ति-लहर महसूस होती है?”

वह तीनों वहाँ आँखें बंद करके, हाथ जोड़ कर खड़े थे। रंगनाथ ने सुना कि एक बूढ़ा दूसरे से कह रहा है, “यह भीड़ सम्भालने का काम बहुत थकाने वाला है, पता नहीं यह सब कितने दिन चलेगा। मैं कल जगदीश बाबू से कहूँगा कि मेरी तबियत ठीक नहीं है।"

वहाँ से चलने लगे तो गार्गी बोली, “समाधी से बहुत हलका सा शक्ति का भास होता है, शायद उनकी शक्ति कमज़ोर हो रही है, या वह बहुत गहराई में हैं।"

त्री का चेहरा गम्भीर हो गया, बोला, “उनकी शक्ति इतनी आसानी से क्षीण नहीं होगी, वह अवश्य ही गहराई में हैं।"

रंगनाथ ने पूछा, “दादा, ज़मीन के नीचे दबने के बाद गुरु जी साँस कैसे लेंगे?”

त्री ने उसके प्रश्न का उत्तर नहीं दिया, पूछा, “जगदीश बाबू का पता नहीं चला?”

रंगनाथ ने फ़िर से अपनी श्रवण-शक्ति का ध्यान लगा कर  उसे आसपास घुमाया और बोला, “आश्रम में कई लोग उनकी बात कर रहे हैं लेकिन अभी तक किसी को उन्हें उनके नाम से बुलाते हुए नहीं सुना। मैं उनकी आवाज़ नहीं पहचानता, उनका पता कैसे लगाऊँगा?”

वे वापस वृद्धालय के गेट की ओर जा रहे थे जब अचानक त्री रुक गया, बोला, “वह सामने हैं जगदीश बाबू, वह इधर ही आ रहे हैं। उनके साथ दो अन्य लोग हैं, हमें उनसे अकेले में बात करने का कोई बहाना चाहिये।"

*****

अगला अध्याय पढ़िये

***** 

गुरुवार, जुलाई 23, 2026

देवी प्रतिमा के रक्षक - अध्याय 16

अब तक की कहानी: ताकानोरी जामुन बाबा को खोज रहा है, वह उनकी मूर्ति चाहता है। उससे बचने के लिए बाबा समाधी ले लेते हैं। ताकानोरी उनके वृद्धाश्रम में लोगों को जान से मारने की धमकी देता है। वह उनकी समाधी को खोदने की कोशिश करता है लेकिन सफल नहीं होता। उधर, बाबा का शिष्य त्रिनेत्र एक अनाथाश्रम चलाता है, जहाँ पाँच गुप्त-शक्ति वाले बच्चे और उसके मित्र की बहन आभा भी हैं। वे बाबा को बचाने के लिए, वहाँ पहुँचते हैं। इसके आगे पढ़िये ...

पहले अध्याय से पढ़िये - पिछला अध्याय पढ़िये

अध्याय 16

मजूली द्वीप, असम, 4 मार्च 2026, सुबह

त्री, रंगनाथ और गार्गी वृद्धाश्रम की ओर जाने के लिए तैयार हो गये।

त्री ने आभा से कहा, “हम सीढ़ियों से ऊपर नहीं जायेंगे बल्कि एक गुप्त सुरंग से बाहर निकलेंगे। तुम भी हमारे साथ चल कर सुरंग का रास्ता देख लो और जब यहाँ तहखाने में बैठे-बैठे बोर हो जाओ तो बच्चों को कुछ देर तक बाहर घुमा सकती हो। वसंत तुम्हारी शक्ति-लहरों को ढक कर तुम्हें उस जापानी की अन्वेषण-किरण से छुपा लेगा, लेकिन यह काम वह पेड़ों की सहायता से करता है, अगर तुम लोग खुले में जाओगे तो वहाँ वह तुम्हें नहीं छुपा सकता, इसलिए तुम बच्चों को खुली जगह में नहीं जाने देना।"

नाश्ते के बाद माधव और तृप्ति सोने के लिए वापस बिस्तर पर लौट गये, लेकिन वसंत वहीं बैठा उनकी बातें सुन रहा था, बोला, “मैं भी आप के साथ चलता हूँ, आभा दीदी के साथ लौट आऊँगा।"

आभा बोली, “क्या माधव और तृप्ति को यहाँ अकेले छोड़ना ठीक होगा?”

“इस घर में उन्हें कोई खतरा नहीं है। ज़रीना, वह लड़की जो ऊपर रहती है और हमें रात को मिली थी, वह हमारी साथी है। फरीद, वह नाव वाला जो हमें रात को मजूली ले कर आया था, ज़रीना उसकी बेटी है। वह सुन-बोल नहीं सकती, लेकिन इशारों की वर्णमाला जानती है और लिख-पढ़ सकती है। गुरु जी ने उसे गूँगे-बहरों के स्कूल में पढ़ने भिजवाया था, इसलिए वह लोग गुरु जी को बहुत मानते हैं। जब हमें अपने छुपने के लिए कमलाबाड़ी घाट के पास जगह चाहिये थी, तब गुरु जी ने यह घर बनवाया था और बाहर जाने के लिए सुरंग भी बनवायी। तुम्हें कुछ भी ज़रूरत हो तो ज़रीना को कहो", त्री ने सारी बात बतायी।

रंगनाथ ने पूछा, “दादा, यह इशारों की वर्णमाला क्या होती है?”

“जैसे अक्षरों की वर्णमाला होती है, वैसे ही हम हर अक्षर के लिए उंगलियों से भिन्न मुद्रा बना सकते हैं, वह मुद्राओं की वर्णमाला होती है। जैसे कि तुम्हारे नाम को अगर मुद्राओं की भाषा में कहना हो तो 'र' कहने के लिए तर्जनी और मध्यमा उंगलियों से क्रोस बनाओ और बाकी दोनों उंगलियों पर अंगूठा रख दो। 'न' कहने के लिए सभी उंगलियों के सिरों को अंगूठे के सिरे से मिलाओ। फ़िर 'ग' कहने के लिए 'न' वाली मुद्रा में मध्यमा को ऊपर उठाओ", यह कहते हुए उसने अपने हाथों से मुद्राएँ बदल कर अक्षर बना कर दिखाये, बोला, “इस तरह से यह 'रंग' शब्द बन गया।"  

रंगनाथ बोला, “यह भाषा तो बहुत कठिन लगती है।"

त्री मुस्कराया, “जब कोई चीज़ नहीं करनी आती तो वह कठिन लगती है। अगर तुम हर रोज़ मुद्रा की भाषा की एक-दो नयी मुद्राएँ सीख लो और हर रोज़ उनका अभ्यास करो तो एक महीने में इशारों में फटाफट बोलने लगोगे।"

गार्गी बोली, “जब हम घर लौटेंगे तो मैं यह इशारों की भाषा भी सीखूँगी ताकि ज़रूरत पड़े तो मैं आप को इशारों से गुप्त संदेश दे सकती हूँ।" रंगनाथ बोला, “केवल तुम्हारे सीखने से कुछ नहीं होगा, उसे समझने वाला भी चाहिये, नहीं तो क्या अपने आप से बातें करोगी?"

गार्गी ने पूछा, “दादा, कल रात जब हम यहाँ आये तो आप ने घंटी बजायी थी? ज़रीना दीदी ने उसे कैसे सुना?”

त्री मुस्कराया, “ऊपर जब घंटी बजाओ तो घंटी बजती है और साथ में एक बल्ब जलता-बुझता है, ज़रीना उसे देख सकती है।"

रंगनाथ ने पूछा, “ज़रीना दीदी टेलीफोन पर कही बातें भी समझ सकती हैं?”

“हाँ, उसके मोबाइल में एक एप्प है, तुम उसे कुछ कहोगे तो वह एप्प उसे मुद्रा की भाषा में वही बात वीडियो में दिखायेगी", कह कर त्री खड़ा हो गया, "चलो, अब हमें चलना चाहिये"।

वह तहखाने की रसोई में गया और एक अलमारी के पास जा कर, उसने एक जगह दबाया तो वह अलमारी दरवाज़े की तरह खुल गयी। उसके पीछे एक गुप्त रास्ता छिपा था। जैसे ही वह भीतर घुसा, वहाँ एक बत्ती जल गयी। उसके पीछे रंगनाथ और गार्गी गये और उनके पीछे आभा और वसंत।

त्री ने आभा को दिखाया कि सुरंग खोलने के लिए अलमारी को कैसे खोलते-बंद करते हैं। वह बोला, “इस सुरंग में सैन्सर लगे हैं, तुम जिधर जाओ, वहाँ की बत्ती अपने आप जल जाती है और पीछे वाली कुछ देर बाद अपने आप बुझ जाती है।"

सुरंग का रास्ता पार करने में उन्हें करीब आधा घंटा लगा और जब वह दरवाज़ा खोल कर बाहर निकले तो देखा कि उस सुरंग का दरवाज़ा एक मोटे तने वाले पीपल के पेड़ का हिस्सा था। जब वह बंद होता था और उसे ध्यान से नहीं देखो, तो दिखाई नहीं देता था।

वसंत बोला, “देखो, यह तो बहुत बड़ा पीपल का पेड़ है, इसके भीतर पूरा कमरा है।"

त्री बोला, “यहाँ के लोग इस पेड़ को पवित्र मानते हैं, इसे संत माधवदेव का पेड़ भी कहते हैं क्योंकि इसके नीचे एक बार संत माधव देव रहे थे। उनका गाँव हरिसिंगबरा, यहाँ से अधिक दूर नहीं है।"

वसंत ने पूछा, “यह पेड़ कितना पुराना होगा, दो सौ साल?”

“संत माधव देव करीब पाँच सौ साल पहले पैदा हुए थे, और कहते हैं कि उनके समय में भी इस पेड़ को बहुत प्राचीन मानते थे। इसलिए हो सकता है कि यह पेड़ एक हज़ार साल या उससे भी पुराना हो। यहाँ सब लोग इसे जानते हैं। अगर तुम आसपास कहीं खो जाओ तो लोगों से पूछो कि संत माधव देव का पीपल का पेड़ कहाँ है, वह तुम्हें यहाँ का रास्ता दिखा देंगे”, त्री ने समझाया, फ़िर बोला, “आभा और वसंत, तुम लोग अब वापस जाओ।"

आभा बोली, “बाद में जब माधव और तृप्ति जागेंगे, उन्हें साथ ले कर हम लोग यहाँ लौटेंगे।" वह  दोनों पीपल के पेड़ की ओर लौट गये।

त्री, रंगनाथ और गार्गी आगे चले। उन्होंने गाँव के गरीब लोगों जैसे कपड़े पहने थे, जैसे कि एक पिता अपने बच्चों के साथ कहीं जा रहा हो। करीब एक घंटा चल कर वे श्री भोला मन्दिर पहुँचे और वहाँ से मोटरबोट ली जो उन्हें फुलानीबाड़ी के घाट तक ले गयी। त्री उस क्षेत्र में पहले कई बार आ चुका था, इसलिए उसने अपना चेहरा गमछे से ढक लिया था। घाट पर पहुँचने से पहले ही गार्गी ने तीनों की शक्ति-लहरों को ढक लिया।    

फुलानीबाड़ी के घाट से जो रास्ता गाँव की ओर जाता है, वहाँ आगे जा कर पेड़ों के पीछे एक छोटा सा मैदान है, जिसके एक किनारे पर झाड़ियाँ के पीछे एक चबूतरा बना था। वह जगह सड़क से छिपी हुई थी। उस चबूतरे के पीछे जा कर त्री ने उसकी एक ईंट हटा कर दबाया तो उसमें एक छोटा सा गुप्त द्वार खुल गया, जिसमें वह तीनों झुक कर घुस गये।

वहाँ पर एक अन्य सुरंग थी जो नीचे जा रही थी, उसमें घुसने के बाद त्री ने गार्गी से कहा कि वहाँ शक्ति ढकने की आवश्यकता नहीं है।

रंगनाथ बोला, “दादा, हर जगह सुरंगें बनी हैं, इसका मतलब है कि गुरु जी बहुत सालों से इस खतरे का सामना करने के लिए तैयारी कर रहे थे?”

त्री ने धीरे से सिर हिला कर हामी भरी। वह जानता है कि बच्चे समझदार हैं, वह उनसे पूरी बात नहीं छुपा सकता। लेकिन अगर उनमें से कोई उस जापानी याकूज़ा के चँगुल में आ गया तो वह इनके दिमाग में घुस कर सब बातों को जान जायेगा, इसलिए वह उन्हें सब बातें नहीं बताना चाहता।

गार्गी बोली, “वह जापानी आदमी गुरु जी का पीछा क्यों कर रहा है? वह उनसे क्या चाहता है?”

“गुरु जी कोरिया से हैं। वह भी अनाथ थे और उन्हें भी एक बौद्ध भिक्षुक ने पाला था, जो बाद में उनके गुरु बने। उनके गुरु जी का नाम कूवी महाराज था और उनके पास हरिताश्म पत्थर की बनी माँ तारा की एक मूर्ति थी, जिसके प्रभाव से बच्चों की गुप्त-शक्तियाँ विकसित हो जाती हैं। कुछ जापानी लोग उस मूर्ति को पाना चाहते हैं", त्री ने बताया।

“यह हरिताश्म पत्थर क्या होता है?”

“हरिताश्म को अंग्रेज़ी में जेड कहते हैं, यह हरे रंग के संगमरमर जैसा होता है, लेकिन मुलायम होता है। उसकी मालाएँ और गहने भी बनाते हैं।"

“क्या यह पत्थर भारत में मिलता है? हमारे अखाड़े में भी तो हरे रंग की माँ तारा की कई मूर्तियाँ हैं?”

“यह पत्थर भारत में नहीं मिलता", त्री ने बताया, “हमारे उत्तर-पूर्व में एक देश है म्यंमार, उसे पहले बर्मा कहते थे, वहाँ पर हरिताश्म की खानें हैं। लेकिन सुना है कि हमारे मिज़ोराम में, म्यंमार की सीमा के पास भी, शायद यह पत्थर मिलते हैं।"

“इसका मतलब है कि जापानी लोग गुरु जी का चालीस-पैंतालिस सालों से पीछा कर रहे हैं?” रंगनाथ ने पूछा।

गार्गी बोली, “इतने सालों में तकनीकी ने इतनी तरक्की कर ली है, आज तो बहुत से अपराध इंटरनेट के माध्यम से होते हैं। इतने सालों के बाद भी वह लोग इस पुरानी बात के पीछे क्यों पड़े हैं?”

त्री मुस्कराया, बोला, “गुरु जी कहते हैं कि इस बात को यामागुचि नहीं भूल सकता, यह उसके आत्म-सम्मान की बात बन गयी है। तीन बार गुरु जी उसके चँगुल में आये और तीनों बार वह उसे चकमा दे कर भाग गये। आखिरी बार उसने गुरु जी को थाईलैंड में 1996 में खोजा था। उस बात को भी अब तीस साल हो गये। वह पहले वाले यामागुचि तो अब बहुत बूढ़े हो गये हैं, लेकिन उनका पोता है, रिकू यामागुचि, वह अब उनका गैंग चलाता है। शायद वह अपने दादा का अधूरा काम पूरा करना चाहता है।"

“पहले वह लोग गुरु जी को खोज लेते थे, तो वह उन्हें चकमा दे कर वहाँ से भाग कर नयी जगह में छिप जाते थे। लेकिन इस बार वह नहीं भागे, बल्कि उन्होंने समाधी ले ली, क्यों?”, गार्गी का दिमाग बहुत तेज़ है, वह हर अनकही बात को पकड़ लेती है। 

“क्यों कि अब गुरु जी बूढ़े हो रहे हैं, वह डरते हैं कि कहीं उनकी मृत्यु के बाद, यामागुचि के जासूस हमारे पीछे न लग जायें, और हमारे अनाथाश्रम पर हमला कर दें, क्योंकि मैं उनके उत्तराधिकारी हूँ।"

“क्या इसका मतलब है कि अब वह मूर्ति हमारे पास है? वह हमारे अनाथाश्रम में है?” गार्गी ने पूछा।

त्री फ़िर से मुस्कराया, सोचा कि गार्गी से कुछ छुपाना बहुत कठिन है, बोला, “जो मूर्ति गुरु जी कोरिया से लाये थे, कुछ साल पहले वह टूट गयी थी। उन्होंने उस मूर्ति के टुकड़ों को कुछ नयी मूर्तियों में जड़वा दिया है। उसमें से एक नयी मूर्ति हमारे पास, हमारे अनाथाश्रम में भी है।"

यह बातें करते-करते वह तीनों सुरंग को पार करके, वृद्धाश्रम से कुछ दूर, गुरु जी के ज़मीन के नीचे छिपे हुए तहखाने वाले कमरों में पहुँच गये।

*****

अगला अध्याय पढ़िये

*****

 

इस वर्ष के लोकप्रिय आलेख