लेखन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
लेखन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, नवंबर 26, 2026

सृजनात्मक लेखन - भाग 2

सृजनात्मक लेखक आलेख का भाग 1 पढ़िये 

सृजनात्मक-लेखन क्या होता है के विषय पर यह मेरा दूसरा आलेख है। इस दूसरे भाग में मैं दो विषयों पर बात करूँगा जो आपस में जुड़ी हुई हैं -

(1) अपनी कल्पना शक्ति को विकसित करना

(2) कहानी या उपन्यास को किसकी दृष्टि से लिख सकते हैं इस बात को समझना

इसके पहले आलेख में, मैंने सृजनात्मक लेखन का परिचय दिया था।

साथ की तस्वीर में कवि मैथिलीशरण गुप्त की प्रतिमा है जो मैंने लखनऊ के हिंदी भवन में खींची थी, जिन्हें भारत के राष्ट्रकवि भी कहते हैं।

दुर्भाग्य से भारत के शहरों में गुरुदेव रविन्द्रनाथ ठाकुर को छोड़ कर अन्य लेखकों, कवियों की ही नहीं, चित्रकारों, कलाकारों, शिल्पकारों आदि की मूर्तियाँ बहुत कम दिखती हैं, अधिकतर आधुनिक मूर्तियाँ केवल नेताओं की लगती हैं। अगर, आप पाठकों में से किसी के पास भारत की किसी भी भाषा के लेखकों-कवियों की मूर्तियों की तस्वीरें हों तो कृपया मुझे इस ईमेल पर भेजिये - sunil@kalpana.it - इसके लिए आप को मेरा अग्रिम धन्यवाद!    

1. अपनी कल्पना शक्ति को विकसित करना

लेखक का काम है अपने कथानक के विभिन्न पात्रों और उनके जीवन की घटनाओं को अपने शब्दों में चित्रित करना। उसकी चुनौती है उन पात्रों के जीवनों के बारे में लिखना जिसका उसे व्यक्तिगत अनुभव नहीं है। चूँकि हमारी कल्पना अक्सर हमारे जीवन के व्यक्तिगत अनुभवों से प्रभावित होती है और उनसे हट कर कुछ सोचना या लिखना, हमारे लिए आसान नहीं होता है। इसलिए अपनी कल्पना के द्वार खोल कर, अपने जीवन और अनुभवों से परे जा कर, नयी दृष्टि से दुनिया देखने-समझने के लिए, हमें अपने आप को नयी सोच की राहें खोजनी होती हैं।

अपनी कल्पना के दायरे बढ़ाने का सबसे महत्वपूर्ण रास्ता है किताबें, पत्रिकाएँ आदि पढ़ना और जब मौका मिले, लोगों से उनके जीवन के बारे में सुनना और बात करना। 

इसके लिए आप को अपनी कल्पना के दायरे बढ़ा कर लिखने का अभ्यास भी करना चाहिये। यह करने के लिए, आप को विशेष परिस्थितियों में भिन्न लोगों के अनुभवों और भावनाओं की कल्पना करनी होती है, और यह सोचना होता है कि उन्हें उस परिस्थिति में कैसा लगा होगा? फिर, उनकी दृष्टि से इस बारे में लिखने का अभ्यास करना होता है।

यह कैसे करें, नीचे मैं इसके लिए कुछ उदाहरण दे रहा हूँ। इस बात को समझने के लिए, केवल पढ़ना और सोचना काफी नहीं है, आप को कागज-कलम ले कर या कम्प्यूटर या मोबाइल पर सचमुच लिखने की कोशिश करनी चाहिये, तभी यह बातें समझ में आती हैं, जैसे कि -

(1) एक विकलांग व्यक्ति लंगड़ा कर चल रहा है और बस-स्टॉप पर बस की प्रतीक्षा कर रहा है। जब बस आती है तो लोग धक्का-मुक्की करके आगे निकल कर उस बस पर चढ़ जाते हैं, लेकिन वह व्यक्ति उस पर नहीं चढ़ पाता, पीछे रह जाता है। इस बात पर कुछ वाक्य लिखिये कि उसे क्या महसूस हुआ, उसने अपने मन में क्या सोचा? 

अब मान लीजिये कि वह व्यक्ति विकलांग नहीं बल्कि बूढ़ा है, तो सोचिये कि बूढ़ा होने से उसके बस स्टॉप के अनुभव में क्या अंतर आयेगा? आप उस बूढ़े की भावनाओं को किन शब्दों में व्यक्त करेंगे, इस पर कुछ वाक्य लिखिये।

फिर मान लीजिये कि वह एक प्रौढ़ औरत है, और सोचिये कि प्रौढ स्त्री होने से उसके अनुभव में क्या अंतर आयेगा, और उन्हीं वाक्यों को दोबारा लिखिये।

आप को यह सोचना और लिखना है कि हर व्यक्ति का अनुभव अन्य लोगों के अनुभवों से भिन्न होगा?  आप उनके अनुभवों को, कैसे अभिव्यक्ति देंगे, किस तरह से बदलेंगे? इस घटना को विभिन्न दृष्टिकोणों से लिखिये और सोचिये कि उन दृष्टिकोण बदलने से आप के लेखन में क्या बदलाव आये? आप को कोशिश करनी है कि आप भिन्न व्यक्तियों के अनुभवों को अपने लेखन से समझा सकें।

इसका अर्थ यह नहीं है कि आप केवल नकारात्मक अनुभवों पर ही ध्यान दें, बल्कि आप यह भी सोचिये कि अगर उस परिस्थिति में कुछ लोग उस व्यक्ति की सहायता करते हैं तो वह अनुभव कैसा होगा? 

(2) आप सड़क पर जा रहे हैं, रास्ते में आप को वहाँ गिरा हुआ एक सुंदर डिब्बा दिखता है। आप उसे उठाते हैं और खोलते हैं तो उसके भीतर की चीज़ को देख कर आश्चर्यचकित रह जाते हैं। सोचिये कि उस डिब्बे में क्या था जिसने आप को चकित किया, और डिब्बे को खोलने के बाद आप ने क्या किया? इस सारी घटना और अपने अनुभव के बारे में कम से कम आधा पन्ना लिखिये।

आप इस अभ्यास को विभिन्न तरीकों से कर सकते हैं। पहले उसे ऐसे लिखिये जिससे पढ़ने वाले को हँसी आये। फिर, ऐसे लिखिये कि पढ़ने वाले को डर लगे या उसका मन द्रवित हो जाये। देखिये और समझिये कि विभिन्न तरह के लेखन में कौन से शब्द, किस तरह प्रयोग किये जाते हैं। 

(3) बारिश आ रही है और एक युवती छाता ले कर जा रही है। उसके मोबाइल की घंटी बजती है, वह अपने पर्स से अपना मोबाइल निकाल रही है, जब हवा के झोंके से उसका छाता हाथ से छूट कर हवा के साथ कुछ दूर उड़ता चला जाता है।

आप वहाँ से गुज़र रहे हैं और यह दृश्य देखते हैं - आप अपनी दृष्टि से इस घटना के बारे में लिखिये। उसके बाद सोचिये कि अगर वह युवती इस बात को अपनी सहेली को सुना रही है, तो इसे किन शब्दों में कहेगी, और उसे उसकी दृष्टि से लिखिये। तीसरा - अब सोचिये कि आप व्यक्ति नहीं बल्कि वह छाता हैं जो हवा में उड़ा है, और इसी घटना को तीसरी बार, उस छाते की दृष्टि से लिखिये।

अभ्यास के लिए, ऊपर के तीन उदाहरणों की तरह आप अन्य बहुत से उदाहरण सोच सकते हैं। अपनी कल्पना के दायरे बढ़ाने के लिए और ऐसे पात्रों की रचना करना जो आप के सामान्य जीवन के अनुभव से भिन्न हों, उपयोगी होते हैं। अगर आप कुछ अन्य लोगों के साथ बैठ कर यह अभ्यास करेंगे और एक-दूसरे को अपना लिखा हुआ सुनायेंगे तो यह आप के लिए और भी लाभकारी होगा।

समय के साथ, ऐसी कोशिशें करते समय आप अपने पात्रों को समझने के लिए अधिक गहराई में जा सकते हैं। जैसे कि अगर आप एक घटना को छोटे बच्चे की दृष्टि से सोचेंगे, तो उसे लिखते हुए सोचिये कि एक बच्चा इस बात को कहने के लिए किस तरह की भाषा या शब्दों का प्रयोग करेगा? अगर आप किसी बात को एक मजदूर या एक वैज्ञानिक की दृष्टि से कह रहे हैं तो उनकी भाषाओं में क्या अंतर होगा?

मेरे अनुभव में, इस तरह से अपनी कल्पना-शक्ति को सुदृढ़ करने वाले अभ्यास, उपयोगी होने के साथ, बहुत आनंददायक भी होती हैं। जब मैं सृजनात्मक लेखन का कोर्स कर रहा था तब अपने सहपाठियों की कल्पना शक्ति को देख कर मुझे अक्सर अचरज होता था, कि उन्होंने कितने नये तरीके की बातें सोचीं।   

2. यह समझना कि कहानी या उपन्यास किसकी दृष्टि से लिखा जा रहा है?

अधिकतर उपन्यास और कहानियाँ प्रथम पुरुष (मैं - मेरा) या तृतीय पुरुष (वह - उसका) के दृष्टिकोण से लिखे जाते हैं। कुछ उपन्यासकार, एक ही कृति में विभिन्न पात्रों के हिस्से भिन्न दृष्टिकोणों से भी लिख सकते हैं।

आप की कहानी या उपन्यास, किस दृष्टिकोण से कहना बेहतर होगा, यह निर्णय आप को लेना होगा। आप अपनी कहानी कहने के लिए कोई भी दृष्टिकोण चुनिये, उसमें कुछ बातें कहना अधिक आसान होगा, और कुछ अन्य बातें दिखाना कठिन लगेगा।

मैं इस विषय पर आप को कुछ जाने-माने लेखकों की किताबों के उदाहरण दिखाना चाहता हूँ -

(1) सबसे पहले प्रथम पुरुष की दृष्टि से लिखा यह अंश देखिये जो भगवतीशरण मिश्र के उपन्यास "पवनपुत्र" (राजपाल प्रकाशन, 1996) से लिया गया है और जिसे पवनपुत्र यानि हनुमान की दृष्टि से लिखा गया है -

"मैं बाहर रह गया। मदारी को प्रवेश मिल गया। पर अन्दर बालक का क्रन्दन जारी था। मैं दरवाजे पर खड़ा सब कुछ सुन रहा था। रुलाई की वह आवाज कृत्रिम थी। अगर असली होती तो मेरा कलेजा वहीं बाहर आ जाता। इस स्वर को सुनते ही, और अपनत्व-बोध हुआ था। जन्म-जन्म की पहचान जैसे जागृत हुई थी। एक अनाम संबंध पुन:स्थापित सा होता लग रहा था। जानी-पहचानी थी यह पुकार - जीव को टेरता ब्रह्म-स्वर। नहीं, एक मिनट भी वहां रुकना अब दुष्कर लग रहा था। अगर लोगों की वह भारी जमघट मुझे घेरे नहीं खड़ा होता तो मैं सारे अनुशासन तोड़ कर भीतर प्रवेश कर गया होता।"   

(2) अब देखिये एक उदाहरण तृतीय पुरुष की दृष्टि से लिखा हुआ। यह अंश बलदेव सिंह के उपन्यास "तोड़ूँ दिल्ली के कंगूरे" (वाणी प्रकाशन, 2015, पंजाबी से डॉ. जसविन्दर कौर बिन्द्रा द्वारा हिंदी में अनुवादित) से है और इस उपन्यास में दुल्ला भट्टी की कहानी है - 

"दुल्ला खड़ा हुआ कुछ देर तक झिड़ी का कुदरती शोर सुनता रहा। फिर आ कर कूँए की मुँडेर पर बैठ गया। नीचे कूँए के पानी की ओर देखने लगा। कूँए से किसी मेढ़क की आवाज़ सुनाई दी। दुल्ले ने एक छोटा सा पत्थर उठा कर कूँए में फेंका। नीचे धड़ाम की आवाज़ सुनाई दी। मेढ़क की आवाज़ एकदम रुक गयी। कुछ मेढ़क इधर-उधर उछलने लगे। उनके हिसाब से तो कूँए में प्रलय आ गयी। दुल्ले के चेहरे पर अजीब सी मुस्कान आ गयी। वह मूँछों को ताव देने लगा। ... अब अकबर के सिपाही, भट्टियों के आगे उछला करेंगे।"

(3) अब देखिये एक अन्य उदाहरण तृतीय पुरुष की दृष्टि से, जो ऊपर वाले उदाहरण से थोड़ा सा भिन्न है। यह अंश मैंने श्रीलाल शुक्ल की किताब "बिस्रामपुर का संत" (राजकमल प्रकाशन, 1998) से लिया है -   

"विदेशी शिक्षा-दीक्षावाले के लिए जयश्री से उनका संबंध एक अल्पकालीन 'अफेयर' भर था और उन्हें ऐसा ही समझना था। पर बीतते हुए समय के साथ, इस घटना में रोमांस, टीस और उदासी भरी उत्कंठा के तत्व जुड़ते गये और व्यवहार-बुद्धि में कुशल एक बैरिस्टर के लिए आत्म-प्रवंचना की यह अँधेरी भूल-भुलैया इतनी आकर्षक साबित हुई कि वह बाद में एक सर्वथा अपरिचित सुंदरी के लिए उनके सम्मोहन का आधार बन बैठी। और वह सम्मोहन सुंदरी की मौत के बाद ही टूटा। और यह अचानक हुआ। ...  उन्हें अभी और जीना है। यथार्थ को सहने के लिए उन्हें फिर से कुछ नयी विडंबनाओं, कुछ नये आत्म-छलों की खोज करनी होगी।"

क्या आप ऊपर दिये गये उदाहरणों के बीच में लेखक की दृष्टि का अंतर समझे?

पहले उदाहरण के प्रथम-पुरुष, यानि 'मैं' की दृष्टि से लिखते हुए लेखक, अपने पात्र के भीतर रहते है, उसी का हिस्सा बन कर सोचते है। इसलिए यहाँ पर लेखक अपने पात्र की मनोस्थिति को, और उसके मन में उठते विचारों को, अच्छी तरह से पाठकों के सामने रख सकता है। आप उस उदाहरण को दोबारा पढ़िये तो यह स्पष्ट हो जायेगा।

दूसरे उदाहरण के तृतीय-पुरुष की दृष्टि से लिखते समय ऐसा लगता है कि लेखक, कहानी के नायक दुल्ला के बिल्कुल पास में रह कर सब घटनाओं को होते हुए देख रहा है। लगता है कि वह उसकी पीठ के पीछे से खड़ा, वह सब कुछ देखता-सुनता है जो उसका नायक देखता-करता है। पहले उदाहरण की तरह, यहाँ पर लेखक अपने पात्र के भीतर नहीं है, पर उसके बिल्कुल पास में है। 

तीसरे उदाहरण के तृतीय-पुरुष की दृष्टि से लिखते हुए, लगता है कि लेखक एक रंगमंच पर घटते हुए कथानक को देख रहा है। वह अपने पात्रों से कुछ दूर खड़ा है, वह केवल एक पात्र को नहीं देख रहा, बल्कि पूरी स्थिति को, पहले जो हुआ और आगे जो होगा, सबको देख पा रहा है और जानता है। ऐसा लेखक सर्वज्ञाता भी हो सकता है, यानि वह अपने लेखन में दिखाता है कि उसे मालूम है कि कहानी में आगे क्या होने वाला है। 

अपना लिखने का दृष्टिकोण चुनने के साथ-साथ, लेखक यह निर्णय भी लेता है कि वह स्वयं पाठकों के सामने स्पष्ट आये या नहीं? ऊपर के उदाहरणों में लेखक सामने नहीं आते, वह केवल पात्रों की बातें करते हैं, और खुद अदृष्य रहते हैं। लेकिन कई लेखक हैं जो अपने कथानक में अपने लेखक के रुप को स्पष्ट दिखाते हैं। जैसे कि बंगाली लेखक बिमल मित्र, जिनके बहुत से उपन्यास उनके अपने लेखकीय विमर्श से शुरु होते थे, और कहानी के बीच-बीच में भी वह लेखक की अपनी राय को अभिव्यक्त करते थे। उदाहरण के लिए उनके उपन्यास "विषय: नर-नारी" (लोकभारती प्रकाशन, 1982) के पहले अध्याय के प्रारम्भ का यह अंश देखिये -

"कोई लेखक अपने जीवन में कितने उपन्यास लिख सकता है? उपन्यास कहा जा सकता है, ऐसे उपन्यास मैंने पाँच या छह लिखे हैं। उनका आकार जितना बड़ा है, उनकी विषय-वस्तु उतनी महान है। सही मायने में उपन्यास उस बरगद के पेड़ की तरह होना चाहिये जिसकी शाखा-प्रशाखाएँ दूर तक फैली हों। ऐसे उपन्यास में राष्ट्र, समाज और इतिहास के किसी अध्याय का विवरण होता है। इसमें किसी राष्ट्र, समाज अथवा युग के उत्थान-पतन के क्रम-विवर्तन का ब्योरा मिल जाता है। इसीलिए ऐसा उपन्यास सार्थक है।"

इस तरह से बिमल मित्र उपन्यास के शुरु में ही स्पष्ट कर देते हैं कि वह उसके लेखक हैं, और वह यह भी बताते हैं कि उन्होंने वह उपन्यास क्यों लिखा और उन्होंने उसमें लिखी कहानी और बातों के बारे में कैसे जाना। इस तरह से वह अक्सर दिखाते थे कि वह उपन्यास काल्पनिक नहीं, बल्कि किसी सच्ची घटना पर आधारित है।

आप अपने उपन्यास/कहानी को कौन सी दृष्टि से लिखें?

दृष्टि चुनना लेखक की मर्जी है, उनमें कुछ अच्छा-बुरा नहीं होता। दृष्टि चुनने का कोई अटूट नियम नहीं हो सकता।

जैसे कि जासूसी या एडवैंचर या थ्रिलर जैसी किताबों में अगर बहुत एक्शन दिखाना है, तो अक्सर उसमें मनोस्थिति की बातें करने की जगह नहीं होती, और अक्सर इन्हें तृतीय पुरुष की दृष्टि से, यानि पात्रों से कुछ दूरी बना कर लिखा जाता है। अधिकतर इन उपन्यासों में 'फिर क्या हुआ' पर अधिक जोर होता है, और 'उसने क्या सोचा' पर कम, इसलिए उन्हें तृतीय पुरुष में लिखना आसान लगता है। लेकिन डेनमार्क-स्वीडन जैसे देशों में 'खून किसने किया' के रहस्य से जुड़े बहुत से लोकप्रिय उपन्यास लिखे गये हैं जिनमें पात्रों की मानसिक परिस्थितियों को समझने पर अधिक जोर दिया जाता है, और वह अपने कुछ पात्र या पूरा उपन्यास प्रथम पुरुष की दृष्टि से भी लिखते हैं।

कुछ लेखक एक ही उपन्यास में विभिन्न हिस्से, भिन्न दृष्टिकोणों से लिखते हैं - जैसे कि कुछ दिन पहले मैंने एक इतालवी उपन्यास पढ़ा था, जिसमें एक नानी, उसकी बेटी और नातिन की कहानी थी और उसके अध्याय बारी-बारी से, उन तीनों की दृष्टि से प्रथम-पुरुष में लिखे गये थे। इस तरह से, उस उपन्यास की हर घटना को, पाठकों को उन तीनों की भिन्न दृष्टि से देखने-समझने का मौका मिलता है। खूनी को खोजने के बारे में एक अन्य पुलिस-जासूसी उपन्यास भी पढ़ा जिसमें सारा कथानक तृतीय पुरुष में, उपन्यास के नायक पुलिस डिटेक्टिव की दृष्टि से था, लेकिन कुछ अध्यायों को खूनी की अपनी प्रथम-पुरुष की दृष्टि से लिखा गया था।

अस्सी-नब्बे के दशकों में मैंने हिंदी में कुछ कहानियाँ लिखी थीं। वह सभी कहानियाँ मैंने प्रथम पुरुष, यानि 'मैं' की दृष्टि से लिखी थीं। मैं जब भी कोई कहानी लिखता था या उपन्यास लिखने की कोशिश करता था तो मुझे यही दृष्टि स्वाभाविक लगती थी। जब मैंने बोलोनिया युनिवर्सिटी में सृजनात्मक लेखन का कोर्स किया तो उसमें एक दिन हमें तृतीय पुरुष की दृष्टि से लिखने के लिए कहा गया। तब हम छात्रों ने इस विषय पर बात की कि कैसे हम सब को आदत पड़ जाती है और हम कुछ भी लिखें, हमेशा उसी एक तरीके से, उसी दृष्टिकोण से लिखते हैं।

कुछ साल पहले जब मैंने कुछ उपन्यास लिखने शुरु किये, तो जानबूझ कर सभी तृतीय पुरुष की दृष्टि से लिखे। इसलिए, अब मुझे लगता है कि मैं तृतीय-पुरुष की दृष्टि से लिखने का इतना अभ्यस्त हो गया हूँ कि मुझे प्रथम पुरुष में लिखने की कोशिश भी करनी चाहिये। 

आप बताईये कि आप को किस दृष्टिकोण से लिखना अधिक स्वाभाविक लगता है? 

अंत में

कई लोग कहते हैं कि उन्हें ऐसे उपन्यास पढ़ना अच्छा नहीं लगता जिसे भिन्न दृष्टिकोणों से लिखा गया हो, क्योंकि हर पात्र की दृष्टि से बदल-बदल कर पढ़ने से वे कन्फ्यूज़ हो जाते हैं। मेरे विचार में इस तरह से प्रयोग करना और कोशिश करना कि आप के कथानक को समझने का नये कोण मिलें, यह अच्छी बात है। 

लेकिन, अलग-अलग पात्रों के दृष्टिकोण से प्रथम-पुरुष में इस तरह लिखना कि कुछ वाक्य पढ़ते ही, लेखक के बिना बताये, आप को समझ आ जाये कि यह बातें कौन सा पात्र कह रहा है, इसके लिए लेखक को विशेष कुशलता चाहिये क्योंकि उसे हर पात्र को उसकी विशेष आवाज-स्वर-भाषा देनी पड़ती है।    

असली बात है कि हम सब व्यक्ति भिन्न हैं और हमारी पसंद-नापसंद भी भिन्न होती हैं। आप को किस दृष्टि से लिखना चाहिये, इसका निर्णय तो केवल आप ही ले सकते हैं। मेरी सलाह है कि आप को यह निर्णय लेने से पहले, कुछ अध्यायों को विभिन्न दृष्टिकोणों से लिखने की कोशिश करनी चाहिये। 

आप बताईये कि आप की इस बारे में क्या राय है? 

*****

पाठकों के प्रश्न

सृजनात्मक लेखन के पहले भाग के आलेख को पढ़ कर एक पाठक काकेष ने फेसबुक के माध्यम से 2 प्रश्न पूछे हैं: 

(1)  क्या पाठक की इच्छा, या अपने लिखे को दूसरों द्वारा पढ़े जाने का विचार आपके लेखन को किसी प्रकार प्रभावित करता है? स्वांतः सुखाय लिखना अच्छा है, लेकिन क्या लिखते समय पाठक आपके सामने नहीं रहता?

(2) आज के सोशल मीडिया और एआई के युग में जब "लिखे हुए" की उम्र क्षणिक है और "रचनात्मक AI" आपसे प्रतिस्पर्धा कर रहा है तब लिखना या सृजन करना कितना सार्थक है?

मेरे विचार में पाठक एक नहीं होता, अनेक होते हैं। यह कहना कि हम पाठक क्या चाहते हैं उसका सोच कर लिखें, तो मेरे मन में प्रश्न उठता है कि कौन से पाठकों की बात लेखक को सुननी चाहिये? किताब खरीदने वाले की या आलोचक की? मेरे विचार में जो कहानी हमारे मन में है, हमें उसे ईमानदारी से लिखने की कोशिश करनी चाहिये, अगर हम यह सोचने लगेंगे कि पाठक क्या चाहते हैं, तो शायद हमारा लेखन झूठा हो जायेगा।

मुझे लोकप्रिय लेखिका शिवानी जी की एक साक्षात्कार की बात याद आती है, जिसमें उन्होंने कहा था कि जब उनका उपन्यास "कृष्णकली", साप्ताहिक पत्रिका धर्मयुग में छप रहा था, तब उन्हें हजारों पत्र मिले थे जिसमें पाठक उनसे नायिका के लिए सुखद अंत चाहते थे, लेकिन वह नहीं मानी थीं, कहती थीं कि उपन्यास का अंत तो वही होगा जो मुझे सही लगेगा।

जहाँ तक सोशल-मीडिया और ए.आई. की दुनिया की बात है, यह सच है कि उस पर कुछ भी लिखा जाये, वह क्षणिक होता है। पर मेरे विचार में हमारे अपने जीवन भी क्षणिक होते हैं। जब बड़े से बड़े चक्रवर्ति राजा-महाराजा भुला दिये जाते हैं, तो कितना भी प्रसिद्ध या लोकप्रिय लेखक हो, कुछ सालों, दशकों के बाद, सब भुला दिया जाता है। इसलिए मेरा मंत्र है कि मैं अपने आनंद के लिए लिखूँगा, उसे पाठक मिलेंगे तो बहुत बढ़िया, और नहीं मिलेंगे तो कोई बात नहीं।

***** 


रविवार, नवंबर 22, 2026

सृजनात्मक लेखन - भाग 01

सृजन का मतलब है अपने हाथों से, अपने दिमाग से, अपनी कल्पना शक्ति से कुछ नया बनाना। जैसे चित्रकार चित्रों का सृजन करे या मूर्तिकार शिल्प बनाये। लेखन भी वैसा ही सृजन का क्षेत्र है जिसमें लेखक अपनी कलम से या कम्प्यूटर के कीबोर्ड से एक काल्पनिक दुनिया रचता है, उसमें पात्र रखता है, उन्हें जीवन देता है, उनके जीवन की घटनाओं का ताना-बाना बुनता है।

बहुत से लोग सोचते हैं कि लिखने के गुण हममें जन्म से ही होते हैं, इसे सीखा नहीं जा सकता। जबकि मेरा अनुभव है कि अगर आप के मन में लिखने की इच्छा है तो आप अपने लिखने की क्षमता को बेहतर बनाना सीख सकते हैं। सृजनात्मक लेखन का कोर्स करना, इस दिशा में उपयोगी हो सकता है। (साथ की तस्वीर में मिलान के आधुनिक कला संग्रहालय से किताब पढ़ती हुई युवती की शिल्पकला है जिसके कलाकार हैं पिएत्रो मान्यीं)

मैंने सृजनात्मक लेखन के दो कोर्स किये हैं। करीब बीस साल पहले मैंने एक तीन महीने का इटली के बोलोनिया विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित कोर्स किया था, जिसमें विभिन्न देशों से आने वाले हम सोलह विद्यार्थी हर सप्ताह तीन घंटों के लिए मिलते थे। मेरा दूसरा कोर्स, कुछ वर्ष पहले, कॅनेडा की जानी-मानी लेखिका मारग्रेट एटविड का ॲान-लाइन कोर्स था। कोर्सों के अतिरिक्त, मैं पिछले कुछ दशकों से हिंदी, अंग्रेज़ी तथा इतालवी भाषाओं में लिख रहा हूँ।

मैंने सृजनात्मक लेखन के बारे में जो भी सीखा है, उसके बारे में कुछ आलेख लिखने का सोचा है। यह आलेख उस कोर्स का पहला भाग है जिसमें आप को सृजनात्मक लेखन का परिचय मिलेगा। 

कथा और उपन्यास का सृजनात्मक लेखन 

बहुत से लोग कहते हैं कि कथा या उपन्यास को लिखते समय किसी नियम का पालन करना उनकी सृजनात्मकता का हिस्सा नहीं है, वह अपनी अभिव्यक्ति को सभी नियमों से स्वतंत्र रखना चाहते हैं। मुझे लगता है कि लेखन के नियम जानना और सीखना अच्छी बात है, बाद में, जब हमें लिखने का कुछ अनुभव हो जायेगा, तब हम निर्णय ले सकते हैं कि अपने लेखन में किन नियमों का कितना पालन करें और किन नियमों को भूल जायें।

सृजनात्मक लेखन के विषय पर बहुत से प्रसिद्ध लेखकों ने भी किताबें लिखी हैं, जैसे कि जेम्स मिशनर, एलिज़ाबैथ जोर्ज, स्टीफन किन्ग, आदि। इस विषय पर किसी हिंदी लेखक ने भी लिखा है, यह मैं नहीं जानता, लेकिन कई शिक्षा संस्थानों में सृजनात्मक लेखन के कुछ कोर्स हैं जिनके कुछ पाठ आप इंटरनेट पर खोज सकते हैं, जैसे कि महात्मा गाँधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय का कोर्स और ग्यारहवीं कक्षा की एनसीआरटी का एक पाठ।

मैं आलेखों में अपनी सीखी हुई बातों के अतिरिक्त, इस विषय पर लिखी गई कुछ किताबों की बातें भी करूँगा। मैं विश्वविद्यलयों में पढ़ाये जाने वाले कोर्स की तरह नहीं लिखना चाहता, बल्कि ऐसा लिखना चाहता हूँ जो पढ़ने-समझने में संक्षिप्त तथा आसान हो, और जिसमें प्रेक्टिकल बातें हों।

कहाँ बैठ कर लिखें 

साथ लगी हुई तस्वीर मेरी है, जिसमें आप मेरी लिखने की मेज़ और मेरा प्रिय चाय का लाल प्याला देख सकते हैं, जहाँ इस समय मैं यह ब्लॉग लिख रहा हूँ। मेरे विचार में हर लेखक को अपने लेखन के लिए अपने व्यक्तित्व के अनुसार उपयुक्त जगह चाहिये।

मैंने प्रसिद्ध हिंदी लेखिका शिवानी जी के एक साक्षात्कार में पढ़ा था कि अक्सर वह घर के कामों के बीच से समय निकाल कर, बच्चों के बीच रहते हुए और घर के काम करते हुए भी लिख सकती थीं। मैंने सूरज प्रकाश द्वारा सम्पादित किताब "मेरे लिखने की मेज" भी देखी है (अभी पढ़ी नहीं है), जिसमें विभिन्न लेखकों ने अपनी प्रिय लेखन-जगहों के बारे में लिखा है।

मुझे लिखते समय एकांत और चुप्पी चाहिये, आसपास लोग बात कर रहे हों तो मैं नहीं लिख पाता। जबकि मेरे कुछ मित्र, कॉफी-शॉप जैसी जगहों पर, लोगों और शोर के बीच में बैठ कर लिखना पसंद करते हैं।

छोटे घरों में रहने वाले लेखकों के लिए अपने लिए एकांत पाना आसान नहीं होता, पर मेरे अनुभव में अगर लिखने की इच्छा प्रबल हो तो लोग हर तरह के शोर-शराबे के बावजूद भी लिखते हैं। लड़कियों के लिए, विशेषकर गृहणियों के लिए लिखने की जगह और समय खोज पाना और भी कठिन है, लेकिन सब कठिनाईयों के बावजूद बहुत सी नयी लेखिकायें अच्छा लिख रही हैं। मेरे बचपन में जब घर में जगह कम थी, तब मुझे लायब्रेरी में बैठ कर पढ़ना-लिखना अच्छा लगता था।

आप को किस जगह पर बैठ कर लिखना अच्छा लगता है? और जब वैसी जगह नहीं मिलती तो आप कहाँ-कैसे लिखते हैं? नीचे टिप्पणियों में अपने अनुभव साझा कीजिये।  

सृजनात्मक लेखन कैसे सीखें

कोई लेखन-कोर्स करने के अतिरिक्त, मेरे विचार में सृजनात्मक लेखन सीखने के लिए चार अन्य सहायक रास्ते हैं :-  

1. पढ़िये, पढ़िये, और पढ़िये 

मारग्रेट एटवुड कहती हैं कि अगर आप अच्छा लेखक बनना चाहते हैं तो शायद सबसे पहली और ज़रूरी बात है कि आप अधिक से अधिक लेखकों की किताबों को पढ़ें ।

पढ़ते समय, यह भी सोचिये कि आप को उनके लेखन में कौन सी बातें अच्छी लगीं या नहीं लगीं और क्यों? इस बारे में सोचिये और हो सके तो इस बारे में अपनी डायरी में भी लिखिये, क्योंकि मेरे अनुभव में किसी भी बात को, अपने शब्दों में, और अपने हाथ से, लिखने से वह विचार मेरे मन में जितना स्पष्ट होता है, वह केवल पढ़ने से नहीं होता।

जैसे कि लड़कपन में मुझे अमरीकी लेखक जोह्न डी. मेकडोनाल्ड (John D. MacDonald) की जासूसी और एडवैंचर की किताबें बहुत अच्छी लगती थीं लेकिन तब मैं इस बारे में गहराई से नहीं सोचता था कि वे मुझे क्यों अच्छी लगती थीं। पिछले दिनों में मैंने उनकी कुछ किताबें दोबारा पढ़ीं तो समझा कि उनमें अपने पात्रों का एक नये तरीके से वर्णन करने और कम शब्दों में अलग-अलग व्यक्तित्व गढने की क्षमता बहुत अच्छी थी। बहुत से लोग जिस बात को बताने के लिए दो-तीन पृष्ठ के विवरण देते हैं, मेकडोनाल्ड उसे एक-दो वाक्यों में कह देते हैं।

2. लिखिये, लिखिये, और लिखिये

स्टीफन किंग कहते हैं कि लिखना सीखने के लिए, पढ़ने के साथ, दूसरी आवश्यक बात है नियमित रूप से कुछ न कुछ लिखते रहना। उनकी सलाह है कि आप अपना एक दैनिक लक्ष्य तय कीजिये (उदाहरण के लिए, आप कह सकते हैं कि मैं प्रतिदिन कम से कम पाँच सौ शब्द या दो पन्ने अवश्य लिखूँगा) और हर रोज लिखने की आदत बनाईये।

यह सच है कि नौकरी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच में लिखना आसान नहीं है। मैंने उपन्यास लिखने की पहली कोशिश करीब पच्चीस साल पहले की थी, पर तब काम में व्यस्त रहता था और बार-बार कोशिश करके भी, उस समय उसे पूरा नहीं कर पाया था। हालाँकि मैंने अपना वह उपन्यास अभी कुछ वर्ष पहले ही, रिटायर होने के बाद, पूरा किया, पर मैं इन सालों में नियमित रूप से अपने ब्लॉग पर लिखता रहा हूँ, और मेरी कुछ कहानियाँ इतालवी भाषा में भी छपीं।

मेरे अनुभव में अगर आप लिखने के लिए सही समय आने की प्रतीक्षा करेंगे तो किसी भी कोर्स से अधिक नहीं सीख पायेंगे। इसलिए इस बारे में पढ़ने के अतिरिक्त, हर रोज कुछ न कुछ लिखने का काम भी शुरु कीजिये। और कुछ नहीं, तो आज अपना व्यक्तिगत ब्लॉग बनाने के कई निशुल्क रास्ते हैं, जहाँ आप लिख सकते हैं। 

3. किसी लेखक-मंच या गुट का हिस्सा बनिये

लेखक-मंच में लिखने की इच्छा रखने वाले व्यक्ति और नये लेखक, मिल कर एक-दूसरे के लेखन को सहारा देते हैं। 

नये लेखक के लिए सबसे कठिन बात है ऐसे व्यक्ति खोजना जो उसके लिखने पर उसे अपनी निष्पक्ष सलाह दें। जब हम अपना लिखा हुआ परिवार वालों या मित्रों को दिखाते हैं तो अक्सर वह प्रशंसा वाली बातें बताते हैं, आलोचना और कमियों की बात नहीं करते, क्योंकि वे हमारा दिल दुखाना नहीं चाहते। इसलिए लेखक-मंच या गुट का हिस्सा बनना, नये लेखक के लिए बहुत उपयोगी हो सकता है, क्योंकि आप एक-दूसरे को अपना लिखा और अपने विचार सुना और पढ़ा सकते हैं, और उन्हें अपनी सलाह दे सकते हैं।

अगर जहाँ आप रहते हैं वहाँ पर कोई लेखक-मंच या गुट नहीं है तो आप वहाँ पर कुछ मित्रों के साथ अपना नया मंच/गुट बना सकते हैं। फेसबुक जैसे सोशल मीडिया की सहायता से यह काम कठिन नहीं है।

मेरे अनुभव में अगर गुट में 7-8 व्यक्ति हों तो उसमें बात करना आसान होता है। इससे छोटे गुटों में खतरा होता है कि एक-दो व्यक्तियों के चले जाने से मंच नहीं रहता। जबकि बड़े गुटों में ठीक से बात करना और सबकी बात सुनने में दिक्कत हो सकती है। 

लेखक-गुट बनाते हुए आवश्यक है कि आप उसके नियम पहले से स्पष्ट कर दें, जैसे कि - सब सदस्यों को अपनी बात कहने का अधिकार होना चाहिये, और अगर कोई व्यक्ति बहुत अधिक बोलेगा तो इशारा मिलने पर उसे चुप हो कर अन्य लोगों को बात कहने का मौका देना पड़ेगा। मंच का सबसे महत्वपूर्ण नियम होता है कि व्यक्तिगत या आक्रामक आलोचना करना या झगड़े करना मना है और अगर कोई इस नियम को बार-बार तोड़ेगा तो मंच से उसकी सदस्यता समाप्त हो जायेगी। ऐसे सारे नियम नये सदस्य बनाने से पहले स्पष्ट करने चाहिये।

4. लेखन शिविर

लेखक-मंच के साथ लेखन-शिविर की बात भी जुड़ सकती है जिसमें आप को, अन्य नये लेखकों के साथ एक जगह पर रहते हुए, एक सीमित समय में कुछ न कुछ लिखना पूरा करना होता है।

लेखन में आत्म-आलोचना को जीतना अक्सर बहुत कठिन होता है। जब हम नये होते हैं तो हमें लगता है कि हमारा लिखा अच्छा नहीं है, और अक्सर हम अपनी तुलना अपने प्रिय लेखकों से करते हैं।

लेखन-शिविर में, नये लेखक साथ में बैठ कर लिखते हैं और उन्हें एक सीमित समय में अपनी रचना पूरी करनी होती है, तब काम पूरा करने के दबाव की वजह से आत्म-आलोचना से निकलना आसान हो सकता है। दूसरों का प्रोत्साहन भी इसमें मदद करता है।

कभी-कभी इसके उल्टे, आत्म-प्रशंसक नये लेखक भी मिलते हैं, जो सोचते हैं कि उनसे बढ़ कर लेखक दुनिया में अन्य नहीं है और जो सबके सामने अपने विचार रखते हुए और अपने लिखे को पढ़ कर सुनाते हुए नहीं थकते और जिन्हें चुप कराना कठिन हो जाता है। इसलिए पहले लेखन-शिविर छोटी अवधि, यानि एक-दो दिन के रखिये, और उसके बाद ऐसे व्यक्तियों से बचिये। 

सृजनात्मक लेखन कोर्स में क्या सीखते हैं

सबसे पहले यह जानना आवश्यक है कि लेखन-कोर्स में क्या चीज़ नहीं सीखते!

आप किस विषय पर लिखें, कहानी लिखें या लघु उपन्यास या बड़ा उपन्यास, उसमें कौन से पात्र हों, उसका क्या प्लॉट हो, आदि बातें आप को कोई अन्य नहीं सिखा सकता। यह सब तो लेखक खुद चुनता है या अपनी कल्पना से बनाता है।

अब बात करते हैं कि इस तरह के लेखन कोर्स से आप क्या सीख सकते हैं? एक बार आपने अपना विषय और प्लाट चुन लिया है, तब ऐसे कोर्स, आप को अपने चुने हुए विषय पर कैसे लिखना बेहतर होगा, उसके पात्रों या प्लॉट को कैसे बेहतर बनाया जा सकता है, जैसी बातों के विभिन्न रास्ते दिखा सकते हैं।

उदाहरण के लिए, बचपन से मुझे प्रथम-व्यक्ति के स्वर में (मैं, मुझे, मेरे) की दृष्टि से लिखना अच्छा लगता था। जब मैंने बोलोनिया युनिवर्सिटी द्वारा आयोजित सृजनात्मक लेखन के कोर्स में हिस्सा लिया, तब एक दिन उन्होंने सभी छात्रों को तृतीय पुरुष (वह, उसका) की दृष्टि से कहानी को लिखने के लिए बाध्य किया। उस दिन, उस कोर्स ने मुझे कुछ नया करने और सोचने का साहस दिया। तब मैंने पहली बार एक प्रश्न के बारे में गम्भीरता से सोचा कि - "यह कहानी या अध्याय, किसकी आवाज में और किस दृष्टिकोण से कहना-सुनाना बेहतर होगा?" इस बात को समझने का मेरे लेखन पर बहुत असर पड़ा है। 

लेखन के कोर्स में मैंने अपनी लेखन-प्रक्रिया को विभिन्न तरह से देखना-समझना सीखा है। साथ ही मुझे उस कोर्स में लेखक-मंच का अनुभव भी मिला क्योंकि उस कोर्स के छात्र, हम लोग पहले आपस में एक-दूसरे की रचनाओं को सुनते-पढते थे और उन पर अपनी राय व्यक्त करते थे। बाद में हमारे अध्यापक भी हमें हमारी रचनाओं के बारे में अपनी राय देते थे।

सृजनात्मक लेखन प्रक्रिया   

सृजनात्मक लेखन की प्रक्रिया को हम सीढ़ियों में बाँट सकते हैं:

(1) पहली सीढ़ी है लिखने की इच्छा - बचपन और यौवन में बहुत से लोगों के मन में एक कहानी या उपन्यास लिखने की इच्छा होती है, लेकिन उम्र के साथ, अक्सर वह इच्छा मन में दबी रह जाती है।

(2) दूसरी सीढ़ी है सचमुच कुछ लिखना - अक्सर लिखने की इच्छा मन में ही रह जाती है, जीवन की भाग-दौड़ में लिखने का समय ही नहीं मिलता। इसलिए यह दूसरा कदम बहुत महत्वपूर्ण है - सोचते मत रहिये, कुछ भी लिखिये, कम या ज़्यादा।

(3) तीसरी सीढ़ी है कहानी या उपन्यास को पूरा करना - थोड़े से लोग ही अपनी कहानी या उपन्यास को पूरा करते हैं। कुछ लोग अपने लिखे को मित्रों को पढ़वाते हैं, या किसी प्रकाशक या पत्रिका को भेजते हैं, लेकिन जब उन्हें कुछ उत्तर नहीं मिलता या नकारात्मक उत्तर मिलता है तो वह आगे और नहीं लिखते। बहुत से लोग अपने लिखे को दूसरों को पढ़वाते भी नहीं, उन्हें लगता है कि उनका लिखा अच्छा नहीं है और वह उनकी दराज़ या बक्से में बंद रह जाता है।

(4) चौथी सीढ़ी है, अपने लिखे को कुछ समय के बाद दोबारा पढ़ना, उसमें गलतियाँ ठीक करना, उसके कथानक की कमजोरियों को समझना, उनमें बदलाव लाना, उनके पात्रों में गहराई लाना, उसे सुदृढ़ करना। इस समय अगर निष्पक्ष सलाह देने वाले मिल जायें तो उससे बहुत सहायता मिलती है। पिछले कुछ सालों में, मुझे हिंदी के कुछ जाने-पहचाने लेखकों की किताबों में भी गलतियाँ दिखी हैं, जिससे लगता है कि आजकल प्रकाशकों के यहाँ किताबों के सम्पादन का काम सही तरह से नहीं होता। इसलिए मेरे विचार में, अगर आप छपे हुए जाने-माने लेखक हैं तो भी, आप के लिए भी यह कदम बहुत आवश्यक है।

(5) पाँचवी सीढ़ी है, चाहे कितनी भी बार आप की रचनाएँ अस्वीकार हो जायें, लिखना नहीं छोड़ना, लिखते रहना, उसे पत्रिकाओं और प्रकाशकों को भेजते रहना। इसके लिए, मेरे विचार में सबसे बड़ी बात है अपने आनंद के लिए लिखना और हिम्मत नहीं हारना। अगर आप नाम और प्रसिद्धि के लिए लिख रहे हैं तो हताश होना आसान है, जबकि आप अपने आनंद के लिए लिखेंगे तो लिखते रहेंगे।

हिंदी लेखन से इतनी कमाई हो जाये कि आप बिना कुछ अन्य काम किये अच्छी तरह से रह सकें, यह बात कठिन ही नहीं, आज की दुनिया में शायद असम्भव है। इसलिए अगर आप पैसे कमाने के लिए लिखना चाहते हैं तो जान लीजिये कि वह काम कठिन होगा। अधिकतर लोग, कुछ अन्य काम करते हुए लिखना शुरु करते हैं, या मेरे जैसे रिटायर होने के बाद कोशिश करते हैं।

अंत में 

यह सृजनात्मक लेखन के विषय पर मेरा पहला आलेख है। अगले दिनों में इस विषय पर और लिखूँगा।

अगर आप को इस विषय में रुचि है और कुछ के मन में कोई प्रश्न हैं तो नीचे टिप्पणी लिखिये या मुझे इस पते पर ईमेल लिखिये - sunil@kalpana.it

मैं सभी पत्रों के व्यक्तिगत उत्तर नहीं दे सकता, लेकिन अगर आप की बात मुझे महत्वपूर्ण लगेगी तो मैं अपने अगले आलेख में उसकी बात कर सकता हूँ।

सृजनात्मक लेखन आलेख का भाग 2 पढ़िये 

***** 

रविवार, अक्टूबर 04, 2026

कुँवर नारायण - तीन कविताएँ

"कल्पना" पत्रिका हैदराबाद से निकलती थी। इसका कार्यालय 516 सुल्तान बाज़ार में था और इसके प्रकाशक मधुसूदन चतुर्वेदी थे। जुलाई 1960 में इसके सम्पादक मँडल के सदस्य थे - डा. आयेन्द्र शर्मा (प्रधान), मधुसूदन चतुर्वेदी, बद्रीविशाल पित्ती, मुनीन्द्र, जगदीश मित्तल (कला), गौतम राव।

उन दिनों में मेरे पिता ओम प्रकाश दीपक हैदराबाद में रहते थे और "मैनकाईन्ड" नाम की अंग्रेज़ी पत्रिका के लिए काम करते थे जिसका दफ्तर "कल्पना" के साथ जुड़ा था, और दोनों पत्रिकाएँ एक ही प्रकाशक द्वारा, एक ही प्रिटिन्ग प्रैस से छपती थीं।

साथ की हमारी पारिवारिक तस्वीर उन्हीं दिनों की है। यह जून 1960 में ही ली गयी थी जब हम गर्मियों की छुट्टियों में हैदराबाद गये थे, और राजा दुबे के घर पर ठहरे थे। इस तस्वीर में जाने माने उद्योगपति और डॉ. लोहिया की समाजवादी पार्टी के सहयोगी बद्रीविशाल पित्ती भी हैं। यह मेरे छठे जन्मदिन पर खींची गयी थी। उन्हीं दिनों में पित्ती जी के घर पर प्रसिद्ध चित्रकार मकबूल फिदा हुसैन साहब से भी मुलाकात याद है। 

खैर "कल्पना" के जुलाई 1960 अंक में मेरे पिता की एक कहानी छपी थी, जिसे इस ब्लॉग पर छापने की बहुत दिनों से सोच रहा था। आज जब वह पत्रिका निकाली तो उसमें कुँवर नारायण की तीन कविताएँ देखीं जो मेरे विचार में इंटरनैट पर उपलब्ध नहीं हैं। उन्हें साझा कर रहा हूँ। अगले दिनों में "कल्पना" के इस अंक से कुछ अन्य सामग्री भी साझा करने का विचार है।

***

कुँवर नारायण की तीन कविताएँ

बन्धु यह तो ...

डूब कर जो कुछ उबारा
ज़िन्दगी है;
टूट कर जो कुछ सँवारा
ज़िन्दगी है;
आँख के नम आईने में चकमकाती सूरतें
सूरज नहीं हैं
जो छलक कर दूसरा सूरज बना लें !
दीखती हैं क्यों कि कोई देखता है,
देखती हैं क्योंकि कोई दीखता है;
और वह स्रष्टा
वही स्रष्टा नहीं है
आस्था जिसके सृजन में
कभी रक्खी कभी चकनाचूर की ।
 
ज़िन्दगी आखिर रहे क्यों
याचना जैसे किसी मजबूर की ?
बन्धु, यह तो
देन है अच्युत लबालब आत्मा की,
सृष्टी छलकन है किसी भरपूर की ।
 

सवेरे-सवेरे

 
कार्तिक की एक हँसमुख सुबह ।
नदी-तट से लौटती गंगा नहा कर
सुवासित भीगी हवाएँ
सदा पावन
माँ सरीखी
अभी जैसे मन्दिर में चढ़ा कर खुशरंग फूल
ठंड से सीत्कारती घर में घुसी हों,
और सोते देख मुझको जगाती हों ----
सिरहाने रख एक अँजुलि फूल हरसिंगार के,
नर्म ठंडी उँगलियों से गाल छू कर प्यार से,
बाल बिखरे हुए तनिक सँवार के ...
 

कार्निस पर

 
कार्निस पर
एक नटखट किरण बच्चे-सी
खड़ी जंगला पकड़ कर,
किलकती है, "मुझे देखो !"
 
साँस रोके ---
बाँह फैलाए खड़ा गुलमुहर ...
कब वह कूद कर आ जाये उसकी गोद में !
 
*** 

रविवार, सितंबर 20, 2026

पूरा उपन्यास पढ़िये - देवी प्रतिमा के रक्षक

उपन्यास ब्लॉग पर पढ़िये या डाउनलोड करिये 

मेरा छोटा सा फैंतासी उपन्यास "देवी प्रतिमा के रक्षक" बच्चों, किशोरों और "उम्र चाहे कुछ भी हो, मन किशोर है" सोचने वालों के लिए लिखा गया है। आप इस लघु उपन्यास को यहाँ इस ब्लॉग पर पूरा फ्री पढ़ और भिन्न फॉरमैट (पीडीएफ, मोबी तथा इपब) में डाउनलोड कर सकते हैं। अगर आप को डाउनलोड करने में कठिनाई है तो मुझे ईमेल लिखें - sunil.deepak@gmail.com  


उपन्यास के बारे में 

उपन्यास के नायक हैं त्री यानि त्रिनेत्र जो सिक्किम में गंगटोक के पास एक अनाथाश्रम चलाते हैं, और इसके नायक-खलनायक हैं एक जापानी युवक ताकानोरी, जो हिन्दुस्तान में एक विशेष देवी प्रतिमा की तलाश में आये हैं।

उपन्यास के अन्य मुख्य पात्र है - जामुन बाबा यानि कोरिया से आये बौद्ध भिक्षुक जून मिन, मणिपुर की आभा जिसमें जीव-जन्तुओं को आकर्षित करने की शक्ति है, और पाँच बच्चे - रंगनाथ, गार्गी, वसंत, माधव और तृप्ति। हर बच्चे के पास भी एक गुप्त शक्ति है। 

यह सब मिल कर तिरंगा योद्धा कहलाते हैं और वह अपनी शक्तियों की मदद से निर्बल और सताये हुए लोगों की सहायता करते हैं।

इस उपन्यास के कुल 31 अध्याय हैं। (डाउनलोड के लिए नीचे जायें)

"देवी प्रतिमा के रक्षक" पढ़िये

(अध्याय पर क्लिक कीजिये) 

अध्याय 01  -  विष्णुपुर में जामुन बाबा त्रिनेत्र को उसके बचपन की बात बताते हैं और उसे घर छोड़ कर जाने के लिए कहते हैं

अध्याय 02 -  रिकू यामागुचि अपने याकूज़ा-खूनी ताकानोरी को मूर्ति लाने हिन्दुस्तान जाने के लिए कहता है 

अध्याय 03 -  जामुन बाबा भेस बदल कर नारायणपुर जाते हैं जहाँ उन्हें ताकानोरी की अन्वेषण किरण शक्ति का आभास मिलता है

अध्याय 04 -  बाबा को खोजने ताकानोरी अपने आदमियों को ले कर जाता है लेकिन बाबा उसे नहीं मिलते 

अध्याय 05 -  नारायणपुर से लौट कर बाबा त्रिनेत्र को ताकानोरी के बारे में बताते हैं और समाधी लेने का निर्णय लेते हैं 

अध्याय 06 - गँगटोक में अनाथाश्रम में पाँच बच्चों को गुप्त-शक्ति साधने की शिक्षा दे रहा है, वहाँ आभा मेहमान है 

अध्याय 07 - त्रिनेत्र बाबा की सहायता करने असम जायेगा, बच्चे भी उसके साथ जाना चाहते हैं। पता चलता है कि आभा के पास एक विचित्र गुप्त शक्ति है

अध्याय 08 -  त्री और बच्चे आभा को समझाते हैं कि गुप्त-शक्तियाँ क्या होती हैं और उन्हें कैसे साधते हैं

अध्याय 09 -  मजूली के वृद्धाश्रम में जामुन बाबा जीवित समाधी ले रहे हैं, उन्हें देखने आसपास के लोग जमा होते हैं 

अध्याय 10 - ताकानोरी को बाबा के वृद्धाश्रम का पता चल जाता है, वह अपने साथियों के साथ वहाँ मूर्ति खोजने आता है 

अध्याय 11 - त्रिनेत्र और नन्हे यौद्धा जामुन बाबा के आश्रम के लिए चलते हैं तो आभा भी उनके साथ जाना चाहती है

अध्याय 12 - ताकानोरी के गुँडे जामुन बाबा के बारे में वृद्धाश्रम में बूढ़ों से पूछताछ करते हैं और उन्हें धमकाते हैं

अध्याय 13 - गँगटोक से मजूली यात्रा में आभा मणिपुर के अपने जीवन के बारे में बताती है

अध्याय 14 - ताकानोरी के आदमी रात को बाबा की समाधी को खोद रहे हैं, लेकिन यह काम थोड़ा कठिन है 

अध्याय 15 - त्री, बच्चे और आभा रात को मजूली पहुँच कर एक घर के तहखाने में छिप जाते हैं 

अध्याय 16 - मजूली वाले घर में नीचे एक गुप्त सुरंग है जो जँगल में एक वृक्ष में खुलती है, वहाँ से त्री, रंगनाथ और गार्गी ... 

अध्याय 17 - त्री, रंगनाथ और गार्गी भेस बदल कर वृद्धाश्रम में जा कर बाबा की समाधी की जाँच करने जाते हैं 

अध्याय 18 - त्री जगदीश बाबु से बात कर रहा है, इधर ताकानोरी उसके साथियों को उठा कर ले जा रहा है 

अध्याय 19 - अपने बंदियों को नारायणपुर ले जाते हुए ताकानोरी को आभा की गुप्त-शक्ति का अहसास होता है

अध्याय 20 - नारायणपुर में अपने घर जा कर ताकानोरी आभा को अपने कमरे में खाने पर बुला कर प्रश्न पूछता है

अध्याय 21 - त्री और गार्गी नारायणपुर आते हैं, त्री अदृश्य हो कर ताकानोरी के घर में घुस कर आभा और बच्चों से मिलता है

अध्याय 22 - ताकानोरी समझ जाता है कि त्री उसके घर में आया है, वह आभा, तृप्ति व वसंत से पूछताछ करता है 

अध्याय 23 - त्री ताकानोरी से मिलने आता है और उसे अपनी शक्ति दिखा कर उससे एक वचन लेता है 

अध्याय 24 - त्री, आभा और ताकानोरी बाबा की कविता-पहेली का अर्थ समझने की कोशिश करते हैं 

अध्याय 25 - शंखासुर की पहाड़ी की खोज में त्री और ओरी पहले लखमीपारा की ओर जाते हैं 

अध्याय 26 - त्री और ताकानोरी की जंगल में गैंडा-सींग चुराने वाले तस्करों से टक्कर होती है

अध्याय 27 - तस्करों से मुठभेड़ के बाद त्री और ओरी मोटरबोट पर छुपते हैं जहाँ वसंत और गार्गी मूर्ति की खोज का ... 

अध्याय 28 - त्री, ओरी और आभा डमरू द्वीप की ओर निकल पड़ते हैं लेकिन वहाँ के घड़ियालों का सामना कैसे करेंगे ..

अध्याय 29 - त्री और ओरी डमरू द्वीप की गुफाओं में शक्तिवाहिनी प्रतिमा की खोज में जाते हैं 

अध्याय 30 - डमरू द्वीप से लौट कर ओरी जापान लौट जाता है और त्री अपने गुरु जी की खोज पर निकलता है

अध्याय 31 (अंतिम अध्याय): गुरु जी और त्री देवी प्रतिमा के सारे रहस्य खोलते हैं 

उपन्यास डाउनलोड कीजिये

देवी प्रतिमा के रक्षक - पी.डी.एफ. (4 MB)

देवी प्रतिमा के रक्षक - मोबी (अमेज़न किन्डल के लिए) (1.6 MB)

देवी प्रतिमा के रक्षक - इपब (एंड्रोयड फोन, टेबलेट, विन्डो, लीनुक्स, आदि के लिए) (5.9 MB)

उपन्यास के बारे में आलेख

इस उपन्यास के बारे में आप मेरे यह आलेख भी पढ़ सकते हैं:

धारावाहिक उपन्यास इस ब्लॉग पर (28 मई 2026) 

एक नया फैंतासी उपन्यास  (20 मार्च 2026)

 

उपन्यास के बारे में अपनी राय भेजिये

उपन्यास के बारे में आप मुझे अपनी राय भेजिये - जैसे कि उपन्यास की कौन सी बातें या पात्र आप को अच्छे लगे या अच्छे नहीं लगे, कौन से हिस्से अधिक दिलचस्प लगे, कौन सी गलतियाँ दिखीं, आदि।

आप "देवी प्रतिमा के रक्षक" की प्रशंसा या आलोचना कीजिये ताकि मुझे बेहतर लेखक बनने का मौका मिले।

आप अपनी राय नीचे टिप्पणी में लिख सकते हैं या मुझे ईमेल से भेज सकते हैं - मेरा ईमेल का पता है - sunil.deepak@gmail.com 

***** 

 

शुक्रवार, सितंबर 18, 2026

क्या पढ़ा (2) - कहानी, कविता, आलेख

कुछ माह पहले मैंने निश्चय किया था कि मैं अपनी डायरी लिखूँगा कि हिंदी में क्या पढ़ा जो अच्छा लगा और इस डायरी का पहला भाग अगस्त के प्रारम्भ में लिखा था। आज इस डायरी का दूसरा भाग प्रस्तुत है।

मैं अधिकतर तीन भाषाओं में लिखता-पढ़ता हूँ - हिंदी, अंग्रेज़ी और इतालवी, पर कभी-कभी फ्राँसिसी और पुर्तगाली में भी पढ़ना पड़ता है। जैसे कि सुबह हिंदी, अंग्रेज़ी और इतालवी में अखबार पढ़ी, फिर कोई हिंदी पत्रिका पढ़ी, दोपहर में अंग्रेज़ी उपन्यास पढ़ा और रात को सोने से पहले कोई इतालवी पत्रिका पढ़ी। सपने भी इन तीनों भाषाओं में देखता हूँ। मेरे विचार में हर भाषा में हमारे सोचने का तरीका बदल जाता है, तो मेरे इस तरह से तीनों भाषाओं में लगातार बदलने से मेरे सोचने पर क्या असर पड़ता है, यह प्रश्न भी अक्सर मन में उठता है लेकिन समझ नहीं आता कि उसका उत्तर कैसे खोजा जाये?

इस बार मैंने जो हिंदी में पढ़ा उसे तीन भागों में बाँटा है - आलेख, कहानियाँ और कविताएँ। यह सब कुछ मैंने विभिन्न पत्रिकाओं में ॲानलाइन पोर्टल नॉटनुल पर पढ़ा।


 

खैर, अब उस पर आते हैं कि इस बार मुझे क्या पढ़ना अच्छा लगा, और शुरुआत करते हैं आलेखों से। अच्छा लगने के मूल्यांकन की मेरी पहली और सबसे बड़ी कसौटी है कि मैं किसी कहानी या आलेख को अंत तक पढ़ पाया या नहीं। पढ़ने को इतना कुछ है और दिन में केवल 24 घंटे होते हैं, जिसमें रुचि नहीं जागे, उसे तुरंत वहीं छोड देता हूँ।

हिंदी आलेख 

हँस पत्रिका के अगस्त 2026 अंक में अनुज लुगुन का अतिथि संपादकीय: हँस का यह अंक जनजातियों की संस्कृति, भाषाओं और जीवन पर केन्द्रित है, मुझे यह अंक पढ़ना बहुत अच्छा लगा। लुगुन जी अपने सम्पादकीय में 1970 के दशक में शुरु हुआ कोइलकारो बांध के विरुद्ध जन आंदोलन जो तीस सालों तक चला, से शुरु करके विभिन्न विषयों को छूते हैं जैसे कि - मूलनिवासियों के सांस्कृतिक-अध्यात्मिक पुनर्निवास की माँग, आदिवासी नागरिकों को दो संवैधानिक अनुच्छेदों में बाँटना (पाँचवीं और छठी अनुसूची), कानजी पटेल के "अनुत्तरित लोग" में आदिवासी कवियों का संकलन जिसमें 141 आदिवासी भाषाओं में 382 कवियों की कविताएँ मूलभाषा और हिंदी में संकलित की गयीं, आदिवासी यानि असुर-राक्षस के रूप में स्वयं अपनेआप को देखते हैं।

हँस के इसी अंक में सावित्री बड़ाईक का एक रोचक आलेख भी है, "असुरों की सांस्कृतिक विरासत का दस्तावेज", जिसमें वह बताती हैं कि हिंदू ग्रंथों में जिन्हें असुर कहा गया है वह छोटानागपुर के पठार में रहते हैं, आदि। इस आलेख को पढ़ कर सोच रहा था की प्राचीन सीरिया के असुर राजाओं, जैसे कि असुर बनिपाल, जिनकी कहानियाँ और इतिहास मेसोपोटेमिया की पक्की मिट्टी की तख्तियों पर मिली हैं और भारत की असुर जनजातियों में क्या सम्बंध था या कोई सीधा सम्बंध नहीं था? 

हँस में ही अनामिका अनु द्वारा लिखी तीजन बाई की जीवनी का एक अंश, शीर्षक "अपनी नाक खुद सम्भाले यह समाज" जिसमें तेरह साल की लड़की के घर से निकाले जाने की बात है क्योंकि पाण्डवानी को ऊँचे स्वर और जोश में ही गा कर उसका अभ्यास करना पड़ता है और कोई उसे गाते हुए सुन लेता था, अच्छा लगा। इस आलेख की पहली पंक्ति, "धूँए से उठी, लोगों की आँखों में लगी", बहुत सुंदर लगी, उसमें तीजन बाई के जीवन का सार दिखता है।

पाखी के अगस्त अंक में "पाखी संवाद - जहाँ शब्द डरते नहीं" में शिवकुमार बटालवी और ताराशंकर वंद्योपाध्याय का स्मृति आलेख अच्छा लगा। वंद्योपाध्याय के लेखन की बात करते हुए कहते हैं, "इस उपन्यास में उन्होंने समाज के उस हिस्से को केन्द्र में रखा जिसे मुख्यधारा का साहित्य अक्सर अनदेखा कर देता था। वहाँ के लोगों की भाषा, उनके रीति-रिवाज, उनके भय, उनकी आस्थाएँ और उनके सपने - सब कुछ इतनी प्रमाणिकता से चित्रित है कि पाठक स्वयं उस संसार का हिस्सा बन जाते हैं।" मुझे भी हिंदी कहानियाँ-उपन्यास पढ़ते समय, लेखकों का यही कौशल आकर्षित करता है, कि अनदेखे-अनजाने लोगों के जीवन की झलक मिले। पाखी संवाद के इन आलेखों से मुझे उनकी पाखी संवाद यूट्यूब की चैनल का भी पता चला, और अब उनके विडियो देखने-सुनने का मौका भी मिलेगा।  

अकार पत्रिका के अगस्त अंक के प्रारम्भ और अंत में मुख्यपृष्ठों के पीछे मिर्ज़ा हादी रुसवा के उपन्यास उमराव जान अदा के हिंदी अनुवाद का एक छोटा सा अंश दिया है जो बहुत सुंदर लगा। इस अंश में पता चलता है कि उमराव जान के समय में तवायफों की तालीम में और उपन्यास लिखने वाले लेखक को, शास्त्रीय संगीत के विभिन्न रागों और उनके सुरों की गहरी पहचान होती थी। यह जान कर भी थोड़ा सा आश्चर्य हुआ कि उपन्यास का यह अनुवाद गुलशन नन्दा ने किया था। अपने समय में गुलशन नन्दा जी शायद हिंदी के सबसे प्रसिद्ध लेखक थे। बचपन की रेलयात्राओं में मुझे उनके विभिन्न उपन्यास पढ़ना याद है। उनके बहुत से उपन्यासों पर सफल फिल्में भी बनी थीं। लेकिन जैसा हिंदी लेखन जगत में अक्सर होता है, लोकप्रियता को अ-साहित्यिक माना जाता है, और जब हिंदी के बड़े लेखकों की बात होती है, शायद कोई गुलशन नन्दा को उनमें नहीं गिनता।

अकार पत्रिका के अगस्त अंक में प्रियंवद जी का संपादकीय, जहाँगीर के अंग्रेज सलाहकार हॉकिन्स द्वारा लिखे बादशाह जहाँगीर के एक दिन के ब्यौरे के बारे में है। उसे पढ़ते हुए सोच रहा कि उस जमाने में और आज में किंतना अंतर आया है, जो चीजे हमें इतनी आसानी से मिल जाती हैं कि हम उनके बारे में सोचते भी नहीं हैं, उस समय वह बादशाह को भी नहीं मिलती थीं। अगर जहाँगीर के पास ट्विटर, टिकटॉक, इंस्टाग्राम होते तो वह अपना सारा दिन कैसे बिताते? अगर उनके पास फ्रिज होता तो वह उसमें अपने लिए कौन सी आईसक्रीम रखवाते? अगर उनके पास टीवी होता तो क्या वह किस तरह के प्रोग्राम व फिल्में देखते या शायद वह भी अमिताभ बच्चन के फैन हो जाते? अगर उनके पास माईक्रोवेव होता तो क्या वह अपने लिए कॉफी बना कर पीते? या फिर, हवाई जहाज में घूमते हुए ट्रम्प या पुतिन से दोस्ती बनाते? या फिर, अनुराग कश्यप की फिल्म देख कर कहते, "कितनी गालियाँ लगाता है यह आदमी अपनी फिल्मों में, लाहोल विला कुव्वत! इसे फाँसी पर चढ़ा दिया जाये।"

कथाक्रम के सितम्बर अंक में ही लोकबाबू के उपन्यास "बस्तर-बस्तर" पर जयप्रकाश मानस का आलोचनात्मक आलेख, "जहाँ जंगल स्मृति है और आदमी धीरे-धीरे गायब होता हुआ वर्तमान" अच्छा लगा और इसे पढ़ कर "बस्तर-बस्तर" को पढ़ने की इच्छा भी हुई। मानस जी लिखते हैं, "बस्तर रूपक है उस देश का, जो अपने ही भीतर कुछ दूर छूट गया है - जहाँ विकास की सड़कें पहुँचते-पहुँचते थक जाती हैं, और पगडँडियाँ अब भी अपने होने पर अड़ी रहती हैं। बस्तर कविता है उस आदिम लय की जिसे किसी छंद में बांधना सम्भव नही; वह महुए की गंध की तरह फैलती है - धीरे, अनाम, लेकिन गहरे तक उतरती हुई।"

कथाक्रम के सितम्बर अंक में अर्चना पैन्यूली के उपन्यास "अलकनंदा सुन" पर संजीव जयसवाल 'संजय' का आलोचनात्मक आलेख, "माटी की गंध और स्मृतियों की सरिता" भी अच्छा लगा। इस उपन्यास के कथन-विन्यास के बारे में उन्होंने लिखा है, "यह उपन्यास शिवानंद के जीवन को किसी सर्वज्ञ कथावचाक के माध्यम से नहीं, बल्कि उसके बच्चों की दृष्टि से प्रस्तुत करता है - पहले बड़ा बेटा, फिर दूसरा बेटा और अंत में पुत्री। इस क्रमिक परिवर्तन से कथा केवल आगे ही नहीं बढ़ती, बल्कि भावनात्मक रूप से अधिक गहरी होती जाती है।" इस बात से भी इस उपन्यास पढ़ने का मन किया।

बनास जन पत्रिका के 88वें अंक में विद्यासागर नौटियाल के बारे में पढ़ रहा था। उनके लेखन के बारे में लिखा है: "उनके उपन्यासों और कहानियों का संसार उत्तराखंड के साधारण लोगों के जीवन संघर्षों का दस्तावेज बन गया है। वह सहज भाषा और सरल कथा-शिल्प में अपने लोगों की यातनाओं को दर्ज करते हैं। इतिहास और संस्कृति उनके लिए गौरव का स्मारक न हो कर साधारण लोगों की मुक्ति चेतना के वाहक बनते हैं।" ऐसे ही बातें कुछ अन्य आलेखों में भी थीं और मैंने अक्सर अन्य लेखकों के बारे में भी पढ़ी हैं। इसे पढ़ कर सोच रहा था कि क्यों हिंदी  में लेखकों के साधारण आदमियों की पीड़ा, शोषण, यातनाओं की बात करना ही अच्छा साहित्य समझा जाता है? जबकि मेरे मन में वही किताबें रहती हैं जिनमें मानव जीवन का और रिश्तों का सजीव चित्रण हो, उनमें केवल दुख, पीड़ा और कठिनाईयाँ देखना उसका अधूरापन नहीं बन जायेगा? मैंने नौटियाल जी की कोई किताब नहीं पढ़ी इसलिए मेरी यह टिप्पणी उनके लेखन के बारे में नहीं है, बल्कि अच्छा साहित्यकार किसे माना जाये का मूल्यांकन करने वाली दृष्टि के बारे में है। 

तद्भव पत्रिका के जनवरी-जून 2026 अंक में विश्वनाथ त्रिपाठी के संस्मरण "अस निबहुर देसू" का आठवाँ भाग बहुत रुचि से पढ़ा जिसमें उनके दिल्ली आने और यहाँ रहने के 1950-60 के वर्णन हैं। उनकी बातें पढ़ कर मुझे भी अपनी बचपन की वह घटनाएँ याद आयीं, जब मैं बच्चा था। उनका जामामस्जिद जा कर कबाब खाना, जमुनापार दिलशाद गार्डन में रहने के बारे में कहना "नानक दुखिया सब संसार, सबसे दुखिया जमुना पार", श्रीकाँत वर्मा और मन्मथनाथ गुप्त की चीन के बारे में बहस, सैम मानिकशा और जनरल करिअप्पा की बातें, ऐसी बहुत सी घटनाओं के बारे में पढ़ना अच्छा लगा।

तद्भव में ही राजाराम भादू का धर्मवीर भारती की जन्म शताब्दी के अवसर पर "एक पुनरावलोकन" आलेख भी अच्छा लगा। 1983-84 के आसपास मेरी एक कहानी धर्मयुग में छपी थी, तब भारती जी से कुछ पत्रचार हुआ था। वह मेरे पिता को जानते थे, दोनों इलाहाबाद के थे, करीब-करीब हमउम्र थे और दोनों के परिवार आर्यसमाजी थे। मैंने लड़कपन में भारती की "गुनाहों का देवता" पढ़ी थी और उनके लाखों प्रशंसकों में मैं भी आ गया था। मैं उनकी एक कविता को भी बहुत पसंद करता हूँ - "दिन यूँ ही बीत गया, अंजुरी में भरा हुआ जल जैसे रीत गया।"

तद्भव में आकांक्षा बरनवाल के लम्बे आलेख "परंपरा का मूल्यांकन और औपनिवेशिक आधुनिकता" में महाभारत के संदर्भ में, एक ओर है पश्चिमी तर्क, समझ और श्रेणीकरण, और दूसरी ओर हैं भारतीय समझ और परम्परा। वह इन दोनों के बीच के विरोधाभासों पर पश्चिमी सोच से प्रभावित महाभारत के "क्रिटिकल एडिशन" बना कर ग्रंथ के "मूल तथा प्रमाणिक" रूपों की खोज-दृष्टि, और दूसरी ओर, उसके विभिन्न संस्करणों-लेखकों की गतिशील, समय के साथ बदलने वाली भारतीय समझ की दृष्टि के अंतरों की बात करती हैं।

इस सिलसिले में वह लिखती हैं, "जो विद्वान वैज्ञानिक पाठालोचन की पद्धिति और मूल पाठ की अवधारणा के समर्थक हैं उन्हें शिकायत है कि सुकथांकर और उनके सहयोगियों ने बहुत से परवर्ती प्रक्षेप अपने क्रिटिकल एडिशन में शामिल कर लिए। जो विद्वान महाभारत को एक स्थिर रचना की बजाय एक गतिशील और जीवंत प्रवाह की तरह देखते हैं उन्हें यह शिकायत है कि क्रिटिकल एडिशन के संपादकों ने ऐसे प्रसंगों को बाहर का रास्ता दिखा दिया जो भारतीय जनमानस में महाभारत की प्रसिद्धि और लोकप्रियता के आधारस्तंभ हैं।" इस संदर्भ में वह एस. एन. बालगंगाधर की बात रखती हैं, "इतिहास हमें 'तथ्य' देता है, अतीत हमें 'स्मृति' और 'मूल्य' देता है।" अपने निष्कर्ष में वह कहती हैं कि "आज हम जिस 'सांस्कृतिक राष्ट्रवाद' का उदय देख रहे हैं, विडम्बना यह है कि वह भी उसी औपनिवेशिक जाल में फंसा हुआ है जिसका शिकार बंकिमचंद्र और सुकथांकर जैसे विद्वान हुए थे। एक तरफ आज का राजनीतिक विमर्श पश्चिम का विरोध करता है और भारतीयता की बात करता है, किन्तु दूसरी तरफ अपनी महानता सिद्ध करने के लिए वह पैमाना (standard) आज भी पश्चिम का ही उपयोग कर रहा है। जब आज का नैतृत्व या उसके बुद्धिजीवि यह दावा करते हैं कि 'महाभारत काल में इंटरनेट था' या 'वैदिक काम में हवाई जहाज थे' तो वह अनजाने में यह स्वीकार कर रहे होते हैं कि महान होने का एकमात्र अर्थ तकनीक और विज्ञान में आगे होना है, जो पूरी तरह से एक आधुनिक, पश्चिमी पैमाना है।" यह आलेख पढ़ कर बहुत सी बातें और प्रश्न मन में उठे और इसलिए यह बहुत अच्छा लगा। 

हिंदी कहानियाँ

विभिन्न पत्रिकाएँ पढ़ते हुए एक बात मेरे मन में आई कि अंग्रेजी, इतालवी, फ्रैंच आदि भाषाओं में विभिन्न श्रेणियों की कहानियाँ होती हैं - रोमांस, रहस्य, जासूसी, एडवैंचर, साईंस फिक्शन, फैतासी, डरावनी, आदि। भारत में भी अंग्रेजी के लेखन में अधिक विविधता है। लेकिन मुझे लगता है कि हिंदी कहानियों का संसार अधिकतर दुखों, संघर्ष, भेद-भाव, परिवार, जैसे दायरों आदि में ही घूमता रहता है, उसमें उतनी विविधता नहीं होती। यही बात मृणाल पाण्डे जी के एक साक्षात्कार में भी सुनी, जब उनसे पूछा गया कि उनकी कहानियाँ मध्यम वर्ग पर क्यों होती हैं, और गरीब, शोषित वर्ग के लोगों के बारे में क्यों नहीं होतीं? यानि लेखकों को गम्भीरता से तभी लिया जा सकता है अगर वह कुछ विशेष विषयों पर ही लिखें? पर ऐसा करना क्या हिंदी साहित्य को पिंजरों में बंद करना नहीं हो जायेगा?

हँस में ज्ञानचन्द बागड़ी की कहानी "धधकती ज़मीन" में मणिपुर की स्थिति की कहानी है जिसमें एक बाहर से आया प्रोफैसर आदित्य समझना चाहता है कि लड़ाईयाँ किसके बीच और क्यों हो रही है, लेकिन उनकी बातें स्थिति समझने में विशेष मदद नहीं करती। कहानी का भूगौलिक परिपेक्ष्य समझ में नहीं आता कि जिन गाँवों-जँगलों की बात हो रही है वे कहाँ हैं, न ही उसके पात्र किन जनजातियों के हैं, लड़ाई किसके बीच है, यह सब कुछ समझ नहीं आता। शायद यही वहाँ की सच्चाई है कि कुछ भी समझना कठिन है। एक जगह पर एक पात्र कहता है, कि शहर के लोग पहाड़ी लोगों की ज़मीन लेने के लिए यह कर रहे हैं। दूसरी जगह एक पात्र समझाता है कि विभिन्न जनजातियाँ हैं, राजनीति करने वाले हैं, उग्रवादी हैं, सेना वाले हैं, बाहरी ताकते हैं, सबका इस लड़ाई में हाथ है, सब अपने को सही समझते हैं और दूसरे को गलत। यह कहानी लड़ने वालों के धर्मों की बात नहीं करती। कहानी में घरों का जलना, लोगों का मरना, परिवारों का विस्थापित होना, आदि घटनाओं का दर्द महसूस होता है, लेकिन उसका क्या होगा या क्या करना चाहिये, इसकी झलक नहीं मिलती।

हँस में अनिशा मिंज की कहानी "फिर एक कोड़ा राजी" में एक चाय बागान में रहने वाली बुघनी नाम की बच्ची की कहानी है, जो स्कूल नहीं जाती क्योंकि उसकी शिक्षका कहती है कि वह हिंदी ठीक से नहीं जानती। बुघनी माँ के पीछे-पीछे चाय-बागान में जाती है, वहाँ काम में माँ की मदद करती है और लोगों से उनके अपने गाँव छोड कर चाय-बागानों में आने के इतिहास की बातें पूछती है। दिन समाप्त होता तो माँ को पगार अधिक मिलती है क्योंकि बुघनी की सहायता से उसने पत्तियाँ अधिक तोड़ी हैं। लेकिन रात को झोपड़ी में आग लगने से उसके माता-पिता मर जाते हैं, और कहानी का अंतिम भाग कलकत्ता में है जहाँ सोलह साल की बघनी एक घर में काम करती है, शोषित होती है और चायबगान के दिनों को याद करती है। कहानी की बनावट कमज़ोर है, लेकिन उसकी चायबागान की बोली और उनके गीत, यह दोनों बातें अच्छी लगीं।

हँस में विनोद कुमार की कहानी "वह राम नहीं था" में दो बेटियों की माँ आदिवासी परिवार की सुमारी है, जो एक "बाहरी" आदमी के साथ चली जाती है और कुछ महीनों बाद घर लौट आती है। मास्टर जी जो इस कहानी को सुना रहे हैं, इस बात को सुन कर उसकी तुलना रामायण के राम और गर्भवति सीता के वनवास से करते हैं। लेकिन मुझे लगता है कि एक स्त्री-पुरुष के रिश्ते को केवल एक अच्छा या बुरा में बाँटना इतना आसान नहीं लगता, क्योंकि इसमें हम उनकी भावनाओं को अनदेखा कर रहे हैं। अपनी मर्जी से घर छोड़ कर नये साथी के साथ जाने के कुछ महीनों बाद पहले साथी के पास लौट आना, यह आदिवासी परिवार में हो या गैर-आदिवासी परिवार में हो, उसे केवल यौन-शुचिता की दृष्टि से तोलना, मुझे अधूरा सा लगता है। अगर दूसरे मर्द के साथ गयी स्त्री के घर वापस लौटने पर उसे स्वीकारना विकासशीलता का मापदंड है, तब दूसरी औरतों के साथ जाने वाले पुरुष के घर लौटने पर स्वीकारना क्या होगा? खैर इस कहानी ने इस विषय के बारे में सोचने का मौका दिया, इसलिए यह कहानी अच्छी लगी।

पाखी के अगस्त अंक में विद्याभूषण की कहानी "बनवारी बाबू का मकान" में उत्तर भारत के छोटे शहर के पारिवारिक रिश्तों की बातें हैं, जहाँ दो कमरों के घर में महीनों रहने वाले भाँजे-भतीजे ही नहीं, भाँजे के मित्र पेयिन्ग गैस्ट भी हैं, पैसा अधिक कमाने वाले बेटे का परिवार के निर्णयों पर अधिकार है, बेटी की शादी करने के लिए दान-दहेज क्या और कैसे तैयार किया जाये की बातें भी हैं, और सबसे बड़ी बात की मन-मुटाव हो या पुरानी यादों के साथ हँसना-हँसाना, जीवन नहीं रुकता, वह चलता रहता है। 

अकार में जीवेश प्रभाकर की कहानी "फ्री बर्डस" में धर्म और रिश्तों की नाजुकता की बात बहुत अच्छे तरीके से कही गयी है। रानी की माँ मुसलमान हैं और पिता हिंदू। समय के साथ उनके अपने परिवारों के साथ रिश्ते बदलते हैं लेकिन रानी के भाई की घर वालों द्वारा पक्की की हुई शादी में दिक्कत आती हैं क्योंकि लोग उनके परिवार के बारे में जान कर मना कर देते हैं। रानी के विवाह में भी मुश्किलें आयेंगी, इसलिए उसके मामा उसके लिए एक मुसलमान लड़के का रिश्ता लाते हैं लेकिन रानी का भी अपना एक रहस्य है जिसे उसने सबसे छुपाया है .. कहानी के अंत का सरप्राइज़ अच्छा है। कहानी में माँ और पिता के धर्मों की बात नहीं की है, कि क्या उनमें से किसी ने धर्म बदला था या नहीं, पर शायद उस बात को जोड़ने से कहानी की सरंचना थोड़ी जटिल बन जाती। 

सम्मुख में दो सौ शब्दों की कुछ लघु-कथाएँ पढ़ीं - कुछ कहानियाँ अच्छी लगीं जैसे कि बेजी जैसन की कहानी "भरम", अंजू शर्मा की "जीत", हरि मृदुल का "रोना", लकी राजीव की "अनायक", आदित्य शुक्ल की कहानी "पंख", और, आकांक्षा पारे काशिव की "न्यौता"। कुछ अन्य कहानियों में लगा कि उनका मूल विचार अच्छा था, लेकिन कथा-संरचना को थोड़ा और असरदार किया जा सकता था, जैसे कि , अनिर्बाण साधु का "रंग धनुष", देवेश पथ की "तुर्किश आइसक्रीम", उषा कुमारी की "वायरल विकास", और पल्लवी विनोद की "फोटोग्राफर"। खैर, अभी सभी लघु-कथाएँ नहीं पढ़ पाया हूँ।

कथाक्रम के सितम्बर 2026 अंक में गोविंद मिश्र की कहानी "काम ... मुझे भी" में वृद्ध सज्जन हैं जो अकेले रहते हैं पर बुढ़ापे के साथ तकलीफें बढ़ी हैं इसलिए किसी सहायक को खोज रहे हैं और एक एजैंसी से बात करते हैं। लेकिन शुरु में जितने युवक रखते हैं उनके साथ अनुभव अच्छा नहीं होता, जब एजैंसी वाला एक ऐसे युवक की बात करता है जिसका पारिवारिक इतिहास संदेहनीय है .. छोटी सी कहानी में कोई नाटकीय मोड़ नहीं हैं, बस विश्वास बनने की बात है। यह कहानी आज की दुनिया में अकेले वृद्धों की बढ़ती संख्या और नवयुवकों को नौकरी मिलने की दिक्कतें, इन दोनों समस्याओं को जोड़ती है।

संवेद पत्रिका के जनवरी 2026 अंक में दिव्या विजय की कहानी "कृष्ण पंखुरी" की कहानी सुरमा की है जिसकी बस्ती में सब लड़कियाँ घरों में बाथरूम साफ करने जाती हैं और सुरमा को एक मॉल के बाथरूम की सफाई की नौकरी मिलती है। आसपास सब काम करने वाली लड़कियों को ईर्श्या है कि सुरमा इतनी अच्छी जगह पर इज़्जतदार नौकरी करती है, लेकिन दिक्कत यह है कि जब मॉल में आने वाली लड़कियों की तरह, सफाईवाली के कपड़े-बाल छोड़ कर मॉल वाली लड़कियों के फैशन करने की कोशिश करती है तो उसके पास उनके क्रूर शब्दों से लड़ने के लिए साहस नहीं है, वह हार मान लेती है। पर, कुछ महीने बाद, उसे भी उनमें से एक युवती से बदला लेने का मौका मिलता है तो ... कहानी में अपने आत्मसम्मान के लिए लड़ने की कमज़ोरी का चित्रण अच्छा लगा।

तद्भव में मृत्युंजय कुमार सिंह की कहानी "जल्लाद उर्फ हैंगमैंन" में जेल के पुराने फांसी लगाने वाले बाबुल मसीह हैं, उनकी पत्नी बिल्किस है, उनका बेटा अब्दुल्ला है और जेल का कैदी तारक सकुल है। तारक ने लोगों की हत्या की है और जिस दिन तारक को फांसी लगने वाली है, उस दिन बाबुल मसीह उसे फांसी पर लटकाने वाली रस्सी को तैयार करते हुए उससे बातें करते हैं। छोटी सी कहानी में एक छोटी सी बात है, लेकिन मृत्युंजय जी की काबलियत है कि उस कहानी को ऐसे रचते हैं कि अंत तक बांधे रखती है।  

हिंदी कविता 

मुझे कविताएँ कम ही अच्छी लगती हैं, मैं अंग्रेज़ी और इतालवी में कविताएँ बिल्कुल नहीं पढ़ पाता, पढ़ूँ तो उनमें सौंदर्यबोध या भावबोध नहीं होता। हिंदी कविताओं में भी मुझे पुराने कवि ही अच्छे लगते हैं, नयी कविता मुझे प्रभावित नहीं करती। लेकिन आज के इस आलेख में दो आधुनिक कवि भी हैं - विनय सौरभ और दिनेश शुक्ल। 

अकार पत्रिका में  विनय सौरभ की कविताओं में छोटी-छोटी बातों में छिपी हुई लम्बी कहानियाँ हैं। "असंभावित के विरुद्ध" की कहानी में घर से भागी हुई एक लड़की है, और उसके सालों बाद अपने गाँव में लौटने की बात है। "माँ के शाल" में माँ और मौसी के सम्बंधों का रस है।

सौरभ जी की "अपने ही स्टेशन से गुज़रना" में छूटे हुए गाँव की यादों की बात है, उनकी कविताओं में मुझे यह कविता-कहानी सबसे अधिक अच्छी लगी - इसकी पहली पंक्तियाँ हैं, "एक रोज यात्री बन कर गुजरते हो/ अपने ही गाँव के स्टेशन से/ एक उदासी भीतर फैल जाती है अचानक/  खिड़की से बाहर तलाशते हो, कोई चेहरा दिख जाये परिचित/"।  उनकी एक अन्य कविता, "वे ही!" में अपने आप से प्रश्न हैं कि हम लोगों के सुख-दुख में, उनकी मृत्यु आदि पर क्यों नहीं हिस्सा ले पाते। इसकी कुछ पंक्तियाँ हैं - "यह ख्याल आता है अक्सर देर रात गये/ या आधी नीँद के बीच/ जैसे कोई पत्थर आज भी सीने में लुढ़कता रहता है/ आत्मग्लानी का भार लिए/"। 

ककसाड़ के अगस्त अंक में मुझे दिनेश शुक्ल की दो गज़लें पसंद आयीं। उनकी पहली गज़ल की यह पंक्तियाँ देखिये: "यह चादर वक्त की जर्जर हवा से थरथराती है/ गरीबी पर लगी तुरपाइयाँ रह-रह उधड़ती हैं/" और "दुखी सपनों के किस्से, रात की टूटी हुई नींदें/ सुबह परछाईयाँ इक सीढ़ियाँ चढ़ती उतरती हैं/"।

और उनकी दूसरी गज़ल की पहली पंक्तियाँ भी मुझे बहुत अच्छी लगीं: "किस्सा मत पूछिये, टूटी हुई थकानों का, इसके आगे है सफर, रेत के मकानों का।"

अंत में 

आज के इस आलेख के अंत में तद्भव से आकांक्षा बरनवाल के आलेख से कुछ अन्य पंक्तियां जो मुझे विचारनीय लगीं: "जिस प्रकार 19वीं सदी के सुधारकों ने 'पौरुषहीन (effeminate) कहलाने के डर से अपने धर्म को 'कठोर' और 'एकेश्वर वादी' बनाने का प्रयास किया था, वैसा ही आज की राजनीति इतिहास-2 (लोक परंपरा और मिथक) को जबरन इतिहास-1 (तथ्यात्मक इतिहास) बनाने पर तुली है। दीपेश चर्कवर्ती कहते हैं कि गाँधी ने इतिहास-2 (लोक परंपरा, मिथक और भावनाओं) की भाषा बोली। जब गांधी ने रामराज्य कहा तो उसका मतलब किसी ऐतिहासिक समय या राजा की वापसी नहीं बल्कि राज्य की ऐसी परिकल्पना देना था जिसे किसान भी समझता था। जब गांधी ने नमक उठाया या चरखा चलाया, तो वह कोई आर्थिक सिद्धांत देने से अधिक भारत की आत्मा को छूना चाहते थे। ... आज के नेता इतिहास-1 की भाषा बोलते हैं। यहां तक कि जब वे धर्म की बात भी करते हैं तो उसे 'वैज्ञानिक' सिद्ध करने में लगे रहते हैं ...लेकिन दोनों ही स्थितियों में वह पश्चिमी इतिहासबोध की ही नकल कर रहे हैं। यह सांस्कृतिक युद्ध तब तक शांत नहीं होगा जब तक हम गांधी की या जे. कृष्णमूर्ति की भांति उस हीन भावना से मुक्त नहीं हो जाते, जो हमें हर क्षण पश्चिम के समक्ष खुद को सही और ऐतिहासिक सिद्ध करने के लिए विवश करती है।" 

इस बार जो पढ़ा उसमें मुझे आकांक्षा बरनवाल के आलेख के अतिरिक्त हँस पत्रिका का आदिवासी जीवन और साहित्य पर केन्द्रित अंक सबसे अधिक रोचक लगा। 

***** 

 

सोमवार, सितंबर 14, 2026

देवी प्रतिमा के रक्षक - अंतिम अध्याय

अब तक की कहानी: आभा की सहायता से त्री और ओरी घड़ियालों से बच कर डमरू द्वीप की उस गुफा में पहुँच गये जहाँ नीचे तहखाने में शक्तिवाहिनी सरस्वती की मूर्ति छिपी थी। मूर्ति को ले कर वह लौटे और ओरी जापान लौट गया। त्री वृद्धाश्रम गया तो अचानक मंदिर की घंटियाँ बजने लगीं, त्री बोला कि इसका मतलब है कि उसके गुरु जी की समाधी समाप्त हो गयी है।

अब आगे पढ़िये उपन्यास का अंतिम भाग।

प्रारम्भ से पढ़िये - पिछला भाग पढ़िये 

 

अध्याय 31

अंतिम अध्याय 

गँगटोक, सिक्किम, 24 अप्रैल 2026

 

“गँगटोक की पहाड़ी हवा बहुत अच्छी है, लेकिन यहाँ की ऊपर-नीचे जाती हुई सड़कों पर चलना थोड़ा कठिन है", गुरु जी बोले। वह त्री के साथ अखाड़े में बैठे थे।

त्री हँसा, बोला, “गुरु जी, मैं आप को जानता हूँ। आप अभी भी कमज़ोर हैं, लेकिन मैं शर्त लगा कर कह सकता हूँ कि और एक महीने के अंदर आप बिना थके, यहाँ से देवराली बौद्ध-विहार तक का पूरा चक्कर लगा कर आयेंगे। बस आप हर रोज, सुबह-शाम सैर करना नहीं छोड़िये।”

गुरु जी भी मुस्कराये, बोले, “जब तुम छोटे थे तो मैं तुम्हें कहता था कि एक बार और कोशिश करो, मैं पक्का जानता हूँ कि तुम अगली बार इसे बेहतर करोगे। अब मैं बूढ़ा हूँ तो तुम मुझे वही सबक सिखाते हो।" 

थोड़ी देर के बाद जब आभा वहाँ चाय ले कर आयी तो देखा कि वह दोनों शतरंज खेल रहे हैं। कुर्सी पास खींच कर वह उनके करीब बैठ कर उनका खेल देखनी लगी।

त्री ने चाय पीते हुए उससे पूछा, “ओरी से बात हुई?”

आभा ने सिर हिला कर मना किया, बोली, “पिछले हफ्ते हुई थी। उसके बाद मैंने उसे मैसेज भी भेजे, लेकिन उसका उत्तर नहीं आया।"

गुरु जी बोले, “चिंता नहीं करो बेटी, कुछ ही दिनों की बात है, उसने कहा है कि वह यहाँ आयेगा, और वह अपने वचन का पक्का है, जो कहता है, उसे अवश्य करता है।”

त्री बोला, “गुरु जी, आप ने अच्छा प्लैन बनाया, एक तो हमें यामागुचि से छुट्टी मिल गयी, और साथ में आभा को ताकानोरी भी मिल गया।"

"क्या मतलब, कैसा प्लैन? मुझे भी बताओ”, वह बोली। मजूली से लौट कर वह मणिपुर में अपने गाँव चली गयी थी और कुछ दिन पहले ही उनके अनाथाश्रम में लौटी है।

“कई दशकों से यामागुचि के आदमी गुरु जी का पीछा कर रहे थे। करीब दस साल पहले जब मैंने यहाँ यह अनाथाश्रम खोला, तब मैंने गुरु जी से यहाँ आने के लिए बहुत कहा, लेकिन वह नहीं माने। वह डरते थे कि यामागुचि के आदमी उन्हें खोजते हुए यहाँ भी आ जायेंगे और उनकी वजह से हमारे अनाथाश्रम के बच्चों की जान को खतरा हो जायेगा", त्री ने बताया।

“माँ तारा की मेरी वह मूर्ति, जिसे मैं कोरिया से ले कर आया था और जिसे यामागुचि लेना चाहता था, दस साल पहले मैंने वह मूर्ति त्री को दे दी थी। तब से वह मूर्ति यहीं रखी है। हमने देखा था कि जब शक्ति वाले लोग साथ रहते हैं तो उनकी शक्ति बढ़ जाती है। यहाँ पर त्री ने उस मूर्ति के साथ कुछ नये प्रयोग किये जिससे हमें पता चला कि अगर हम बिना शक्ति वाले हरिताश्म पत्थरों को, माँ तारा की शक्तिवाहिनी मूर्ति के पास रखें तो उनमें शक्ति आ जाती है। वैसे ही हरिताश्म पत्थरों के आसपास अगर शक्ति वाले लोग रहें तब भी उन पत्थरों में भी शक्ति आ जाती है। लेकिन यह सभी हरिताश्म पत्थरों में नहीं होता। तब हमने उन पत्थरों की वैज्ञानिक जाँच करवायी, इससे पता चला कि हरिताश्म पत्थर कई तरह के होते हैं। कुछ पत्थरों के भीतर के क्रिस्टल ऐसे होते हैं कि उनमें शक्ति-लहरों के प्रभाव से शक्ति जमा होने लगती है। जैसे कि बैटरी में ऊर्जा भरते हैं, वैसे ही उनमें शक्ति भर जाती है", गुरु जी बोले।

त्री हँसा, बोला, “सबसे पहले इस बात को गार्गी ने पहचाना। एक दिन वह बोली कि हमारी नटराज की प्रतिमा में भी शक्ति महसूस होती है। हमने उस मूर्ति की जाँच की, तब समझे कि शक्ति पूरी मूर्ति में नहीं थी, केवल उसके हरिताश्म पत्थर के बने मोतियों में थी। दूसरी बात जो हम समझे, वह है कि अगर मूर्ति को शक्ति वाले लोगों का साथ नहीं मिले तो धीरे-धीरे उनकी शक्ति क्षीण हो जाती है। यानि यह शक्ति जल की तरह है, जब तक बहती रहती है, तभी तक जीवित रहती है। इसलिए हमने सोचा कि अगर यामागुचि उस मूर्ति के लिए इतना तरस रहा है, तो क्यों न हम उसे एक शक्ति वाली मूर्ति बना कर दें?"

गुरु जी बोले, "पहले मैं डरता था कि अगर यामागुचि को वह प्रतिमा मिल गयी तो वह शक्ति का गलत कामों के लिए उपयोग कर सकता है। लेकिन त्री बोला कि केवल मूर्ति से उसका कुछ नहीं होगा, उसे शक्ति वाले बच्चे भी खोजने हैं और उन्हें खोजना इतना आसान नहीं है। इस तरह से त्री ने यह सारा प्लैन बनाया।"

त्री बोला, “पहले मैंने सरस्वती की मूर्ति बनायी और उसमें हरिताश्म पत्थर के टुकड़े लगाये। उसे दिन में इस अखाड़े में रखते थे और रात को रंगनाथ, वसंत और माधव उसके पास सोते थे। करीब छह महीने पहले जब हमें लगा कि अब उस मूर्ति में शक्ति बहुत प्रबल हो गयी है तो हमने उसे डमरू द्वीप की गुफा में लगा दिया। फिर हमने गुरु जी के वीडियो बनाये और उन्हें फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, वगैरा पर चढ़ा दिया, और उनके साथ लिखा कि वह वीडियो एक कोरियन भिक्षुक के हैं। तब से हम प्रतीक्षा कर रहे थे कि यामागुचि के आदमी उसे देखें और वह किसी को गुरु जी को खोजने के लिए भेजे।"

"यानि, तुम दोनों ने यामागुचि को फसाने के लिए एक जाल फ़ैंका था, और उसने ताकानोरी को यहाँ भेज दिया। पर क्या गुरु जी की समाधी लेने में खतरा नहीं था?”, आभा ने पूछा।

त्री बोला, “मुझे मालूम है कि गुरु जी समाधी में एक महीने तक, कम अक्सीजन और खाने-पीने के बिना भी जीवित रह सकते हैं। लेकिन साथ ही हम लोग, विशेषकर गार्गी, दूर से ही गुरु जी के स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए थे। मजूली के वृद्धाश्रम के पास वाले खण्डहर के नीचे जो गुरु जी का छुपा हुआ तहखाना है, वहाँ से गार्गी आसानी से गुरु जी की मानसिक लहरों को महसूस कर सकती थी। वह वहाँ से नियमित जाँच कर लेती थी कि गुरु जी की तबियत कैसी है।"

“यानि, मुझे छोड़ कर तुम सबको मालूम था कि यह एक ड्रामा है?”

त्री मुस्कराया, “यह पूरा ड्रामा नहीं था। हमने प्लैन बनाया था लेकिन उसकी हर चीज हमारे हाथ में नहीं थी। तुम्हारे अतिरिक्त, वसंत, माधव और तृप्ति को भी यह सब बातें पता नहीं थीं, तभी तो ताकानोरी जब तुम्हें पकड़ कर ले गया और उसने तुम्हारे दिमाग में देखा, फिर भी उसे कुछ पता नहीं चला। लेकिन काज़ीरंगा में हमारी गैंडों के तस्करों से टक्कर हो जायेगी, इस बात का हमें अंदाज़ा नहीं था, और न ही हमने सोचा था कि ताकानोरी एक गार्ड को बचाने के लिए एक तस्कर को मार देगा। हमें डमरू द्वीप पर इतने सारे घड़ियालों के इकट्ठा होने वाली बात का भी पता नहीं था। सौभाग्य से उस समय तुम हमारे साथ थीं, वरना हमारा सारा प्लैन बेकार हो जाता।"

“और डमरू द्वीप की उस गुफा में छिपी हुई सीढ़ियाँ और नीचे जाने का रास्ता, क्या वह भी तुमने बनाया था? क्या तुम सचमुच वहाँ पर नयी मूर्ति लगाओगे?”

त्री बोला, “वह गुफा सचमुच बहुत पुरानी है और उसमें बने भित्तिचित्र आदिमानव के समय के हैं, हज़ारों साल पुराने हैं। सदियों से हर साल वहाँ पर दूर-दूर से तीर्थयात्री आते हैं। हमने वहाँ दीवार पर एक खाली जगह पर केवल घड़ियाल और गँगा का चित्र बनाया था। वह सीढ़ियाँ और तालाब वहाँ पर पहले से थे, और उस तालाब में एक पुरानी सरस्वती की मूर्ति लगी थी, हमने उसकी जगह पर वहाँ एक नयी मूर्ति रख दी और उसके ऊपर खुलने-बंद होने वाला गुप्त दरवाज़ा लगा दिया। अब वह सारी जगह जैसे पहले थी, बिल्कुल वैसी ही हो गयी है, क्योंकि ऐसी जगहें हमारी एतिहासिक और साँस्कृतिक सम्पदा हैं, हम उनकी रक्षा करना चाहते हैं।"

गुरु जी बोले, “मेरी आशा है कि यामागुचि उस मूर्ति को पा कर खुश होगा और अब वह मुझे भूल जायेगा। इसलिए अब मैं यहाँ आया हूँ और त्री और बच्चों के बीच में रह सकता हूँ। त्री ही मेरा परिवार है और बुढ़ापे में, उसके और छोटे बच्चों के साथ रह पाना, मेरे लिए बहुत सुखदायक है। मेरी यही कामना है कि हम लोग शक्तिवान बच्चों की एक सैना बनायें, जिसके तिरंगा यौद्धा अपनी शक्ति से निर्बल, शोषित और असहाय लोगों को आत्मनिर्भर बनने में सहायता करें, प्रकृति और वातावरण की रक्षा करें और इस पृथ्वी को ऐसा बेहतर स्थान बनायें जहाँ मानव के साथ-साथ, सभी प्राणी भी फलें-फूलें।"

थोड़ी देर के बाद जब गुरु जी सैर करने गये तो त्री आभा को अपनी शिल्पशाला में ले कर गया, बोला, "देखो, यह मेरी नयी कलाकृति है, बताओ कैसी लगी?”

आभा ने देखा कि उसकी नयी कलाकृति, ताँबे की दोमुही मूर्ति है, जिसमें एक ओर शिव जी हैं और दूसरी ओर महात्मा बुद्ध, और दोनों योगमुद्रा में हैं। उसने पूछा, “शिव और बुद्ध, एक साथ, क्या यह कोई नया एक्सपैरिमैंट कर रहे हो?”

त्री बोला , “मैं शिव का भक्त हूँ और गुरु जी बुद्ध के, इसलिए मैंने सोचा कि उन दोनों को एक साथ बनाऊँ। अंत में परमेश्वर तो एक ही है, हम मानव उसे भिन्न रूपों में देखते हैं और उसकी पूजा के भिन्न रीति-रिवाज़ अपनाते हैं। वैसे भी हमारे भारत में धर्मों के बीच में दीवारें नहीं हैं, बल्कि वह नदी की धाराओं जैसे हैं, जो कभी मिलती हैं, कभी अलग हो जाती हैं और अंत में सभी एक ही सागर की ओर जाती हैं। गुरु जी के साथ रह कर धर्म के बारे में मुझे यही समझ में आया है। यह मूर्ति इसी भाव को अभिव्यक्त करती है। लेकिन इस मूर्ति में एक और बात है, इसमें शिव जी और महात्मा बुद्ध, दोनों की आँखें हरिताश्म पत्थर की बनी हैं।"

वह दोनों यही बातें कर रहे थे, जब तृप्ति भागती हुई आई, बाहर से ही चिल्ला कर बोली, “दीदी, तुम्हारे जापानी भैया आये हैं।" त्री ज़ोर से हँसा, बोला, “ताकानोरी आ गया? लेकिन वह तुम्हारी दीदी का भैया नहीं है, तुम्हारा भैया है।"

दो मिनट बाद, बच्ची के पीछे-पीछे ताकानोरी भी वहाँ आया और सबसे पहले उसने आभा को बाहों में जकड़ा और उसके गाल पर चूमा। यह सब कुछ इतनी जल्दी हुआ कि आभा उसे रोक नहीं पायी, न कुछ कह पायी। त्री मुस्कराया तो आभा का चेहरा शर्म से लाल हो गया।

जब ओरी ने देखा कि तृप्ति उन्हें बड़ी-बड़ी आँखों से देख रही थी, तो उसने उसकी ओर और फिर आभा की ओर हाथ जोड़ दिये, बोला, “सॉरी, तुम्हें देख कर … तुम इतने दिनों के बाद मिली हो, मुझसे रहा नहीं गया।"

वह सभी लोग हँसते हुए अनाथाश्रम को पार करके वहाँ लगे वृक्षों की ओर बढ़े। वहाँ एक लकड़ी की कुटिया बनी थी। ओरी ने पूछा, “यह कौन सी जगह है?”

त्री बोला , “तुम्हें एक और व्यक्ति से मिलवाना है, जिससे तुम अभी तक नहीं मिले।"

वह लोग जब कुटिया के पास पहुँचे, तभी दूसरी ओर से त्री ने गुरु जी को सैर से लौटते देखा। उसने ओरी से कहा, “वह देखो कौन है? आओ, मैं तुम्हें अपने गुरु जी से मिलवाऊँ।"

"कौन से गुरु जी?”

“जून-मिन गुरु जी, जिन्हें तुम खोजने आये थे।"

“लेकिन उन्होंने तो समाधी ले ली थी?” ओरी को विश्वास नहीं हुआ।

“समाधी ली तो थी, लेकिन जब उनका लक्ष्य पूरा हो गया तो वह मेरे पास लौट आये, क्योंकि वह मेरे पिता समान हैं। उनका शरीर अभी भी बहुत कमज़ोर है, लेकिन उनके मन की शक्ति, वह बिल्कुल कमजोर नहीं हुई है", त्री ने उसके कँधे पर हाथ रख कर कहा।

ओरी ने आगे बढ़ कर, तीन बार झुक कर गुरु जी का जापानी अभिवादन किया। बाद में आभा ने उसे मोबाइल पर गुरु जी के समाधी से बाहर निकलने का वीडियो दिखाया, तो वह बोला, “वीडियो में तो आप बहुत कमज़ोर दिखते हैं।"

गुरुजी  बोले, “यहाँ मैं तुम सब लोगों की शक्ति से घिरा हुआ हूँ, उसकी वजह से मुझे बहुत जल्दी स्वास्थ्य-लाभ हुआ है। तुम बताओ, तुम्हारे यामागुचि सान उस प्रतिमा से खुश हैं?”

ओरी ने लम्बी साँस ली, बोला, “हाँ वह मूर्ति से खुश हैं लेकिन कहते हैं कि अब शक्तिवाले बच्चों को कैसे खोजें? उन्होंने मुझे कहा कि इस अनाथाश्रम के कुछ बच्चों को उठा कर जापान लाते हैं, तो मैंने तुरंत मना कर दिया, कहा कि उसके लिए उन्हें पहले मुझसे लड़ना पड़ेगा क्योंकि अब मैं उन बच्चों का रक्षक बन कर यहाँ रहूँगा। वह यह भी कह रहे थे कि त्री से पूछना कि क्या वह उनके लिए काम करेगा? त्री, अगर तुम उनके याकूज़ा बनना चाहते हो तो उनसे सीधा सम्पर्क करो, क्योंकि मैंने उनकी नौकरी को त्याग दिया है।”

शाम को जब अँधेरा हुआ तो आभा और ताकानोरी घूमते हुए अखाड़े में गये और वहाँ एक चबूतरे पर बैठ गये। वह बोला, “यहाँ पर, इस अखाड़े में कितनी शाँति है और यहाँ ऐसा लगता है जैसे कि हम एक शक्ति-धारा में स्नान कर रहे हैं, भीतर आत्मा तक मुझे यहाँ पर शक्ति की ऊर्जा महसूस हो रही है।"

आभा बोली, “हर रोज़ यहाँ पर त्री बच्चों को शक्ति-जागरण का अभ्यास करवाता है, और गुरु जी उन्हें ध्यान करना और मन को एकाग्र करना सिखाते हैं। यहाँ के कण-कण में शक्ति है। तुम चाहो तो तुम भी उनके विद्यार्थी बन सकते हो।"

ओरी बोला, "उसके बारे में बाद में सोचेंगे, पहले मुझे एक और महत्वपूर्ण काम करना है।" वह उठा और उसके सामने एक घुटना मोड़ कर ज़मीन पर बैठ गया, उसके हाथ में एक अँगूठी थी, बोला, “तुमसे तीन महीने दूर रहा तो समझा हूँ कि मैं तुम्हारे बिना नहीं रह सकता। क्या तुम मुझसे विवाह करोगी?”

आभा ने कनखियों से चबूतरे के पीछे दीवार में लगी माँ तारा की हरिताश्म प्रतिमा को देखा, मुस्करा कर बोली, “मैं भी यही सपना देख रही हूँ कि तुम मुझसे यह कहोगे। लेकिन अपनी अँगूठी देने में इतनी जल्दी नहीं करो।"

“क्यों?” ओरी के माथे पर बल पड़ गये, बोला, “तुम मुझसे विवाह नहीं करना चाहती?”

“क्या मैंने ऐसा कहा?”

“तो तुमने मेरी अँगूठी क्यों नहीं स्वीकार की?”

“क्योंकि मैं जल्दबाज़ी में कुछ नहीं करना चाहती। हम लोग कुछ दिन साथ रहे हैं, अभी हम एक दूसरे को ठीक से नहीं जानते। कुछ दिन साथ रहेंगे, एक दूसरे को जानेंगे, मैं तुम्हें अपने भैया से मिलवाऊँगी, और तुम्हें अपना गाँव दिखाने मणिपुर ले कर जाऊँगी, फिर आराम से यह निर्णय भी ले लेंगे।" 

*****
इति

*****

पाठकों से एक निवेदन

आप ने मेरे उपन्यास को पढ़ा, इसके लिए धन्यवाद। यह आप को कैसा लगा, कृपया इस बारे में अपनी राय नीचे एक टिप्पणी लिख कर मुझे अवश्य दें।

क्या आप त्री, ओरी, आभा और अनाथाश्रम के बच्चों के बारे में अन्य उपन्यास पढ़ना चाहेंगे? टिप्पणी में अपनी राय अवश्य लिखें।

अगर आप चाहें तो मुझे ईमेल लिख कर भी बता सकते हैं कि यह उपन्यास आप को कैसा लगा। मेरा ईमेल का पता है - sunil.deepak@gmail.com   

धन्यवाद

 

गुरुवार, सितंबर 10, 2026

देवी प्रतिमा के रक्षक - अध्याय 30

अब तक की कहानी: प्रतिमा की खोज में त्री, आभा और ओरी डमरू द्वीप पहुँचे जहाँ पर शक्तिवान प्रतिमा एक गुफा में छिपी थी। द्वीप पर उतरना कठिन था क्योंकि बहुत से घड़ियाल थे। तब आभा ने अपनी शक्ति से उन्हें वहाँ से हटाया और फिर, त्री और ओरी उस द्वीप पर उतरे। वहाँ उन्हें एक गुफा में सरस्वती मां की एक शक्तिवान मूर्ति मिली, उसे ले कर वह मोटरबोट में लौटे। आगे पढ़िये ...

प्रारम्भ से पढ़िये - पिछला भाग पढ़िये 

 

अध्याय 30

 मजूली, असम, 8 - 9 मार्च 2026

काज़ीरंगा से लौटते समय त्री ने ओरी से पूछा, “याकूज़ा का क्या काम होता है?”

“उनका सबसे बड़ा काम है लोगों को डराना और धमकाना, ताकि लोग चुपचाप अपना ऋण चुका दें, या प्रतिद्वंदी हमारे क्षेत्र में धँधा नहीं करें या दुश्मन हम पर हमला नहीं करें। इसलिए याकूज़ा का शरीर और भाव ऐसे होने चाहिये कि उन्हें देख कर ही लोग डर जायें। अगर डराने से काम नहीं चलता तो याकूज़ा को मार-पिटाई भी करनी पड़ती है, विशेषकर प्रतिद्वंदियों के गुँडों की। जब बॉस कहें तो याकूज़ा किसी को जान से भी मार सकते हैं।"

“लोगों का खून कर देते हैं? किसका?”

“किसी को भी मार सकते हैं, हमारा काम प्रश्न पूछना नहीं है, आदेश का पालन करना है। याकूज़ा, वह सही-गलत की बहस में नहीं पड़ते, जिसे मारने का आदेश मिले और जिस तरह से मारने का आदेश मिले, उसे वैसे ही मार देते हैं।"

“जिस तरह से मारने का आदेश मिले, इसका क्या मतलब है?”

“अगर किसी को चेतावनी देनी हो कि वह लोग हमसे डर कर रहें, तो हम खुले आम, लोगों के बीच में भी किसी का सिर काट सकते हैं। अगर किसी को केवल रास्ते से हटाना है तो उसे चुपचाप, दूर से गोली भी मार सकते हैं। कभी-कभी किसी को ऐसे मारते हैं कि वह एक्सीडैंट लगे। यह बॉस के आदेश पर निर्भर करता है।"

"औरतों और बच्चों को भी?”

ओरी ने सिर हिला कर मना किया, बोला, “मैं छोटे बच्चों को नहीं मारता और औरतों को मारने से पहले कारण पूछता हूँ, अगर ठीक नहीं लगे तो मना कर देता हूँ। वैसे मैंने अभी तक किसी औरत को नहीं मारा।"

“तुम इस रास्ते पर कैसे आये?”

“यामागुचि दादा जी, अक्को में हमारे पड़ोसी थे। वहाँ उनका परिवार जूएखाने चलाता था और उन्होंने बहुत पैसा बनाया था। मेरे पिता उनके लिए काम करते थे। जब वह गुज़र गये तो यामागुचि सान ने मेरी माँ को घर चलाने का पैसा दिया और मुझे स्कूल भेजा। जब मैं थोड़ा सा बड़ा हुआ तो उन्होंने मुझे अपनी छत्रछाया में ले लिया। उन्होंने मेरी शक्ति को पहचाना और मुझे याकूज़ा बनने की शिक्षा और प्रशिक्षण दिलवाया, उसके बाद मैं उनका याकूज़ा बन गया।"

“और अब, इस काम के बाद?”, त्री ने पूछा।

वह मुस्कराया, बोला, "यह मूर्ति उन्हें दे कर मैं उनका ऋृण चुका दूँगा। जैसे तुम्हारे गुरु जी कहते हैं, शायद शक्ति का उपयोग दुनिया के भले के लिए करना बेहतर है। अगर हो सकेगा तो मैं कुछ समय भारत में तुम लोगों के साथ बिताना चाहता हूँ। यह मूर्ति उन्हें दे कर, मैं तुम्हारे यहाँ लौट कर आऊँगा।"

उन्होंने मोटरबोट में ही खाना खाया, तब ओरी आभा के पास बैठा था, उससे बातें कर रहा था। गार्गी ने त्री से धीरे से कहा, “दादा, मेरे विचार में इन दोनों का मामला फिट हो गया है।"

“क्या आभा को भी वह अच्छा लगता है?” उसने पूछा तो गार्गी ने सिर हिला कर हामी भरी।  

बच्चों को मजूली उतार कर, त्री और आभा, ओरी को छोड़ने नारायणपुर गये। बच्चों से विदा लेते हुए ताकानोरी ने कहा, “एक दिन मैं तुम्हारे अनाथाश्रम में तुम लोगों के साथ रहने आऊँगा। तब मैं तुम्हें जूदो, आइकीदो, जिजुत्सु, वगैरा जापानी मार्शियल आर्टस् और लड़ाई करना सिखाऊँगा। अगर तुम सचमुच के योद्धा बनना चाहते हो तो केवल शक्ति से काम नहीं चलेगा, योद्धा को लड़ना भी आना चाहिये।

नारायणपुर में घर पहुँच कर, ओरी ने जापान में अपने बॉस को वीडियो-कॉल किया और उसे सरस्वती माँ की मूर्ति दिखायी, बताया कि उसने मूर्ति को जाँचा है और स्वयं उस मूर्ति की प्रबल शक्ति को महसूस किया है। बोला, “इस प्रतिमा के पास रहो तो मन में शाँति की अनुभूति होती है।"

जापान लौटने के लिए जब ओरी ने अपना सामान पैक कर लिया, तब तीनों ने साथ बैठ कर रात का खाना खाया। ओरी ने सबके लिए रामेन का सूप बनवाया, बोला, “अभी मेरे पास इन जापानी नूडल्स के बहुत सारे पैकेट बचे हुए हैं, मैं उन्हें तुम्हारे लिए छोड जाऊँगा।"

आभा बोली, “हम इसमें सब्जियाँ, मिर्ची, मसाला डाल कर इस रामेन को अपने तरीके से बनायेंगे और जब तुम लौट कर आओगे तब तुम्हें हिन्दुस्तानी रामेन खिलायेंगे।"

अगले दिन सुबह ताकानोरी को कलकत्ता के लिए रवाना होना है, जहाँ से उसे जापान के लिए हवाई जहाज़ मिलेगा।
*
ओरी से विदा ले कर, त्री और आभा को वृद्धाश्रम में लौटे हुए करीब आधा घंटा हुआ था और वे दोनों कैंटीन में बैठ कर जगदीश बाबू के साथ चाय पी रहे थे जब अचानक मन्दिर की घंटियाँ बजने लगीं। घंटियों की आवाज़ कैंटीन में भी स्पष्ट आ रही थी।

जगदीश बाबू घबरा कर उठ खड़े हुए, बोले, “ऐसी घंटियाँ की ध्वनि तो मैंने यहाँ पहले कभी नहीं सुनी थी, शायद कोई तूफान आ रहा है?”

त्री बोला, “जगदीश बाबू, मेरे विचार में यह घंटियाँ गुरु जी बजा रहे हैं और कह रहे हैं कि उनकी समाधी समाप्त हो गयी है।"
जगदीश बाबू को विश्वास नहीं हुआ, बोले, “इतने दिनों तक धरती में दबे रहने के बाद भी क्या जामुन बाबा जीवित हैं?”

वह तीनों उठ कर बाहर आये तो देखा कि वृद्धाश्रम के अन्य बहुत से लोग उनकी तरह वहाँ खड़े हो कर मंदिर की ओर देख रहे थे। वह तीनों मंदिर की ओर आगे बढ़े तो उनके पीछे-पीछे अन्य लोगों की भीड़ भी आ गयी।

त्री मंदिर वाली पहाड़ी की सीढ़ियाँ चढ़ कर ऊपर गया। उसके पीछे-पीछे बाकी के सब लोग आ रहे थे। उसने हाथ उठा कर लोगों से रुकने का इशारा किया, फिर बोला, “गुरु जी जिस तपस्या के लिए समाधी में लीन हुए थे, उनकी वह तपस्या पूरी हुई है। यह घंटियाँ उनके प्रभाव से बज रही हैं, वह कह रहे हैं कि उनकी समाधी का समय समाप्त हो गया है, वह हमारे जगत में लौट रहे हैं। जगदीश बाबू, तुरंत उन मजदूरों को बुलाईये, जिन्होंने गुरु जी की समाधी बनायी थी।" उसके यह कहने के बाद मंदिर की घंटियाँ बजनी अपने आप थम गयीं।

जगदीश बाबू ने मजदूर बुलाने के लिए लोग भेजे, फिर बोले, “जब ताकानोरी ने इस समाधी को खुलवाने की कोशिश की थी तो वह इसे नहीं खोद पाये थे, तो अब यह मजदूर क्या इसे खोल पायेंगे?”

त्री हँसा, “जब गुरु जी कह रहे हैं कि उनकी समाधी पूर्ण हो गयी तो अब इसे खोदनें में कोई कठिनाई नहीं आयेगी।"

इस बार मजदूरों को समाधी का पत्थर हटाने में ज़रा सी भी दिक्कत नहीं हुई। समाधी का बक्सा करीब दस फुट मिट्टी के नीचे दबा था, वहाँ से उस मिट्टी को हटाने में करीब दो घंटे लगे। जब वह बक्से तक पहुँचे तो मैदान लोगों से भर चुका था और यह सुन कर कि बाबा की समाधी का बक्सा दिखने लगा है, उन लोगों ने "जामुन बाबा" का नाम जपना शुरु कर दिया।

आसपास की सारी मिट्टी हटाने और बक्से को बाहर निकालने में करीब आधा घंटा और लगा। उसके आगे-पीछे रस्सियाँ लपेट कर मजदूरों ने डिब्बे को ऊपर उठाया तो उत्तेजित हो कर सब लोग चिल्लाने लगे।

त्री ने आगे बढ़ कर बक्से के पाट खोले, भीतर उसके गुरु जी पद्मासन में आँखें बंद किये बैठे थे, उनकी गोद में उनकी भिक्षा का कटोरा था और उसमें तारा की मूर्ति थी। सारे मैदान में सन्नाटा छा गया। लोग हाथ जोड़ कर उस दृश्य को देख रहे थे। त्री ने झुक कर अपने गुरु जी के चरण छूए लेकिन गुरु जी बहुत देर तक वैसे ही बिना हिले-डुले बैठे रहे।

फिर उनकी पलकें थरथराईं और उन्होंने धीरे-धीरे आँखें खोलीं, सारे मैदान में "जय जामुन बाबा" की ध्वनि गूँज उठी, लोग तालियाँ बजाने लगे, कुछ लोग भावविभूत हो कर रोने लगे। गुरु जी कुछ देर तक चुपचाप सबको देखते रहे फिर उन्होंने बक्से के बाहर टाँगें निकाली और बाहर निकल आये, त्री ने उन्हें खड़े होने के लिए सहारा दिया।

आभा और जगदीश बाबू, दोनों ने झुक कर उनके पैर छूए। वह पहले भी दुबले-पतले थे, लेकिन अब वह इतने कमज़ोर हो गये थे कि उनके शरीर की सभी हड्डियाँ दिख रही थीं, लगता था कि हड्डियों और चमड़ी के बीच में माँसपेशियाँ बिल्कल ही नहीं हों।    

गुरु जी चुपचाप बिना किसी सहारे के मंदिर की ओर बढ़े, हाथ उठा कर उन्होंने बाहर वाला घंटा बजाया, फिर मंदिर की ओर नमन किया और हाथ ऊपर उठा कर मैदान में खड़े लोगों का अभिवादन किया। फिर वह त्री की ओर मुड़े, बोले, “बेटा, मैं थक गया हूँ, मुझे घर ले चलो।"

एक हाथ त्री के कँधे पर और दूसरा आभा के कंधे पर रख कर, वह धीरे-धीरे सीढ़ियाँ उतरे और लोगों की भीड़ के बीच में अपने घर की ओर चले। जिस जगह वह पैर रख रहे थे, बहुत से लोग उस जगह से मिट्टी ले कर उसे अपने माथे पर लगा रहे थे।

घर के प्रांगण में बच्चे उनकी प्रतीक्षा कर रहे थे। रंगनाथ, गार्गी, वसंत, माधव और तृप्ति ने उन्हें प्रणाम किया और उन्होंने सबके सिर पर प्यार से हाथ रख कर सहलाया। जब तृप्ति की बारी आयी तो वह धीरे से बोले, “तुमने कितनी ज़ोर से घंटियाँ बजायीं, ज़मीन के नीचे से भी मुझे उनकी गूँज सुनाई दे रही थी।" तृप्ति खुश हो कर मुस्करायी।

गुरु जी ने कुछ फलाहार किया और थोड़ा सा दूध पिया, फिर उन्होंने जगदीश बाबू को पास बुलाया, बोले, “अब यहाँ पर मेरा काम समाप्त हो गया है। प्रभु ने मुझे अपना बाकी का जीवन, प्रार्थना में बिताने की आज्ञा दी है। कुछ दिनों में मैं यहाँ से चला जाऊँगा। अब यह वृद्धाश्रम आप को और यहाँ के रहने वाले लोगों को ही चलाना होगा।”

जगदीश बाबू रोने लगे, बोले, “बाबा, आप ने इस आश्रम को जन्म दिया है, आप की कृपा से मेरे जैसे लोगों को, जिनके परिवार नहीं हैं या जिन्हें उनके बच्चे अकेला छोड कर चले गये हैं, हमें गरिमा से जीने का मौका दिया है। आप के बिना हम इसकी ज़िम्मेदारी कैसे उठायेंगे?”

गुरुजी मुस्कराये, बोले, “जब मैंने समाधी ली थी, तब नहीं जानता था कि इस समाधी से लौटूँगा या नहीं। तब आप ने मेरा निर्णय स्वीकार किया था और वृद्धाश्रम को चलाने की ज़िम्मेदारी ली थी, तो अब क्या हो गया? हम वृद्ध अवश्य हैं, लेकिन निस्सहाय नहीं हैं, और दुनिया का कोई काम ऐसा नहीं है जिसे हम लोग नहीं कर सकते। क्या आप इस बात को भूल गये हैं? आप के साथ आप का सहकारी संघ है, आप के साथी हैं, मुझे पूरा विश्वास है कि आप के नेतृत्व में यह वृद्धाश्रम और भी समृद्ध तथा विकसित होगा।"

*****

अगला (अंतिम) अध्याय पढ़िये

***** 

 

सोमवार, सितंबर 07, 2026

देवी प्रतिमा के रक्षक - अध्याय 29

अब तक की कहानी: प्रतिमा की खोज में त्री, आभा और ओरी डमरू द्वीप पहुँचे जहाँ पर शक्तिवान प्रतिमा एक गुफा में छिपी थी। द्वीप पर उतरना कठिन था क्योंकि बहुत से घड़ियाल थे। तब त्री ने आभा को  दिखाया, कि कैसे वह घड़ियालों से सम्पर्क करके उन्हें वहाँ से जाने के लिए कह सकती थी। जब आभा वह करना सीख गयी तो त्री और ओरी डमरू द्वीप पर उतरने के लिए तैयार हो गये। आगे पढ़िये ...

प्रारम्भ से पढ़िये - पिछला भाग पढ़िये 

 

अध्याय 29

 डमरू द्वीप, काज़ीरंगा, असम, 8 मार्च 2026

जब वह दोनों नाव से उतरे, उस समय तट के उस हिस्से में एक भी घड़ियाल नहीं था, सभी दूसरी ओर चले गये थे, लेकिन ओरी फिर भी घबरा रहा था, उसने हाथ में अपनी तलवार पकड़ी हुई थी।

त्री ने उसका हाथ पकड़ लिया और रेत पर भागते हुए, उसे साथ खींचता हुआ तेज़ी से पहाड़ी की ओर बढ़ा। पहाड़ी के बीच-बीच में कुछ काली नुकीली चट्टानें निकल रही थीं, उन पर पैर टिका कर वह दोनों तेज़ी से ऊपर चढ़ गये। वहाँ पहुँच कर देखा कि ऊपर कोई घड़ियाल नहीं थे, तो त्री ने मुड़ कर मोटरबोट की ओर हाथ हिला कर इशारा किया, और उन्हेंं वहाँ से जाने के लिए कहा।

घड़ियालों से बच कर निकल आने से ओरी भी खुश हो गया, बोला, “आभा की शक्ति तो बहुत काम की है।"

त्री ने अपनी जेब से वसंत का बनाया नक्शा निकाला जिस पर गुफाएँ बनी हुई थीं और उसे ओरी को दिखाया, बोला, “इस समय, यहाँ पर हम लोग डमरू के बीच के संकरे हिस्से में हैं, जबकि यह गुफाएँ द्वीप के उत्तरी और दक्षिणी किनारों की ओर हैं। हमें चुनना है कि हम उत्तर से शुरु करें या दक्षिण से, तुम क्या कहते हो, हम किस ओर जायें?”

ओरी बोला, “अगर मुझे गुफाओं को नम्बर देना हो तो मैं बायें से, यानि दक्षिण से शुरु करूँगा। इसलिए हमें बायें जा कर, वहाँ से गिन कर, चौदही गुफा को खोजना चाहिये। अगर उसमें मूर्ति नहीं मिलेगी, तो हम उत्तर से शुरु करके चौदहवीं गुफा को खोज सकते हैं।"

त्री कुछ नहीं बोला, तुरंत बायीं दिशा में चल पड़ा। ओरी उसके पीछे-पीछे आया, बोला, “क्या यह सब ब्रह्मपुत्र नदी के द्वीप हैं? यह नदी तो बहुत बड़ी लगती है, इसका पाट कई किलोमीटर चौड़ा लगता है।”

“हाँ, यहाँ पर नदी का पाट छह-सात किलोमीटर चौड़ा है और यह नदी धाराओं में बँट कर बह रही है, इसलिए धाराओं के बीच में इसमें बहुत से द्वीप हैं", त्री ने बताया, “लेकिन जब बारिश का मौसम आता है, तब नदी के पानी का स्तर बढ़ जाता है और छोटे वाले सारे द्वीप पानी में पूरे डूब जाते हैं। केवल यह बड़े द्वीप, जहाँ पहाड़ियाँ है, चट्टाने हैं, यह पूरे नहीं डूबते और तब इस डमरू द्वीप पर उतरना कठिन हो जाता होगा।"

पंद्रह-बीस मिनट तक चल कर जब वह गुफाओं वाले हिस्से में पहुँचे तो देखा कि वहाँ की चट्टानें सफेद, सलेटी और मटमैले से हरे रंग के पत्थर की थीं, और वह पहले वाली काली चट्टानों की तरह नुकीली भी नहीं थीं। सदियों की सीली हवा और पानी की वजह से घिसते-घिसते उन चट्टानों का नुकीलापन खत्म हो गया था। वहाँ ऊँची-नीची पहाड़ियाँ थीं, जिनके बीच में गुफाएँ दिख रही थीं। गुफाओं के बीच में पगडँडियाँ दिख रही थीं।

त्री ने इशारा किया और बोला, “इन पगडँडियों को देखो, इनका मतलब है कि यहाँ पर श्रद्धालु आते हैं। शायद वह घड़ियाल यहाँ सारा साल नहीं रहते, केवल अँडे देने के समय आते हैं और फिर चले जाते हैं। क्योंकि अगर वह घड़ियाल यहाँ सारा साल रहते हों तो तीर्थयात्री यहाँ नहीं आ सकते।"

ओरी बोला, “मैंने गिना है, उधर तीन गुफाए हैं, यह सामने वाली चौथी गुफा है। ऐसे गिन कर हमें चौदह नम्बर की गुफा को पहले देखना चाहिये। मैंने अन्वेषण-किरण से देखा है, उस ओर से मुझे शक्ति का एक प्रबल स्रोत दिख रहा है। इसका मतलब है कि हम सही जगह पर आये हैं।"

त्री को पीछे छोड़ कर, अब ओरी तेज़ी से आगे बढ़ा, वह उस मूर्ति को देखने के लिए बेचैन था। जब उसे चौदहवीं गुफा दिखी तो सीधा उसमें घुस गया। उस गुफा का रास्ता कुछ नीचे जा कर था और उसका द्वार थोड़ा छोटा था, उसमें घुसने के लिए उसे नीचे झुकना पड़ा। भीतर पहुँचा तो देखा कि गुफा का कक्ष बहुत बड़ा है और उसकी छत में एक छेद है जहाँ से भीतर सूरज की रोशनी आ रही है। गुफा की खुरदरी दीवारों पर कत्थई खड़िया मिट्टी और सफेद चूने से आदिमानवों के बनाये चित्र दिख रहे थे, जिनमें विभिन्न पशु-पक्षी और उनका शिकार करते हुए मानव दिख रहे थे।

जब त्री वहाँ पहुँचा तो देखा कि ओरी एक खाली गुफा में खड़ा है, वहाँ कोई मूर्ति नहीं दिख रही थी।

ओरी बोला, “इस गुफा की धरती के भीतर एक शक्ति-स्रोत छुपा हुआ है, मैं उसे महसूस कर सकता हूँ, लेकिन मैं समझ नहीं पाया कि उसका रास्ता कहाँ से है।"

त्री हँसा, बोला, “तुम वह कविता भूल गये? उसमें गुरु जी पूछते हैं कि त्रिनेत्र कहाँ है? इसका मतलब है कि मेरे बिना तुम्हें वह मूर्ति नहीं मिलेगी।"

वह घूम कर गुफा की दीवारों को देखने लगा, बोला, “देखो, क्या कहीं पर शिव जी का कोई चिन्ह दिख रहा है? गुरु जी जब त्रिनेत्र के बारे में पूछ रहे हैं, इसका मतलब है कि हमें इस गुफा में शिव जी के किसी चिन्ह को खोजना है।”

ओरी को पता नहीं था कि शिव जी कौन से चिन्ह होते हैं, उसे त्री की बात समझ में नहीं आई, तो त्री बोला, “त्रिशूल, डमरू या नाग देवता या चंद्रमा, यह सभी शिव जी के चिन्ह हैं, क्या गुफा की दीवारों पर इनमें से कुछ दिख रहा है?”
दोनों गुफा में घूम-घूम कर चित्रों को देखने लगे, तब ओरी बोला, “देखो, इधर एक घड़ियाल बना है।"

त्री वहाँ गया तो देखा कि वहाँ घड़ियाल के ऊपर लम्बे बालों वाली एक युवती की आकृति बनी है, बोला, “हाँ, यही है शिव जी का चिन्ह, गंगा माँ और उनका वाहन घड़ियाल। गंगा माँ भी शिव जी की जटाओं में ही रहती हैं।"

उसने पास जा कर गंगा की आकृति पर हाथ के सामने हाथ फिराया तो पीछे से सर्र-सर्र की आवाज़ आयी और गुफा के बीचों-बीच, ज़मीन में एक रास्ता खुल गया।  वहाँ से नीचे जाती हुई बारह सीढ़ियाँ दिख रही थीं और अंत में एक छोटा सा गोल तालाब बना था, जिसके बीच में सफेद पत्थर की, हँस पर बैठी हुई, वीणावादिनी सरस्वती की मूर्ति लगी थी। ओरी ने महसूस किया कि उस मूर्ति से शक्ति का प्रचंड स्पंदन निकल रहा था, वह तुरंत सीढ़ियाँ उतर कर नीचे गया।

त्री थोड़ी देर तक ऊपर ही खड़ा रहा, फिर धीरे-धीरे सीढ़ियाँ उतर कर नीचे पहुँचा तो देखा कि ओरी सरस्वती प्रतिमा के सामने हाथ जोड़े हुए, आँखें बंद करके खड़ा है। वह भी उसके पास जा कर हाथ जोड कर खड़ा हो गया।

कुछ देर के बाद जब त्री ने आँखें खोलीं तो देखा कि ओरी की आँखों से आँसू बह रहे हैं। वह कुछ नहीं बोला।

ओरी  उसी जगह पर घुटनों के बल बैठ गया, धीरे से बोला, “इस शक्ति में स्नान करना मेरे लिए अभूतपूर्व अनुभव है। मुझे लगता है कि शक्ति की लहरें मेरे भीतर, मेरे तन और मन के सभी घावों को भर कर मुझे शांति दे रही हैं। इस पवित्र मूर्ति को क्या यहाँ से ले जाना उचित होगा?”

त्री बोला, “मैंने तुम्हें बताया था न कि यह मूर्ति गुरु जी ने पाँच साल पहले बनवायी थी। माँ तारा की हरिताश्म मूर्ति इससे बहुत छोटी थी, उसके अधिकतर टुकड़े इस प्रतिमा में लगे हैं, जैसे कि उनके माथे की बिन्दी में, उनके गले के हार में और उनकी करधनी के मोतियों में। तुम इसे लेने आये हो, ले जाओ, मैं तुम्हें वचन देता हूँ कि कुछ महीनों में इस जगह पर मैं अपने हाथों से माँ सरस्वती की ऐसी ही एक नयी मूर्ति बना कर लगाऊँगा ताकि श्रद्धालुओं की पूजा में बाधा नहीं आये।"

ओरी चुपचाप मूर्ति को देखता रहा।

त्री बोला, “अब मुझे गुरु जी की कविता की वह पंक्ति समझ में आयी जिसमें वह सती के पर्वतराज के यहाँ लौटने की बात करते हैं। सती यानि पार्वती, वह हिमालय पर्वत की बेटी और शिव की पत्नि थीं और अपने पिता के घर यज्ञ के लिए लौटी थीं। शायद गुरु जी कहना चाहते हैं कि उसी तरह से माँ सरस्वती भी प्रकृति का हिस्सा बन कर यहाँ पर लौटी हैं।"

ओरी बोला, “मैं इस मूर्ति को यहाँ से नहीं ले जा सकता, मैं इसे नहीं तोड सकता। मुझे लगता है कि इस पवित्र जगह से इस मूर्ति को हटाना पाप होगा।"

त्री मुस्कराया, बोला, “तुम्हें कुछ तोड़ना नहीं पड़ेगा। मैं अपने गुरु जी को जानता हूँ। अगर वह नहीं चाहते कि तुम इस प्रतिमा को यहाँ से ले कर जाओ, तो वह उस कविता को लिख कर नहीं जाते। उन्होंने ही हमें यहाँ पर आने का रास्ता दिखाया है, तुम संकोच मत करो। इस प्रतिमा को उठा कर देखो, यह आसानी से उठ जायेगी, तुम्हें कुछ तोड़-फोड़ करने की आवश्यकता ही नहीं होगी।"

जब उसने देखा कि ओरी वहाँ पर निश्चल खड़ा है, आगे नहीं बढ़ रहा, तो त्री उस तालाब में घुसा। उसका पानी गहरा नहीं था। पानी के बीच में जा कर उसने माँ के चरणों में सिर झुका कर प्रणाम किया, फिर उसे दोनों हाथों में उठा कर अपने सिर पर रख लिया। वह प्रतिमा पत्थर के चबूतरे पर रखी हुई थी, उससे जुड़ी हुई नहीं थी, इसलिए आसानी से उठायी गयी। वह भीतर से खोखली थी, इसलिए भारी नहीं थी और उसे उठाना आसान था।

तालाब से निकल कर त्री सीढ़ियाँ चढ़ने लगा, लेकिन ओरी अपनी जगह से नहीं हिला, वह मूर्ति की खाली जगह को देख रहा था और उसके आँसू नहीं रुक रहे थे।

त्री ने उसे कहा, “तुम अपनी आँखें बंद करके, उस मूर्ति के स्थान को अपने मन की दृष्टि से देखो, तुम्हें उस खाली जगह पर एक ज्योति की लौ दिखेगी।" वह ऊपर आया और मूर्ति के साथ ज़मीन पर बैठ गया, बोला, “मैं सोचता था कि इन पाँच साल में, इसकी शक्ति हम सबसे दूर रह कर कमज़ोर हो गयी होगी, लेकिन यह तो अब भी बहुत प्रबल है। इसे छूने में एक अजीब से अनुभूति होती है, लगता है कि जैसे शक्ति की धारा मेरे भीतर बह रही हो।"

ओरी कुछ देर तक तालाब के पास आँखें बंद करके बैठा रहा। जैसा कि त्री ने कहा था, आँखें बंद करके उसे मूर्ति की जगह पर एक ज्योति-पुंज दिख रहा था।

जब वह ऊपर आया तो उसने देखा कि छत के छेद से आने वाली सूर्य की किरणें सीधा मूर्ति पर पड़ रही थी और उसके साथ ज़मीन पर बैठा, मुस्कराता हुआ त्री भी उसी रोशनी में प्रज्जवलित हो रहा था।

ताकानोरी उसे देखता रह गया, फिर धीरे से बोला, “यह एक दिव्य प्रतिमा है और यामागुचि बड़ा गुँडा है। उसके जूआघर हैं, वह युवतियों को वैश्या बनवा कर उनसे धँधा करवाता है, और नवजवानों को नशा बेचता है, इस दिव्य प्रतिमा को उसके पास ले कर जाना क्या सही होगा?”

त्री बोला, “मेरे गुरु जी कहते हैं कि हर बात में हमें मैं, मेरा, मुझे, वगैरा नहीं सोचना चाहिये। हमें याद रखना चाहिये कि हम केवल निमित्त हैं, हमारे पीछे इच्छा माँ तारा, बौद्धिसत्व और माँ सरस्वती की है। शायद वह तुम्हारे यामागुचि सान के जीवन की दिशा बदलना चाहते हैं, इसीलिए गुरु जी चाहते हैं कि तुम यह प्रतिमा उनके पास ले कर जाओ।”

ओरी ने आगे बढ़ कर प्रतिमा को छुआ, बोला, “मैं मां के सिर की कसम खाता हूँ कि इसके बाद मैं यामागुचि के याकूज़ा के जीवन को त्याग दूँगा। इस मूर्ति को उनके पास ले जा कर, मेरा और उनका रिश्ता समाप्त हो जायेगा।"

त्री उठ कर खड़ा हुआ, उसने प्रतिमा को उठाया और उसे ताकानोरी को दिया, बोला, “डरो नहीं, इसे हाथ में ले कर देखो। सौभाग्य से नियति ने तुम्हें यह मौका दिया है कि तुम इसकी शक्ति को अपने तन-मन और अंतरात्मा में महसूस करो, इस मौके को व्यर्थ मत जाने दो। चलो, अब हम वापस चलें।"

फिर वह गुफा की दीवार पर बने गँगा माँ और घड़ियाल के चित्र की ओर गया और उसके सामने हाथ फेरा, तो सर्र-सर्र की आवाज़ से ज़मीन में खुला रास्ता फिर से बंद हो गया।

वह दोनों गुफा से बाहर निकले और मोटरबोट की ओर चल पड़े। उन्हें वहाँ पर आये हुए करीब एक घंटा हुआ था लेकिन उन्हें लग रहा था मानो वह वहाँ पर बहुत समय से हों। ओरी ने मूर्ति को अपनी छाती से लगाया हुआ था।

जब वह द्वीप के घड़ियालों वाले तट के पास पहुँचे तो त्री ने पहाड़ी से हाथ हिला कर आभा को इशारा किया, क्योंकि वह रास्ता फिर से घड़ियालों से भर गया था। आभा ने ध्यान लगाया तो थोड़ी देर में ही घड़ियाल उनका रास्ता छोड कर एक ओर चले गये।

मोटरबोट की ओर जाते हुए त्री बोला, “थोड़े से अभ्यास से ही, आभा उन घड़ियालों से सम्पर्क बनाने में कुशल हो गयी है। अब उसकी शक्ति का विकास और भी आसान हो जायेगा।"

*****

अगला भाग पढ़िये

***** 

 

इस वर्ष के लोकप्रिय आलेख